चुनाव सुधार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
चुनाव सुधार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, सितंबर 03, 2016

राजनीतिक दलों में उम्मीदवार बनाने के नियम क्यों नहीं?

राजनीतिक दलों में उम्मीदवार बनाने के नियम क्यों नहीं?

वीरेन्द्र जैन

संविधान के अनुसार हिन्दुस्तान के नागरिकों को आम चुनाव में खड़े होने और सर्वाधिक वोट पाकर सम्बन्धित सदन में प्रतिनिधि बनने का अधिकार है। किंतु यह अधिकार पूरी तरह से स्वच्छन्द अधिकार नहीं है अपितु इसमें भी कुछ किंतु परंतु लगे हैं। प्रत्याशी की उम्र 25 साल से अधिक होना चाहिए, उसका मानसिक स्वास्थ ठीक हो अर्थात पागल न हो, उसका आर्थिक स्वास्थ ठीक हो अर्थात दिवालिया न हो, इत्यादि। ये नियम समाज के, और लोकतंत्र के हित में बनाये गये हैं, तथा समय समय पर इनमें सुधार किया जाता रहा है। पिछले ही दिनों दलों की अधिमान्यता के लिए पात्रता परीक्षण का समय पाँच साल से बढा कर दस साल कर दिया गया है। इससे पूर्व भी दल बद्ल कानून के अस्तित्व में आने के बाद सदस्यों को सदन में भी दलों के साथ जोड़ा गया था और इन दलों में उनके पदाधिकारियों के सावाधिक चुनाव अनिवार्य किये गये थे, शायद यह दलों की कार्यप्रणाली में निर्वाचन आयोग का पहला हस्तक्षेप था। सुधारों की आवश्यकता हमेशा बनी रहती है इसलिए सर्वदलीय बैठक बुला कर सहमति से कुछ विकृतियों को दूर करने के लिए और भी नियम जोड़े जा सकते हैं।
भले ही हमारे विकसित होते लोकतंत्र में बड़े दलों सहित बहुत सारे दल व्यक्ति केन्द्रित हो कर रह गये हैं किंतु सार्वजनिक रूप से इस सत्य को ऐसा कोई भी दल स्वीकार नहीं करता। प्रत्येक के पास अपना दलीय संविधान और घोषणापत्र होता है भले ही उसके अमल में कितने ही विचलन होते रहते हों। विडम्बनापूर्ण है कि चुनाव लड़ने वाले किसी भी पंजीकृत दल ने उम्मीदवार बनाने के नियम नहीं बनाये हैं और टिकिट देने की जिम्मेवारी कुछ विश्वासपात्र चुनिन्दा लोगों की समिति को सौंप दी जाती है। उनके बारे में भी समय समय पर टिकिट बेचने के आरोप लगते रहते हैं। एक जातिवादी राष्ट्रीय दल तो खुले आम टिकिट बेचने के लिए कुख्यात हो गया है। टिकिट देने की इसी मनमानी के कारण दल के उद्देश्य और घोषणापत्र निरर्थक हो जाते हैं व उस क्षेत्र का चुनाव, दल की जगह व्यक्ति के चुनाव में बदल जाता है। यही कारण है कि क्षेत्रों के अपने अपने सूबेदार पैदा हो गये हैं। विभिन्न सरकारों में पदस्थ मंत्री अपने चुनाव क्षेत्र में अपने विभाग की विकास योजनाओं का काम अनुपात से अधिक कराने की कोशिश कर दूसरे क्षेत्रों के साथ पक्षपात करता है और परोक्ष रूप से सरकारी धन से अपने समर्थन को सुनिश्चित करते हुए अपने प्रिय लोगों की आर्थिक मदद करता है। उसे ही अगर अपने दल से टिकिट नहीं मिलता तो वह उसी क्षेत्र के लिए किसी दूसरे दल से टिकिट प्राप्त कर लेता है। अगर प्रत्याशी बनने के लिए पार्टी में सदस्यता की न्यूनतम अवधि तय हो तो कोई टिकिटाकांक्षी दलबदल न करेगा।  
उल्लेखनीय है कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने मनमोहन सिंह कैबिनेट के दो मंत्रियों व काँग्रेस समेत बहुत सारे दूसरे दलों के अनेक नेताओं को एक दिन की सदस्यता पर भी टिकिट दे दिया  था। कुछ को तो काँग्रेस का टिकिट मिल जाने के बाद भी भाजपा का टिकिट मिल गया था, और  दूरदृष्टि वाले लोग बीच सफर में ही गाड़ी बदल कर दूसरी दिशा की गाड़ी में बैठ गये थे। ऐसे भी लोग थे जिन्होंने चुनाव का फार्म पहले भरा था और पार्टी की सदस्यता का फार्म बाद में भरा था। बहुत सारे सेलीब्रिटीज को तो अचानक बुला कर आनन फानन में चुनाव लड़वा दिया गया था जिनमें परेश रावल और बाबुल सुप्रियो जैसे फिल्मों से जुड़े लोग भी सम्मलित थे।
देश में सोलह सौ से अधिक दल पंजीकृत हैं और पंजीकरण का काम आम चुनाव घोषित हो जाने के बाद भी जारी रहता है। होना यह चाहिए कि पंजीकरण के न्यूनतम पाँच वर्ष समाज सेवा करने के बाद ही दल की ओर से चुनाव में उतरने की पात्रता हो। पार्टी की ओर से टिकिट पाने के लिए भी न्यूनतम वरिष्ठता अनिवार्य हो जो कम से कम दो वर्ष हो। किसी भी राष्ट्रीय दल के लिए यह जरूरी हो कि वह देश की प्रमुख चुनौतियों के सम्बन्ध में अपना दृष्टि पत्र जारी करे और यह भी स्पष्ट करे कि समान दृष्टिपत्र वाले किसी दूसरे दल के होते हुए भी वह क्यों अलग दल पंजीकृत कराना चाहता है। किसी स्वतंत्र एजेंसी से दलों की सदस्य संख्या का आडिट भी कराया जा सकता है और दोहरी सदस्यता पर रोक लगायी जा सकती है। सहमति बनने पर उम्र की अधिकतम सीमा भी तय की जा सकती है।
अब राजनीति से जुड़े लगभग सबके पास मोबाइल फोन, आधार कार्ड और अपना यूनिक आइडेंटिफिकेशन नम्बर है तो किसी भी क्षेत्र की पार्टी इकाई से अपना उम्मीदवार तय करने के लिए आन लाइन विचार जाने जा सकते हैं। यह अधिक लोकतांत्रिक होगा और राजनीतिक दलों में आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करेगा। इस तरह से धनिकों व दबंगों का दबाव रोका जा सकता है। देखा गया है कि कई दलों में टिकिट बाँटने वाली समिति को छुप कर काम करना होता है और उसके सदस्य अपने ही कार्यकर्ताओं से भागे भागे फिरते हैं। आय के अनुपात में लेवी लेने का नियम भी अगर सभी दलों में लागू कर दिया जाये तो राजनीतिक दलों को कार्पोरेट घरानों के चन्दे के दबाव में काम न करना पड़ेगा और किसी स्वार्थ के कारण राजनीति में घुसपैठ कर वर्चस्व जमाने वालों की विशेष स्थिति को समाप्त किया जा सकता है। आखिर राजनीतिक दलों को उसके अपने सदस्यों के सहयोग से ही चलना चाहिए। निर्वाचन के समय दिये जाने वाले शपथपत्र बताते हैं कि जनप्रतिनिधियों की आय में किस गति से वृद्धि हो रही है। ऐसी वृद्धि वाले राजनीतिक दलों के सदस्यों से आर्थिक सहयोग लेने की जगह बाहर वालों से सहयोग लेना ही राजनीति को भ्रष्ट कर रहा है।     
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग, रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 09425674629


