पाकिस्तान लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
पाकिस्तान लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, दिसंबर 14, 2014

समीक्षा ज़िन्दगी चैनल का सीरियल- काश में तेरी बेटी न होती



समीक्षा
ज़िन्दगी चैनल का सीरियल- काश में तेरी बेटी न होती

वीरेन्द्र जैन
                जब भी कोई अच्छी फिल्म या किताब देखने पढने में आती है तो मन होता है कि उसके बारे में दूसरों को भी बताया जाये। यही इच्छा कोई अच्छा नाटक देखने या टीवी सीरियल देखने के बाद भी होती है। शायद इसमें किसी दौड़ में प्रथम आने का सुख प्राप्त करने का प्रयास निहित रहता हो। पिछले दिनों जब मैंने ज़ी टीवी ग्रुप पर शुरू हुये ज़िन्दगी चैनल और उस पर चलने वाले सीरियल – काश मैं तेरी बेटी न होती- के बारे में अपने कलात्मक रुचियों वाले मित्रों को बताया तो लगा कि मैं आगे नहीं निकल सका हूं क्योंकि मेरे सभी मित्र इस चैनल पर आने वाले सीरियल न केवल देख रहे थे अपितु मेरी ही तरह उन्हें पसन्द भी कर रहे थे।
       ज़ी ग्रुप से यह चैनल तब शुरू हुआ जब मेरी दिलचस्पी हिन्दी टीवी के मनोरंजक प्रोग्रामों और समाचारों को रबर की तरह खींचते समाचार चैनलों से पूरी तरह से हट चुकी थी किंतु ज़िन्दगी चैनल और एनडीटीवी के प्राइम टाइम ने दुबारा पैदा कर दी। पड़ौसी देशों के टीवी चैनलों पर दिखाये गये सीरियलों और कहानियों के नाम से पाँच महीने पहले शुरू हुये इस ज़िन्दगी चैनल पर अभी पाकिस्तान की कहानियां और सीरियल दिखाये गये जिन्होंने कहानियों की मौलिकता, ज़िन्दगी में घटने वाली घटनाओं के अलग अलग आयाम, चरित्रों का वैविध्य, कलाकारों का भूमिका के अनुसार सटीक चयन व उसी के अनुसार उनका कुशल अभिनय, संगीत आदि  ने शायद लाखों उन टीवी दर्शकों को भी बाँध लिया जो गत बीस साल में आने वाले हिन्दी के सीरियलों से ऊब कर सीरियल देखना छोड़ चुके थे। सीरियलों की भाषा, कहानियों के मध्य व उच्च वर्गीय पात्रों का रहन सहन खान पान, अच्छी बुरी आदतें, सामाजिक दोष, पीढीगत टकराव आदि कुछ भी ऐसा नहीं था जिससे ऐसा लगता कि हम किसी दूसरे देश के सीरियल देख रहे हैं। इसके विपरीत हमें अपने ही देश के उत्तरपूर्व और दक्षिण के सीरियल या फिल्में हिन्दी जगत से कुछ भिन्न लगते रहे हैं। मैं स्वीकार करता हूं कि ये सीरियल देखने के पहले मुझे पाकिस्तान इतने करीब नहीं लगता रहा। कलाओं से जन्मी संवेदना देशों की दीवारें तोड़ती हैं और लोगों को पास लाने व मित्रता बढाने में सर्वाधिक योगदान कर सकती हैं। इन्हें देख कर जहाँ दूरदर्शन के पुराने सीरियल बुनियाद, हमलोग, तमस, आदि की याद ताज़ा हो गयी, वहीं हमारे यहाँ वर्षों से चलने वाले सास-बहू नुमा सीरियल और ज्यादा कमजोर, नकली, फूहड़ व निरर्थक लगने लगे।
       इस चैनल पर सबसे लम्बा चलने वाला सीरियल -काश मैं तेरी बेटी न होती-  लगभग एक सौ साठ एपीसोडों के बाद समाप्त हुआ है। इस में न केवल सामंती मूल्यों के शेष बच गये लोगों से नये बन रहे समाज के लोगों के साथ होने वाला टकराव ही दिखाया गया है अपितु पाकिस्तान की पुलिस. प्रशासन, न्याय, धर्म और राजनीति भी पुराने सामंतों व धनिकों की इच्छा और निर्देश पर चलती हुयी दिखा कर स्वस्थ राजनीतिक आलोचना करने का साहस किया गया है। पाकिस्तान में भी अखबार बेचने, कारों के शीशे साफ करने और घरेलू नौकर का काम करने वाले का परिवार अपनी दुखद गाथा अखबार में नहीं छपवा सकता भले ही स्टोरी की तलाश में रहने वाला टीवी किसी खबर को कभी कभी दिखा देता हो। सीरियल से पता चलता है कि मासूमों और अबलाओं को दबोचने के लिए आतुर दरिन्दे, पैसों के बदले में अपराध करने वाले मवाली और अपने स्वार्थ के लिए निर्धनों व कमजोरों को पशु से पतित मानने वाले धनिक पाकिस्तान में भी हिन्दुस्तान जैसे ही हैं। वहाँ भी रूढियों और सामाजिक बुराइयों के साथ पढी लिखी युवा पीढी की ज़ंग जारी है। वहाँ भी उच्च और मध्यम वर्ग बाज़ारवाद का शिकार होकर साम्राज्यवादी देशों की चकाचौंध से चौंधिया रहा है।        
