फिल्म समीक्षा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
फिल्म समीक्षा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, जून 27, 2025

फिल्म समीक्षा – सितारे जमीं पर फिल्मी सितारों के बिना फिल्म बनाने वाला सितारा – आमिर खान

 

फिल्म समीक्षा – सितारे जमीं पर

फिल्मी सितारों के बिना फिल्म बनाने वाला सितारा – आमिर खान

वीरेन्द्र जैन


पीके, दंगल, लगान, तारे जमीं पर जैसी फिल्में और सत्यमेव जयते जैसा टीवी शो बनाने वाले आमिर खान ने सामाजिक चेतना को झकझोर देने वाली एक और फिल्म बनायी है ‘सितारे जमीं पर’। आमिर की फिल्में हिन्दी सिनेमा की रूढियों को तोड़ते हुए बनती हैं। सितारों की लोकप्रियता के आधार पर फिल्म खींचने की परम्परा से बाहर निकल कर कथ्य के आधार पर फिल्में बनाते हैं जिनमें समाज की सच्चाई सामने आती है। इन फिल्मों से दर्पण देखने के बाद समाज अपने चेहरे की कमियों को पहचान कर उसे ठीक करने के लिए प्रेरित हो सकता है। वे उस दर्शक वर्ग की पसन्द के फिल्मकार हैं जो समाज में अच्छी सोच के साथ बदलाव चाहता है और अपेक्षाकृत ईमानदार है।

फिल्म निर्माण एक ऐसा व्यवसाय है जिसमें लागत बहुत लगती है और मुनाफा अनिश्चित रहता है। यही कारण है कि आम निर्माता ऐसी मनोरंजक फिल्में बनाता है जो उत्तेजना या सतही संवेदनाओं को उभार कर बाक्स आफिस पर कमाई कर सके और अपनी लागत निकाल सके। आमिर खान इन से अलग हैं। ‘तारे जमीं पर’ की सफलता के बाद वे चाहते तो फिल्म का नाम ‘तारे जमीं पर -2’ रख सकते थे किंतु ‘ लीक छांड़ तीनों चलें, शायर सिंह सपूत ‘ की तर्ज पर उन्होंने फिल्म का नाम सितारे जमीं पर रखा जबकि कथ्य उससे मिलता जुलता है। आमिर खान राज कपूर परम्परा के एक बड़े अभिनेता हैं, सफल हैं, लोकप्रिय हैं, और मनोरंजन को फिल्म की कथा से ही निकालते हैं उसे अलग से नहीं चिपकाते।

लगभग अस्सी प्रतिशत हिन्दी फिल्मों में नायक नायिका की शादी को जीवन की अंतिम उपलब्धि मानते हुए फिल्म को पूरा करते हैं किंतु राज कपूर ने कभी इस तरह से फिल्म को समाप्त नहीं किया। इस फिल्म में आमिर खान ने शादी को हैप्पी एंडिंग की तरह तो लिया है, किंतु नायक नायिका की शादी को नहीं अपितु नायक की परित्यक्ता माँ की घर के बाबर्ची के साथ शादी को दिखाया है।  एक परित्य्कता माँ जिसने अपने बेटे को आठ वर्ष के उम्र से माँ और बाप दोनों की भूमिका निभाते हुए बड़ा किया है, का भी अपना जीवन है। जैसे नायक की माँ अपने कम लम्बाई के बेटे को पाल कर उसे बास्केट बाल का खिलाड़ी और फिर कोच बनाती है, तो उसका भी दायित्व बनता है कि वह अपनी माँ की भावनाओं का खयाल रखे।

परिवार में बच्चा होने या न होने के बारे में नायक और उसकी पत्नी में मतभेद है। नायक बच्चा नहीं चाहता जबकि उसकी पत्नी चाहती है। इस मतभेद पर नायक घर छोड़ देता है, किंतु परित्यक्ता का दर्द समझने वाली माँ अपना बुटिक का व्यवसाय बहू को सौंप देती है। फिल्म का सबसे बड़ा सन्देश यह है कि जिसे हम नार्मल समझते हैं, वह सबके लिए नार्मल होना जरूरी नहीं। सबका अपना अपना नार्मल होता है और जब हम अपने नार्मल को दूसरे के ऊपर लादने की कोशिश करते हैं, वहीं से समस्या पैदा हो जाती है। कई हादसों से गुजर कर नायक को समझ में आता है कि वह अहंकारी [ इगोइस्ट ] है और अपने नार्मल को दूसरे के नार्मल पर लादना चाहता है। इसी कारण से उसका संस्थान के अपने सीनियर से झगड़ा होता है, मारपीट होती है, जिस पर दण्ड मिलने की उत्तेजना में वह शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए कई लोगों की गाड़ी को ठोक देता है, जिसमें पुलिस की गाड़ी भी होती है। उसका चालान कटता है और कोर्ट से उसे सजा मिलती है जो जुर्माने के साथ साथ तीन महीने की कम्युनिटी सर्विस की होती है व उसकी विशेषज्ञता देखते हुए मानसिक विकलांग बच्चों को बास्केट बाल की कोचिंग देने की होती है। इन बच्चों में से एक सजा देने वाली मजिस्ट्रेट का भतीजा भी होता है।

भिन्न भिन्न तरह की पृष्ठभूमि से आये हुए बच्चों के अपने अपने काम्प्लेक्सेस होते हैं। कोई रंग के कारखाने में काम करता है, तो कोई होटल में बर्तन मांजता है, किसी की माँ प्रास्टीट्यूट है, एक पशु प्रेमी लड़का नहाने से डरता है क्योंकि वह डूबते डूबते बचा है, एक नाटी और मोटी लड़की स्वभाव से हिंसक है और बार बार चेतावनी देती रहती है कि मुझे लाइन मत मारना, एक लड़का जो बहुत अच्छा खिलाड़ी है किंतु नेशनल चयन में पक्षपात हो जाने के कारण उदासीनता का शिकार हो जाता है। इन सब की अपनी अपनी प्रतिक्रियाएं हैं, और उन्हें एक टीम में समेटना तराजू में मेंढक तौलने की तरह है। उन्हें खिलाने के लिए सार्वजनिक बस में चंडीगढ ले जाते समय उनकी हरकतों से यात्री डर जाते हैं और ‘पागलों’ को साथ ले जाने से मना कर के बीच रास्ते में ही उतार देते हैं। बच्चों को पागल कहने पर कोच [आमिर खान] का झगड़ा हो जाता है। रास्ते से ही वह अपनी पत्नी को फोन कर किसी गाड़ी की व्यवस्था करने को कहता है, जिससे उनका रुका हुआ संवाद शुरू होता है। इसी संवाद से उसे समझ में आता है कि वह इगोइस्ट है और सबका अपना अपना नार्मल होता है क्योंकि सबकी परिस्तिथियां भिन्न भिन्न हैं। जब बास्केट बाल की टीम फाइनल में पहुँच जाती है तो सेवा संघ का मैनेजर बताता कि उनके पास इतने पैसे नहीं हैं कि टीम को मुम्बई भेज सकें। मजबूरन कोच को कभी अभिनेत्री बनने की इच्छा रखने वाली पत्नी को पुलिस इंस्पेक्टर की भूमिका में लाकर मजदूरों का शोषण करने वाले होटल मैनेजर पर दबाव बनाना पड़ता है जिससे वह बच्चों को मुम्बई भिजवा दे।

इसी क्रम में आम हिन्दी फिल्मों की तरह का संयोग भी जोड़ा गया है जिसमें आश्रम जाने का कह कर बाबर्ची के साथ गयी उसकी माँ उसी होटल में टकरा जाती है और उसका राज खुल जाता है। आमिर क्रोधित होता है किंतु उसकी पत्नी मामले को शांत करती है। वह इसे उनका नार्मल मानने को मजबूर हो जाता है।

फाइनल मैच में बच्चे बहुत अच्छा खेलते हैं किंतु अंत में हार जाते हैं। वे हार पर भी खुश हैं और उनमें से एक कहता है कि मेरी माँ कहती है कि दो एक से बड़ा होता है। हमेशा जीतने और एक नम्बर पर होने की वासना से भरा कोच बच्चों की खुशी में अपना दुख भूल जाता है और सब खुशी मनाते हैं। इसी खुशी के माहौल में उसकी माँ और बाबर्ची की शादी हो जाती है।