गुरुवार, जून 04, 2015

दलों की अधिमान्यता के नियमों में सुधार की आवश्यकता



 दलों की अधिमान्यता के नियमों में सुधार की आवश्यकता 
वीरेन्द्र जैन

हमारे देश में लगभग 1807 पंजीकृत दलों में से छह राष्ट्रीय और 64 प्रादेशिक दल अधिमान्य हैं। इन दलों की अधिमान्यता का कुल मतलब इतना है कि आम चुनावों के समय इन दलों के प्रत्याशियों को समान चुनाव चिन्ह आरक्षित रहता है, और सरकारी मीडिया पर इन्हें अपनी बात कहने के लिए कुछ समय आवंटित किया जाता है।  उक्त सुविधाओं के बदले में इन दलों पर कुछ बन्दिशें भी हैं, जिनमें अपने आय व्यय का हिसाब किताब प्रस्तुत करना, दल बदल कानून के अंतर्गत आना आदि। यह अधिमान्यता गत आम चुनावों में प्राप्त मतों, जीती गयी सीटों की संख्या और उनके क्षेत्रीय विस्तार पर निर्भर करती है। विडम्बना यह है कि 2014 के आम चुनावों के बाद राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त छह दलों में से चार की राष्ट्रीय मान्यता के समाप्त होने का संकट आ गया है व इस समय के नियमों के अनुसार भारतीय राष्ट्रीय काँग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ही बचे रहने वाले हैं। यह बहुदलीय लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत हैं क्योंकि चुनाव परिणामों में काँग्रेस निरंतर कमजोर होते जाने का प्रदर्शन कर रही है व भाजपा जिस जोड़तोड़ और गैरराजनीतिक आधारों पर देश के पश्चिमी भाग के सहारे अपना अस्तित्व बनाये हुये है उससे शेष देश में क्षेत्रीय दल विस्तार पा रहे हैं। राष्ट्रीय एकता की दृष्टि से जरूरी है कि राष्ट्रीय दलों की नये तरीके से पहचान हो व लोकतंत्र की भावना के अनुसार अधिमान्यता के नियमों पर पुनर्विचार हो।
पिछले बीस वर्षों में क्रमशः चुनाव प्रणाली में कुछ सकारात्मक सुधार हुये हैं यद्यपि ये सुधार भी अभी अधूरे हैं. और हो चुके सुधारों के पालन कराने की व्यवस्था कमजोर है, पर अगर इतने सुधार भी नहीं हुये होते तो लोकतंत्र जंगली राज में बदल गया होता। स्मरणीय है कि प्रारम्भिक चुनावों में वोट एक जैसे होते थे पर पेटियां अलग अलग होती थीं जो उम्मीदवारों के अनुसार होती थीं। वोटर को जिसे वोट देना होता था वह उस की पेटी में वोट डालता था। उन दिनों एक की पेटी के वोट दूसरे की पेटी में डाल देने की शिकायतें होती थीं व पोलिंग आफीसर की भूमिका महत्वपूर्ण होती थी। उसके वाद कामन मतपेटी आयी और ऐसे मतपत्र आये जिन पर सभी प्रत्याशियों के चुनाव चिन्ह बने होते थे जिन में से पसन्द के चिन्ह पर मुहर लगा कर वोट दिया जाता था। उस दौर में मतदान पत्र मोड़ने की भूमिका का महत्व था अन्यथा एक चिन्ह पर लगी मुहर की स्याही दूसरे पर जाने से काफी मात्रा में वोट निरस्त हो जाते थे। तब वोटों के चुनाव चिन्हों पर लगने वाली मुहर को स्वास्तिक चिन्ह के अनुसार बनाया गया ताकि सही चिन्ह पर लगी मुहर को परखा जा सके। उन दिनों चुनाव में व्यय की गयी राशि और चुनाव प्रचार सामग्री पर नियंत्रण की कोई व्यवस्था नहीं थी। सम्पन्न उम्मीदवार अपने वाहनों से मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक ले जाते थे। मतदाता पहचान पर्चियों पर उम्मीदवार का नाम और चुनाव चिंह होता था व कई नासमझ मतदाता तो यही समझते थे कि उनके पास जिसकी परची आयी है वही वोट है और उसे केवल उसी उम्मीदवार को वोट देने का अधिकार है। कई नेता तो चुनाव के दिन जीपों का कारवां लगा कर व हैलीकाप्टर को ग्रामीण क्षेत्रों में उड़ा कर मतदाताओं को प्रभावित कर लेते थे। अब व्यय और व्ययसाध्य चुनाव प्रचार पर किंचित नियंत्रण लगाने की कोशिश हुयी है।  उम्मीदवारों को शपथ पत्र द्वारा अपनी चल-अचल सम्पत्ति, देयताएं, चल रहे प्रकरण आदि की घोषणा करना पड़ती है। इस के साथ साथ चुनाव सभाओं की संख्या सीमित की गयी है व स्टार प्रचारकों पर नियंत्रण लगाने की कोशिशें की गयी हैं। मतदाता को प्रभावित करने के लिए दी जा रही उपहार सामग्री, शराब और धन का कुछ हिस्सा पकड़ा जा रहा है, पर उससे कई गुना बिना पकड़े बँट रहा है। वाहनों पर नियंत्रण रखा जा रहा है व नगरीय क्षेत्रों में उम्मीदवार के वाहन से मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक लाये जाने से बचा जा रहा है। मतदाताओं और ईवीएम मशीनों की उचित सुरक्षा के प्रयास होते हैं। नोटा का बटन लाया गया है। कह सकते हैं कि कुछ किया गया है और बहुत कुछ किया जाना बाकी है।  
