रविवार, जून 06, 2021

संस्मरण /श्रद्धांजलि रामरतन अवस्थीजी मेरे पहले साहित्यिक गुरुओं में थे

 

संस्मरण /श्रद्धांजलि

रामरतन अवस्थीजी मेरे पहले साहित्यिक गुरुओं में थे


वीरेन्द्र जैन

बचपन में पिता से मिले साहित्यिक संस्कारों के बीच जब मैंने कक्षा दस में प्रवेश किया तब शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दतिया में मेरे कक्षा अध्यापक श्री राम रतन अवस्थी जी थे। उन दिनों मेरे स्कूल में तीन अध्यापक ऐसे थे जो साहित्य पढाते ही नहीं थे अपितु साहित्यिक सम्भावनाओं को तलाश कर उन्हें संवारने का काम भी करते थे। इनमें श्री राधारमण वैद्य के अलावा शेष दो तो चर्चित कवि भी थे जिनमें अवस्थीजी के अलावा दूसरे थे श्री घनश्याम कश्यप जो अध्यापकों के प्रतिनिधि के रूप में एक ग्रुप में विदेश यात्रा भी कर चुके थे।

यह 1962-63 का वर्ष था जब चीन के साथ हुये सीमा संघर्ष के कारण पूरे देश में भावनात्मक उबाल आया हुआ था और जिसकी सबसे मुखर अभिव्यक्ति ह्न्दी कविता के मंचों पर हो रही थी। उन्हीं दिनों मध्य प्रदेश सरकार की ओर से भी जगह जगह कवि सम्मेलन आयोजित करवाये जा रहे थे। दतिया में प्रतिवर्ष एक अखिल भारतीय कवि सम्मेलन की परम्परा थी जिसमें, नीरज, सोम ठाकुर, मुकुट बिहारी सरोज, आनन्द मिश्र, गोपाल सिंह नेपाली, भवानी प्रसाद मिश्र,  काका हाथरसी, बालकवि बैरागी, रमानाथ अवस्थी, रामानन्द दोषी, तन्मय बुखारिया, देवराज दिनेश जैसे लोगों के अलावा क्षेत्रीय और स्थानीय वासुदेव गोस्वामी, चतुरेश, आदि कवियों को मैंने इसी सम्मेलन के दौरान देखा और सुना था। मैं इस बात को गर्व के साथ बताता था कि इस कवि सम्मेलन का संचालन मेरे क्लास टीचर अवस्थीजी किया करते हैं। इसी वर्ष में मैं अपनी कक्षा से कक्षा प्रतिनिधि चुना गया था, जिससे मेरा सम्पर्क उनसे बढ गया था। इसी दौरान स्कूल के वार्षिक फंकशन के दौरान तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ था जिसके निर्णायक भी श्री अवस्थीजी और वैद्यजी थे।

औसत से कुछ अधिक लम्बाई वाले अवस्थीजी तन कर और तीव्र गति से चलते थे। कवि गोष्ठियों में उनके गीतों को जिस ध्यान से सुना जाता था उससे उनके साहित्यिक कद का अनुमान लगाना मुश्किल नहीं था। उनके गीतों में जो पूर्णता होती थी वही बात उनके पाठ में भी होती थी। यही कारण है कि मुझे आज भी उनके गीतों के मुखड़े और कुछ अंश याद हैं जैसे यह गीत-

सौ सौ दीप जलाये इस धरती के प्रांगण पर

फिर भी तम की गहराई का अंत नहीं निकला

सोचा था शायद अवनी की तपन शमन होगी

इसीलिए नीलाम्बर ने शबनम बरसाई थी

और शूल की पीर अरे शायद मिट जायेगी

इसीलिए उस पादप पर कलिका मुस्काई थी

मधुर मिलन को बाँहों की सीमा में बाँध लिया

फिर भी विरहानिल से व्याप्त दिगंत नहीं बदला

सौ सौ दीप ............................. 

कवि सम्मेलन के अवसर पर नीरज समेत अन्य कवियों को देखने की उत्सुकता बनी रहती थी और हम किशोर किसी तरह तय समय से पूर्व पहुंच कर दूसरों को यह बताने का गौरव प्राप्त करना चाहते थे कि कौन कौन आ चुका है या मैं किस किस को पहचानता हूं। उस दिन अवस्थीजी का उत्साह भी देखते बनता था। नीरज जी एक खास तरह का कालरदार कुर्ता पहिनते थे , जिसके बटन गले से ठीक नीचे नहीं अपितु दाहिने तरफ होते थे। फुर्तीले अवस्थीजी भी उस दिन वैसा ही कुर्ता पहिन कर आते थे।

फिर 1965-66 में उनका स्थानांतरण या प्रमोशन नौगाँव हो गया, और वे दतिया छोड़ गये। 1971 में मेरी नियुक्ति हरपालपुर में हो गयी। तब तक मुझे लिखने का चस्का लग चुका था और मेरी रचनाएं कुछ राष्ट्रीय पत्रिकाओं में छपने लगी थीं। उन दिनों हिन्दी की राष्ट्रीय पत्रिकाएं सीमित संख्या में ही प्रकाशित होती थीं, उससे उनमें प्रकाशित रचनाकारों के नाम को दूर तक पहुंचने में मदद मिलती थी, भले ही उन्हें इसका आभास ना हो। हरपालपुर में भी प्रतिवर्ष एक कवि सम्मेलन आयोजित होता था और उसमें मुझे भी आमंत्रित किया जाता था। एक वर्ष कुछ ज्यादा ध्यान से सुन लिया गया तो मेरी ख्याति कुछ और आगे बढी व बढ कर नौगाँव तक पहुंच गयी। मुझे पता नहीं था कि वहाँ के कवि सम्मेलन का संचालन भी अवस्थीजी ही करते हैं। उनका आमंत्रण मिला और मैंने आदेश का पालन किया। अपने नगर से बाहर कविता पाठ का मेरा वह पहला कवि सम्मेलन था। पहले स्कूल में मिले पुरस्कार के बाद जिस पहले कवि सम्मेलन में मुझे कविता पाठ के लिए पारश्रमिक मिला उसका श्रेय भी अवस्थीजी को ही जाता है। इसके बाद तो जब तक मैं हरपालपुर में रहा, मुझे छतरपुर, टीकमगढ, महोबा आदि आसपास के कवि सम्मेलनों के निमंत्रण भी मिलते रहे। इसी भरोसे मैं इस दुस्साहसी विचार तक भी पहुंचने लगा था कि अगर मंच से आय होने लगे तो मैं नौकरी ना करने की अपनी दबी हुयी इच्छा पूरी कर लूं। वह तो विवेक ने समय पर साथ दिया और मैंने यह अतिवादी कदम नहीं उठाया।