       काश मैं तेरी बेटी न होती नामक सीरियल में इतने मोड़ हैं कि सीरियल देखते हुए आगे की कहानी के बारे में लगातार जिज्ञासा बनी रहती थी। एक हाकर के मेहनतकश परिवार में तीन बच्चों समेत पाँच सदस्य हैं जिनमें से तीन की कमाई के बाबजूद भी न घर ठीक से चल पा रहा है और ना ही मकान का किराया समय से चुक पा रहा है। गृहणी खुद को और बच्चों को भूखा रख कर जब मेहनत करने वाले पति को उपलब्ध चावल खिलाने के लिए झूठ बोलती है कि सबने खा लिया तो वह बच्चों के चेहरे पढ लेता है और आँसुओं के नमक के साथ सभी को एक एक कौर चावल खिला कर ही सोता है। किराया चुकाने के लिए गुर्दा बेचता है तो वहाँ भी उसका शोषण होता है और ज़िन्दगी भर के लिए अपंग होकर रह जाता है। पति की बीमारी से और बढ चुके संकट से निबटने के लिए एक शादी कराने वाली औरत गृहणी को उसकी बड़ी बेटी का अस्थायी विवाह एक प्रभावशाली ज़मींदार परिवार में कराने का प्रस्ताव रखती है जिसे बच्चा चाहिए होता है क्योंकि उसकी बहू बच्चा पैदा करने में असमर्थ है। विवाह के सौदे की शर्त यह भी है कि बच्चा होने के बाद वह उसे तलाक दे देगा व इस सौदे के लिए बीस लाख रुपयों का भुगतान होगा। यह विवाह लड़की को सौदे के बारे में अँधेरे में रख कर किया जाता है और उससे कहा जाता है कि बचपन में कभी पड़ोस में रहने वाले लड़के से ही उसकी शादी हो रही है जिससे शादी करने का सपना वह देखती रही थी, पर जिसे उसने पिछले पन्द्रह साल में देखा ही नहीं था। इस पेंचदार कहानी में परिस्थितियां नितप्रति नये नये गुल खिलाती हैं, जिसमें दो दर्ज़न से ज्यादा चरित्र पूरे पाकिस्तान की संस्कृति अर्थ व्यवस्था, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्था का पोस्टमार्टम करती चलती हैं। उच्च मध्यम वर्ग से लेकर मेहनतकश वर्ग तक के रहन सहन और सोच के दर्शन होते हैं। पुलिस, न्याय व्यवस्था, डाक्टर, से लेकर पागलखाने के इंचार्ज तक पैसों पर बिकते नजर आते हैं। धोखे और पैसे से सरोगेट मदर खरीदी जा सकती है. डाक्टरों से मनचाही रिपोर्टें ली जा सकती हैं, पत्नी की हत्या के मामले को दबाया जा सकता है, किसी को भी पागल ठहराकर उसे शाक दिलाया जा सकता है। वहाँ भी बोगस एनजीओ चलते हैं जो अमीरों के मनरंजन और देश विदेश की यात्राओं का बहाना होते हैं। अमीरों में कुत्ते गरीबों से ज्यादा ध्यान रखने वाले प्राणी होते हैं। अमीरों के लिए बड़े बड़े माल हैं, कारें हैं, बगीचे हैं, अच्छे अच्छे भवन हैं, सड़कें हैं, आज्ञाकारी सेवक हैं। इसके विपरीत गरीबों के लिए अभाव हैं, तनाव हैं और बीमारियां हैं। अशिक्षा है अज्ञान है, रूढियां हैं। बुर्का निम्न वर्ग की महिलाएं ही पहिनती हैं, और उच्च मध्यमवर्ग की महिलाएं अपने पहनावे में आधुनिक हो चुकी हैं। कुल मिलाकर बिना स्थूल शब्दों के प्रयोग के पूरे सीरियल में एक वर्गीय दृष्टि साफ झलकती है।
       कहीं कहीं प्रयुक्त पंजाबी सिन्धी के समझ में आने वाले शब्दो के साथ साथ पूरी भाषा हिन्दुस्तानी है जिसमें बोलचाल की उर्दू का प्रयोग है। पाकिस्तान में हिन्दी फिल्मों के लोकप्रिय गाने वैसे ही रोजाना की बातचीत में मुहावरे की तरह प्रयोग में आते रहते हैं जैसे कि हिन्दोस्तान में। हमारे यहाँ के सीरियलों में जो कहानी खो गयी है वह वहाँ मौजूद है, ऐसा इन सीरियलों को देख कर लगता है। जिन लोगों ने भी पाकिस्तान की फिल्म –खुदा के लिए- और –बोल- देखी है वे इस सीरियल को उन फिल्मों के समकक्ष रख सकते हैं। इस चैनल के दूसरे सीरियलों और कहानियों में भी अलग अलग मुद्दे उभारे गये हैं जैसे कि एक सीरियल में बड़ी उम्र में माँ बनने पर परिवार के बड़े बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव की कहानी कहे गयी है। एक कामेडी सीरियल में बिना महिला वाले परिवार में बड़ी हुयी लड़की और बिना पुरुष वाले परिवार में बड़े हुये लड़के के विवाह के बाद उत्पन्न समस्या का मनोरंजक चित्रण है। यह चैनल हिन्दी चैनलों के घुटन भरे माहौल में ताज़ा हवा के झौंके की तरह आया है। 
वीरेन्द्र जैन                                                                           
2 /1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल म.प्र. [462023]
मोबाइल 9425674629
       

