साम्प्रदायिकता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
साम्प्रदायिकता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, अगस्त 22, 2020

और अब बालीवुड में साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण के प्रयास


और अब बालीवुड में साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण के प्रयास
वीरेन्द्र जैन

सबसे पहले तो यह समझ लेना है कि लोकतंत्र के पहले की साम्प्रदायिकता और बाद की साम्प्रदायिकता अलग अलग है, भले ही वह हमेशा से ही सत्ता का औजार रही है। पहले जो धर्म के लक्ष्य होते थे, उन्हें प्राप्त करने के तरीकों में भेद होने व अपने तरीके को अधिक सही मानने के अहं के कारण टकराव होते थे। बाद में राजाओं ने प्रजा को अनुशासित करने के लिए पुरोहितों आदि के माध्यम से नियम बनवाये और पालन कराने के बदले में उन्हें दक्षिणाएं दीं। परिणाम यह हुआ कि जनता भगवान के डर से स्वतः अनुशासित हो कर रहती थी। राजा को भगवान का रूप मानती थी तथा उसी की न्ययिक व्यवस्था के अनुरूप ही मृत्योपरांत ईश्वर के न्याय की कल्पना रची गयी। लोकतंत्र में साम्प्रदायिक विभाजन से एक बड़े वर्ग का समर्थन प्राप्त करने का प्रयास किया जाता है जो चुनावों में बहुमत बनाने के काम आता है। किसी समाज में बहुसंख्यकों का दल इससे लाभ में रहता है इसलिए वह पहले तो बहुसंख्यकों के धर्म का सबसे बड़ा शुभचिंतक बना दिखता है और फिर स्वाभाविक रूप से विद्यमान न होने के बाबजूद समाज में साम्प्रदायिकता पैदा करने की कोशिश करता है। जब तनाव या हिंसा शुरू हो जाती है तो दोनों तरह के कट्टरवादी अवसर देख कर हमलावर या रक्षात्मक हो जाते हैं। इसका लाभ बहुसंख्यकों के दल को ही मिलता है इसलिए आमतौर पर इसकी शुरुआत बहुसंख़यकों के दलों की ओर से ही होती है। वे जरूरत के अवसर पर इनका उपयोग करने के लिए बारहों महीने अपने लठैत संगठनों की कक्षाएं लगाते रहते हैं। इतिहास और पुराणों को अपने अनुरूप ढालते हैं और उन्हें समाज में स्थापित कराने के लिए षड़यंत्र रचते रहते हैं। इसके लिए आजकल न केवल खरीदा हुआ मुख्य मीडिया अपितु सोशल मीडिया का प्रयोग बहुतायत में होने लगा है। 
साम्प्रदायिकता फैलाने के सुगठित संस्थान हैं जिन्हें उनसे लाभान्वित होने वाले दल और उन दलों से लाभान्वित होने वाले घराने पोषित करते रहते हैं। हमारे देश में सामंतवाद और पूंजीवाद का अनोखा गठजोड़ है और वे सिद्धांतों में विरोधी होने के बाबजूद एक जुट होकर काम कर रहे हैं। संघ और उसका आनुषांगिक संगठन भाजपा यही काम कर रहा है। बालीवुड में साम्प्रदायिकता फैलाना उसका नया पैंतरा है। स्मरणीय है कि हमारे देश का फिल्म उद्योग और उसमें विभिन्न स्तर पर काम करने वाले लोग मानक रूप से धर्मनिरपेक्ष रहे हैं और उन्होंने जो फिल्में बनायी हैं वे भी साम्प्रदायिकता और सामंती मूल्यों के खिलाफ समाज को