प्रारम्भ में मेरी नौकरी एक छोटे बैंक में थी जिसमें अधिकारियों के स्थानांतरण अखिल भारतीय स्तर पर होते थे। इस नौकरी और मेरे कबीर स्वभाव ने मुझे बहुत भटकाया व मेरे स्थानांतरण पाँच राज्यों के पन्द्रह स्थानों में हुये। हर बार मैं अपने सभी परिचितों को पत्र लिख कर अपने ट्रांसफर और पता बदलने की सूचना देता था। सौ से अधिक की इस सूची में आदरणीय अवस्थीजी का नाम भी रहता था।

1989 से दूषित राजनीति के दुष्प्रभाव के चलते देश भर में जो विषाक्त वातावरण बनता जा रहा था उसने मुझे बहुत उद्वेलित कर दिया था। प्रतिवर्ष नववर्ष के ग्रीटिंग कार्ड के रूप में मैं कुछ काव्य पंक्तियां लिख कर छपवा कर सभी मित्रों, सम्पादकों, आदि को भेजता था, जो साम्प्रदायिक विषाक्तता के खिलाफ होती थीं। इससे जो फीडबैक मिलता था उससे मुझे पता चलता था कि दूसरे भी क्या सोच रहे हैं। मुझे खुशी होती थी जब उन पंक्तियों के लिए मुझे अवस्थीजी का आशीर्वाद मिलता रहता था। यह सिलसिला सन 2001 तक चला। उन्होंने अपनी प्रकाशित कविता पुस्तक भी मुझे भेजी। जब वे फेसबुक से जुड़े तो फेसबुक पर उनसे सम्वाद करने के अवसर निरंतर मिलते रहे। 6 दिसम्बर 1992 को बाबरी मस्जिद तोड़ कर जो वातावरण बनाया गया था तब नववर्ष 1993 के अवसर पर भी मैंने कार्ड भेजा था, उसके उत्तर में 11 जनवरी 1993 का उनका जो लम्बा पत्र पन्ना से मिला था उसके कुछ अंश इस प्रकार हैं-

“................... यह जानकर अभिभूत हूं कि आप जैसे विज्ञ स्वजन, एक अंतराल के पश्चात भी मुझे मन के किसी कोने में स्थान दिये हैं। जिन्दा रहने के लिए इतनी खुशफहमी का टानिक पर्याप्त है। नूतन वर्ष पर अग्रज होने के नाते आपके लिए सुखद, समृद्ध, और समुन्नत भविष्य की परमप्रभु से कामना करता हूं।

यह जानकर और खुशी हुई कि आपका साहित्यकार, गतिशील है, अन्यथा मुझ जैसे तथाकथित साहित्यसेवियों को तो हालातों और सवालातों के भँवर में उलझकर अपनापा भूल जाते हैं। आपकी यह पंक्तियां बड़ी सार्थक और जीवंत लगीं;-

एक मन्दिर से बड़ा है आदमी

एक मस्जिद से बड़ा है आदमी ....

बधाई हो इन पंक्तियों के लिए। आप साहित्यसेवा में इसी तरह निरत रहें- यही मेरी कामना है ।

आज के हालातों पर मैंने भी कुछ मुक्तक लिखे थे जिनमें से एक इस तरह है-

सोये दानव को जगाया- ये क्या किया तुमने

हँसते मानव को रुलाया- ये क्या किया तुमने

बीते कल तक तो रहे थे आदमी की तरह

भेड़िया उनको बनाया – ये क्या किया तुमने

उनका निधन कोरोना काल में पटना में हुआ। उसी दौरान अन्य चर्चित लेखकों का निधन भी हुआ। फेसबुक पर श्रद्धान्जलि देने का एक दोष मुझे यह दिखायी दिया कि लेखकों के सभी मित्र, पाठक या प्रशंसक गूगल से फोटो डाउनलोड करके एक जैसे जीवन परिचय दे कर अपना सम्बन्ध प्रकट करना चाहते हैं, इससे एक घटाटोप छा जाता है और सम्वेदनाओं की गहराई कम होती जाती है। इसलिए ऐसे अवसरों पर मैं संगठनों द्वारा व्यक्ति श्रद्धांजलि के साथ ही होता हूं। यही कारण रहा कि मैं उन्हें विलम्ब से याद कर सका।

 दिल की पूरी गहराइयों से उन्हें श्रद्धांजलि। वन्दनाजी [वन्दना अवस्थी दुबे]  उनकी सभी बहिनों और माँ जी को नमन।  

    वीरेन्द्र जैन

2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड

अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023

मो. 9425674629

      

   

शनिवार, फ़रवरी 27, 2021

श्रद्धांजलि ; कैलाश सेंगर एक और मित्र को अंतिम विदाई

 