शुक्रवार, अप्रैल 06, 2012

हाफिज सईद के लिए घोषित इनाम के कई आयाम सम्भव हैं


            हाफिज़ सईद के लिए घोषित इनाम के कई आयाम सम्भव हैं
                                                                      
 वीरेन्द्र जैन
                काल का अपना महत्व होता है। कोई घटना किस काल में घटित होती है उससे उसके बहुत सारे अर्थ प्रकट होते हैं। पिछले दिनों सच्ची घटना पर आधारित बहुचर्चित फिल्म ‘नो वन किल्लड जेसिका’ में बताया गया है कि यदि एक मीडिया हाउस में किसी बड़ी स्टोरी की गतिविधियां चलती हैं तो बहुत सारी दूसरी खबरें दबी रह जाती हैं, यदि जेसिका लाल की हत्या का फैसला कारगिल के युद्ध के समय आया होता तो शायद इतिहास बनाने वाली वह कहानी दबी ही रह जाती। पिछले दिनों सन्युक्त राज्य अमेरिका ने 26/11/2008 के मुम्बई हमले के मास्टर माइंड हाफिज सईद की सूचना देने वाले के लिए एक करोड़ डालर अर्थात लगभग पचास करोड़ भारतीय रुपयों के बराबर इनाम घोषित किया है। घटना के चालीस महीने बाद हुयी इस घोषणा के समय से सवाल उठता है कि भारत में घटित इस घटना पर यह इनाम अमेरिका ने अब क्यों घोषित किया। स्मरणीय है कि पाकिस्तान की सार्वभौमिकता का उल्लंघन करते हुए ओसामा बिन लादेन को मारने में सफल हुए अमेरिका को अपेक्षाकृत एक छोटे आतंकी को मारने के लिए बड़ी इनामी राशि का सहारा क्यों लेना पड़ रहा है।
      किसी भी आतंकी हमले का कोई न कोई छुपा लक्ष्य रहता है । 26/11 की घटनाओं पर दृष्टि डालने पर हम पाते हैं कि कसाब से भरपूर पूछताछ के बाद भी अभी तक हम इस हमले के लक्ष्य का खुलासा नहीं कर सके हैं। यह आतंकी हमला दूसरे हमलों की तरह नहीं था जिसमें आतंकवादी चोरी छुपे कहीं बम रख कर उसमें विस्फोट कर देते हैं जिससे आम निर्दोष नागरिकों की म्रत्यु होने से पूरे क्षेत्र में बड़ी अफरा तफरी मच जाती है, जिससे सरकार के खिलाफ माहौल बन जाता है। इसमें आतंकी भी जहाँ तक सम्भव होता है सुरक्षित रहता है। किंतु 26/11 का उक्त हमला एक ऐसा हमला था जिसमें एक देश दूसरे देश के सामारिक मह्त्व के स्थानों को नष्ट करने के लिए करता है और इसमें भाग लेने वाले जाँबाज अपनी जान की परवाह किये बिना अपना लक्ष्य हासिल करना चाहते हैं। सामाजिक शांति भंग करने वाले आतंकी हमले गोपनीय ढंग से ऐसे सार्वजनिक स्थानों पर किये जाते हैं जहाँ ज्यादा से ज्यादा जनता के लोग मारे जाएं और बदले में वे आपस में ही लड़ने लगें। पर सम्बन्धित घटना में दस केन्द्रों पर गोली बारी हुयी जिसमें सार्वजनिक स्थान पर अँधाधुन्ध गोली बारी का क्षेत्र छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन ही था जिसमें 58 निर्दोष नागरिक मारे गये थे। इसके अलावा पुलिस से हुए सीधे सामने में, टाइम्स आफ इंडिया बिल्डिंग के पीछे हमलों में 9 पुलिसमैन, कामा हास्पिटल में किये हमले में 5 पुलिस मैन, मारे गये थे। आतंकियों के काउंटर अटैक में ताज होटल में एक कमांडो, और नरीमन हाउस में एक कमांडो मारा गया था। दोनों ओर से चली गोलियों में मेट्रो सिनेमा के पास दस और लेओपेड कैफे के पास दस लोग मारे गये थे। विले पार्ले के पास कार विस्फोट में एक व्यक्ति मारा गया था व मुम्बई हार्बर में चार बन्दी बनाये गये लोग मारे गये थे। छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन पर अंधाधुन्ध हमला शायद लक्ष्यित स्थानों से सुरक्षा बलों का ध्यान भटकाने के लिए किया गया था। इसमें मरने वाले सभी समुदायों के लोग थे, जिसमें दस मुस्लिम भी थे। इससे ये संकेत मिलते हैं कि आतंकियों का लक्ष्य कुछ भिन्न था।