       दलों को एक जैसे आधार पर अधिमान्यता तो दी जाती है किंतु सभी अधिमान्य दलों के पास समान संसाधन नहीं हैं व दल को संचालित किये जाने के लिए साझा नियम नहीं बने हैं। सत्तार्‍ऊढ रहे दलों ने दल के नाम पर भवन बनाने के लिए बड़ी बड़ी ज़मीनें हथिया ली हैं और उनमें बाज़ार बनवा लिये हैं जिनके किराये से दलों का खर्च निकलता है, पर दूसरे दल इससे वंचित हैं। दलों के गठन से सम्बन्धित  आधारों को संविधान सम्मत बनाने के लिए ऐसे कुछ नियम बनने चाहिए, जैसे कि पिछले वर्षों में हर दल के अन्दर उसके संविधान के अनुसार समय पर संगठन के चुनाव करवाना जरूरी कर दिये गये थे। इसी तरह किसी भी राष्ट्रीय दल के लिए उसके दल की विदेश, अर्थ, शिक्षा स्वास्थ और संस्कृति आदि से सम्बन्धित नीतियां घोषित करना जरूरी होना चाहिए। आम तौर पर दलों द्वारा चुनावों में प्रत्याशी बनाये जाने से सम्बन्धित कोई घोषित नियम नहीं हैं जिस कारण से ठीक चुनावों के समय दल बदलने वाले लोगों को टिकिट देकर लोकतंत्र को कलंकित किया जाता है। स्पष्ट घोषित नीति नहीं होने के कारण बहुत सारे लोग टिकिट के आकांक्षी हो जाते हैं जिस कारण से कई दलों में टिकिटों की नीलामी सी होती है और कई जातिवादी दल तो टिकिट देने की दुकान बन गये हैं। चुनाव आयोग को टिकिट देने के लिए सभी अधिमान्य दलों के अन्दर कुछ न्यूनतम वरिष्ठता तय करनी चाहिए व उसकी पुष्टि सुनिश्चित करने के लिए सदस्यता का कोई रजिस्टर तैयार कराना चाहिए।
       दलों के संचालन के लिए वित्तीय व्यवस्था का सर्वोत्तम तरीका यह है कि उसके सदस्य ही उसे अपने आर्थिक सहयोग से चलायें। सीपीएम की तरह कार्यकर्ताओं पर आय के अनुपात में लेवी लगाना सर्वोत्तम तरीका हो सकता है। कुछ बड़े कार्पोरेट संस्थान इलैक्ट्रोरल ट्रस्ट बना कर सरकार बना सकने की सम्भावना वाले कुछ दलों को मनमाने ढंग से चन्दा देते हैं। यह चन्दा परोक्ष में व्यापारिक लाभ लेने के लिए एडवांस धन के रूप में दिया जाता है। कोई औद्योगिक घराना कुछ दलों को चुनावी चन्दा क्यों देगा? अगर कम्पनी का कोई डायरेक्टर किसी दल को पसन्द करता है तो उसे व्यक्तिगत रूप में चन्दा देना चाहिए। कोई उद्योगपति यदि किसी दल विशेष को पसन्द करता है तो वह उसे अपनी क्षमता के अनुसार चन्दा दे सकता है किंतु एक ही उद्योग द्वारा एक से अधिक दलों को चन्दा देना तो उसकी पसन्दगी नहीं अपितु अवसरवादिता को दर्शाता है। यदि कोई उद्योग ईमानदारी से काम करते हुए लोकतंत्र के लिए सचमुच ही एक से अधिक दलों को मदद करना चाहता है तो उसे सभी अधिमान्य दलों को समान मात्रा में चन्दा देना चाहिए। एक तरीका यह भी हो सकता है कि सदस्यों के अलावा बाहर से मिलने वाला सारा चन्दा चुनाव आयोग के माध्यम से दिया जाये जिसका एक हिस्सा सार्वजनिक चुनाव व्यवस्था के लिए चुनाव आयोग को मिले।
उच्च सदन में जहाँ अप्रत्यक्ष चुनाव होता है धन की बड़ी भूमिका होती है और अपने आय व्यय में पारदर्शिता से बचने वाले दल अंततः उद्योगपतियों या उनके प्रतिनिधियों को ही उच्च सदन में भेजते देखे गये हैं। इस तरह उच्च सदन के गठन का उद्देश्य ही भ्रष्ट हो जाता है। अगर उच्चसदन के लिए दल में न्यूनतम वरिष्ठता की कठोर शर्तें हों तो अधिक अच्छे और योग्य लोग सदन को सार्थक करेंगे। सदन में पहुँचने वाले सदस्यों के व्यापारिक हितों को स्थगित रखने की कोई व्यव्स्था होना चाहिए व ऐसे व्यापारिक संस्थानों को विशेष निगरानी की श्रेणी में रखा जाना चाहिए।
       अधिमान्यता के लिए मतों के प्रतिशत और क्षेत्रीय विस्तार के अलावा दलों की पुष्ट सदस्य संख्या उनकी राजनीतिक सक्रियता, नीतियों की स्पष्टता, आंतरिक लोकतन्त्र आदि को भी आधार बनाया जाना चाहिए, वहीं अपराधियों, लम्बित प्रकरणों, और सरकारी देयताओं के प्रति उदासीन लोगों को टिकिट दिये जाने को अधिमान्यता की दृष्टि से नकारात्मक रूप में देखना चाहिए। जातिवादी और साम्प्रदायिक विचारों वाले दलों को अधिमान्यता देने के बारे में भी कड़े मापदण्ड लगाना चाहिए व आरोपियों को टिकिट न देने का शपथ पत्र लेना चाहिए। आचार संहिता लगने के पूर्व तक मतदाताओं को सलाह देने के ऐसे प्रचारात्मक कार्यक्रम नियमित चलाये जाते रहना चाहिए जो अपराधियों और आरोपियों को टिकिट देने वाले दलों के प्रति सावधान करते हों। इससे मतदाता उन उम्मीदवारों और दलों दूर रहेंगे जो आरोपियों को टिकिट देते हैं। जब इसी देश में ऐसे राष्ट्रीय दल भी हैं जिनके यहाँ न तो दल बदल की बीमारी है और न ही टिकिट के लिए मारामारी होती है तो ऐसा सभी दलों में क्यों नहीं हो सकता! जरूरी है कि पार्टी संविधान में टिकिट देने की कुछ न्यूनतम शर्तें पूर्व से घोषित हों और उनके अनुसार टिकिट न देने पर चुनव आयोग को उस उम्मीदवार को निर्दलीय घोषित करने का अधिकार हो। ऐसे उम्मीदवार को  मिले मतों को पार्टी को मिले कुल मतों में नहीं जोड़ा जाये।
       किसी भी राष्ट्रीय दल के लिए यह जरूरी होना चाहिए कि किसी राष्ट्रीय समस्या के प्रति उसके स्पष्ट विचार हों, और उसकी कार्यकारिणी में मंत्रालयों के अनुरूप विशेषज्ञ प्रभारी हों। किसी तय समय में इन दलों को समस्या के बारे में अपनी पार्टी का दृष्टिकोण व्यक्त करना अपेक्षित होना चाहिए। राजनीतिक दलों की मौकापरस्ती पर लगाम लगाया जाना जरूरी है। अब वह समय आ गया है कि दलों की नीतियों और उनकी पारदर्शिता के आधार पर ही उसका समर्थक वर्ग अपना समर्थन तय करेगा। नीतियों के प्रति रहस्यात्मकता लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।   
वीरेन्द्र जैन                                                                          
2 /1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल म.प्र. [462023]
मोबाइल 9425674629