श्रद्धांजलि ; कैलाश सेंगर

एक और मित्र को अंतिम विदाई


वीरेन्द्र जैन

कैलाश सेंगर से पहली मुलाकात 1981 में हैदराबाद में हुयी थी। वे प्रसिद्ध लेखक दामोदर खडसे के साथ दक्षिण के किसी सेमिनार से लौट रहे थे कि हैदराबाद के व्यंग्य लेखक और मेरे मित्र प्रो. एम. उपेन्द्र के आग्रह पर, जो उस सेमिनार में उनके साथ थे, एक दो दिन के लिए रुक गये थे। उपेन्द्र जी ने मुझे फोन किया और मैं उनके निवास पर मिलने पहुंचा। खडसे जी से भी मेरी यह पहली मुलाकात थी, किंतु पहली बार दलित साहित्य के रूप में चर्चा में आया दया पवार के उपन्यास ‘वलंतु’ का वे मराठी से अनुवाद कर चुके थे जिसकी बहुत प्रशंसा हुयी थी। ये लोग विभिन्न पत्रिकाओं में प्रकाशित मेरे छुट्पुट रचनाकर्म से परिचित थे और रही सही कसर एम उपेन्द्र जी पूरी कर चुके थे, जो खुद बहुत अच्छे व्यंग्यकार थे, फिर भी मुझे आदरपूर्ण स्नेह देते थे, और मेरे परिचय में अतिरंजना कर जाते थे।

एक गीतकार के रूप में कैलाश सेंगर अपने क्षेत्र में विख्यात थे, और महाराष्ट्र में गणेशोत्सवों के दौरान होने वाले कवि सम्मेलनों के सितारे कवि थे। अतिथि कवियों के सम्मान में कवि गोष्ठी आयोजित हुयी और इस गोष्ठी में मैंने भी एक व्यंग्य गीत सुनाया, जिसकी पंक्तियां थी –

खूब विचार किये

क्या कहने, खूब विचार किये

रात, दिवस, सप्ताह, महीने साल गुजार दिये

क्या कहने खूब विचार किये

सभा, गोष्ठी, बहस, भाषणों की लग गयी झड़ी

सब कुछ हुआ, समस्या लेकिन अब भी वहीं खड़ी ...................... [आदि]

गोष्ठी के बाद जब हम लोग रात्रि भोजन आदि के लिए बैठे तो कैलाश बोले कि आपके गीत में कहा गया है कि ‘समस्या अब भी वहीं खड़ी’ पर यार समस्या खड़ी थोड़ी रहती है, वह तो पड़ी रहती है, खड़ा तो सवाल होता है। उनका यह कथन ठहाकों में डूब गया। पहले परिचय में इस तरह से अनौपचारिक हो जाना उनकी आदत थी जो जल्दी ही आत्मीय बना देती है। ।

फिर मेरा स्थानांतरण नागपुर हो गया किंतु मैं आगे प्रमोशन के कारण वहाँ कुल तीन महीने ही रह सका। इस बीच वे नागपुर आये तो दामोदर खडसे के साथ मेरे निवास पर भी आये जो खडसे जी के निवास के निकट ही था। उसी समय धर्मयुग से प्राप्त कुछ रचनाओं के स्वीकृति पत्र मेज पर रखे देखे तो जिज्ञासा व्यक्त की, और उनके रखने की जगह पर कटाक्ष भी किया, किंतु यह नहीं बताया कि वे भी देर सवेर धर्मयुग में जाने वाले हैं।    

उनका कटाक्ष जोरदार होता था और प्रतिउत्पन्न्मति में वे उस्ताद थे। 1985 में मैं एक मित्र के साथ तफरीह के लिए मुम्बई गया तो कैलाश जी से धर्मयुग कार्यालय में मिलने गया। तब तक कमलेश्वर जी के प्रति अतिरिक्त आदरभाव प्रकट क्रने के कारण मेरा धर्मयुग से पत्ता कट चुका था, इसलिए और किसी नहीं मिला, व शाम को उन्हें आमंत्रित कर चला आया। वे और दामोदर खडसे जो उन दिनों थाणे में पदस्थ थे, शाम को मेरे ठहरने की जगह पर आये व धर्मयुग के बारे में विस्तार से ठहाकों के साथ चर्चा हुयी। भारती जी को वे सख्त हैडमास्टर कहते थे जो उपसम्पादकों को हिदायत देते रहते थे कि धर्मयुग को जम्पिंग स्टोन मत बनाइए। उल्लेखनीय है कि सुरेन्द्र प्रताप सिंह, उदयन शर्मा, योगेन्द्र कुमार लल्ला से लेकर अनेक लोग जो यशस्वी सम्पादक हुये वे धर्मयुग से ही निकले थे। कैलाश बोले कि मैं 18 तारीख को बीमार पड़ूंगा क्योंकि एक कवि सम्मेलन में भाग लेना है, बरना छुट्टी नहीं मिलेगी। 

बम्बई के बारे में वे कहते थे कि यहाँ ट्रेन, बस या लड़की का पीछा नहीं करना चाहिए क्योंकि हर पाँच मिनिट के बाद दूसरी मिलती है। एक बार कविता सुनाने के दौरान मैं आदतन कुछ देर के लिए रुक गया तो पीछे से धर्मयुग के इस सम्पादक की टिप्पणी आयी- शेष अगले अंक में ।

खूब पत्र व्यवहार रखने वाला मैं पिछले अनेक वर्षों से मित्रों ही नहीं खुद से भी कट सा गया हूं, फेसबुक पर वे नजर आये तो मैंने तुरंत फेसबुकी मित्रता पुनर्जीवित कर ली थी। फिर किसी ने बाताया कि उन्होंने बहुत सी आदतें छोड़ दी हैं, इसी बीच उनकी पत्नी के निधन का समाचार भी आया, किंतु कभी आमने सामने भेंट नहीं हुयी। आज जब उनकी मृत्यु का समाचार मिला तब ही पता चला कि उन्हें आंतों का कैंसर था।