सन्देश देती रही हैं। आजादी के बाद प्रगतिशीलों के नाट्य ग्रुप इप्टा के बहुत सारे सदस्य फिल्मों में अपनी प्रतिभा के लिए मशहूर हुये हैं। पृथ्वीराज कपूर, बलराज साहनी, गुरुदत्त, ख्वाजा अहमद अब्बास, कैफी आजमी, साहिर, हसरत, शैलेन्द्र, ए के हंगल, से लेकर एक लम्बी श्रंखला है। ये हिन्दी फिल्में ही हैं जिनमें सबसे ज्यादा लोकप्रिय मनभावन भजन शकील के लिखे, नौशाद के संगीतबद्ध किये और मुहम्म्द रफी के गाये हुये हैं। किसी आदर्श हिन्दू महिला की भूमिका निभाने के लिए मीना कुमारी की ही याद आती है जो मुस्लिम थीं जिनके घनिष्ठ मित्र अशोक कुमार, धर्मेन्द्र और गुलजार आदि रहे। एक बार मीना कुमारी बीमार थीं और डाक्टरों ने उन्हें रोजा न रखने की सलाह दी थी। उन्होंने अपना दुख गुलजार को बताया तो उन्होंने कहा कि कोई बात नहीं आपकी जगह मैं रोजा रख लेता हूं। और उसके बाद सिख परिवार में जन्मे सम्पूर्ण सिंह कालरा अर्थात गुलजार वर्षों तक रोजा रखते रहे। साम्प्रदायिक सद्भाव पर ढेर सारी फिल्में ही नहीं बनीं उस विषय के गीत भी भरपूर लिखे गये हैं और वे जनमानस में अपना प्रभाव छोड़ते रहे हैं। दिलीप कुमार [यूसुफ खान ] आमिर खान, शाहरुख खान, सलमान खान, कादर खान, मेहमूद आदि ने भारतीय चरित्रों की जो भूमिकाएं निभायी हैं वे अविस्मरणीय और भारतीय संविधान के आदर्शों को ही प्रस्तुत करती हैं। गीत संगीत निर्देशन और निर्माण में हर वर्ग के लोग मिल कर काम करते हैं, व निजी शादी ब्याह में भी धर्म को आड़े नहीं आने देते। वे वह समाज बना और उसमें जी रहे होते हैं, जैसे का सपना हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व संविधान निर्माताओं ने देखा था। हिन्दी फिल्मों और गीतों के माध्यम से उन्होंने हिन्दी भाषा को पूरे देश के स्तर पर फैला कर उसे सच्चे अर्थ में राष्ट्र भाषा बनाने का बड़ा काम किया है। यही बात साम्प्रदायिकता की राजनीति करने वालों को हजम नहीं हो रही। आज़ादी के समय धर्म के आधार पर अलग पाकिस्तान बन जाने और तीन तीन युद्ध हो जाने से धर्मनिरपेक्ष हिन्दुस्तान के हिन्दुओं के बीच में मुसलमानों के प्रति नफरत बोना अपेक्षाकृत आसान हो गया है। साम्प्रदायिक राजनीति करने वालों की कुल पूंजी यही है, जिसके सहारे वे आज केन्द्रीय सत्ता तक पहुंचने में सफल हो गये हैं, और इसको आगे के लिए भी बनाये रखना चाहते हैं।   
भाजपा के पितृ पुरुष लालकृष्ण अडवाणी भी पहले फिल्म पत्रकार रहे हैं और अटलबिहारी वाजपेयी भी दिलीप कुमार के फैन रहे हैं। ये लोग राजनीति में अपनी विचारधारा की अलोकप्रियता और समाज में फिल्मी अभिनेताओं की लोकप्रियता के महत्व को समझते रहे हैं इसलिए चुनाव जीतने के लिए इन्हें अनुबन्धित कर संसद में भेज कर बहुमत बनाने में सबसे आगे रहे हैं। हेमा मालिनी, धर्मेन्द्र, विनोद खन्ना, शत्रुघ्न सिन्हा, परेश रावल सनी देउल, से लेकर आज तक के सर्वाधिक