        

मंगलवार, जुलाई 01, 2014

राजनीतिक दलों के आय-व्यय पत्रक कुछ बोलते हैं



राजनीतिक दलों के आय-व्यय पत्रक कुछ बोलते हैं

वीरेन्द्र जैन
       पिछले वर्षों में राजनेताओं द्वारा किये जा रहे भ्रष्टाचार की खबरों की बाढ आ गयी है। हमारी न्यायव्यवस्था की कमजोरियों के कारण भले ही बहुत सारे आरोपियों को लम्बे समत तक दण्ड न मिल सके और ढेर सारे लोग सबूतों के अभाव और गवाहों के टूट जाने से छूट जायें किंतु जनता के मन में यह बात घर कर चुकी है कि अधिकांश नेता भ्रष्ट हैं और उनमें से बहुत कम ही जाँच के घेरे में आ पाते हैं। यह स्थिति लोकतंत्र में विश्वास बनाये रखने के लिए खतरनाक है और इस कारण राजनीति में अच्छे लोग लगातार बुरे लोगों के लिए स्थान छोड़ते जा रहे हैं।
       चुनाव सुधारों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य कर रही संस्था एसोशियेशन आफ डेमोक्रेटिक रिफार्म जिसे एडीआर के नाम से जाना जाने लगा है, ने इस वर्ष भी देश के राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा 2012-13 के लिए आयकर विभाग को दी गयी आयकर विवरणियों को समेकित कर सार्वजनिक किया है। इसका तुलनात्मक अध्य्यन करने पर कुछ दिलचस्प जानकारियां सामने आयी हैं।
       इन आंकड़ों की पड़ताल से पहले यह जान लेना जरूरी होगा कि राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त छह दलों में केवल दो दल ऐसे हैं जिनके यहाँ आय के लिए सदस्यों से अनिवार्य लेवी लेने का प्रावधान है। इनमें से एक मार्क्सवादी कम्युनिष्ट पार्टी है जिसमें सदस्यता की शर्त के रूप में लेवी अनिवार्य है और आमदनी के अनुसार लेवी की दर बढती है। इस पार्टी में आठहजार या उससे अधिक की आय वालों को अधिकतम पाँच प्रतिशत की दर से लेवी देना पड़ती है, उससे कम आय वालों को अलग अलग दरों पर कम लेवी देना पड़ती है। दूसरा दल भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी है जिसमें आय के एक प्रतिशत की दर से लेवी देना पड़ती है। शेष दलों में सदस्यों समर्थकों और उद्योगपतियों, व्यापारियों, अधिकारियों तथा कार्पोरेट घरानों से बेतरतीब सहयोग प्राप्त किया जाता है जिसे वैसे तो श्रद्धा निधि कहा जा सकता है पर अधिकतर मामलों में यह सौदा होता है या दबाव। यही कारण है कि सत्तारूढ दल को अधिक सहयोग मिलता है व दूसरा नम्बर विकल्प बन सकने का आभास देने वाले सबसे बड़े विरोधी दल का आता है। जहाँ आय अनिश्चित होती है वहाँ व्यय भी अनिश्चित होता है। केवल मार्क्सवादी कम्युनिष्ट पार्टी में पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं को मासिक वेतन देने का प्रावधान है जिसकी दर निर्धारित होती है।  
        दलों द्वारा आयकर विभाग को दी गयी जानकारी के अनुसार 2012-13 के दौरान राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त छह दलों को कुल नौ सौ इकानबे करोड़ इक्कीस लाख रुपयों की आय हुयी है जिसमें से केन्द्र में सत्तारूढ भारतीय राष्ट्रीय काँग्रेस के रिटर्न में चार सौ पच्चीस करोड़ उनहत्तर लाख की कुल आय अर्थात उपरोक्त की 43 प्रतिशत, दर्शायी गयी है। इसमें से कूपन और प्रकाशन बेचने से सबसे अधिक आय तीन सौ बारह करोड़ चौबीस लाख, दान, अनुदान और सहयोग से उनहत्तर करोड़ नौ लाख अन्य आय बत्तीस करोड़ सरसठ लाख और अवर्गीकृत दस करोड़ छियासी लाख है। इसी तरह उक्त काल के मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी को तीन सौ चौबीस करोड़ सोलह लाख अर्थात 33प्रतिशत का हिस्सा है। इस आय में से उन्होंने स्वैच्छिक सहयोग से दो सौ इकहत्तर करोड़ तिरेपन लाख, सदस्यता शुल्क से सोलह करोड़ निन्नावे लाख, बैंक ब्याज से चौबीस करोड़ सन्तानवे लाख और अवर्गीकृत दस करोड़ सरसठ लाख रुपये दर्शाये हैं। राष्ट्रीय मान्य दलों को प्राप्त कुल आय का छिहत्तर प्रतिशत प्राप्त करने वाले उपरोक्त दो दलों के अलावा मार्क्सवादी कम्युनिष्ट पार्टी को एक सौ छब्बीस करोड़ नौ लाख अर्थात 13 प्रतिशत आय हुयी है जिसमें से उसके पार्टी सदस्यों से ली गयी लेवी के रूप में उनतालीस करोड़ बारह लाख, स्वैच्छिक सहयोग के रूप में बहत्तर करोड़, बैंक ब्याज और डिवीडेंट से बारह करोड़ तिहत्तर लाख व अन्य आय दो करोड़ तेईस लाख है। इसी तरह बहुजन समाज पार्टी की कुल आय सतासी करोड़ तिरसठ लाख अर्थात नौ प्रतिशत है। रोचक है कि अपने टिकिट बेचने और विधायकों सांसदों से पूरे कार्यकाल में मिलने वाले वेतन के चैक पूर्व में ही ले लेने के लिए बदनाम इस पार्टी की उक्त आमदनी में सत्ततर करोड़ रुपयों की आय तो भूमि और भवन की बिक्री से प्राप्त बतायी गयी है, सदस्यता शुल्क के रूप में प्राप्त चार करोड़ पिंचानवे लाख से ज्यादा राशि पाँच करोड़ तिरेसठ लाख तो उसे बैंक ब्याज से मिली है, पाँच लाख रुपया अन्य आय भी है। दूसरे शब्दों में कहें तो उनकी विवरणी के अनुसार इस पार्टी ने किसी गैर के आगे हाथ नहीं पसारे। कुल की तीन प्रतिशत, छब्बीस करोड़ छप्पन लाख की आय दर्शाने वाली शरद पवार की व्यक्ति केन्द्रित राष्ट्रवादी काँग्रेस पार्टी की इस आय में से इक्कीस करोड़ तीस लाख फार्मों की बिक्री और पर्स मनी से मिले बताये गये हैं, कूपनों की बिक्री से तीन करोड़ छिहत्तर लाख सदस्यता शुल्क और चन्दे से एक करोड़् तीन लाख व अन्य आय सैंतालीस लाख बतायी गयी है। काँग्रेस के बाद देश की सबसे पुरानी पार्टी भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी जिसकी ट्रेड यूनियनें, बैंक, बीमा से लेकर बहुत सारे सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों में है, की कुल आय केवल एक करोड़ सात लाख है जिसमें से चौदह लाख लेवी से तेतीस लाख सदस्यता शुल्क से उननचास लाख बैंक ब्याज से और बारह लाख अन्य आय है।