लगातार निकट के लोगों की बीमारियों और मृत्यु के समाचार सुन सुन कर एक बेचारगी का अहसास बढता जा रहा है।  श्रद्धांजलि की औपचारिकता तो निभानी ही है पर कुछ लोग ऐसे होते हैं जिनकी स्मृति और बातें बार बार याद आती रहती हैं।

वीरेन्द्र जैन

2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड

अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023 मो. 9425674629   

 

 

बुधवार, दिसंबर 16, 2020

श्रद्धांजलि / संस्मरण सैयद मुहम्मद अफज़ल

 


 

श्रद्धांजलि / संस्मरण 

सैयद मुहम्मद अफज़ल 


वीरेंद्र जैन

कुछ लोग थोड़ी सी मुलाकातों में ही अपने लगने लगते हैं और उनके निधन से इतना दुख होता है जैसे पुरानी पहचान हो। यह 2020 का साल न जाने कितने और दुख देकर जायेगा।

सैयद मुहम्मद अफज़ल की एक कहानी हंस में छपी थी और ये वे दिन थे जब मैं हंस को किसी धर्मग्रंथ की तरह पढता था। यह कहानी अकबर के सेनापति अबुल फज़ल की समाधि से जुड़ी थी। अबुल फज़ल का कत्ल दक्षिण विजय से लौटते हुए रास्ते में हो गया था। कत्ल का स्थल दतिया से ग्वालियर के बीच के जंगलों में था।  

      इस कत्ल के सम्बन्ध में मेरे पिता ने एक कहानी सुनायी थी। अबुल फज़ल अकबर के सबसे विश्वस्त सलाहकार सेनापति थे और जहाँगीर [फिल्मी सलीम] से उनके विवादों के सन्दर्भ में अकबर उन्हीं से सलाह लेते थे और उन पर चलते भी थे, जिस कारण जहाँगीर उनसे नाराज रहता था। यही कारण रहा कि उनको दूर करने के लिए जहाँगीर ने उन्हें ही दक्षिण विजय के लिए भिजवाया था। संयोग से अबुल फज़ल ने दक्षिण पर विजय प्राप्त की और वह वहाँ से बहुत सारा धन और सोना लेकर आ रहा था। उस समय दतिया नगर नहीं बसा था और आज की छोटी बड़ोनी के जागीरदार श्री वीर सिंह देव थे, जो ओरछा के राजा के भाई थे। उनकी बहादुरी और अच्छे शिकारी होने का यश जहाँगीर को ज्ञात था। जहाँगीर ने उन्हें बुलवाया और अबुल फजल का सिर काट कर लाने की सुपारी दी। बदले में उसके द्वारा जीत कर लाया हुआ सारा धन देने का वादा भी किया। वीरसिंह देव महात्वाकांक्षी थे और छोटी सी रियासत से खुश नहीं थे।

      अबुल फज़ल अस्थमा का मरीज था। उन दिनों पक्के रास्ते नहीं थे और जंगलों में से रास्ता बनाते हुए चलना होता था। अपनी बीमारी के कारण अबुल फज़ल घोड़ों की टापों से उड़ने वाली धूल से बचने के लिए फौज़ से दूर हाथी पर कम सैनिकों के साथ चलता था और ज्यादातर रात्रि में सफर करता था। जब वह रात्रि में सफर कर रहा था तब वीर सिंह देव ने रास्ता भटकाने के लिए पेड़ों पर दीपक लटका दिये थे। उसके साथ के लोगों को गाँव के गलत दिशा में होने का भ्रम हो गया और वे रास्ता भटक गये। इसी दौरान वीर सिंह देव ने उनका सिर काट लिया और सिर लेकर सीधे आगरा पहुंचे जहाँ वह सिर जहाँगीर को भेंट किया। जब अबुलफज़ल के सैनिकों को पता चला तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अभी ग्वालियर से पहले आंतरी गांव में अबुलफज़ल की समाधि है। वीरसिंह देव के इस काम के बदले में उन्हें ओरछा जैसी बड़ी रियासत का राजा बना दिया गया था और बहुत सारा धन दिया गया था। वीरसिंह देव के भाई और तत्कालीन राजा बहुत धार्मिक प्रवृत्ति के थे और उन्होंने अपने भाई के लिए यह सत्ता परिवर्तन सहज स्वीकार कर लिया था और देवपूजा में लिप्त हो गये थे। जो धन जहाँगीर ने उन्हें दिया था वह बहुत अधिक था। उससे उन्होंने 52 इमारतों की नींव रखी थी। इनमें दतिया व ओरछा के सात खण्डों वाले महल भी शमिल हैं और दतिया के पास चन्देवा की बावड़ी भी है। [ओरछा के महल को तो अभी पिछले ही दिनों राष्ट्रीय धरोहर के रूप में मान्यता मिली है।] अभी भी दतिया की उड़नू की टौरिया के पास लोग खुदाई करते हुए पकड़े जाते हैं। शायद मेरे पिता को यह कहानी झांसी के सुप्रसिद्ध पुरातत्व व इतिहास विशेषज्ञ लखपत राम शर्मा ने सुनायी थी। उन्होंने ही सरकार को दतिया के गुजर्रा में सम्राट अशोक के शिलालेख की जानकारी दी थी।

जैसा कि ऐतिहासिक कहानियों में होता है अफजल साहब की कहानी में मेरे द्वारा सुनी कहानी से थोड़ा सा भेद था और में उनसे बात कर के उसका मिलान करना चाहता था। पर यह बात दिमाग में ही रही। बीच में एक शोकसभा में मेरी उनसे मुलाकात हुयी तो मैंने उनसे कहा कि आपकी वह कहानी मैंने पढी है और उसकी ऐतिहासिकता पर चर्चा करना चाहता हूं। वे खुश हुये और उन्होंने कभी भी आने को कहा। किंतु मैं अपनी व्यस्तताओं में समय नहीं निकाल सका और वैसे भी किसी जिम्मेदार अधिकारी से मुलाकात के लिए मैं उसके आमंत्रण की प्रतीक्षा की बुरी आदत से ग्रस्त हूं, सो मुलाकात नहीं हो सकी।