फिल्म में तेज कार चलाने वाले, जल्दी गुस्सा हो जाने वाले कोच का लिफ्ट में जाने से डरना चरित्र मे अस्वाभाविकता पैदा करता है, फिर भी परोक्ष में फिल्म देश की विविधता को स्वीकार कर एकता का सन्देश देती है। एक नई नैतिकता अपनाने और पितृसत्ता के दोषों से मुक्त होने का सन्देश भी देती है। कुल मिला कर एक वर्ग विशेष के लिए आमिर खान की फिल्मों की श्रंखला में एक और अच्छी फिल्म है। आमिर खान तो अभिनय में हमेशा की तरह लाजबाब हैं ही, जेनेलिया में बहुत सम्भावनाएं नजर आती हैं, उनकी गिनती इस फिल्म से बड़ी अभिनेत्रियों में होने लगना तय है।       

वीरेन्द्र जैन

2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड

अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023

  

सोमवार, जुलाई 22, 2024

फिल्म समीक्षा ; लापता लेडीज शिक्षा देती मनोरंजक फिल्म

 

फिल्म समीक्षा ; लापता लेडीज

शिक्षा देती मनोरंजक फिल्म

वीरेन्द्र जैन


लापता लेडीज यथार्थवादी फिल्म नहीं है। निर्माता को कुछ सन्देश देना थे इसलिए उसने बेतरतीब ढंग से जोड़ी हुयी एक कहानी पर मनोरंजक घटनाओं से भरे सन्देशों के वस्त्र पहना दिये। कहानी पुराने तरह की एवीएम प्रोडक्शन की फिल्मों जैसी है। कुछ लोग मानते हैं कि यह रवीन्द्रनाथ टैगोर के उपन्यास ” नौका डूबी “ पर बनी दिलीप कुमार की ‘मिलन [1948]’ या “घूंघट [1960]” की तरह है, पर यह सही नहीं है। उपरोक्त दोनों ही  फिल्मों से केवल इतनी समानता है कि तीनों में घूंघट के कारण दुल्हिनें बदल जाती हैं और इस भूल का पता बाद में चलता है। किंतु इस फिल्म में मुख्य समस्या घूंघट नहीं है, यह केवल संयोग भर है।

कहानी में ढेरों झोल हैं और अगर तार्किक दृष्टि से देखें तो मोबाइल फोन स्तेमाल करने वाली दुल्हिनें और फैक्स वाले थानों के दौर में दुल्हिनें बदल जाने वाले घूंघट नहीं डाले जाते। इस जमाने की बालिग दुल्हिनें अपने ससुराल के गाँव के नाम से अनभिज्ञ नहीं हो सकतीं और किसी भी परिस्तिथि में अपने पति का नाम ना बताने के प्रति प्रतिबद्ध नहीं हो सकतीं। गाँव में रहने वाली कम शिक्षित नायिका की ननद  बेहद अच्छी चित्रकार हो सकती है। महत्वपूर्ण यह है कि कहानी के माध्यम से निर्माता निर्देशक ने समाज व्यवस्था की जिन दुष्प्रवृत्तियों को रेखांकित करने की कोशिश की है उन्हें वह कर पाया है।

दृष्य माध्यम की विशेषता यह होती है कि वह कम से कम समय में पुस्तक के दर्जनों पेजों में वर्णित दृश्य को बता देता है। रंग बिरंगे फूल पत्ते, बहती हवा, आकाश, नदी, पहाड़, पात्रों के मनोभाव आदि सैकिंडों में सम्प्रेषित हो जाते हैं। इसके माध्यम से कथाकार निर्देशक बता देता है कि हमारे गाँवों और कस्बों की पुलिस व्यवस्था कैसे काम करती है व वहाँ से न्याय मिल पाना कितना मुश्किल होता है। एक आम आदमी के लिए रेल परिवहन की दशा कैसी है, रेलवे स्टेशनों पर चल रही खानपान की दशा कैसी है। इत्यादि।

विवाह, हिन्दी फिल्मों का ऐसा समस्या मूलक विषय है जिस पर हजारों फिल्में बन चुकी हैं। प्रसिद्ध लेखक पत्रकार और फिल्मों से जुड़े प्रितीश नन्दी एक लेख में लिखते हैं कि वे एक विदेशी मित्र को एक हिन्दी फिल्म दिखाने ले गये तो उसने फिल्म देखने के बाद पूछा कि क्या हिन्दुस्तान में विवाह अब भी इतनी बड़ी समस्या है। कनाडा में रहने वाले मेरे एक सिख मित्र ने अपनी भांजी से पूछा कि वह कनाडा निवासी सिख से व्याह करना पसन्द करेगी या भारत में रहने वाले किसी सिख से, तो उसका उत्तर था कि भारत में तो व्याह किसी व्यक्ति से नहीं, पूरे परिवार के साथ होता है इसलिए वह कनाडा निवासी से ही व्याह करना पसन्द करेगी। इस फिल्म की पटकथा में घूंघट के कारण जो दुल्हिनें बदल जाती हैं, उनमें से एक अपने थोपे हुए दूल्हे से शादी करने की इच्छुक नहीं है और वह जैविक खेती की पढाई करके उसमें अपना कैरियर बनाना चाहती है और देहरादून में प्रवेश के लिए भाग जाना चाहती है। जैविक खेती जन महत्व का विषय है किंतु यहाँ यह प्रसंग थेगड़े की तरह कहानी में अलग से चिपकाया हुआ दिखता है।

फिल्म के निर्माता निर्देशकों में आमिर खान और किरन राव के नाम से समानांतर सिनेमा के दर्शकों को भ्रम हो जाता है कि यह कला फिल्म होगी किंतु यह साधारण मनोरंजक फिल्म निकल कर उन्हें निराश करती है। कुल मिला कर यह एक मनोरंजक फिल्म ही है जिसमें रविकिशन की भूमिका और अभिनय जानदार है, शेष कलाकार नये हैं किंतु निराश नहीं करते।

वीरेन्द्र जैन

2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड

अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023

 

रविवार, नवंबर 05, 2023

फिल्म समीक्षा 12वीं फेल संवेदनशीलता से प्रेरणादायक सत्य कथा का फिल्मीकरण

 

फिल्म समीक्षा 12वीं फेल

संवेदनशीलता से प्रेरणादायक सत्य कथा का फिल्मीकरण  

वीरेन्द्र जैन


कोई कहानी कितनी भी काल्पनिक हो किंतु जब उस पर फिल्म बनती है तो उसके दृश्य पटकथा लेखक के अपने अनुभव स्मृतियों और अध्यन से जुड़े होते हैं जिन्हें गूंथ कर वह कहानी को मौलिक रूप देने की कोशिश करता है। मिर्ज़ा गालिब का एक शे’र है –

देखिए तकरीर की लज्जत कि उसने जो कहा

सुनने वाला भी ये समझे ये हमारे दिल में है

12वीं फेल  की पटकथा बिल्कुल सच्ची घटना पर आधारित है जो फिल्म बनने से पहले उपन्यास के रूप में और विभिन्न समाचार कथाओं के माध्यम से चर्चित हो चुकी है। यह सत्यकथा इतनी घटना प्रधान है कि विधु विनोद चोपड़ा जैसे जाने माने फिल्मकार को फिल्म निर्माण के लिए उपयुक्त लगी। चम्बल जैसे क्षेत्र में जहाँ बात बात में बन्दूकें निकाल कर गोलियों की भाषा में बात की जाती है। जहाँ की महिलाएं भी अपनी आन के लिए युवाओं को बन्दूक के प्रयोग से रोकती नहीं अपितु प्रोत्साहित करती हैं, वहां का एक निम्न आर्थिक स्थिति वाला परिवार स्थानीय विधायक से टकराने पर सरकारी मशीनरी की ज्यादतियों का शिकार होता है। जब वहां एक ईमानदार पुलिस अधिकारी पदस्थ होता है तो वह विधायक के स्कूल में चलने वाला नकल का गोरखधन्धा बन्द करा देता है जिससे सभी लड़के फेल हो जाते हैं, जिनमें कथा नायक भी है। वह हार कर जुगाड़ नामक स्थानीय रूप से जोड़े हुए वाहन से सवारियां ढोने लगता है जो विधायक की बस की आमदनी को कम कर देती है। पुलिस की मदद से विधायक उसे भी बन्द करा देता है। ईमानदार पुलिस अधिकारी विधायक से बिना डरे इसमें उसकी मदद करता है। इससे वह अधिकारी उसका आदर्श बन जाता है जो अपने साहस का मूल मंत्र ईमानदारी और सच्चाई को बतलाता है। कथा नायक तय करता है कि वह पुलिस अधिकारी बनेगा और ईमानदारी से समाज हित में काम करेगा। अभावों में रहते हुए ही वह कठोर मेहनत से यूपीएससी की परीक्षा पास कर डीवायएसपी बन जाता है। साथियों का विश्वास प्राप्त करता है, एक आई आर एस की परीक्षा में बैठने वाली लड़की का प्रेम जीतता है और दोनों अधिकारी बन कर ईमानदारी से काम करते हुए खुश रहते हैं।