लोकप्रिय अभिनेता, अभिनेत्रियों को चारा बना कर भीड़ जुटाने के लिए स्तेमाल करते रहे हैं। टीवी आने के बाद रामायण के कलाकार अरविन्द त्रिवेदी, दीपिका चिखलिया, दारा सिंह, किरण खेर या भोजपुरी और बंगाली फिल्मों के मनोज तिवारी, रविकिशन, रूपा गांगुली, बाबुल सुप्रियो या फिर दूसरी सर्वाधिक लोकप्रय सीरियलों में सास बहू की स्मृति ईरानी आदि को आगे करके उन्होंने इतना चुनावी लाभ उठाया है कि आज बुद्धिजीवी वर्ग में सबसे ज्यादा अलोकप्रिय सरकार को लोकप्रियता के आधार पर चुने गये सांसदों के बहुमत के सहारे वर्षों से चला रहे हैं। ये वे लोग हैं जो खुद् के विचार नहीं रखते अपितु दूसरों के लिखे डायलाग ही बोलने के आदी होते हैं, इसलिए संसद में चुप रहते हैं।
पिछले दो-एक सालों से फिल्म उद्योग में महात्वाकांक्षी किंतु वांछित सफलता पाने में असफल अभिनेता अभिनेत्रियों, व निर्माता निर्देशक गायकों संगीतकारों ने सरकार से सहयोग पाने के लिए एक गुट बना लिया है व उसके माध्यम से सफल लोगों पर भाई भतीजावाद चलाने के साथ साम्प्रदायिक विभाजन के आरोप लगाने शुरू कर दिये हैं। अनुपम खेर जैसे दो एक सफल और अच्छे अभिन्नेता भी अपनी पत्नी को टिकिट मिलने और अपने लिए पद्म पुरस्कार से उपकृत होकर सरकार की वकालत करने लगे हैं। सच तो यह है कि कला के क्षेत्र में भाई भतीजावाद एकाध बार ही चल सकता है। हेमा मालिनी धर्मेन्द्र की बेटियों को एकाध फिल्म तो मिल गयी किंतु वे सफल नहीं हो सकीं। इसी तरह अमिताभ जया के पुत्र और ऐश्वर्या राय के पति अभिषेक बच्चन भी परिवार के सहारे खास कुछ नहीं कर सके।
साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण के सबसे ताजे उदाहरणों में सुशांत सिंह राजपूत का प्रकरण है जिनकी पिछले दिनों मृत्यु हो गयी जिसे आत्महत्या बताया गया। कोई सुसाइड नोट न मिलने और स्पष्ट कारण समझ में ना आने के कारण एक रहस्य सा बन गया। वे अच्छे कलाकार थे और सामान्य परिवार से उठकर उन्होंने युवा अवस्था में भरपूर धन कमाया जिससे उनकी एकाधिक महिला मित्र भी बनीं। वे परिवार से अपने धन और निजी जीवन को साझा नहीं करना चाहते थे इसलिए उन से दूर दूर रहने लगे थे। उनके निधन के बाद उनके वैधानिक उत्तराधिकारी उनके पिता को लगा कि उनके द्वारा कमाया गया धन उनकी कमाई से कम है तो पहले तो उन्होंने एक अनुमानित राशि को उनकी महिला मित्र द्वारा हड़प लिये जाने का आरोप लगाया और फिर सफलता के लिए बिहार सरकार का सहयोग चाहा, जो घटनाक्रम मुम्बई में घटित होने के कारण सम्भव नहीं था। बिहार में भाजपा गठबन्धन वाली सरकार है इसलिए उन्होंने उनका विशिष्ट सहयोग लेने के लिए मुस्लिम निर्माता निर्देशकों व कलाकारों पर भाई भतीजावाद चलाने व उन्हें काम न देने का आरोप लगा दिया। उन्होंने कहा कि इसी भाई भतीजावाद से निराश होने के कारण उन्होंने ऐसा कदम उठाया। ऐसा करते ही उन्हें बिहार सरकार का सहयोग मिल गया, उनकी रिपोर्ट दर्ज हो गयी व बाद में सीबीआई से जाँच की सिफारिश भेज दी गयी जो केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा मंजूर भी कर ली गयी।