दूसरी मुलाकात पंकज सुबीर के उपन्यास ‘जिन्हें जुर्मे इश्क पै नाज था’ पर चर्चा के दौरान हुयी। तब तक कई वर्ष बीत चुके थे और मैं उन्हें तब तक पहचान नहीं सका जब तक कि वे बोलने के लिए मंच पर नहीं पहुंचे। उस दिन उन्होंने उपन्यास की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए धर्मनिरपेक्षता के पक्ष में जो बोला उससे मुझे ऐसा लगा कि वे म.प्र. पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उक्त आयोजन पर टिप्पणी लिखते हुए मैंने ऐसा लिख भी दिया था । यह तो बाद में पता चला कि मैं गलत था। इससे मुझे और खुशी हुयी कि नौकरशाही में अभी भी उम्मीदें बची हुयी हैं। उनसे लम्बी मुलाकात करने की इच्छा और बलवती हो गयी। वे आईपीएस थे और वर्तमान में आर्थिक अपराध शाखा में एडीजी थे। साहित्य से जुड़े मुहम्मद अफज़ल ज़ामिया और अलीगढ विश्व विद्यालय में रजिस्ट्रार भी रहे।  

आज फिर मुनीर नियाजी की वह नज़्म याद आ रही है- हमेशा देर कर देता हूं मैं। मुझे अफसोस रहेगा कि उनसे लम्बी चर्चा नहीं हो सकी।

वीरेन्द्र जैन

2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड

अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023 मो. 9425674629       

शुक्रवार, दिसंबर 04, 2020

संस्मरण / श्रद्धांजलि याद आयेंगे बड़े दिल वाले ललित सुरजन

 

संस्मरण / श्रद्धांजलि

याद आयेंगे बड़े दिल वाले ललित सुरजन



वीरेन्द्र जैन

अपने विचारों और भावनाओं को शब्द देने और उन्हें प्रकाशित देखने के सपने के साथ मैं बैंक की नौकरी छोड़ कर भोपाल आ गया था। अखबारों के सम्पादकीय पृष्ठ पर लिखे जाने वाले लेखों के लेखकों में अपने को शामिल कराना मेरा लक्ष्य था। भोपाल में प्रकाशन के तो भरपूर अवसर हैं, किंतु कुछ बड़े अखबारों को छोड़ कर उनमें से ज्यादातर इसके लिए पारश्रमिक नहीं देना चाहते। चूंकि मैंने पेंशन का विकल्प चुने बिना नौकरी छोड़ी थी इसलिए दूसरी इच्छा यह भी रहती थी कि लिखे हुए का पारिश्रमिक भी मिले तो ठीक रहे। यही कारण रहा कि मैंने दैनिक भास्कर पर अपना ध्यान ज्यादा केन्द्रित किया था। उसके व्यंग्य स्तम्भ राग दरबारी से शुरू करके सम्पादकीय, मध्य की लेख, और दूसरे नये नये स्तम्भों में कई वर्ष लिखा। प्रदेश में सरकार के बदलने के साथ साथ व्यावसायिक अखबारों के सम्पादक. लेखक व स्तम्भकार भी बदल जाते हैं । चूंकि मैं एक विचार से जुड़ा हुआ था और उसके लिए किसी भी तरह का समझौता नहीं कर सकता था इसलिए सम्पादक के बदलते ही मेरे लिए भास्कर के दरवाजे सिकुड़ गये। मैंने भी दूसरे अखबारों की ओर रुख किया। देशबन्धु के स्थानीय सम्पादक पलाश जी भास्कर, लोकजतन आदि में मेरे लेख आदि पढते रहते थे और चाहते थे कि मैं देशबन्धु के लिए भी लिखूं। वे रोटरी क्लब की एक इकाई के सचिव भी थे और उन्होंने एकाधिक बार उनके आयोजन में मेरा व्याख्यान भी रखा था। इस तरह मैं देशबन्धु के लिए भी लिखने लगा।

प्रदेश में शिवराज सिंह की सरकार आ गयी थी और उनके निकट के एक आईएएस अधिकारी को जन सम्पर्क के साथ साथ साहित्य संस्कृति से सम्बन्धित जिम्मेवारियां भी सौंप दी गयी थीं। वे साहित्यिक समझ के एक कुशल अधिकारी हैं और जो जिम्मेवारी मिलती है उसे पदासीन नेता की चाहत के अनुसार पूरा करते रहे हैं। सन 2006 में प्रदेश सरकार ने अपना हिन्दूवादी रूप प्रकट करने के लिए फैसला लिया कि वे एक सांस्कृतिक कलेंडर जारी करेंगे। एक बहुत कलात्मक् शक सम्वत का कलेंडर छपाया गया और उसे जारी करने के लिए भारत भवन में एक शानदार कार्यक्रम रखा गया। कलेंडर का विमोचन करते हुए मुख्य मंत्री ने एक भाषण दिया जिसमें भारतीय काल गणना की भूरे भूरि प्रशंसा करते हुए ग्रेगेरियन कलेंडर को गुलामी का प्रतीक बताया गया। इस आयोजन से सम्बन्धित प्रकाशित समाचार में बताया गया था कि ऐसा प्रकट हो रहा था जैसे आगे से प्रदेश की सरकार के सारे काम धाम शक सम्वत वाले कलेंडर से ही सम्पादित होंगे।