इस घटना को फिल्म में बदलते हुए फिल्मकार जो दृश्य और संवाद दर्शाते हैं वे बहुत महत्वपूर्ण हैं और बिना कहे ही बहुत कुछ कह जाते हैं। चम्बल का असल इलाका जो इस क्षेत्र पर बनने वाली फिल्मों में इससे पहले केवल फिल्म ‘बैंडिट क्वीन‘ में ही इतनी स्वाभाविकता में दर्शाया गया था। वहां के घर, गाँव, लोग, उनके स्वभाव, उनकी बोली, उनकी मुखरता, और उनका अपना कानून सब कुछ वैसा ही है जैसा चम्बल को जानने वाले जानते हैं। ‘राग दरबारी’ के वैद्यजी जैसे विधायक हैं जो स्कूल से लेकर बस तक, पंचायत व पुलिस थाने को अपनी जागीर समझ कर संचालित करते हैं। शिक्षा ही नहीं आवागमन के साधन भी उसी काल के हैं और असहमत होने पर पुलिस और अधिकारी किसी को भी अपराधी बना कर छोड़ सकते हैं।

यूपीएससी की तैयारी में हिन्दी मीडियम से पढ कर निकले प्रतिभावानों की समस्या हो या कमजोर आर्थिक स्थिति वाले छात्रों के दिल्ली जैसे महानगरों में रहने खाने की समस्या हो, ट्यूटोरियल संस्थानों के शोषण हों या जीवन स्तर में पिछड़ने की कुण्ठाएं हों सब कुछ दर्शाया गया है। फिल्म थ्री ईडियट की तरह पिता की इच्छाओं को पूरी करने के लिए पढने वाले सम्पन्न परिवारों के बच्चों का दर्द भी सामने आया है। यूपीएससी के चयनकर्ताओं के दृष्टिकोण और संस्थान की अभिजात्य संस्कृति भी दृष्टिगोचर होती है जिसमे सामान्य परिवार से आने वाला बुझ सा जाता है। पुलिस व्यवस्था और कानूनों के बारे में सामान्य पुलिस वाले भी उतने ही अनभिज्ञ होते हैं जितनी जनता व कानून और अंग्रेजी के आगे पुलिस क व्यवहार बदल जाता है। कुल मिला कर यह एक राजनीतिक फिल्म भी है जिसमें अटल बिहारी की कविता- हार नहीं मानूंगा, रार नई ठानूंगा, काल के कपाल पर लिखता मिटाता हूं, गीत नया गाता हूं। थीम सौंग की तरह बार बार आता है। एक बार चुनाव हारने के बाद की पहली सभा में अटल जी ने अपने अन्दाज में डमरू बजाने की तरह हाथ घुमाते हुए कहा था- हम चुनाव जरूर हारे हैं, पर हिम्मत नहीं हारे। यूपीएससी परीक्षा के साक्षात्कार लेने वाले अधिकारी तो कथा नायक के एक उत्तर में प्रतिक्रिया देते हैं कि उसे तो पोलटिक्स ज्वाइन कर लेना चाहिए।

फिल्म के पात्रों के चयन में जिस कौशल का प्रयोग किया गया है वह अद्भुत है। वे सब के सब  स्वाभाविक लगते हैं। सभी ने भूमिका के साथ न्याय किया है और अपने संवेदनशील अभिनय से वे दर्शकों की आँखों को भिगो सकने में समर्थ हुये हैं। कला दिल से जोड़ती है और यह फिल्म दर्शकों के मर्म को स्पर्श करने में सफल हुयी है।

स्वतंत्रता के बाद देश में जो बड़े आन्दोलन हुये हैं, उनके मूल में भ्रष्टाचार का विरोध ही रहा है। 1975 में गुजरात का छात्र आन्दोलन तत्कालीन मुख्यमंत्री पर लगे भ्रष्टाचार से ही प्रारम्भ हुआ था जिसे जयप्रकाश नारायण आगे ले गये थे और फिर इमरजैंसी की स्थिति बनी थी। 1989 में राजीव गाँधी पर बोफोर्स काण्ड के कमीशन के आरोप में सत्ता परिवर्तन हुआ था। अन्ना और केजरीवाल का आन्दोलन भी भ्रष्टाचार के खिलाफ ही आन्दोलन था और मनमोहन सिंह सरकार के खिलाफ भी टू जी, थ्री जी, फोर जी, आदि के आरोपों के कारण सरकार बदली थी और मोदी को मौका मिल गया था। इस फिल्म का मूल स्वर भी प्रशासनिक भ्रष्टाचार के खिलाफ ईमानदारी को स्थापित करने का है। यही कारण रहा है कि इसके साथ ही सरकार द्वारा प्रोत्सहित अभिनेत्री कंगना रनौत की फिल्म तेजस उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्रियों के प्रमोशन के बाद भी पिट गयी और ‘12वीं फेल’ पास हो गयी। यह फिल्म इस लायक है कि इसे टैक्सफ्री करके स्कूल कालेज के छात्रों को दिखाये जाने के शो आयोजित किये जाने चाहिए। सुना जा रहा है कि यह दक्षिण भारत की कई भाषाओं में डब करके प्रदर्शित की जा रही है। यह अच्छी बात है। फिल्म के नायक विक्रांत मैसी से उम्मीदें जगती हैं वे अभिनय की दुनिया में बहुत आगे जायेंगे।

वीरेन्द्र जैन

2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड

अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023

 

रविवार, मार्च 26, 2023

फिल्म समीक्षा भीड़- कोरोना त्रासदी के बहाने व्यवस्था की पर्तें उघाड़ती फिल्म

 

फिल्म समीक्षा

भीड़- कोरोना त्रासदी के बहाने व्यवस्था की पर्तें उघाड़ती फिल्म 



वीरेन्द्र जैन

‘भीड़’ सोद्देश्य सामाजिक फिल्में बनाने वाले प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक अनुभव सिन्हा की फिल्म है। यह ’ कोरोना जैसी आपदा के आतंक में सरकार द्वारा बिना ज्यादा सोचे समझे लाक डाउन करने के दुष्परिणामों की कहानी है। ये वही अनुभव सिन्हा हैं जिन्होंने ‘मुल्क’ ‘थप्पड़’ और ‘आर्टिकल 15’ जैसी बहु चर्चित फिल्में बनायी हैं। 

इस फिल्म को देख कर मुझे हिन्दी के सुप्रसिद्ध कवि मुकुट बिहारी सरोज की कविता ‘असफल नाटकों का गीत’ याद आया। सरोज जी के अनेक गीतों में सांगरूपक अलंकार का प्रयोग देखने को मिलता है। उक्त गीत में उन्होंने असफल नाटक का रूपक लेकर पूरी व्यवस्था और उसकी कमियों को चित्रित किया है। इसमें ही एक पद है-

नामकरण कुछ और खेल का खेल रहे दूजा

प्रतिभा करती गयी दिखायी लक्ष्मी की पूजा

अकुशल, असम्बद्ध निर्देशन दृश्य सभी फीके

स्वयं कथानक कहता है, अब क्या होगा जी के

पात्रों की सज्जा क्या कहिए, जैसे भिखमंगे

एक ओर पर्दों के नाटक, एक ओर नंगे

राम करे दर्शक दीर्घा तक आ न जायें दंगे

       अनुभव सिन्हा ने इस फिल्म में लाकडाउन में रोजगार खो चुकने के बाद, नगरों में प्रवास कर रहे मजदूरों और उनके परिवारों की गाँव वापिसी के प्रयासों को मुख्य कथानक के रूप में लिया है| उनमें से ज्यादातर के पास न समुचित खाना है, न पानी है, न कपड़े हैं, न पैरों में चप्पल है, न आवागमन के साधन हैं, न पैसा है और फिर भी वे अपने उस गाँव वापिस जाना चाहते हैं जिसे बेरोजगारी के कारण छोड़ कर शहर में आये थे। त्रासदी यह है कि शासन प्रशासन के पास न विवेक है, न संवेदनशीलता और बीमारी ऐसी है जिसमें बचाव के लिए उचित दूरी बनाये रखने की जरूरत है। बीमारी, उपचार और इंतजाम के बारे में सूचना का कोई उचित माध्यम नहीं है इसलिए सभी रेलें बन्द हो जाने के भ्रम में पैदल चलते हुए कुछ मजदूर रेल पटरी पर चलते हुए वहीं सो जाते हैं और मालगाड़ी उन्हें रौंद कर चली जाती है। अफवाहें फैलाने के लिए व्यवस्था द्वारा पोषित सोशल मीडिया यह भ्रम फैला रहा है कि सरकार उनके बारे में चिंतित है और बैठक कर रही है। जबकि सच यह है कि किंकर्तव्यविमूढ प्रशासन ने उन्हें भगवान भरोसे छोड़ दिया है। दूसरी ओर बीमारी को फैलने से रोकने के लिए दूरी बनाये रखने की जिम्मेवारी पुलिस को सौंपी गयी है जिनके काम करने का अपना तरीका है। वे हर काम डंडे के सहारे करना चाहते हैं और हर काम में अतिरिक्त कमाई की सम्भावनाएं तलाशते रहते हैं। इस दौरान चर्चा में आयी अनेक सच्ची घटनाओं को भी कहानी में पिरोया गया है जिसमें सीमेंट मिक्सर में ठूंस कर लाये गये मजदूरों की दारुण दशा हो या किसी लड़की द्वारा साइकिल पर अपने बीमार शराबी पिता को ढोने और भोजन व रास्ता तलाशने के जीवट की घटना हो। इन यात्रियों को सेनेटाइज करने के नाम पर वस्तुओं या जानवरों की तरह सेनेटाइजर से शावर का प्रयोग रोंगटे खड़े कर देता है।