सुशांत सिंह के पिता को न्याय मिलना चाहिए व अपराध की सही सही जांच भी होना चाहिए किंतु उसके लिए पूरे फिल्म उद्योग पर साम्प्रदायिक होने का आरोप लगा देना और उसे एक प्रकरण से जोड़ देना ठीक नहीं है। अपनी राजनीति के लिए राममन्दिर जैसा विषय उत्खनन करने वाली भाजपा से ऐसी उम्मीद अस्वाभाविक नहीं है किंतु कला के क्षेत्र के लोगों को सोचना  चाहिए कि किसी के राजनीतिक हितों के लिए फिल्मी दुनिया के सुन्दर वातावरण को विषाक्त न होने दें। दिलीप कुमार, नसरुद्दीन शाह, आमिर खान, जावेद अखतर जैसे लोग फिल्मी जगत और इस देश के कलाजगत के हीरे हैं। इन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश देश को नुकसान पहुचाने के बराबर है। स्मरणीय है कि इसी तरह की हरकतों से हम लोगों ने पिछले दिनों एम एफ हुसैन को मौत की तरफ धकेल दिया। जिसका देश ने अभी तक प्रायश्चित नहीं किया। अब बकायदा अभियान चला कर मुस्लिम अभिनेताओं की फिल्मों का बहिष्कार करने की अपीलें की जाने लगी हैं।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629
      

मंगलवार, मार्च 03, 2020

हिन्दू राष्ट्र की ओर रणनीतिकारों के कदम


हिन्दू राष्ट्र की ओर रणनीतिकारों के कदम   
वीरेन्द्र जैन
अच्छा कमांडर युद्ध में लड़ते लड़ते दुश्मन की फौज को ऐसी जगह लाने की कोशिश करता है जहाँ सामरिक स्थिति उसके पक्ष में और दुश्मन के प्रतिकूल होती है। आज भाजपा ने देश में अपने विपक्ष को ऐसी ही स्थिति में ला कर घेर लिया है। लोकतंत्र के सारे कच्चे व अधबने स्तम्भ धाराशायी कर दिये गये हैं व लड़ाई को सड़कों पर ला दिया गया है। स्थिति यह है कि सड़कों पर लड़ाई की तैयारी केवल संघ परिवार के पास है। जब लोकतंत्र नहीं होता तब संख्या बल नहीं सैनिक बल ही काम करता है। पिछली अर्ध शताब्दी में सत्तारूढ रहे निजी स्वार्थ में अन्धे लोगों ने सड़क की लड़ाई की कल्पना तक नहीं की होगी।
संघ परिवार ना तो अंग्रेज शासकों को भारत से हटाने का पक्षधर था और ना ही वर्तमान संविधान को लागू करने के पक्ष में था। संविधान बनते समय ही उनका कहना था कि जब हमारे यहाँ मनु स्मृति के रूप में संविधान मौजूद है तब नया संविधान बनाने की क्या जरूरत। ‘ हिन्दी, हिन्दू, हिन्दुस्तान ‘ का नारा देकर अलग पाकिस्तान की मांग का बीजारोपण करने वाला यह विचार और इसका संगठन विभाजन के दौर में हुये साम्प्रदायिक दंगों में एक घटक की भूमिका निभाता रहा, और ऐसी मानसिकता तैयार करता रहा जिसमें देश की विविधता के महत्व को समझने वाले धर्म निरपेक्ष महात्मा गाँधी की हत्या हुयी। उन्हें राष्ट्रपिता का दर्जा तो बाद में मिला किंतु स्वतंत्रता संग्राम में प्रमुख भूमिका