       जन प्रतिनिधित्व कानून 1951 की धारा 29 सी के अनुसार किसी वर्ष में बीस हजार या उससे अधिक का चन्दा देने वालों का विस्तृत विवरण चुनाव आयोग को देना जरूरी है। सम्बन्धित वर्ष में दी गयी विवरणियों के अनुसार तत्कालीन सत्तारूढ काँग्रेस के पास उक्त श्रेणी के दानदाताओं की संख्या 703 तक सीमित थी जिन्होंने ग्यारह करोड़ बहत्तर लाख का दान दिया वहीं विपक्षी भाजपा के पास ऐसे दानदाताओं की संख्या 2941 रही जिन्होंने तिरासी करोड़ उन्नीस लाख दिये। राष्ट्रवादी काँग्रेस के पास ऐसी संख्या कुल दो है तो बहुजन समाज पार्टी के पास एक भी नहीं। सीपीएम के पास ऐसे दानदाताओं की संख्या 108 है तो सीपीआई के पास कुल 23 है। हमारे देश में कभी गुप्त दान की परम्परा इस उद्देश्य से की गयी थी ताकि देने वालों में अहंकार न जाग जाये पर राजनीतिक दलों को मिलने वाले चन्दों में भी गुप्तदानियों का बड़ा योगदान पाया जाता है जिसका कारण पुराने परम्परागत आधार से भिन्न हो सकता है। यह ब्लेकमनी, अवैध ढंग से अर्जित आय और विदेशी सहयोग से लेकर कुछ भी हो सकता है। सन्दर्भित वर्ष में भी 655 बड़े दान दाताओं ने अपना नाम तो दिया है पर पता गुप्त रखा है, 43 बड़े दानदाताओं ने अपने नाम और पते दोनों ही गुप्त रखे हैं, तो पाँच दान दाता ऐसे भी हैं जिन्होंने पता तो दिया है पर नाम गुप्त रखा है। ऐसे दानियों ने ग्यारह करोड़ चौदह लाख रुपयों का योगदान दिया है। सभी राष्ट्रीय मान्यता प्रप्त दलों को मिले कुल सहयोग में कारपोरेट सेक्टर का हिस्सा बहत्तर प्रतिशत है, और ग्यारह प्रतिशत ने अपना वर्गीकरण स्पष्ट नहीं किया है। बहुमत की शासन प्रणाली में व्यक्तिगत रूप में सहयोग देने वाले कुल सत्तरह प्रतिशत हैं।    
              राजनीतिक दलों द्वारा व्यय की मदें भी उनकी नीतियों के अनुसार भिन्न भिन्न हैं। काँग्रेस ने अपने कुल खर्च का 65 प्रतिशत पार्टी प्रशासन और सामान्य खर्चों पर किया बताया है, तो भारतीय जनता पार्टी के खर्चों में से 60 प्रतिशत व राष्ट्रवादी काँग्रेस ने 30 प्रतिशत विज्ञापनों और प्रचार में खर्च किये गये हैं। सीपीआई का सबसे बड़ा खर्च 36 प्रतिशत तो सीपीएम का भी पच्चीस प्रतिशत वेतन और भत्तों पर खर्च हुआ है। बहुजन समाज पार्टी का सबसे बड़ा खर्च 20 प्रतिशत चुनावों के लिये की गयी यात्राओं पर हुआ है। यह देखना भी रोचक होगा कि सम्बन्धित वित्तीय वर्ष में राजनीतिक दलों द्वारा एकत्रित आय की पूरी राशि एक दल को छोड़ कर किसी ने खर्च नहीं की और किसी गृहणी की तरह अज्ञात आशंकाओं से असुरक्षित मानसिकता में आय को बचा कर रखना जरूरी समझा है। सत्ताच्युत हो चुकी काँग्रेस ने जिसके द्वारा बिल न चुका पाने के कारण मध्यप्रदेश के प्रदेश कार्यालय की बिजली कटने की खबर समाचार पत्रों में प्रकाशित हुयी थी ने सन्दर्भित वर्ष में एक सौ ग्यारह करोड़ तिरेपन लाख बचाये हैं। भाजपा ने एक सौ करोड़ अठहत्तर लाख बचाये हैं। अपनी पराजय के लिए संसाधनों की कमी का तर्क देने वाली मार्क्सवादी कम्युनिष्ट पार्टी ने भी बावन करोड़ सत्तरह लाख की बचत की है। इसी तरह बहुजन समाज पार्टी ने अठत्तर करोड़ छिआनवे लाख, भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी ने भी तेरह लाख की बचत की है। केवल राष्ट्रवादी काँग्रेस पार्टी ने इस दौरान पुराने रईसों की तरह एक करोड़ सात लाख रुपये आय से अधिक खर्च किये।   
       यद्यपि विभिन्न प्रारूपों में दिये गये इन प्रपत्रों से कोई बहुत सही निर्णय निकालना सरल नहीं है पर स्थूल रूप में यह कहा जा सकता है कि कारपोरेट घरानों से मिले अधिकतम चन्दे से चलने वाले राजनीतिक दलों की प्राथमिकताएं उनके चुनाव प्रचार में किये गये वादों से भिन्न होना स्वाभाविक हैं। जो राजनीतिक दल अपने पूर्ण कालिक कार्यकर्ताओं को वेतन नहीं देते हैं उनके कार्यकर्ताओं से ज्यादा दिन तक निःस्वार्थ कार्य की उम्मीद करना बेमानी है या उन दलों की कमान प्रतिभाओं की जगह साधन सम्पन्न वर्ग के पास जाना तय है। जो दल विज्ञापनों और प्रचार में ही अपना सर्वाधिक व्यय कर रहे हैं उनका सौन्दर्य वास्तविक नहीं अपितु मेकअप जनित है।
       राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त दलों के अलावा क्षेत्रीय और गैर मान्यता प्राप्त पंजीकृत दल भी कुल मतदाताओं में से चालीस प्रतिशत का समर्थन प्राप्त कर रहे हैं और उसी अनुपात में सहयोग भी प्राप्त कर रहे होंगे क्योंकि बहुत सारे राज्यों में वे सत्ता में हैं व गत पच्चीस साल से चली आ रही केन्द्र की गठबन्धन सरकारों में वे भागीदार रहे हैं। बेहतर होगा कि चुनाव सुधारों में राजनीतिक दलों के आयव्यय पत्रकों में एकरूपता लाने और उनके सदस्यों से अनिवार्य सहयोग लेकर दल से वेतन दिये जाने का भी प्रावधान किया जा सके।
       राजनीतिक दलों की स्वच्छता और पारदर्शिता से सरकारों में स्वच्छता व पारदर्शिता बढेगी।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629
                            