विभुक्षं किं न करोति पापं की तर्ज पर पहले तो मजदूर पुलिस से उन्हें जाने देने की अनुयय विनय करते हैं किंतु जब बच्चे भूख से बिलबिलाने लगते हैं, अपने बीमार साथी को बीमार न बताते हुए उसका इलाज भी कराना है तो मजदूर उत्तेजित हो जाते हैं। जब उन्हें पता चलता है सोशल मीडिया के द्वारे फैलाये जा रही बातें झूठ हैं और ना तो कोई बैठक चल रही है और ना कोई इंतजाम हो रहा है तो वे उत्तेजित हो जाते हैं व ऐसे हर बेचैन विद्रोही व्यक्ति के लिए पुलिस अधिकारी के पास एक ही गाली है कि नेतागीरी चढ गयी है या नक्सलाइट हो रहा है।

सरकार का वर्गीय़ चरित्र बताने के लिए कहानी में उस चैक पोस्ट के पास जहाँ मजदूरों को रोका गया है और वे भूख से बिलबिलाने लगे हैं, एक माल खड़ा है जिसे भी लाकडाउन में बन्द कर दिया गया है। मजदूरों के बीच एक व्यक्ति [पंकज कपूर ] जो सेक्योरिटी गार्ड का काम करता रहा है, बन्दूक चलाना भी जानता है, वह अपने साथ आये मजदूरों का नेतृत्व करता है और उनकी बात को पुलिस अधिकारियों के सामने रखता है। वह कहता है कि उसने एक माल में भी सेक्युरिटी गार्ड का काम किया है। वह जानता है कि माल के फूड कोर्ट में रखा सामान खराब हो जायेगा इसलिए उसे भूखे मजदूरों और बच्चों के लिए ले आने की अनुमति दी जाये। प्रशासनिक अधिकारी को उनकी चिंता नहीं है किंतु माल की सुरक्षा की चिंता है इसलिए वह अनुमति नहीं देता है व और बन्दूकधारी पुलिस बुलवा लेता है। वह गार्ड एक पुलिस वाले की बन्दूक छीन कर माल में घुस जाता है तो पुलिस उसे माल में घेर लेती है। एक जूनियर इंस्पेक्टर [राजकुमार राव ] है जो दलित है और चैक पोस्ट का इंचार्ज बनाया गया है, वह अपने गाँव की एक डाक्टरी पढ रही लड़की [ भूमि पेंडेकर ] से प्रेम करता है जो सवर्ण परिवार से है और चोरी छुपे उससे मिलने आती रहती है। इस समय आकर वह  इस लाकडाउन में फंस जाती है जो गरीब मजदूरों और बीमारों की सेवा में जुट जाती है।

       प्रेम मनुष्य को ज्यादा सम्वेदनशील और मानवीय बनाता है। 

मजदूरों का नेतृत्व करने वाला व्यक्ति वैसे तो मानवीय है किंतु जति से ब्राम्हण है और गाँव के मुसलमानों द्वारा बांटे जा रहे खाने के पैकिटों को लेने से इंकार कर देता है और बस में भी किसी को नहीं लेने देता है। इस तरह साम्प्रदायिकता के बन्धन को रेखांकित किया गया है। एक स्थानीय नेताजी के भाई उस दलित सब इंस्पेक्टर को नाम के कारण ठाकुर समझता है और जातिवाद का दुरुपयोग करते हुए कुछ अपने लोगों को जाने देने की अनुमति चाहता है किंतु इंस्पेक्टर उसे बता देता है कि वह सरकार के आदेश का ही पालन करेगा, और कि वह उनकी जाति का नहीं है इसलिए यह कार्ड न खेले।

इसी समय एक पैसे वाली महिला [ दिया मिर्जा ] अपनी फार्च्यूनर गाड़ी से लकडाउन के कारण किसी हास्टल में फंस गयी अपनी बेटी को लेने के लिए निकली है किंतु उसे भी निकलने नहीं दिया जाता। उसे मजदूरों की कोई चिंता नहीं है, वह तो किसी तरह केवल अपना स्वार्थ सिद्ध करना चाहती है। जब साइकिल से अपने पिता को ढोकर ले जाने वाली लड़की एक कच्चे रास्ते से निकलने की कोशिश करती है तो वह अपने ड्राइवर को उसके पीछे पीछे चलने को कहती है ताकि वह निकल सके। जब एक गड्ढे से निकलते हुए वह लड़की गिर जाती है तो उस पैसे वाली महिला का ड्राइवर अपने वर्गीय सहानिभूति में गाड़ी रोक कर उसे उठाने उतर जाता है तो उसके इस व्यवहार पर वह [दिया मिर्जा] बहुत चिल्लाती है। ड्राइवर उसकी बिल्कुल परवाह नहीं करता किंतु मानवीय सोच के कारण लौट आता है और इसे जता भी देता है।

एक अधिकारी के रूप में [ आशुतोष राणा ] अपने माँ बाप के कोरोना पीड़ित होते हुए भी उन्हें अस्पताल के फर्श पर सोने के लिए छोड़ कर माल की सुरक्षा के लिए लौट आता है जो प्रशासनिक अधिकारियों के बुर्जुआ चरित्र को प्रकट करता है। फिल्म की कास्टिंग भूमिका के अनुसार बहुत सही है। छोटी छोटी भूमिकाएं, पीपली लाइव फेम नत्था, और वीरेन्द्र सक्सेना को भी दी गयी हैं। सारे अभिनेताओं ने मिल कर निर्देशक की टीम को उनकी मंशा पूरी करने में मदद की है। पंकज कपूर, राजकुमार राव, और आशुतोष राणा तो निर्विवाद रूप से अमरीश पुरी, ओम पुरी, नसरुद्दीन शाह, नवाजुद्दीन, रवीन्द्र त्रिपाठी की परम्परा के कलाकार हैं जो भूमिका में जान डाल देते हैं।

फिल्म ब्लैक एन्ड व्हाइट बनायी गयी है जिस विचार के लिए निर्देशक की दृष्टि की प्रशंसा की जानी चाहिए। कुल मिला कर यह एक अच्छी फिल्म है जो इसे नहीं समझ पाये उनकी समझ पर तरस ही खाया जा सकता है।

वीरेन्द्र जैन

2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड

अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023

   

मंगलवार, अगस्त 23, 2022

फिल्म लाल सिंह चड्ढा – इसके बायकाट पर हतप्रभ दर्शक

 

फिल्म लाल सिंह चड्ढा – इसके बायकाट पर हतप्रभ दर्शक

वीरेन्द्र जैन


जब खबर मिली की फिल्म लाल सिंह चड्ढा के बायकाट का प्रभाव हुआ है और टिकिट खिड़की पर पिट जाने के कारण सिनेमा घरों में यह आगे उपलब्ध नहीं होगी तो गुरुवार को अपनी व्यस्तता में से समय निकाल कर देखने जाना पड़ा। दिन में पौने बारह बजे जिस राज टाकीज में शो था उसने दर्शकों के अभाव में शो चलाने में असमर्थता व्यक्त कर दी। भागे भागे बारह बजे के शो वाले संगम सिनेमा हाल में गये तो उसने हम दो दर्शकों के होते हुए भी शो चलाने की सहमति दी। बाद में क्रमशः पाँच दर्शक और जुड़े जिनमें से भी दो किशोर किशोरी थे जो फिल्म देखने की जगह कम भीड़ वाले शो में एकांत का सुख लेने आये प्रतीत होते थे क्योंकि शो शुरू होते ही वे हमारे आगे की सीट से उठकर किसी कोने वाली सीट पर जाकर बैठ गये थे।