निभाने वाली काँग्रेस के पिता की भूमिका वे निभा रहे थे। उन्हें परिवार के उस बुजुर्ग की तरह देखा जाता था जिसका निर्देश अंतिम माना जाता है। ऐसे व्यक्ति की हत्या के बाद भी काँग्रेस ने उस  विचारधारा का मुकाबला करने का कोई ठोस प्रयास नहीं किया, जिसने उसके ‘पिता’ की हत्या की पृष्ठभूमि तैयार की थी। इसे एक आपराधिक घटना मान कर और गोली चलाने वाले व्यक्ति को नियमानुसार सजा दिलाने के साथ ही उन्होंने कर्तव्य की इतिश्री मान ली।
स्वतंत्रता के बाद नेहरू सरकार में सभी तरह की विचारधारा के लोग सम्मलित किये गये थे जिनमें एक ओर अम्बेडकर थे तो दूसरी ओर श्यामा प्रसाद मुखर्जी भी थे। समाजवादी सोच के लोग भी थे तो रूस की क्रांति से प्रभावित लोग भी थे। पार्टी में पूंजीपतियों के प्रभाव के कारण औद्योगिक श्रमिकों और किसानों का पक्ष लेने वाले कम्युनिस्ट उनके प्रमुख शत्रु थे जो पहले और दूसरे आम चुनाव में सबसे बड़े विपक्षी दल् के रूप में उभर कर सामने आये। राज्यों में पहली गैरकांग्रेसी सरकार भी 1957 में केरल में कम्युनिस्टों की ही बनी। इनका मुकाबला करने के लिए भी काँग्रेस सरकार परोक्ष में संघ को पालती पोषती रही। 1962 में चीन के साथ चल रहे सीमा विवाद ने जब सैनिक हस्तक्षेप का रूप ले लिया तब देश के अन्दर उसके सभी विरोधियों को कम्युनिस्टों की आलोचना का बहाना मिल गया। परिणाम यह हुआ कि वे अलोकप्रिय हुये और तत्कालीन सरकार द्वारा आर एस एस की एक टुकड़ी को 26 जनवरी की परेड तक में बुला लिया गया था। उल्लेखनीय है कि संघ को गाँधीजी की हत्या के बाद प्रतिबन्धित किया गया था। इसी के दो साल बाद देश में कम्युनिस्ट पार्टी का विभाजन हुआ और वे और कमजोर हो गये। जवाहरलाल नेहरू के निधन के बाद पाकिस्तान के साथ युद्ध और उसके बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के निधन के बाद इन्दिरा गाँधी व मोरारजी देसाई के बीच शक्ति परीक्षण हुआ जिसमें इन्दिरा गाँधी चुनी गयीं। 1967 में काँग्रेस के कमजोर होने से कई राज्यों में गैरकाँग्रेसवाद के आधार पर संविद सरकारें चुनी गयीं। कुछ औद्योगिक घरानों ने श्रीमती गाँधी की जगह मोरारजी देसाई गुट को सत्ता में देखना चाहा तो श्रीमती गाँधी ने कम्युनिष्टों से समझौता कर अपनी सरकार बचा ली और उम्र में वरिष्ठ नेताओं के दूसरे गुट को बाहर का रास्ता दिखा दिया जो बाद में पुरानी काँग्रेस के नाम से जाना गया। कम्युनिष्टों से सहयोग लेने के लिए श्रीमती गाँधी को उनकी कुछ शर्तें माननी पड़ीं जिनमें बैंकों और बीमा कम्पनियों का राष्ट्रीयकरण व पूर्व राज परिवारों को मिलने वाले प्रिवी पर्स व विशेष अधिकारों की समाप्ति भी थी।