      मूल हमला ताज और ओबेराय होटलों तथा इजरायलियों के रहने वाला क्षेत्र नरीमन हाउस था। इस बात को याद करना जरूरी है कि आतंकियों ने ताज और ओबेराय होटलों में सबसे पहले बन्दूक की नोक पर विदेशियों और विशेष रूप से अमेरिकियों व ब्रिटिश नागरिकों को अलग होने के आदेश दिये थे, व इटली के नागरिक को छोड़ दिया था। ताज होटल में तीस, ओबेराय होटल में तीस और नरीमन हाउस में छह लोग मारे गये थे। मरने वालों में 28 विदेशी थे जिनमें चार अमेरिकन, दो इजरायली-अमेरिकन, एक ब्रिटिश, और दो इजरायली नागरिक थे। विशेष रूप से केन्द्रित हमले के कारण यह आशंका निर्मूल नहीं है कि हमलावरों को इनमें किसी अभियान के सिलसिले में ठहरे अमेरिका और ब्रिट्रेन की गुप्तचर एजेंसियों के सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद हो।  स्मरणीय है कि अमेरिका ने आतंकियों को मारने के अभियान में सबसे आगे बढ कर अपनी सुरक्षा एजेंसी के सदस्यों को मदद के लिए भेजने की पेशकश की थी जिसे भारत सरकार ने स्वीकार नहीं किया था। यह सवाल उठना भी स्वाभाविक है कि क्या तब तक अमेरिका को लादेन के पाकिस्तान में छुपे होने का पता लग चुका था और क्या उसकी सुरक्षा एजेंसियां ताज होटल मुम्बई को हैड क्वार्टर बना कर इजरायलियों के साथ कोई योजना बना रही थीं  जिसकी भनक पाकिस्तान में रह रहे आतंकियों को लग चुकी हो! स्मरणीय है कि इससे ठीक पहले पाकिस्तान के इस्लामाबाद में विदेशियों के ठहरने वाले मेरिअट होटल में आत्मघाती बम से विस्फोट और आगजनी हो चुकी थी जिसमें चालीस जानें गयी थीं और पूरे होटल में आग लग गयी थी। 26/11 के बाद में भी अमेरिका में स्वतंत्र रूप से जाँच चली जिसमें उन्होंने जेम्स हेडली चेज को गिरफ्तार किया, पूछ्ताछ की व भारत की पूछ्ताछ पर बड़ी मुश्किल से राजी हुआ।
      अमेरिका द्वारा इतना बड़ा कदम उठाने से ऐसा लगता है कि यह घटना और इसमें मारे गये अमेरिकन इजरायली और ब्रिटिश नागरिक अमेरिका के लिए कुछ विशेष महत्व रखते थे, अन्यथा कई दूसरी आतंकी घटनाओं में भी अमेरिकन नागरिक मारे गये हैं। यदि अमेरिका किसी विशेष अभियान के लिए मुम्बई को हैड क्वार्टर बना कर काम कर रहा था तो क्या यह बात भारत की जानकारी में थी और उसका खुलासा अब तक क्यों नहीं हुआ? अब जब ओसामा बिन लादेन की म्रत्यु को भी लगभग एक साल होने को आ रहा है तब अचानक हाफिज सईद की सूचना के लिए पचास करोड़ रुपयों का इनाम कई सवाल खड़े करता है। हाफिज सईद तो ओसामा की तरह छुप कर भी नहीं रहता, वह पाकिस्तान में सरे आम बड़ी बड़ी रैलियां करता है व पाकिस्तान के सत्ता तंत्र व कई राजनीतिक दलों का उसे समर्थन प्राप्त है। मुम्बई हमलों के बाद पाकिस्तान में उसे गिरफ्तार भी किया गया था पर बाद में बिना कोई केस दर्ज कराये उसे छोड़ दिया गया था। क्या अमेरिका समझता है कि इस धन के लालच में कोई उसे मार देने  का दुस्साहस करेगा। जबकि यह तय है कि इस दुस्साहस के बाद पाकिस्तान की सरकार उसे सुरक्षा नहीं दे पायेगी। अमेरिका जो पाकिस्तान का पुराना दोस्त रहा है वह पाकिस्तान से सीधे सीधे क्यों नहीं कह सकता कि वह हाफिज सईद को गिरफ्तार करके उस पर मुकदमा चलाये। यह स्पष्ट नहीं कि अमेरिका इस घोषणा से किसको बहलाना चाहता है? या भारत को यह सन्देश देना चाहता है कि अब वह पाकिस्तान का मित्र नहीं है और अफगानिस्तान से निकलने के बाद वह उसे पाकिस्तान को सौंप कर नहीं जाने वाला।
      निश्चित रूप से इस इनाम के गूढार्थ हैं जो बाद में सामने आयेंगे।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629