फिल्म समाप्त होने के बाद मेरे साथ गये दर्शक के मुँह से बायकाट कराने वालों के लिए एक भद्दी सी गाली निकली जो इस बात के लिए थी कि इस फिल्म में उन्हें बायकाट के लायक कुछ भी नजर नहीं आया जबकि पिछले दशक की दर्ज़न भर उन सफल फिल्मों के नाम और दृश्य उन्हें याद आ रहे थे जिनका कोई विरोध नहीं हुआ था। इस बायकाट के पीछे उन्हें इसे चर्चित करने के हथकण्डे की आशंका भी नजर आयी। सबसे ज्यादा गुस्सा उन्हें उन मूर्ख लोगों पर आया जिन्होंने बिना जाँचे परखे इस बायकाट का समर्थन करते हुए फिल्म से दूरी बनाये रखी। पूरी फिल्म बहुत शांत भाव से साहिर की युद्ध विरोधी नज़्म का पाठ सा करती नजर आती है, जिसमें नायक के नाना, परनाना, और पड़नाना क्रमशः पहले दूसरे विश्वयुद्ध और फिर पकिस्तान के साथ हुये युद्ध में शहीद हुये थे।  

यह आज़ादी के दो दशक बाद सिख परिवार में पैदा हुये उस मन्द बुद्धि कैलीपर्स के सहारे चलने वाले बच्चे की कहानी है जिसे अपनी शारीरिक और मानसिक कमजोरी के कारण समाज में अपनी माँ को छोड़ कर हर तरफ से नफरत झेलने को मिलती है तो दूसरी ओर घर से बाहर कहीं कहीं से मिली सहानिभूति की किरणों के सहारे वह अपनी कमजोरियों पर विजय पाता है और सन्देश देता है कि नफरत की तुलना में प्रेम ज्यादा शक्तिशाली होता है। इसमें उसकी माँ द्वारा जगाया गया यह आत्मविश्वास भी प्रेरक शक्ति बनता है कि वह किसी से कम नहीं है। आत्मविश्वास की जिस कमी के कारण उसे कैलीपर्स पहिनने पड़ते थे किंतु एक संकट के समय जब वह बचकर भागता है तो न केवल कैलीपर्स से मुक्त हो जाता है, अपितु वह अपने स्कूल कालेज की रेस में भी अव्वल नम्बर पर  आने लगता है। इसी प्रतिभा के सहारे उसे उसकी सहपाठी लड़की की ओर से न केवल सहानिभूति व प्रोत्साहन मिलता है अपितु अपने नानाओं के कदमों का अनुशरण करते हुए फौज में जाने का मौका मिलता है। फौज में उन अनुशासित लोगों को बहुत पसन्द किया जाता है जो यंत्रवत अपने कमाण्डर के दिमाग से काम करते हैं। वे निर्भय होते हैं और चालाकी उन्हें नहीं आती। बच्चे सबको इसीलिए तो अच्छे लगते हैं क्योंकि वे निश्छल होते हैं। लाल सिंह चड्ढा भी निश्छल और साहसी है। वह दिये गये आदर्शों से प्रेरित है और निस्वार्थ भाव से लोगों और अपने साथियों की सहायता करता है। जहाँ अन्याय देखता है वहाँ बिना आगा पीछे देखे भिड़ जाता है।

बचपन से जवान होने तक देश में घटी कुछ घटनाओं से वह प्रभावित है जिसमें खालिस्तानी आन्दोलन के दौरान अमृतसर के स्वर्ण  मन्दिर में छुपे आतंकियॉं पर गोलीबारी भी एक है, संयोग से उस समय वह वहीं पर होता है, दूसरी घटना श्रीमती इन्दिरा गाँधी की हत्या के विरोध में दिल्ली में सिख समुदाय के खिलाफ घटित हिंसा में फंस जाने के कारण बचने के लिए उसे केश कटवाना पड़े थे। बाबरी मस्ज़िद तोड़ने का माहौल बनाने के लिए अडवाणी की रथयात्रा, मस्ज़िद टूटने के बाद मुम्बई के साम्प्रदायिक दंगे, मण्डल कमीशन लागू करने के बाद आरक्षण के विरोध का सवर्ण छात्रों का आन्दोलन आदि उसकी स्मृतियों में दर्ज होते हैं और वह घर से बाहर नहीं आता क्योंकि उसकी माँ ऐसे अवसरों पर कहती थी कि बाहर मत निकलना, बाहर मलेरिया फैला हुआ है।

 सेना के प्रशिक्षण के दौरान उसकी दोस्ती ऐसे ही एक दक्षिण भारतीय सैनिक से होती है जिसके दिमाग में एक चड्ढी बनियान बनाने की फैक्ट्री डालने का सपना है जिसे वह रिटायरमेंट के बाद मिले पैसे से पूरा करना चाहता है। इसके लिए वह लाल सिंह को पार्टनर बनने का प्रस्ताव देता है जिसे वह स्वीकार करके पूरा करने का वचन देता है। इसी बीच कारगिल में घुसपैठ हो जाती है जिसका पता सुरक्षा बल को बकरियां चराने वालों से मिलता है। लाल सिंह और उसके सिपाही मित्र को फ्रंट पर भेजा जाता है जहाँ वह पूरी मुस्तैदी से न केवल अपना काम पूरा करता है अपितु युद्ध में घायल सिपाहियों को इतने सेवा भाव से बचाता है कि उसमें अपनी सेना के सिपाहियों और दुश्मन देश के सिपाही में भेद नहीं करता। लड़ाई में उसका सिपाही मित्र बाला शहीद हो जाता है।

बचपन से ही उसके साथ सहानिभूति रखने वाली लड़की एक गरीब परिवार से आती है जिसके पिता ने उसकी माँ को कुछ रुपयों के लिए मार डाला होता है। अनाथ लड़की अपनी एक रिश्तेदार के यहाँ शरण लेने को मजबूर होती है और वह रिश्तेदार लाल सिंह के परिवार में काम करने वाली बाई होती है जिस कारण लाल सिंह उसके साथ ही बड़ा होता है। गरीबी के दारुण अनुभवों से दुष्प्रभवित सुन्दर लड़की के मन में किसी भी तरह धनी बनने की महात्वाकांक्षा है, इसलिए वह मन्दबुद्धि लालसिंह के व्याह रचाने के प्रस्ताव पर ध्यान केन्द्रित करने की जगह, माडल से अभिनेत्री बनने की राह पर है जिसके लिए वह अपराधी माफिया की रखैल बन कर रहती है।

कहानी का समापन इस तरह से होता है कि रिटायरमेंट के बाद लाल सिंह अपने गाँव लौट आता है और अपने दोस्त बाला को दिये वचन के अनुसार चड्ढी बनियान का काम शुरू कर देता है, जिसमें बाद में वह पकिस्तानी सिपाही भी जुड़ जाता है जिसके इलाज के दौरान दोनों पैर कट जाते हैं और उसके देश की सेना उसे अपना मान कर वापिस ले जाने से इंकार कर चुकी है।

      इस बीच में जिस माफिया सरगना ने नायिका को रखैल बना कर रखा हुआ था, उसके पीछे पुलिस है इसलिए वह लाल सिंह के पास आकर रहने लगती है। बाद में वह माफिया पकड़ा जाता है और नायिका को भी पुलिस पकड़ने आती है तो वह लालसिंह को बिना बताये पुलिस के साथ चली जाती है। जब दोबारा उसे उसकी प्रेमिका मिल कर बिछुड़ जाती है व उसकी माँ की मृत्यु हो चुकी होती है तो वह देश भर की सड़्कों पर निरुद्देश्य दौड़ लगाना शुरू करता है। राष्ट्रपति से शौर्य पुरस्कार प्राप्त सैनिक के लगातार निरुद्देश्य दौड़ से वह देश के मीडिया के आकर्षण का केन्द्र बनता है। इस बीच नायिका कुछ महीने की सजा काट कर वापिस आती है तो उसे मीडिया से उसके दौड़ने की खबर मिलती है, पर निश्चित पता ठिकाना नहीं मिलता। जेल जाने से पहले लाल सिंह के साथ बिताये कुछ दिनों के परिणाम स्वरूप जेल से बाहर आने के बाद वह एक बच्चे को जन्म दे चुकी होती है, जिसका नाम वह अमन चड्ढा रखती है। देश भर की परिक्रमा पूरी कर एक दिन थक कर जब लाल सिंह वापिस लौटता है तब उसे उसका नौकर उसकी प्रेमिका द्वारा भेजी गयी ढेर सारी चिट्ठियां देता है। उनके सहारे वह नायिका तक पहुंचता है, जहाँ उसे उसके पिता बनने की जानकारी मिलती है। नायिका बीमार है और कुछ दिनों बाद उसकी मृत्यु हो जाती है।