विभाजित पुरानी काँग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने तत्कालीन भारतीय जनसंघ, पूर्व राजाओं वाली स्वतंत्र पार्टी, और संसोपा आदि से मिल कर मोर्चा बनाया। इस मोर्चे में सबसे संगठित घटक जनसंघ ही था जो आर एस एस का आनुषांगिक संगठन था जो बाद में भारतीय जनता पार्टी के रूप में सामने आया। दूसरे घटक दल या तो सामंती प्रभाव केन्द्रित थे जैसे राजा महाराजा, इतिहास केन्द्रित जैसे पुरानी काँग्रेस के वरिष्ठ नेता, या कमजोर संगठन वाले समाजवादी थे जैसे संसोपा आदि। जनसंघ एक हिन्दू राष्ट्र का सपना देखने वाली विचारधारा का संगठन वाला दल था जो राष्ट्रवाद का मुखौटा लगा कर प्रकट होता था व जिसे विभाजन के दौरान हुए साम्प्रदायिक दंगों में हिन्दू पक्षधरता की भूमिका निभाने के कारण बहुसंख्यकों की सहानिभूति मिली हुयी थी। यही कारण रहा कि इसकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।  
1971 में कम्युनिष्टों के साथ से श्रीमती गाँधी ने अपनी छवि गरीब हितैषी और पूंजीपति, राजा महाराजा विरोधी बना कर चुनाव जीत समाजवाद के नाम पर सबका सफाया कर दिया था। उन्होंने 1971-72 में पाकिस्तान के विभाजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा कर स्वतंत्र बांग्लादेश बनवा दिया जिससे वे देश की एकक्षत्र लोकप्रिय नेता बन गयीं, छिटके कांग्रेसी काँग्रेस में वापिस आने लगे थे। बाद में उन्हें अदालती आदेश से पदच्युत करने के प्रयास हुये, जय प्रकाश नारायण का आन्दोलन, इमरजैंसी और जनता पार्टी का गठन, काँग्रेस की पराजय व पुनः वापिसी के काम हुये। मार्क्सवादी कम्युनिष्ट पार्टी ने तो 1971 में ही उनका साथ छोड़ दिया था व 1978 तक भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी की समझ में भी आ गया कि कांग्रेस का वर्ग चरित्र क्या है। श्रीमती गाँधी ने भी समाजवाद का चोला उतार फेंका व चुनिन्दा पूंजीपतियों और पूर्व राज परिवारों के सदस्यों को काँग्रेस में उचित स्थान दिया।
1971 से ही श्रीमती गाँधी ने समझ लिया था कि दलित और संघ से आतंकित मुस्लिम समुदाय के सुनिश्चित वोटों के साथ जब लोकप्रिय उम्मीदवारों को जोड़ लिया जाये तो चुनाव जीते जा सकते हैं और सत्ता बनाये रखी जा सकती है। सत्तारूढ दल को कार्पोरेट घराने तो भरपूर आर्थिक मदद करते ही हैं। इसी कारण श्रीमती गाँधी ने काँग्रेस के आंतरिक लोकतंत्र को समेट दिया व दिल्ली से मनोनीत अस्थायी समितियों के सहारे पार्टी चलायी। वे स्वयं पार्टी अध्यक्ष भी बनी रहीं। काँग्रेस पार्टी वन मैन शो बन गयी थी, इन्दिरा इज इण्डिया कहा जाने लगा था इसलिए उनकी हत्या से इण्डिया की हत्या का प्रयास हुआ। उनके बाद अनाथ काँग्रेसियों द्वारा राजीव गाँधी को लाया गया, जिन्हें कभी राजनीति में रुचि नहीं थी। थोड़े दिनों बाद उनके खिलाफ विद्रोह हो गया और उनकी भी हत्या हो गयी। उसके बाद वर्षों तक देश संयुक्त मोर्चों और विभिन्न बेमेल गठबन्धनों में खिंचता रहा।