रविवार, अगस्त 18, 2013

चुनावों में जाति के नाम पर भटकाव कब तक ?

चुनावों में जाति के नाम पर भटकाव कब तक ?
वीरेन्द्र जैन
       हमारे स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नायकों में से एक सुभाष चन्द्र बोस ने कहा था- तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा। यह कर्म और प्रतिफल का सिद्धांत दर्शाता है।
       किसी भी त्याग की अपेक्षा के लिए कुछ लक्ष्य निर्धारित किये जाते हैं। लोग धर्मिक सलाहों पर दान देते समय भी कल्पित सुखदायी स्वर्ग में अपना स्थान सुरक्षित होने की संभावनाओं से प्रभावित रहते हैं। किंतु चुनावों में जातिवाद पर अधारित समर्थन एक निरर्थक भटकाव के अलावा कुछ भी नहीं है।
       बहुलताओं से भरे हमारे देश के लोकतंत्रातिक विकास में जो प्रमुख बाधाएं सामने आ रही हैं उनमें साम्प्रदायिकता, जातिवाद, क्षेत्रीयता, भाषावाद, आदि प्रमुख हैं, जिनके सहारे चन्द नेता एक पहचान देने के भ्रम में जनता से अन्ध समर्थन हथिया लेते हैं और अवसर पाकर उस समर्थन से प्राप्त ताकत का सौदा जनविरोधी शक्तियों के साथ कर लेते हैं। देश के कुछ प्रमुख राज्य जैसे उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, आदि चुनावों में जातिवाद की बीमारी से इस तरह ग्रसित हैं कि कई राज्यों में देश के प्रमुख राष्ट्रीय राजनीतिक दल, हाशिये पर आ गये हैं। उल्लेखनीय है कि अपनी जाति के व्यक्ति को सरकार के प्रमुख पद पर देखने के झूठे आत्म गौरव के अलावा जातिवाद से प्रभावित इन मतदाताओं को कोई हित नहीं हुआ है। सच तो यह है कि सभी नागरिकों को एक समान मानने वाले संविधान के अनुसार उन्हें अपनी जाति के नेता के पदासीन होने पर विशिष्ट लाभ मिल भी नहीं सकता है। पर विडम्बना है कि जातिवाद से भ्रमित मतदाताओं के बड़े वर्ग को अब तक यह सच्चाई समझ में नहीं आ रही है, और स्वार्थी राजनेता उन्हें समझने भी नहीं देना चाहते। रोटी, रोजगार, मकान, स्वास्थ, शिक्षा, सद्भाव, , सड़क, सफाई, बिजली, पानी, व निर्धनता उन्मूलन आदि जीवन से जुड़ी समस्याओं और उसके स्तर को सुधारने हेतु सच्चा संघर्ष करने वालों की तुलना में अपनी जाति का उम्मीदवार प्राथमिकता पा जाता है।
              उल्लेखनीय है कि बहुजन समाज पार्टी ने दलितों के एक खास वर्ग को जाति के आधार पर प्रभावित किया हुआ है और उस जाति का अन्धसमर्थन ही उनका मूल आधार है, किंतु राज्यसभा में चुन कर भेजने के मामले में उन्होंने आम तौर पर अपनी समर्थक जाति को आधार नहीं बनाया और सम्पन्न तथा सवर्णों को अपने वोट देकर भरपूर सौदा किया। जब जब मायावती उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनीं, उस काल में दलितों की दशा में ना तो आर्थिक और ना ही सामाजिक दशा में कोई अंतर आया। दलित जातियों को आरक्षण से मिलने वाले लाभ भी वैसे ही मिले जैसे कि किसी भी अन्य सरकार में मिलते रहे हैं। मुलायम सिंह ने अपने कार्यकाल में अपनी जाति से मिले चुनावी समर्थन का लाभ ठाकुर अमर सिंह और उनके माध्यम से देश के चुनिन्दा उद्योगपतियों को ही पहुँचाया। यादव जाति के अन्ध समर्थन से चुनाव जीते मुलायम सिंह ने ही, श्रीमती जया बच्चन और अनिल अम्बानी जैसे लोगों को राज्यसभा में भेजा, व अमिताभ बच्चन को उत्तर प्रदेश का ब्रान्ड एम्बेसडर बनाया जो अब नरेन्द्र मोदी के गुजरात के ब्रांड एम्बेसडर बने हुए हैं व अब उनके समर्थक बनते जा रहे हैं । कर्नाटक में जातिगत वोटों के आधार पर चुने हुए विधायकों ने अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता को दरकिनार करते हुए विजय माल्या जैसे उद्योगपतियों को राज्यसभा में पहुँचाया है। गत दिनों हरियाना के एक नेता ने राज्यसभा में पहुँचने की कीमतों का खुलासा करते हुए उन अफवाहों की लगभग पुष्टि ही कर दी है जो हर बार हवाओं में तैरती रहती थीं। गत दिनों झारखण्ड में भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रिय राज्य सभा उम्मीदवार के चुनाव में लगने वाला धन चुनाव पूर्व ही पकड़ा जा चुका है, और उस कारण चुनाव को स्थगित करना पड़ा था। यह बहुत स्पष्ट है कि राज्यसभा या किसी दूसरे अपरोक्ष चुनाव में चुने जाने वाले सम्पत्तिशाली उद्योगपतियों, व्यापारियों, की भरमार क्यों और कैसे होती जा रही है। इसके साथ यह भी तय है कि इन सौदों में बिकने वाले लोगों में वे ही लोग अधिक होते हैं जो बिना किसी राजनीतिक आधार के जातिवाद जैसे हथकण्डों के सहारे चुने गये होते हैं।
       बहुजनसमाज पार्टी के तरीके से प्रभावित होकर उसी पार्टी में से अनेक उप दल पैदा हो गये हैं, इसमें से निकले नेताओं ने बंसोड़ों, कुशवाहाओं, कुर्मियों, पासवानों, आदिवासियों आदि के वैसे ही जातिवादी दल बना लिये हैं और  जातिवाद उभार कर उससे मिले समर्थन के चुनाव पूर्व सौदे भी करने लगे हैं। ये दल वोट काटने का काम करते हैं। चुनावों से पूर्व ये जगह जगह जातिवादी रैलियां करके अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर सौदों का आधार तैयार करते हैं। जहाँ दो प्रमुख दलों के बीच सीधा चुनाव होता है वहाँ वे दल अपने सुरक्षित वोटों से इतर वोटों को अपने विरोधी के पक्ष में जाने से बचाने के लिए ऐसे जातिवादी दलों को चुनाव लड़ने के लिए आर्थिक मदद करते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर जातियों के इन नेताओं के पास उपलब्ध संसाधन चमत्कृत करते हैं, पर जातिवाद के नाम पर बहका हुआ मतदाता इस पर विचार ही नहीं करता। 
       जातियों व क्षेत्रीयता के इस अन्धत्व में राजनीतिक विचार गुम हो जाते हैं जो कुछ राजनीतिक दलों के विचार के प्रति प्रतिबद्धता की कलई खोलते हैं। स्मरणीय है कि जब कांग्रेस ने ज्ञानी जैल सिंह को राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार घोषित किया था तब उनका समर्थन करने के लिए कांग्रेस का घोर विरोधी अकाली दल साथ आ गया था व श्रीमती प्रतिभा पाटिल के समर्थन में एनडीए का सबसे महत्वपूर्ण घटक शिवसेना अपने गठबन्धन को तोड़कर आगे आ गया था। ऐसा क्षेत्रीयतावाद भी जातिवाद का दूसरा रूप है।   
       दलितों और पिछड़ों के साथ होते रहे सामाजिक भेदभाव के कारण उन्हें प्रतिशोध में शासक वर्ग में शामिल होना एक क्षणिक मानसिक संतोष दे सकता है किंतु पिछले दिनों, ब्राम्हणों, वैश्यों और ठाकुरों के भी जातिवादी सम्मेलन होने लगे हैं जिनमें राजनीतिक विचारों से परे अपनी जाति के व्यक्ति को टिकिट देने का दबाव सभी राजनीतिक दलों पर डाला जाने लगा है। इन सम्मेलनों में यह घोषणा की जाती है कि उनकी जाति का समर्थन उसी दल को मिलेगा जो उनकी जाति के लोगों को संबसे ज्यादा टिकिट देगा। रोचक यह है कि कोई इस बात की चर्चा नहीं करता कि जब जब जिस जाति का व्यक्ति पद पर रहा है तो उस जाति के लोगों का क्या भला हुआ? किसी भी जातिवादी नेता के पास जातिविशेष के विशिष्ट उत्थान की कोई योजना नहीं होती।
       खेद है कि आज़ादी के 66 साल बाद भी राष्ट्रीय राजनीतिक दल इस बीमारी को रोकने का कोई प्रयास नहीं कर रहे हैं अपितु उसी के बीच से अपने लिए रास्ता निकालने की कोशिश कर रहे हैं।                  
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629