राजकपूर के स्कूल को आगे बढाने वाले आमिरखान ने पीके और तारे जमीं पर की तरह श्रेष्ठ अभिनय किया है। कहानी में कुछ कुछ ‘उसने कहा था’ की झलक भी मिलती है। फिल्म में इस सिरे से उस सिरे तक कहीं भी ऐसा कुछ नहीं था कि दक्षिणपंथी हिन्दूवादी संगठन इसके बायकाट का आवाहन करें। उन्होंने और उनके अन्ध समर्थकों ने उनकी बात मान कर अपनी मूर्खता का ही परिचय दिया है, जिसके लिए उन्हें माफी मांगना चाहिए।   

वीरेन्द्र जैन

2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023      

शुक्रवार, अप्रैल 24, 2020

फिल्म निःशब्द की भूमिका की तरह थी एक दिन अचानक


फिल्म निःशब्द की भूमिका की तरह थी एक दिन अचानक

वीरेन्द्र जैन
Mrinal Sen's Ek Din Achanak (1989),... - Imprints and Images of ...
गत शताब्दी के नब्बे के दशक में जो श्रेष्ठ फिल्में बनीं, उनमें से एक सुप्रसिद्ध निर्देशल मृणाल सेन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘एक दिन अचानक’ भी है। जिस फिल्म में जब श्रीराम लागू, अपर्णा सेन, शबाना आज़मी, मनोहर सिंह आदि समानांतर सिनेमा के लिए प्रसिद्ध उन कलाकारों ने अभिनय किया हो जो अपनी भूमिका में जान डाल देते हैं, तो फिल्म का अच्छा होना स्वाभाविक ही है। ऐसी फिल्मों को ‘बिटवीन द लाइंस’ देखना और समझना होता है, इसलिए जितनी बार भी देखी जाती हैं उतनी बार ही छूट गये अर्थ समझ में आ जाते हैं। हाल ही में लाक डाउन के दौरान दूरदर्शन के विशेष कार्यक्रम मे दोपहर में अनेक अच्छी फिल्में दिखायी गयीं और उक्त फिल्म को पुनः देखने का मौका मिला।
फिल्म की कुल कथा तो इतनी ही है कि इतिहास के एक सेवानिवृत्त प्रोफेसर [श्रीराम लागू] हैं, जिनके तीन बड़े बड़े बच्चे हैं। वे न केवल अध्यापक ही रहे अपितु अपने विषय के विशेषज्ञ हैं, विषय पर पेपर्स लिख कर नई नई स्थापनाएं देते रहते हैं, देश भर में जिनकी चर्चा होती है। उनकी गिनती विषय के विद्वानों और बुद्धिजीवियों में होती है। बड़ी लड़की [शबाना आज़मी] किसी कार्यालय में नौकरी करती है, बेटे का पढाई में मन नहीं लगा इसलिए वह उनके मन के मुताबिक नहीं बन सका और छोटा मोटा व्यापार करता रहता है। वह अपने पिता के स्वप्नों को पूरा नहीं कर सका इसलिए दोनों में सम्वाद टूटा हुआ है। वह स्वाभिमानी है और पिता से उनकी शर्तों पर अपने काम धन्धे हेतु पैसा नहीं लेना चाहता। कालेज में पढ रही छोटी बेटी की अपनी जिन्दगी है। प्रोफेसर की पत्नी एक संतुष्ट घरेलू महिला हैं तथा उन दायित्वों के निर्वहन में अपना जीवन लगा रही हैं जो परिवार और समाज ने उन्हें दिये हैं।
यह उस बुद्धिजीवी वर्ग की कहानी है जिसे परम्परागत परिवार मिला है, किंतु जो अपने बौद्धिक स्तर के जीवन साथी और परिवेश के न मिलने से कुण्ठित रहता है। जब उससे ऐसी एक युवा महिला प्रोफेसर सलाह लेने के लिए मिलती है जो उससे बौद्धिक स्तर पर बात कर सकती है, बहस कर सकती है, व उम्र और जेंडर भेद उसे बांधता नहीं है तो वह खुश रहता है। पुस्तकों के बीच शुष्क हो गया प्रोफेसर, उसके आने पर खिल जाता है भले ही उनके बीच केवल विषय से सम्बन्धित वार्तालाप ही होता है। प्रोफेसर का यह लगाव रिश्ते की किसी परिभाषा में परिभाषित नहीं हो पाता। उम्र भेद के कारण भी युवती की सोच में भी किसी अलग से सम्बन्ध की कल्पना नहीं आती और वह प्रोफेसर के मानस से अनजान बनी रहती है। दूसरी ओर प्रोफेसर कुण्ठा पालता रहता है। उसे कोई भौतिक दुख नहीं है, उसकी पेंशन है, बेटी नौकरी कर रही है, मकान का किराया आ रहा है, बेटा भले ही सफल न हो किंतु स्वाभिमानी है और अपने काम के बारे में ज्यादा चर्चा करना पसन्द नहीं करता, पर कुछ करता रहता है।
प्रोफेसर मानता है कि व्यक्ति को एक ही जीवन मिलता है और उसका जीवन असफल होकर बीत चुका है। शायद इसी सोच में वह एक दिन अचानक घर छोड़ कर चला जाता है। वह किसी को बता कर नहीं जाता और ना ही कोई सूचना पत्र छोड़ कर जाता है। उसका बैंक बैलेंस भी अछूता ही है। उसके न आने से सबके अपने अपने दुख, चिंताएं हैं और उसी अनुसार आशंकाएं प्रकट होती हैं। जिस लड़की से बौद्धिक चर्चा करके प्रोफेसर खुश होते थे और जिसे भी इनके मौन आकर्षण का भान नहीं था, उसका  किसी को पता भी नहीं चलता गर पुस्तकों के बीच एक कार्ड नहीं मिलता जिस पर प्रोफेसर ने खूबसूरत अक्षरों में कई पर्तें देकर उसका नाम लिख कर नहीं रखा होता, जैसा कि किशोर अवस्था के प्रेमी बच्चे अपने प्रिय का लिखते हैं।
उसके जाने के एक वर्ष बाद सब उसे याद करते हैं। बड़ी बेटी समझती है कि वह उन्हें बेकार ही में महान व्यक्ति समझती रही, जबकि वे एक साधारण मनुष्य थे, छोटी बेटी समझती रही कि वे एक अहंकारी व्यक्ति थे और बेटा समझता रहा कि उन्हें घर में किसी की परवाह नहीं थी। बेटे का दुख यह भी है कि उनके नाम पर जो पैसा जमा है वह किसी के काम नहीं आयेगा क्योंकि गायब हुआ व्यक्ति जब सात साल तक नहीं लौटता तभी उसके वारिस उसकी सम्पत्ति पर दावा कर सकते हैं। उनका व्यापारी साला जिसे वे पसन्द नहीं करते थे, और जो इस घटना के बाद परिवार के सबसे बड़े हितचिंतक के रूप में उभरता है, की चिंता है कि उनकी किताबों से मुक्ति पायी जाये जिसे उन्होंने अपने पिता द्वारा जोड़ी पुस्तकों में वृद्धि करके संग्रहीत की थीं। उस व्यापार बुद्धि वाले व्यक्ति के लिए वे पुस्तकें ही सबसे बड़ी पारिवारिक बोझ हैं। अंततः वह उन्हें कालेज की एक लाइब्रेरी को देने के लिए सबको मना लेता है।
अमिताभ बच्चन अभिनीत फिल्म निःशब्द भी इसी विषय के आस पास है जिसमें फोटोग्राफी के शौकीन सेवानिवृत्त अमिताभ किसी खूबसूरत पहाड़ी जगह पर अपनी पत्नी के साथ सुखपूर्वक रहते हैं, कि उनकी युवा बेटी की एक सहेली उनके पास रहने के लिए आ जाती है, जिसका अपने प्रेमी से ब्रेक अप हो चुका है। वह उम्र से लापरवाह हो कर अपनी सहेली के पिता अमिताभ को पुरुष मित्र की तरह देखने लगती है। इस रिश्ते से चकित हो कर भी उनके अन्दर की सोयी भावनाएं जाग जाती हैं और वे उसके प्रति भावुक होकर सोचने लगते हैं। कहते हैं कि – खैर खून खाँसी खुशी, बैर प्रीति, मदपान / रहिमन दाबे ना दबे जानत सकल जहान। उनका प्रेम और खुशी भी उनकी बेटी, पत्नी और मित्र जैसे साले के आगे सारा रहस्य प्रकट कर देते हैं। इस रिश्ते को जिसे समाज स्वीकार नहीं करता, उन्हें एक अपराध बोध में डाल देता है। उनकी पत्नी और बेटी छोड़ कर चली जाती है व उस लड़की का प्रेमी भी उसे मना कर ले जाता है। इस फिल्म में भी वरिष्ठ नायक आत्महत्या के लिए जाता है और फिर यह सोच कर वापिस आ जाता है कि उसे इस दौरान जो स्मृतियां मिली हैं उन्हें वह जी सके।
दोनों ही फिल्मों में एक जैसी ही सामाजिक विसंगति सामने आयी है किंतु तीस साल पहले का नायक अपने को बिना अभिव्यक्त किये अज्ञातवास पर चला जाता है किंतु तीस साल बाद की फिल्म का नायक अपने मित्र के सामने स्वीकार करके यादों में जीना चाहता है।       
इन फिल्म के कथानक छोटे होते हुए भी पात्रों की अपनी भूमिका से समाज व जिन्दगी के अनेक रंग और रिश्तों की विसंगतियां प्रकट होती हैं। शायद कवि केशवदास का भी यही दर्द रहा होगा। अमिताभ की दो और फिल्में ‘ब्लैक’ व ‘चीनी कम’ भी इसी तरह की फिल्में हैं।
**************
 किसी कवि सम्मेलन में कवि भारत भूषण जी आये हुये थे और कवि सम्मेलन से पूर्व हुयी मुलाकात में मैंने उनसे उनके प्रसिद्ध गीत- यह असंगति जिन्दगी के द्वार सौ सौ बार रोई, बाँह में है और कोई चाह में है और कोई – सुनाने का आग्रह किया। वे बोले कि यह गीत तो मुझे कवि सम्मेलन में सुनाना ही पड़ेगा। इसे लिखते समय मुझे अनुमान नहीं था कि यह असंगति इतनी व्यापक है कि इसे सैकड़ों जगह हजारों बार सुना चुका हूं, किंतु फिर भी इसकी मांग बनी रहती है।  
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629