बुधवार, अक्टूबर 12, 2011

दिशाहीन उथल-पुथल भरा समय

                     दिशाहीन उथल पुथल भरा समय
                                                               वीरेन्द्र जैन
      वर्ष 2011 का तीन चौथाई भाग बीत चुका है। वर्ष का यह भाग दुनिया और देश में हलचलों से भरा रहा है। दुनिया के हर कोने में कुछ ऐसा लगता रहा है कि जो कुछ चल रहा है वह ठीक नहीं है उसमें बदलाव चाहिए। वहीं दूसरी ओर बदलाव की ये चाहत कोई स्पष्ट विकल्प तलाशने में भी असमर्थ रही है जिससे एक विश्वव्यापी झुंझलाहट सी दर्ज होकर रह गयी है।
      काहिरा आदि में सत्ता पलट देने के बाद आयी नई सत्ता के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हो गये हैं। अफगानिस्तान और ईराक में लम्बे समय से जमी अमेरिका व उसके मित्र देशों की फौजें थक चुकी हैं और सम्मान जनक तरीकों से वापिस निकलना चाहती हैं किंतु वहाँ सक्रिय आतंकवादियों ने ओसामा बिन लादेन की मौत के बाद भी हार नहीं मानी है वे अब भी संघर्ष के मोर्चे पर डटे हैं और उन फौजों तथा उनके दूतावासों  पर हमले कर रहे हैं। पूरे पाकिस्तान में लगातार इस तरह की आतंकी गतिविधियां संचालित हो रही हैं कि समझ में नहीं आता कि परमाणु हथियार रखने वाले उस देश पर किस का नियंत्रण है। जिस अमरीकी सहायता की दम पर वह देश पल रहा था, अब उसने उस से भी टकराहट मोल ले ली है जिससे उसकी चीन पर निर्भरता बढ सकती है और क्षेत्रीय संतुलन में परिवर्तन आ सकता है। अमेरिका स्वयं भी आर्थिक संकटों से टूट रहा है और वहाँ चुनाव सिर पर आ गये हैं। जनता की बैचैनी वहाँ भी प्रकट होने लगी है। वहाँ युवाओं के बड़े बड़े प्रदर्शन हो रहे हैं।
      अपने देश में राजनीतिक संकटों की शुरुआत तो गठबन्धन सरकारों के जन्म से ही शुरू हो गयी थी जो उन गठबन्धनों से और बढती रही जो बिना किसी न्यूनतम साझा कार्यक्रम के बनते हैं। इसमें समर्थन देने वाले दल अपने समर्थन की पूरी पूरी कीमत वसूलते रहते हैं जिसके पारिणामस्वरूप गठबन्धन का प्रमुख दल चकरघिन्नी बन जाता है। जिन राजनीतिक दलों का गठन किसी सुचिंतित राजनीतिक विचारों और कार्यक्रमों के बिना होता है वे निहित स्वार्थों के गिरोहों में बदल कर रह जाते हैं और उनमें सम्मलित व्यक्तियों की आस्थाएं उन्हें तत्काल लाभ दिला सकने वाले राजनेताओं में होती हैं। इन्हें अखबारी भाषा में कार्यकर्ता, पर आम भाषा में समर्थक, चमचे, पिछलग्गे, आदि कहा जाता है। केन्द्र या राज्य में सत्तारूढ या सत्ता में आ सकने की सम्भावना रखने वाले प्रमुख दलों में ऐसे राजनेताओं की भरमार है। जब इस तरह के कुछ नेता इकट्ठे हो जाते हैं तो वे परस्पर हित के लिए दल के अन्दर ही गुट बना लेते हैं। इन्हीं समर्पित समर्थकों के कारण ही वे चुनाव जीतने के लिए अपने एक विशिष्ट क्षेत्र को अनुकूल बना लेते हैं, और इसी क्षेत्र की दम पर वे अपने दल के नेता पर दबाव डालते रहते हैं और दबाव में न आने पर सुविधानुसार दलबदल करते रहते हैं। नेता के दल बदलते ही उसका समर्थन भी उसके साथ दल बदलता रहता है। अपने चुनाव क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए ऐसे राजनेता सभी तरह के व्यक्तिगत तुष्टीकरण तो करते हैं, पर सार्वजनिक कामों में रुचि नहीं लेते।