तत्कालीन घटना पर प्रतिदिन लिखने के लिए उतावले मेरे जैसे व्यक्ति के लिए यह एक विषय था, सो मैंने ‘कलेंडर प्रसंग’ शीर्षक से एक लेख लिखा। इसमें मैंने लिखा कि देशों की सीमाओं से मुक्त अब पूरी दुनिया में एक सर्वस्वीकृत कलेंडर चल रहा है जिसके आधार पर ही सारे कामकाज चल रहे हैं। मुगल काल में भी सरकारी कामकाज हिजरी कलेन्डर से नहीं चला, वह केवल धार्मिक कलेंडर ही रहा। मैंने लिखा कि प्रदेश का बजट दिवाली से दिवाली तक का नहीं बनाया जा सकता। जिस कम्प्यूटर, इन्टरनेट का प्रयोग करके सरकारी कामकाज चलता है, उसके लिए अंतर्राष्ट्रीय रूप से मान्य कलेंडर का ही प्रयोग करना पड़ेगा। मैंने सवाल किया कि इस कलेंडर के आधार पर क्या भाजपा का स्थापना दिवस 25 सितम्बर की जगह देशी तिथि को मनाया जायेगा या अटल जी का जन्म दिवस 25 दिसम्बर की जगह देशी तिथि को आयोजित होगा जो किसी को याद तक नहीं होगी। देशी कलैंडर को हम अपने त्योहार मनाने, शादी ब्याह के महूर्त निकालने में स्तेमाल करते ही हैं और उसका वह महत्व बना रहने वाला है।

अन्य बातों के अलावा इस लेख में एक बात और कही गयी थी कि मुख्यमंत्री को तो जैसा लिख के दे दिया जाता है वे उसे पढ देते हैं और पढने से पहले विचार भी नहीं करते। बस यही बात उनके उक्त अधिकारी को खल गयी। एक दिन पलाश जी का फोन आया कि आप अपने लेख सीधे रायपुर ही भेज दिया करें, अब पूरा सम्पादकीय पेज वहीं से बन कर आयेगा। मैंने इसे सामान्य व्यवस्था समझा और लेख रायपुर भेजने लगा जो यथावत छपते रहे।

बहुत दिनों बाद म.प्र. हिन्दी साहित्य सम्मेलन भवन में कोई कार्यक्रम था और मैं आदतन पीछे की कुर्सियों पर जाकर बैठ गया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब मैं चलने लगा तो अचानक पलाशजी सामने आ गये। उन्होंने जाते देखा तो कहा कि आपकी ललित जी से मुलाकात है? मेरे नकार के बाद वे मुझे उनके पास तक ले गये और परिचय कराते हुए बोले ये वीरेन्द्र जैन हैं। पास में कुर्सियां खाली थीं और ललित जी मुझे बैठने के लिए कह सकते थे किंतु उनकी विनम्रता और उदारता यह कि वे खुद उठ कर खड़े हो गये व पहले हाथ मिलाया और फिर बगल की कुर्सी पर बैठा लिया। पलाश जी ने आगे जोड़ा कि ये ही हैं जिनके लेख के कारण अपने विज्ञापन बन्द हो गये थे। ललित जी ने उन्हें रोका और मुझ से कहा कि आपके लेख तो देशबन्धु में छप रहे हैं ना! मैंने सहमति में सिर हिलाया, पर तब तक मुझे कुछ भी पता नहीं था। इस पहली संक्षिप्त मुलाकात में फिर कुछ और बातें भी होती रहीं जिनमें से ज्यादातर मेरे जीवन से सम्बन्धित निजी बातें थीं।

बाद में पता चला कि सम्बन्धित अधिकारी ने नाराजी में देशबन्धु भोपाल के विज्ञापन बन्द कर दिये थे, जो ललित जी के व्यक्तित्व के कारण ही फिर से शुरू हो सके थे, किंतु दोनों भाइयों में से किसी को भी मुझ से कोई शिकायत नहीं थी। शायद इसी कारण उन्होंने सम्पादकीय पृष्ठ को रायपुर में ही अंतिम रूप देने का फैसला किया हो।

उनसे अनेक मुलाकातें हुयीं लेकिन उस विशाल ह्रदय व्यक्ति के मन में मेरे प्रति कभी मलाल नहीं दिखा। मैंने पिछले कुछ वर्षों से फेसबुक पर तात्कालिक छोटी टिप्पणियों को अपनी अभिव्यक्ति का माध्यम बनाया हुआ है, वे मेरे पेज पर आते रहे और बड़े भाई की तरह अपनी प्रतिक्रिया देते रहे, जो अच्छा लगता था। एक सुख इस अहसास का भी होता है कि कोई जानामाना व्यक्ति हमें निकट से जानता है। ललित जी ने यह सुख खूब बांटा, प्रसाद मुझे भी मिला। वे याद आते रहेंगे।

वीरेन्द्र जैन

2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड

अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023

मो. 9425674629   

 

सोमवार, नवंबर 23, 2020

श्रद्धांजलि अरविन्द जैन : इस समय में क्या कोई इतना भी भला हो सकता है

 


श्रद्धांजलि

अरविन्द जैन : इस समय में क्या कोई इतना भी भला हो सकता है

वीरेन्द्र जैन

शोक सम्वेदना के अवसरों पर कई बार यह सुनने को मिलता रहा है, कि अच्छे लोगों की भगवान को भी जरूरत होती है, इसलिए वह उन्हें जल्दी बुला लेता है। समझ में नहीं आने वाली समस्त घटनाओं को लोग भगवान की मर्जी कह कर संतोष पाने का प्रयास करते हैं। इस बात में भरोसा न होने के बाबजूद भी मुझे यह वाक्य याद आ गया। अवसर था श्री अरविन्द जैन के निधन के समाचार का। खबर सुन कर मैं हक्का बक्का रह गया।