         

शुक्रवार, जनवरी 17, 2020

फिल्म समीक्षा छपाक – ब्लैक का अगला संस्करण


फिल्म समीक्षा
छपाक – ब्लैक का अगला संस्करण 
Image result for छपाक movie
वीरेन्द्र जैन
हमारे देश में भी अच्छी फिल्में बन रही हैं जिनमें बहुत सूक्ष्म मनोवैज्ञानिक समस्याएं उठायी गयी हैं, किंतु उनकी समीक्षा बहुत स्थूल ढंग से हो रही है। दीपिका पाडुकोण की फिल्म छपाक के साथ भी ऐसा ही हुआ है। तेजाब के हमले से घायल होकर बच गयी लड़कियों की समस्या पर केन्द्रित कथा पर यह फिल्म बनायी गयी है। संयोग से या सोचे समझे ढंग से जे एन यू के छात्रों पर हुए हमलों के विरोध में सहानिभूति प्रदर्शित करने पहुंची दीपिका पाडुकोण की प्रशंसा और विरोध में यह फिल्म चर्चित भी हुयी। विरोध के किसी भी रूप को सहन न कर पाने वाली सरकारी पार्टी के लोगों ने बिना इसकी महत्ता व संवेदना पर विचार किये, फिल्म का अन्ध विरोध करवा दिया। फिल्म के बाक्स आफिस पर सफल या असफल होना तो अलग बात है, किंतु इस सब में सरकार का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। एक सामाजिक समस्या पर बनी फिल्म का विरोध ही नहीं, उस पर झूठे साम्प्रदायिक आरोप लगवाने में भी सरकारी पार्टी नहीं चूकी। ऐसा लग रहा था कि जैसे फिल्म के सफल होते ही सरकार को गिर जाने का खतरा पैदा हो गया है।
फिल्म की कथा या कहें कि घटना केवल इतनी है कि घर की आर्थिक स्थिति से परेशान एक लड़की पढाई छोड़ कर एक टेलर मास्टर के पास सिलाई सीखने लगती है, और लड़की की उम्र से बड़ा प्रशिक्षक टेलर बदले में उसे अपनी सम्पत्ति समझने लगता है। इस सब से अनजान लड़की जब अपने पुराने सहपाठी से मिलती है तो नाराज टेलर मास्टर अपनी बहिन की मदद से उस के चेहरे पर तेजाब फेंक देता है। पीड़ित लड़की इसी क्रम में एक ऐसे एनजीओ के सम्पर्क में आती है जो तेजाब के हमले से शिकार लड़कियों पर ही काम कर रहा होता है। यह संयोग है कि उक्त लड़की की इलाज में मदद वह गृहस्वामिनी करती है, जिसके यहाँ उसका पिता खानसामा था, और उसकी ही एक एडवोकेट मित्र दोषी को सजा दिलाने में मदद करती है। इन लोगों का प्रयास या कहें कि संघर्ष सफल होता है और न केवल हमलावरों को सजा मिलती है अपितु राज्य सरकारों द्वारा एसिड की बिक्री पर नियंत्रण रखने का आदेश भी मिलता है।
आम तौर पर समीक्षक इस या इस जैसी फिल्मों को यहीं तक देखते हैं, और उन पर लिखते हैं। किंतु फिल्म आगे तक जाती है। जीवन सम्पूर्णता में जिया जाता है, भले ही किसी समय विशेष में एक विशेष समस्या दूसरी बातों को हाशिये पर रखती हैं। एसिड हमले से पीड़ित एक महिला का इलाज और कानूनी लड़ाई जीवन के शेष हिस्से को खत्म नहीं कर देती। सौन्दर्य बोध केवल चेहरे तक ही सीमित नहीं होता अपितु व्यक्ति के मानवीय गुण भी उसके सौन्दर्य को प्रकट करते हैं। व्यक्ति चाहता है कि अपने चेहरे के आकर्षण के अलावा उसके गुणों के कारण भी उसे पसन्द किया जाये। चेहरा विकृत हो जाने से उसके जीवन की दूसरी आवश्यकताएं समाप्त नहीं हो जातीं। उसे जिन्दा रहने के लिए रोटी कपड़ा और मकान की भी जरूरत होती है जिसके लिए एक अदद सवैतनिक नौकरी की जरूरत होती है। जब अच्छे अच्छे चेहरों तक को नौकरी के लाले पड़ रहे हों तब विकृत होकर असामान्य चेहरे वालों को नौकरी कौन देता है। हमलावरों को मिली सजा, या एसिड बिक्री पर लगी रोक उसके जीवन की अन्य समस्याओं को राहत नहीं देतीं। उसे विकलांग श्रेणी का भी नहीं समझा जाता। बस में माँएं अपने बच्चों को पीड़िता की ओर देखने से रोक्ती हैं और कई बच्चे उसे देख कर चीख पड़ते हैं, जिसे सुन कर अपने आप से घृणा होने लगती है। एक विकृत चेहरे वाली महिला को भी जीवन में प्रेम और दैहिक साथ की जरूरत होती है, किंतु प्लास्टिक सर्जरी के बाद भी विपरीत लिंग के लोगों की आंखों में वह आकर्षण नहीं टपकता, जो एसिड अटैक से पहले दिखता था। उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले एक फिल्म आयी थी, जिसमें जब एक विकलांग लड़की की बहिन उसका जन्मदिन मनाती है और उससे वांछित उपहार पूछती है तो वह कहती है कि मैं सेक्स करना चाहती हूं।
इसी तरह फिल्म ब्लैक में गूंगी बहरी नायिका को उसका वयोवृद्ध शिक्षक होठों पर उंगली रख कर संवाद सिखाता है, किंतु एक युवा लड़की के होठों पर उंगली रखने से जनित संवेदनाएं अपने निकट रह रहे पुरुष के प्रति आकर्षण पैदा करती हैं, जिससे शिक्षक नैतिक असमंजस में फंस जाता है। यह फिल्म भी बताती है कि उस दिव्यांग लड़की के जीवन की समस्याएं, सम्वाद के लिए भाषा के ज्ञान आने तक समाप्त नहीं हो जातीं। फिल्म में इस बात को चित्रित किया गया था किंतु फिल्म पर विचार करने वालों ने अपनी समीक्षाओं में इस बात का कहीं उल्लेख नहीं किया। छपाक भी परोक्ष रूप से ब्लैक में उभारी गयी बात को ही आगे बढाती है।
छपाक की निर्देशक मेघना गुलजार और सह निर्मात्री व नायिका दीपिका पाडुकोण ने यह फिल्म बना कर बहुत साहसिक काम किया है। फिल्म बाक्स आफिस पर बहुत ज्यादा सफल नहीं हो सकी है किंतु घाटा भी नहीं दे रही। दीपिका के दुस्साहस की दाद दी जाना चहिए कि उसने मुख्यधारा की नायिका रहते हुए इस विशिष्ट भूमिका को चुना। इतना ही नहीं उसने अपनी भूमिका के प्रति पूरा पूरा न्याय किया है। मेघना का निर्देशन सफल है। दीपिका की भूमिका फिल्म के बाहर पूरे देश के स्तर पर भी सफल है। ऐसे ही साहस कला को ज़िन्दा रखते हैं।
 वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023 मो. 9425674629            