      सूचना तकनीक के प्रसार ने प्रशासन में पारदर्शिता का प्रवेश करा दिया है। इसलिए अब जनता के बहुत सारे लोग बहुत कुछ जानते जा रहे हैं। पिछले वर्षों में सभी तरह के गठबन्धन किसी ना किसी रूप में सत्ता में रह चुके हैं, और आम जनता ने केवल भ्रष्टाचार को ही बढते हुए पाया है। उसने सत्ता पाने के लिए की जाने वाली अमानवीय घातें-प्रतिघातें भी देखी हैं। सत्ता मिलने से पहले जिनके जीवन एक आदर्श हुआ करते थे वे और उनका जीवन दर्शन सत्ता मिलने के बाद किस तरह से बदला है, जनता उसकी प्रत्यक्ष गवाह रही है। जिन नेताओं के पास साइकिल हुआ करती थी उनके घरों के बाहर दर्जनों की संख्या में बड़ी बड़ी गाड़ियां खड़ी रहती हैं। उनकी संतति और निकट के रिश्तेदार ही कुकिंग गैस, पैट्रोल पम्प, आदि एकाधिकार वाले व्यापार के एजेंसियां पा रहे हैं या सरकारी ठेकेदार, सप्लायर अथवा बिल्डर बन रहे हैं। महत्वपूर्ण पदों पर बैठने वाले अधिकारियों में 70 प्रतिशत से अधिक चयन इन्हीं परिवारों में से हो पाता है। यही कारण है कि सारे बड़े उद्योगपति और व्यापारी अपनी पसन्द की सरकार बनवा कर लाभांवित होने के लिए अपने खजाने खोल देते हैं और लागत का कई गुना वसूल करने के लिए अपनी सुविधानुसार नीतियां बनवा लेते हैं। 545 सदस्यों वाले सदन में तीन सौ से अधिक करोड़पतियों का होना इसी बात का प्रमाण है कि अधिक सम्पत्ति वाले लोग या तो सीधे सदन में दाखिल हो रहे हैं या अपने प्रतिनिधियों को वहाँ भेज रहे हैं। घनश्याम दास बिड़ला का वह कथन ऎतिहासिक बन गया है जब प्रधानमंत्री पद के लिए श्री मोरारजी भाई देसाई और श्रीमती इन्दिरा गान्धी के बीच चुनाव होने वाला था तब उन्होंने कहा था कि मोरारजी कैसे प्रधान मंत्री बन जाएंगे जबकि दो सौ सांसद तो मेरेहैं।
      विचारधारा हीन राजनीति का परिणाम तो यह ही होता है कि अरुण जैटली के साथ मंच साझा करने के सवाल पर जब दो गुट कानपुर में भिड़ गये और एक दूसरे का सिर फोड़ दिया, या भ्रष्टाचार के विरोध में हटाये गये उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री को पार्टी का वरिष्ठ उपाध्यक्ष बना दिया गया। जिन भ्रष्ट मंत्रियों के ड्राइवरों के लाकरों से करोड़ों निकलते हैं उन्हें ही निरंतर मलाईदार विभाग देकर मुख्यमंत्री संतुष्ट नजर आते हैं। एक छोटे प्रदेश में निर्दलीय को मुख्यमंत्री बनाना पड़ता है और वह एक साल में ही पाँच हजार करोड़ का धन एकत्रित कर लेता है। विमान दुर्घटना में जब एक मुख्यमंत्री का निधन हो जाता है तो उसका पुत्र हजारों करोड़ की आमदनी एक साल में दिखा कर सर्वाधिक आयकर दाता बन जाता है और अपनी अलग पार्टी बना कर मुख्य मंत्री बनने के सपने देखने लगता है। एक मुख्यमंत्री को अवैध खनन के मामले में बमुश्किल हटाया जाता है तो उसे अग्रिम जमानत माँगनी पड़ती है और उसके मंत्रिमण्डल के मंत्रियों के यहाँ छापे पड़ने के बाद जेल भेज दिये जाते हैं। एक बुजुर्ग मुख्यमंत्री के दो पुत्र उत्तराधिकार के लिए खूनी संघर्ष करते हैं और जब एक का अखबार दूसरे के खिलाफ कुछ छाप देता है तो दूसरा अखबार के दफ्तर पर हमला करा देता है जिसमें कई जानें जाती हैं। सब कुछ प्राचीन राजतंत्र की चल रहा है।
        यही कारण है कि राजनीतिक दलों द्वारा जनता की समस्याओं पर बुलवायी गयी रैलियों के अवसर पर जनता एकत्रित नहीं होती। इन रैलियों में या तो दल के वे सक्रिय सदस्य आते हैं जो दल के नेताओं को प्रभावित करना चाहते हैं या किराये के लोग जुटाये जाते हैं। वहीं दूसरी ओर अन्ना हजारे, ही नहीं रामदेव तक के आवाहन पर लोग स्वतःस्फूर्त ढंग से आ जाते हैं जो देश की राजनीतिक पार्टियों के लिए दर्पन दिखाने की तरह है। जिन लोगों के आवाहन पर जनता एकत्रित हो रही है उनके पास भी किसी वैकल्पिक व्यवस्था का ब्लूप्रिंट नहीं है।
      ये बेहद निराशा का समय है ऐसे ही समय में देश और उनकी सरकारें आपस में टकराने लगती हैं। ऐसे ही समय में समझदारी की परीक्षा होती है।
वीरेन्द्र जैन
2/1   शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629