अरविन्द जी रिश्ते में मेरे भांजेदामाद लगते थे। जब मेरी बड़ी बहिन की शादी हुयी थी तब मैं कुल एक वर्ष का था इसलिए मेरे आठ भांजे भांजियों में से अधिकांश मेरे हम उम्र से रहे हैं। अरविन्द जी और मुझ में कई समानताएं थीं। पहली तो यह कि हम दोनों ही बैंक की नौकरी में थे। दूसरी यह कि वे भी एक मध्यमवर्गीय परिवार से आते थे व दोनों के पिता आदर्शवादी, परहितकारी और समाजसेवी रहे। उनके पिता एक आदर्शवादी अध्यापक थे और उन्होंने अपने पुत्र को भी यही शिक्षा दी थी। मैंने तो अपने साहित्यिक लगाव के कारण एक कदम के बाद प्रमोशन के लिए प्रयास नहीं किया किंतु अरविन्द जी अपनी मेहनत, लगन और समर्पण से स्टेट बैंक आफ इन्दौर में स्केल थ्री मैनेजर के पद तक पहुंचे। सरकारी योजनाओं के अंतर्गत दिये जाने वाले ऋणों में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण जो गिरोह तैयार हो जाता है उसे ईमानदार व्यक्ति पसन्द नहीं आता। इसी द्वन्द में उन्होंने अपने शिखर के काल में नौकरी को ठोकर मार दी और सेवा निवृत्ति के कई साल पहले स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति ले ली थी। वे कहते थे कि जो ऋण हमारे कार्यकाल से पहले के प्रबन्धकों ने दबाव और लालच में बांटे हैं, उनमें रिकवरी का लक्ष्य पूरा न होने के लिए उत्तराधिकारी को कैसे जिम्मेवार ठहराया जा सकता है, जबकि सरकारी विभाग इसमें कोई मदद नहीं कर रहा हो। यह सच भरी सभा में कहने का साहस उनमें था। ऐसा ही दुस्साहस मैं भी करता रहा हूं। हम दोनों के साथ एक प्लस प्वाइंट यह रहा है कि हम लोगों के काम में ऐसी कोई त्रुटि नहीं थी कि नाराज होकर अधिकारी बदला ले सकें। जो वे कर सकते थे वह उन्होंने मेरे दूर दराज तक 15 स्थानंतरण करके किया था। मैंने सब सहन किया और अपनी जरूरतें कम से कम रखीं जिससे काम चल गया। उन्होंने भी इसी तरह के दण्ड सहे और अंततः नौकरी को ठोकर मार कर चले आये। इसके लिए भी शायद उन्होंने मुझ से कुछ प्रेरणा ली हो क्योंकि उनसे पहले मैं स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति योजना की ओट लेकर समय से नौ साल पहले सेवा निवृत्ति ले चुका था। आम तौर पर जब एक से जाब में काम करने वाले लोग मिलते हैं तो डीए वेतन या पेंशन संशोधन आदि के बारे में ही बातें करते हैं किंतु उन्होंने कभी इस तरह की बातें नहीं कीं।

अरविन्द जी के बारे में कोई नहीं कह सकता कि कभी उन्होंने निजी हित के लिए झूठ बोला हो, गलत बयानी की हो, या किसी को धोखा दिया हो। उनका हमेशा एक सात्विक हँसमुख व्यक्तित्व नजर आता था। व्यवहारिकता इतनी थी कि हर रिश्ते में उनके उपहार सामने वाले की तुलना में इक्कीस ही रहते थे और उन्होंने कभी ये कोशिश नहीं कि किसी का कुछ अधिक उनके पास रह जाये। उनके जीवन की बैलेंस शीट में वे हमेशा भारी ही रहे। बड़ी संख्या में रिश्तेदारियों के बाबजूद उन्होंने कभी किसी का विवाह समारोह या जीवन के अन्य संस्कारों में भाग लेने में चूक नहीं की। वे ऐसे अपवाद थे कि उनके पीठ पीछे भी उनकी बुराई करने वाला कोई कभी नहीं मिला।   

हम लोगों में एक अंतर रहा कि वे परम्परागत रूप से धार्मिक थे और प्रतिदिन गाँधी टोपी लगा कर मन्दिर जाते थे और एक घंटे से अधिक पूजा करते थे, पर्व के दिनों में जूते भी नहीं पहिनते थे, जबकि मैं घोर नास्तिक व धार्मिक कर्मकांड का विरोधी रहा। इसके बाबजूद भी वे इतने उदार, सहिष्णु और पंथनिरपेक्ष थे कि अन्य कट्टर धार्मिकों की तरह ना तो मुझ से और ना और किसी दूसरे धर्म के मानने वालों से ही नफरत करते थे। वे जैन परम्परा का पालन करते हुए रात्रि से पहले भोजन कर लेते थे किंतु हम जैसे दूसरे लोगों को रात्रि भोजन करने या जैन परम्परा में वर्जित प्याज लहसुन आदि खुद ही परोस देते थे। एक बार मैंने कई लोगों के बीच में कह दिया कि जैन मुनियों की संलेखना तो एक तरह से आत्महत्या है तो उन्होंने बिना उत्तेजित किये हुए कहा कि नहीं आत्महत्या तो टेंशन से की जाती है और संलेखना इन्टेंशन से की जाती है, इसलिए दोनों अलग हैं। मुझे लगा था कि ये पढे लिखे धार्मिक हैं और दूसरों से भिन्न हैं।

परिचितों, रिश्तेदारों से निरंतर सम्पर्क बनाये रखने के लिए मोबाइल फोन आने के बाद वे प्रत्येक के जन्मदिन. वैवाहिक वर्षगांठ आदि पर उसके पूरे परिवार को फोन करते थे, बधाई देते थे। उन्हें सारे बच्चों के नाम याद थे। जब उनके पिता बहुत बीमार थे उस दिन भी उन्होंने बारह जून को पहले मेरे जन्मदिन की सुबह फोन करके बधाई दी, और बाद में बताया कि पिताजी का निधन हो गया है।