गुरुवार, मार्च 28, 2013

चुनाव सुधारों के लिए कृतसंकल्पित हो रहे हैं जनसंगठन


चुनाव सुधारों के लिए कृतसंकल्पित हो रहे हैं संगठन
वीरेन्द्र जैन

       पिछले कुछ वर्षों से केन्द्र या किसी राज्य में होने वाले आम चुनाव के प्रारम्भ और चुनावों के बाद में प्रत्याशियों और विजयी उम्मीदवारों के बारे में दिलचस्प और चौंका देने वाले आंकड़ों के समाचार देखने को मिलते हैं। ये देशव्यापी आंकड़े चुनाव सुधारों के लिए कृतसंकल्पित संस्था एडीआर अर्थात एशोसियेशन आफ डैमोक्रेटिक रिफोर्म्स की ओर से जुटाये जाते हैं और सभी संचार माध्यमों को निःशुल्क उपलब्ध कराये जा रहे हैं। प्रत्याशियों द्वारा नामांकन भरते समय अपनी सम्पत्ति, देनदारियां, अदालतों में दर्ज आपराधिक प्रकरणों से सम्बन्धित शपथ पत्र दिये जाने को अनिवार्य कराये जाने का नियम बनाये जाने में इन्हीं संस्थाओं की प्रमुख भूमिका रही है। एडीआर के अंतर्गत ही नैशनल इलेक्शन वाच, और राज्यवार एलेक्शन वाच जैसे स्वयंसेवी संगठन काम करते हैं जो निर्वाचन कार्यालयों से ऐसी जानकारियां एकत्रित करके उनको विश्लेषित करते हैं। वे बताते हैं कि सबसे अधिक सम्पत्ति वाले उम्मीदवारों को किस दल ने टिकिट दिया है और सबसे कम सम्पत्ति वाले उम्मीदवारों को किस दल ने टिकिट दिया है। सबसे ज्यादा गम्भीर अपराधों के आरोपी उम्मीदवार किस दल के हैं और सबसे ज्यादा देनदारियों वाले उम्मीदवार किस दल में हैं। किसके पास कितने वाहन हैं, और किस के पास कितने हथियारों के लाइसेंस हैं। इनकी वेबसाइट माईनेता डाट इंफो में प्रत्येक चुनाव के प्रत्येक प्रत्याशी द्वारा दिये गये शपथपत्र के विवरण उपलब्ध हैं। स्मरणीय है कि पिछले दिनों भ्रष्टाचार मिटाने के खिलाफ लोगों का ध्यान आकर्षित करने वाले आन्दोलनों के दौरान राज्य को ‘बनाना स्टेट’ होते जाने के आरोप लगे थे। सक्रिय राजनीति के अनेक नेताओं ने भी ऐसे ही आरोप लगाये थे। उपरोक्त खुलासों से यह साफ है कि दलों के टिकिट पाने वाले अधिकतर उम्मीदवार करोड़पति होते हैं और जीतने वालों में भी अधिक सम्पत्ति वाले ही अधिक होते हैं। तय है कि जब ऐसे लोगों को सरकार चुनने का अधिकार मिल जाता है तो वे अपने व्यापार अथवा कारोबार को सुविधाएं देने की शर्त मानने वालों को ही प्राथमिकता देंगे। इन खुलासों के सामने आ जाने के बाद विवेकवान मतदाता उचित दल और प्रत्याशी का चुनाव करने में अधिक समर्थ महसूस कर सकता है।