शनिवार, दिसंबर 28, 2019

‘मैटिनी शो’ महिला निर्देशकों की फिल्मों पर आधारित समारोह


‘मैटिनी शो’ महिला निर्देशकों की फिल्मों पर आधारित समारोह
वीरेन्द्र जैन
गत दिनों भोपाल में मध्यप्रदेश महिला मंच और इंटरनैशनल एसोशिएन आफ विमेन इन रेडियो एंड टेलीविजन [इंडिया चैप्टर] की ओर से महिलाओं द्वारा निर्देशित फिल्मों का तीन दिवसीय समारोह आयोजित हुआ जिसमें डाक्यूमेंटरी/ शार्ट फिल्म/ एनिमेशन एक्स्पेरीमेंटल तरह की 29 फिल्मों का प्रदर्शन हुआ। कार्यक्रम का नाम ‘द मैटिनी शो’ रखा गया था। यद्यपि यह एक ज़ेन्डर आधारित प्रदर्शन था किंतु फिल्मों की विषयवस्तु और निर्माण के आधार पर ऐसा कोई भेद महसूस नहीं किया जा सकता था। वैसे भी फिल्म भले ही डायरेक्टर’स मीडिया माना जाता हो किंतु उसके निर्माण में कुल व्यक्तियों की जो संख्या लगती है उससे उसे किसी ज़ेंडर विशेष की फिल्म नहीं माना जा सकता। इस समारोह की अधिकांश फिल्में भी ऐसी ही थीं। फिल्मों की अवधि दो घंटे से लेकर 6 मिनिट तक थी। इसमें राजनीतिक फिल्मों से लेकर बच्चों की फिल्मों तक विविधता थी।
अनियमित कोयला मजदूर बाबूलाल भुइंया के औद्योगिक सुरक्षा बल द्वारा मार दिये जाने व उसके बलिदान से अन्य मजदूरों में पैदा हुयी जागरूकता की कहानी से समारोह का प्रारम्भ हुआ, तो इसमें पंजाब में नशे की आदत से मुक्त कराने वाले पुनर्वास केन्द्रओं द्वारा उनके परिवारों की भूमिका को रेखांकित किया गया था। समारोह में हैदराबाद विश्व विद्यालय के प्रतिभाशाली दलित छात्र रोहित वेमुला को आत्महत्या के लिए विवश करने के प्रतिरोध में उसके अंतिम पत्र से जनित छात्र उत्तेजना की कथा कहने वाली फिल्म भी थी। 2002 में हुये साम्प्रदायिक नरसंहार में अपने जले हुये घर को देख कर नास्टलाजिक होते सायरा और सलीम की फिल्म भी थी।
जीवन और राजनीतिक संघर्ष में महिलाओं की भूमिका को दर्शाने वाली फिल्में भी समुचित संख्या में थीं। इन फिल्मों में कश्मीर की महिलाओं का प्रतिरोध आन्दोलन भी था जो गीतों, तस्वीरों और साक्षात्कार के माध्यम से अभिव्यक्त होता है। उत्तरी छत्तीसगढ के बलरामगढ जिले की किशोरी मीना खाल्को की पुलिस मुठभेड़ में की गयी हत्या से पहले यौन हिंसा को दबाने की कोशिश और दोषियों को दण्डमुक्त हो जाने पर फिल्म ‘एनकाउंटरिंग इनजस्टिस’ भी है। सत्ता के खिलाफ सच बोलने का साहस करती महिला पत्रकारों द्वारा चुकाई गयी कीमत को दर्शाती फिल्म ‘वैलवेट रिवोल्यूशन’ है जिसे छह महिला निर्देशकों ने अपने अपने आब्जर्वेशनों से बनाया है। जो लोग धर्म नैतिकिता और जातिवाद के सहारे राजनैतिक चालें चल रहे हैं उनके बारे में बताने वाली फिल्म ‘तुरुप’ है।
इस समारोह में जीवन के विभिन्न रंगों को दिखाने वाली फिल्में भी थीं जो पीछे जाकर भी देखती हैं। ऐसी ही भावुक कर देने वाली फिल्म ‘द अदर सोंग’ है जो बनारस व लखनऊ की तवायफों के अतीत में ले जाकर उनकी वर्तमान दशा को बताती है। ‘पिछला वरका’ में पाकिस्तान छोड़ कर आयी महिलाएं ताश के पत्तों में अपनी दुपहरियां बिताती हुई अतीत की यादों को कुरेदती रहती हैं। एक महत्वपूर्ण फिल्म ‘बाल्खम हिल्स अफ्रीकन लेडी ट्रुप’ है जो विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक कारणों से यौन हिंसा का शिकार हुयी चार महिलाओं द्वारा एक थिएटर ग्रुप के माध्यम से अपनी कहानी कहने पर बनी फिल्म है। इस अभिव्यक्ति से वे अपने शोषण से जन्मी हीन भावना और मानसिक प्रताड़ना से मुक्ति पाती हैं। ट्रांस ज़ेंडर की समस्याओं और उनके बारे में नासमझियों को बताती फिल्म ‘बाक्स्ड’ है तो हैदराबाद में शेखों द्वारा लड़कियों की खरीद फरोख्त और उनके यौन शोषण और उससे आज़ादी की कहानी कहती फिल्म ‘स्टिल आई राइज’ है। दृढतापूर्वक दहेज का विरोध करती लघु फिल्म ‘अपराजिता’ है, तो वज़न कम करने के चक्कर में कुछ और खोज लेने की कहानी ‘डब्ल्यू स्टेन्ड्स फार’ है। अपने पुरुष मित्र के घर में उसकी माँ द्वारा मासिक धर्म के दाग लगने पर किया गया व्यवहार व पुरुष मित्र की प्रतिक्रिया के बाद उसके बारे में विचार बदल देने की कथा ‘स्टैंस’ में कही गयी है। पश्चिमी बंगाल के नन्दीग्राम में दो लड़कियों की आत्महत्या और उनके परिवारियों के व्यवहार पर ‘इफ यू डेयर डिजायर’ है। हर रोज हिंसा का सामना करने वाले कश्मीर में सामाजिक मानदण्डों से उबरने के लिए कला का सहारा लेने के प्रयास की कहानी ‘द स्टिच’ है। ‘डेविल इन द ब्लैक स्टोन’ में बीड़ी बना एक साथ रहने वाली तीन महिलाएं प्रति परिवार दस किलो चावल दो रुपये किलो मिलने की खबर सुन अलग अलग झोपड़ी बना लेती हैं, किंतु जिस को सर्वेक्षणकर्ता समझ रही होती हैं वह मस्जिद के लिए चन्दा मांगने वाला निकलता है और तीनों घरों को चन्दा एकत्रित करने के लिए अलग अलग डब्बा थमा कर चला जाता है। गुस्से में वे डिब्बा फेंक देती हैं।
प्लास्टिक कचरे पर बनी ‘पिराना’, पुराने जहाजों को तोड़े जाने वाले चिटगाँव बन्दरगाह पर बनी ‘द लास्ट राइट्स’ चाय की बदलती दुकानों और बेचने वालों पर बनी फिल्म ‘चाय’ है तो आवासीय विद्यालय में दृष्टि विकलांगों पर केन्द्रित फिल्म ‘कोई देखने वाला है’ भी दिखायी गयी हैं।
एक बच्चे के जन्मदिन पर उसके पिता द्वारा केक का आर्डर देने वाली दुकान की तलाश और बच्चे की मनमानियों की कहानी ‘द केक स्टोरी’ है जिसमें बच्चे ने बेहतरीन एक्टिंग की है। इसके साथ ही साथ ‘केली’ ‘फ्राइड फिश’ ‘डिड यू नो’ ‘अद्दी’ और ‘डेजी’ एनीमेशन फिल्में थीं।
सच है कि मैटिनी शो स्वतंत्र महिलाओं का शो ही रहता आया है। शायद यही सोच कर आयोजकों ने इस समारोह क नाम ‘मैटिनी शो’ रखा होगा। सिनेमा में रुचि रखने वालों, लघु फिल्म निर्माताओं, औए फिल्म समीक्षकों की संख्या कुछ और अधिक रुचि लेती तो उत्तम था।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
 मो. 9425674629