शनिवार, मई 07, 2011

ओसामा बिन लादेन की मौत- आइए सन्देह करें


ओसामा बिन लादेन की मौत
आइये सन्देह करें
वीरेन्द्र जैन

आइये सन्देह करें।
यह विश्वास, या कहें अन्धविश्वास करने से ज्यादा अच्छा है।
दार्शनिक रजनीश ने कहा है कि आस्तिकों की तुलना में नास्तिकों ने ही ईश्वर को जिन्दा रखा है, यदि उसे आस्तिकों के भरोसे छोड़ दिया जाता तो वह कभी का खत्म हो गया होता। अर्थात सन्देह सत्य के अन्वेषण के लिए प्रेरित करता है, सन्देह ही तर्क जुटाता है। सन्देह ही सबूत तलाशता है।
अमेरिका ने अपने सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक और सैनिक ठिकानों पर दिन के उजाले में किये गये चुनौतीपूर्ण हमलों के नौ-दस साल बाद इन हमलों के मुख्य योजनाकार ओसामा बिन लादेन को देर रात में पकिस्तान की राजधानी से लगभग साठ किलोमीटर की दूरी पर मार देने और उसकी लाश को किसी समुद्र के किसी अघोषित स्थान पर दफनाने का समाचार दिया है। इस समाचार पर दुनिया ने वैसे ही आँख मूंद कर भरोसा कर लिया जैसा कि उसने अमरीका के कहने पर ईराक में रासायनिक हथियार होने पर कर लिया था। वे हथियार तो कभी नहीं मिले किंतु अपने समय के सबसे मुखर अमरीका विरोधी सद्दाम हुसैन को फाँसी पर लटका दिया गया, पूरे ईराक को बरबाद कर दिया गया और उसके सबसे महत्वपूर्ण संस्थानों पर अमरीकी फौज ने अधिकार कर लिया।
स्मरणीय है कि अमरीका की तुलना में एक बहुत छोटे देश ईराक के तत्कालीन राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन से जो भी मिलने जाता था उसे फर्श पर बिछे उस कालीन पर पैर रखकर गुजरना होता था जिस पर अमेरिका के राष्ट्रपति जार्ज बुश का चित्र बना हुआ था। ऐसे व्यक्ति को स्वयंभू दुनिया का दादा अमरीका कैसे स्वीकार करता इसलिए तेल के कुँओं की ताकत से सम्पन्न ईराक पर रासायनिक हथियारों के नाम पर अधिकार कर लिया, और पूरी दुनिया चुपचाप देखती रही। ओसामा बिन लादेन की जिन बुराइयों के लिए उसे मार देने का दावा किया गया है वे उसमें तब भी थीं जब उसे अमरीका ने अफगानिस्तान में सोवियत सैनिकों के खिलाफ विद्रोही कार्यवाहियां करने के लिए भरपूर हथियारों और संसाधनों के साथ भेजा था। पर तब वह अमेरिका का काम कर रहा था इसलिए उसका दोस्त था पर जब उसने अमेरिका की ही खिलाफत शुरू कर दी तब से वह आतंकवादी प्रचारित कर दिया गया था। तब अमरीका की हर बात को स्वामिभक्तों की तरह मान लने वाली हमारे देश की सरकारों ने भी उसे तब से ही आतंकवादी माना, और अपने यहाँ घटी आतंकी घटनाओं को भी उसके साथ जोड़ लिया। वैसे हमारी जाँच एजेंसियों ने तो हर आतंकवादी घटना के बाद उन्हें ही जिम्मेवार मान लिया जिसे संघ परिवारियों और उनके पालतू मीडिया ने बिना किसी पड़ताल के बता दिया। यह तो बाद में साध्वी भेष में रहने वाली प्रज्ञा के पकड़ में आने के बाद मामला पलटा, कि और कौन कौन क्या क्या कर रहा था और किसके भेष में कर रहा था। हमने नासमझी में कश्मीर के अलगाववादियों को भी उसी श्रेणी में रखना शुरू कर दिया जबकि उनकी हिंसा का तेवर बिल्कुल अलग था। हम 1993 में हुए बम विस्फोटों को ज्यादा याद नहीं करते क्योंकि वे 1992 में बाबरी मस्जिद को ध्वंस करने के बाद हुए दंगों और उसमें पुलिस द्वारा की गयी पक्षपाती कार्यवाही के विरोध में हुये थे जिनके लिए जिम्मेवार 50 से अधिक लोगों को फाँसी की सजा हो चुकी है किंतु जस्टिस श्री कृष्ण आयोग की रिपोर्ट अभी भी धूल खा रही है।
आज कट्टरताबाद से जन्मे इस आतंकवादी के मर जाने की खबर पर जितनी खुशी अमेरिका की सरकार प्रकट कर रही है उतनी ही खुशी हमारे देश की सरकार और उससे ज्यादा मुख्य विपक्षी दल भी कर रहा है, जबकि हमारे पास ऐसा करने का कोई ठोस कारण नहीं है। भाजपा तो खुले आम पाकिस्तान पर दाउद, और मुम्बई के ताज होटल को निशाना बनाने आये हमलावरों के सरगना के नाम पर ऐसा ही हमला करने का आवाहन कर रही है। जबकि न तो हम अभी तक दाउद का ठिकाना तलाश पाये हैं और ना ही मुम्बई कांड के हमलावरों के सरगना का।
सच तो यह है कि जितना भरोसा उसके मरने की खबर पर किया जा सकता है उतना ही अविश्वास भी किया जा सकता है।