       एडीआर प्रतिवर्ष अपनी वार्षिक राष्ट्रीय कांफ्रेंस आयोजित करता है जिसमें उक्त काम को महत्वपूर्ण समझने वाले लोकतंत्रप्रेमी कार्यकर्ता देश भर से एकत्रित होते हैं और चुनावों को अधिक से अधिक पारदर्शी बना कर सच्चे लोकतंत्र की स्थापना में न केवल अपने अनुभवों को ही बाँटते हैं अपितु मुख्य चुनाव आयुक्त की उपस्तिथि में वांछित सुधारों के बारे में उनसे आग्रह भी करते हैं। इस वर्ष यह आयोजन देश के ऎतिहासिक राज्य की सबसे खूबसूरत राजधानी जयपुर में दिनांक 23 व 24 मार्च 2013 को सम्पन्न हुआ और मुझे दूसरी बार इसमें सम्मलित होने का अवसर मिला। जयपुर के इन्दिरागाँधी पंचायतीराज संस्थान में आयोजित इस सम्मेलन में कुछ ऐसी महिला सरपंचों की संघर्ष कथाएं सुनने को मिलीं जिन्होंने न केवल निरक्षरता से कम्प्यूटर शिक्षा तक का ही सफर तय किया अपितु अपनी पंचायत का सारा काम कम्प्यूटर से करके पंचायत के पूरे कामकाज को पारदर्शी बना दिया। अजमेर जिले के हरमौदा ग्राम की सरपंच श्रीमती नौरती बाई ऐसी ही सरपंच के रूप में उन लोगों के सामने आयीं जो देश भर में चुनाव सुधारों का अलख जगाये हुए हैं। उनके यहाँ मनरेगा जैसी महात्वाकांक्षी योजनाएं न केवल सफलतापूर्वक ही चलायी जा रही हैं अपितु वे किसी भी सम्बन्धित को उसकी ईमानदारी परखने की चुनौती भी देती हैं। इस आयोजन में ऐसे भी सरपंच थे जो न केवल छहसौ रुपये ही खर्च करके चुनाव जीते थे, अपितु उन्होंने लाखों रुपये खर्च करने वाले उम्मीदवारों को बुरी तरह हराया भी था। उल्लेखनीय है कि अपने सामाजिक कार्यों के लिए बुकर सम्मान से सम्मानित पूर्व आई ए एस अधिकारी अरुणा राय, जो राष्ट्रीय सलाहकार समिति की सदस्य भी हैं उन्हें निरंतर मार्गदर्शन देती हैं और उनके उत्साहवर्धन के लिए वे इस कार्यक्रम में भी उपस्थित थीं। इन सरपंचों ने मनरेगा में पानी पिलाने के लिए दलितजाति के मजदूर की भागीदारी भी सुनिश्चित करके इस रोजगार गारण्टी कार्यक्रम को सामाजिक बदलाव के कार्यक्रम से भी जोड़ने जैसे कई कामों को अंजाम दिया है।
       निर्वाचन आयोग के सन्युक्त संचालक [खर्च नियंत्रण इकाई] ने पिछले चुनावों के अनुभवों को बताते हुए कि पिछले दिनों गुजरात के विधानसभा चुनावों के दौरान उन्होंने ढाईलाख से अधिक की राशि नगद लेकर जाते हुए व्यक्तियों से पूछताछ का जो नियम बनाया था उसे बीच चुनाव में गुजरात हाईकोर्ट ने रोक दिया और बाद में सुप्रीम कोर्ट ने उसे प्रत्याशी और उसके प्रतिनिधि आदि तक सीमित कर दिया था। मुख्य चुनाव आयुक्त ने भी अपने उद्बोधन में बताया कि वे जल्दी ही सभी जिलों के आयकर अधिकारियों की बैठकें आहूत करने जा रहे हैं ताकि चुनावों में काले धन के उपयोग पर प्रभावी रोक लगायी जा सके। इस कांफ्रेंस में निर्वाचन आयोग से मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री वी एस सम्पत, सन्युक्त संचालक भारत भूषण गर्ग, देश को सूचना का अधिकार दिलाने वाली श्रीमती अरुणा राय, विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ राजनेता, ट्रांसिपरेंसी इंटरनैशनल, पीयूसीएल, एमकेएसएस, सोसाइटी फार सोशल जस्टिस, कामन काज, विकास सम्वाद, महिला पुनर्वास समिति, विभिन्न सक्रिय पत्रकार, उत्तरपूर्व से लेकर तामिलनाडु तक के इलेक्शन वाच पदाधिकारियों, ने भाग लेकर दलितों, महिलाओं, और अल्पसंख्यकों आदि के दृष्टिकोण से भी चुनाव सुधारों को देखा। इसमें बीबीसी के पत्रकार नारायण बरेठ, और एनडीटीवी के श्रीनिवासन जैन ने प्रैस और पेड मीडिया की समस्या पर रोचक व महत्वपूर्ण टिप्पणियां कीं।
       आईआईएम के प्रोफेसर रहे जगदीप छोकर, त्रिलोचन शास्त्री, एवं निखिल डे. अरुन बैरीवाल की सतत सक्रिय भागीदारी से चुनाव सुधारों का यह अभियान भारतीय लोकतंत्र को संविधान की मूल भावना वाले सच्चे लोकतंत्र तक ले जाने में आने वाले अवरोधों को दूर करने के लिए निरंतर और निर्विवाद रूप से सक्रिय है। इस वर्ष की कांफ्रेंस ने राजनैतिक दलों के पंजीकरण एवं गतिविधियों के विनियमन से सम्बन्धित विधेयक का प्रारूप सार्वजनिक राय के लिए रखा है जिसमे राजनीतिक दलों को अलोकतांत्रिक और व्यक्ति केन्द्रित होने से रोकने में मदद मिलेगी। आगामी छह राज्यों में होने वाले चुनावों के लिए इलेक्शन वाच की टीमें तैयार हैं जो अगले माह बैंगलौर में तैयारी बैठकें कर रही हैं। इस कांफ्रेंस में किसी को भी मत नहीं देने का अधिकार और उस मत की गिनती करने का अधिकार भी सर्वसम्मति से मांगा गया है।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629