सादा जीवन और पर्याप्त पेंशन के कारण उन्हें कोई अभाव नहीं रहा व उनके सेवानिवृत्त होने तक उनके दोनों पुत्र काम पर लग चुके थे, अपनी बीमार मां के अंतिम दिनों में उन्होंने अपने धार्मिक नियम भी शिथिल कर के जो सेवा की वह कोई श्रवण कुमार भी शायद नहीं कर सके। माँ के निधन के बाद उन्होंने परिवार को साथ लेकर जो तीर्थयात्राएं शुरू कीं तो पूरा देश लांघ डाला। आये दिन फेसबुक पर डले स्टेटस से पता चलता था कि वे कहाँ पर हैं। प्रसिद्ध जैन मुनियों के प्रवास पर हजारों की संख्या में जैन श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे अवसरों पर वे भी उनमें से एक स्थायी व्यक्ति होते थे।

अधिक धार्मिकता की झौंक में नासमझ लोग साम्प्रदायिकता की चपेट में आ जाते हैं किंतु अरविन्द जी ने साम्प्रदायिकता के खिलाफ लिखे मेरे लेखों और पोस्टों को हमेशा लाइक किया, जो उनकी विचारधारा को प्रकट करता है। अपने से जुड़े किसी भी व्यक्ति का जाना बुरा लगता है किंतु आपके मन में जिस व्यक्ति के प्रति अपार प्रशंसा व श्रद्धाभाव हो उसका जाना और भी बुरा लगता है। अरविन्द जी का स्वास्थ इतना अच्छा, व जीवन सादा था कि यह उम्र उनके जाने की नहीं थी किंतु कोरोना काल में भी अपने तीर्थयात्रा प्रेम में कहीं संक्रमित हो गये और जब तक पता चला तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

अब जब भी किसी रिश्तेदार को अपने जन्मदिन की याद आयेगी उसे अरविन्द जी की याद अवश्य आयेगी।   

वीरेन्द्र जैन

2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड

अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023

मो. 9425674629

   

मंगलवार, नवंबर 03, 2020

श्री विनोद निगम का मेरा प्रिय गीत ' खुली चांदनी का गीत' - [संस्मरण]

 श्री विनोद निगम का मेरा प्रिय गीत ' खुली चांदनी का गीत' - [संस्मरण]

शरद पूर्णिमा और होली की रात चाँद अपनी पूरी प्रखरता से चमकता है।
चन्द्रमा को Luna कहा जाता है और इस दिन सबसे अधिक लोगदीवाने होते हैं इसीलिए इन दीवानों/ पागलों को Lunatic कहा जाता है। इन रातों को सबसे अधिक लोग आत्महत्या भी करते हैं।
बात 1968-69 की रही होगी, तब मेरी उम्र 18-19 वर्ष की थी। उन दिनों कादम्बिनी में प्रकाशित एक गीत पढा जिस पर में मुग्ध हो गया। गीतकार का नाम छपा था विनोद निगम। वह गीत मेरे प्रिय गीतों में शामिल रहा। उस गीत के गीतकार का कद मेरी निगाह में बहुत ऊंचा रहा और उसी के अनुसार उनकी उम्र का अनुमान भी बना। लगभग 40 साल उनके कभी दर्शन नहीं हुये। जब मैं भोपाल रहने लगा तब जन सम्पर्क के अधिकारी रघुराज सिंह ने उन पर केन्द्रित एक कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें उन्होंने बोलचाल की शैली में लिखे गये अनेक गीत व कविताएं सुनायीं। जो अच्छी लगीं। तब तक मैं अपने प्रिय गीत के रचनाकार का नाम भूल चुका था। फिर किसी को उल्लेखित करने के लिए मैंने गीत को तलाशा तो नाम देखने पर याद आया कि ये तो वही विनोद निगम जी हैं जो उम्र में मुझ से कुछ ही वर्ष बढे हैं। दो चार बार उनसे मुलाकात हो चुकी है किंतु वे मुझे गीत प्रेमी व्यक्ति और रचनाकार के रूप में नहीं पहचानते, पर मैं उनका प्रशंसक हूं। क्यों हूं इसके लिए आप उक्त गीत पढ कर देखें =
खुली चाँदनी का गीत
और अधिक इस खुली चांदनी में मत बैठो
जाने कब, संयम के कच्चे धागे
अलग अलग हो जाएँ
वैसे ही यह उम्र
बहुत ज्यादा सहने के योग्य नहीं है
जो अधरों पर लिखा हुआ है
वह कहने के योग्य नहीं है
फिर यह बहकी हवा सिर्फ
बैठे रहने के योग्य नहीं है
और अधिक इस खुली चाँदनी में मत बैठो
जाने कब यह आकर्षण
सारी मर्यादाएँ धो जाए
इस खामोशी में
वैसे ही अस्थिर और निरंकुश है मन
फिर इतना सामीप्य किसी का
झुकी डाल सा सहज समर्पण
भरी नदी के खुले किनारों सा
नम नयनों का आमन्त्रण
और अधिक मनचली चाँदनी में मत बैठो
जाने कब यह आकर्षण
सारी मर्यादाएँ धो जाए
मौसम का यह रंग
स्वयं पर भी कौई विश्वास नहीं है
फिर ये भीगी हुई बहारों के दिन हैं
सन्यास नहीं है
जो स्वाभाविक है
उसको कुछ दूर नहीं है पास नहीं है
और अधिक विषघुली चाँदनी में मत बैठो
जाने कब, चंदन-क्षण,
जीवन भर के लिये तपन बो जाएँ
ग
लाइक करें
कमेंट करें
शेयर करें

कमेंट