• पिछले दिनों पाकिस्तान में कट्टरवादियों द्वारा निरंतर जो आतंकी हरकतें की गयी हैं, वे हमारे देश में घटित आतंकी घटनाओं से कई गुना अधिक हैं और उनमें जन धन व नेतृत्व की हानि भी अधिक हुयी है। ऐसे में यह मान लेना कि पाकिस्तान जानबूझ कर इस आतंकी को छुपा कर रखे था और अपने यहाँ आतंकी घटनाएं होने दे रहा था, तर्क की कसौटी पर खरा नहीं उतरता।
• पाकिस्तान पूरी तौर पर अमरीका के टुकड़ों पर पल रहा है, और उसकी कोई भी सरकार अमरीकी सरकार की इच्छा के खिलाफ किसी लादेन को संरक्षण नहीं देना चाहेगी, भले ही उसे सुरक्षित बाहर जाने का रास्ता दे दे। इस दौरान पाकिस्तान में हलचलों भरा सत्ता पलट होता रहा है, और सारी सत्ताओं का रवैया एक सा नहीं हो सकता। 18 जनवरी 2002 को पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने अपना अनुमान प्रकट करते हुए कहा था मैं अब समझता हूं कि वह मर चुका है क्योंकि किडनी का मरीज था। 11 जनवरी 2008 को पाक सेना के प्रमुख अशफाक परवेज कयानी ने कहा कि लादेन का पता नहीं लगा पाने पर आलोचना ठीक नहीं है, उसकी तलाश की कार्यवाही के ट्रेक रिकार्ड देखें। 28 अप्रैल 2009 को पाक राष्ट्रपति जरदारी ने बयान दिया कि हमारी खुफिया एजेंसी के अनुसार लादेन का वजूद नहीं है वो मर चुका है। 3 दिसम्बर 2009 को पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने बताया कि हमारे देश में लादेन मौजूद नहीं है। 11 मई 2010 को पाक राष्ट्रपति के प्रवक्ता फरहतुल्ला बाबर ने कहा कि हमें भी नहीं मालूम कि लादेन जिन्दा है या मर चुका है।
• तय है कि इस बीच में भले ही उसकी देह जिन्दा रही हो किंतु उसका आतंक तो मर ही चुका था क्योंकि जब देश या लोग आतंकित होना बन्द कर दें तो आतंक का कोई अर्थ ही नहीं रह जाता।
• जब अमेरिका ने सद्दाम को फाँसी पर चढाया था तब न केवल उसके फोटो ही जारी करवाये थे अपितु उसका वीडियो भी लोगों के सामने आया था, पर क्या कारण है कि इस इतने बड़े बताये जा रहे आतंकी की मृत्यु का कोई भी असली फोटो [अखबारों में छपा फोटो बाद में नकली बताया गया] नहीं छपवाया गया और उसकी लाश को किसी अज्ञात समुद्र के अज्ञात स्थान पर दफनाये जाने की सूचना दी गयी। यह सामान्य मनोविज्ञान है कि जब भी किसी डाकू को मारा जाता है तो चारपाई से बाँध कर उसकी लाश को पुलिस दिखाती है ताकि आतंकित जनता भय मुक्त हो सके। इसी तरह नामी गुंडे को सड़कों पर जूते मारते हुए घुमाया जाता रहा है।
• एक ने सवाल किया कि तुम्हारे सिर पर कितने बाल हैं, तो दूसरे ने तुरंत उत्तर दिया कि एक लाख आठ हजार सात सौ सोलह। पहले ने कहा कि ऐसा कैसे हो सकता है तो दूसरे ने कहा कि तुम गलत सिद्ध करके बताओ। अब जब तक कोई ओसामा के जिन्दा रहने, या दूसरे समय पर दूसरी तरह से हुयी मौत का सबूत नहीं दे सकता तब तक यही मानना पड़ेगा कि वह इसी कार्यवाही में मारा गया।
• अमरीका ने अपनी फौजें 2011 में हटाने की घोषणा कर रखी थी और उसके सैनिकों के परिवार बेसब्री से उनकी वापिसी की प्रतीक्षा में हैं। अफगानिस्तान में अपनी फौजें भेजने से पहले अमरीका ने भारत से अपनी फौजें भेजने का प्रस्ताव किया था जिसे तत्कालीन प्रधानमंत्री बाजपेयी ने विपक्ष से बात करने के बाद अस्वीकार कर दिया था। बाद में निर्माण कार्यों के बहुत सारे ठेके हमारे देश को मिले जिनके पूरा होने में अभी लम्बा समय लगेगा। तय है कि अमरीकी फौजें हटने के बाद अलकायदा के लोग उग्र होकर हमारे द्वारा संचालित होने वाले कार्यों पर हमला करें जैसा कि वे बीच बीच में करते रहे हैं, तब मजबूरन हमें अपनी फौजें वहाँ भेजना होंगीं। शायद यही अमेरिका भी चाह्ता रहा है और हमें दिये आश्वासन के बाद वह कह सकता है कि हम लादेन के सफाये के बाद ही वहाँ से हटे हैं।
• क्या विक्कीलीक्स के खुलासों के बाद हमारी आँखें नहीं खुली हैं जो बताते हैं कि राजनीतिक सच वही नहीं होते जो बताये जाते हैं अपितु बिटवीन दि लाइंस होते हैं। आखिर सबूतों को दबाने वाली इस सूचना पर हम सन्देह क्यों न करें !
• क्या उद्देश्य की दृष्टि से यह विचारणीय नहीं है कि मुम्बई के ताज और ओबेराय होटल पर हमला किस के खिलाफ था? भारत के या अमरीका के?
इसलिए क्या यह जरूरी नहीं है कि हम अपने हाजमे के अनुसार ही साम्राज्यवादी पूंजीवादी देशों की सूचनाओं को हजम करें और जो हजम नहीं हो रही हों उन पर सन्देह करते हुए सत्य की तलाश को उन्मुख रहें। विमर्श करें। वादे वादे जायते तत्वबोधः।

वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629