1977 में जब जनता पार्टी में, जो प्रमुख गैरकाँग्रेसी दलों के विलय से बनी थी, तब दूरदृष्टि से भारतीय जनसंघ ने भी उसमें अपना दिखावटी विलय कर दिया था। बाद में इसी नकली विलय की पहचान होने व संघ और पार्टी की दोहरी सदस्यता के कारण ही जनता पार्टी का विभाजन हुआ था। जनसंघ के लोग जैसे गये थे वैसे के वैसे बाहर निकल कर आ गये और उन्होंने भारतीय जनसंघ का ‘भारतीय’ लेकर उसे जनता पार्टी में जोड़ ‘भारतीय जनता पार्टी’ का गठन कर लिया। अब वे ज्यादा अनुभवी, समर्थ, और व्यापक थे। भले ही श्रीमती गाँधी की हत्या से उत्पन्न प्रभाव के कारण उन्हें 1984 में कुल दो सीटें मिली हों किंतु वोट भरपूर और दूर दूर तक मिले थे। इसी स्थिति में उन्होंने अयोध्या के राम जन्मभूमि मन्दिर विवाद को अपना राजनीतिक आन्दोलन बनाया और रथ यात्रा से लेकर बाबरी मस्जिद तोड़ने तक से उत्पन्न उत्तेजना को वोटों में बदल लिया। बाबर के बहाने सम्पूर्ण मुस्लिम समाज से नफरत फैलाने से जो ध्रुवीकरण हुआ, उससे उन्हें चुनावी लाभ मिला। अनाथ काँग्रेस सिमटती गयी और भाजपा के समर्थन में बढोत्तरी होती गयी।
वे सत्ता के महत्व को पहचान गये थे कि हिन्दू राष्ट्र का उनका लक्ष्य इसी के सहारे मिलेगा इसलिए उन्होंने सारी नैतिकताओं को ताक पर रखते हुए सत्ता के लिए हर सम्भव समझौते किये। विधायकों की खरीद, बेमेल गठबन्धन, अवैध धन की व्यवस्था, जातिवादी समझौते, दुष्प्रचार, हिंसा, सैलीब्रिटीज से सौदा, मतदाताओं को प्रलोभन से लेकर वोटों की लूट तक किसी भी हथकण्डे से गुरेज नहीं किया। साम्प्रदायिक नफरत और तनाव तो उनकी मूलभूत पूंजी ही थी। छह वर्ष तक अटल बिहारी की सरकार से लेकर दस साल मनमोहन सिंह की सरकार तक लोकसभा इनकी ही मर्जी से चली। कभी ईवीएम के खिलाफ किताब निकालने वाले क्यों बाद में ईवीएम का बचाव करते दिखे यह रहस्य है।
2004 में अटल बिहारी सरकार की पराजय पर मोदी को हटाये जाने की मांग ले अनशन पर बैठ जाने वाली स्मृति ईरानी हों, या मोदी को विकास नहीं विनाश पुरुष बताने वाली उमा भारती हों, सुषमा स्वराज को प्रधानमंत्री पद पर बैठाने की इच्छा रखने वाले बाल ठाकरे हों या महात्वाकांक्षी अरुण जैटली जैसे अन्य लोग, सबने अचानक ही संघ के निर्देश पर 2002 के कलंकित मोदी को 2013 में प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी के रूप में स्वीकार कर लिया था और क्रमशः मोदी ने अपने विश्वासपात्र अमितशाह को भाजपा अध्यक्ष बनवा कर व गृहमंत्री की जिम्मेवारी दे कर श्रीमती गाँधी की तरह से सरकार और पार्टी पर अपना अधिकार जमा लिया था। इन्दिरा इज इण्डिया की जगह मोदी ने ले ली, पार्टी और सरकार में कोई कद्दावर नहीं बचा। कहीं से छुटपुट आवाजें उठीं भी तो पालतू बना लिये गये मीडिया ने उसे फैलने नहीं दिया। 
इस अभियान में सबसे पहले कार्पोरेट घरानों को इस विश्वास में लिया गया कि उनके दूरगामी हित केवल मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा से ही सध सकते हैं। इन घरानों से सारे प्रमुख मीडिया घरानों  को खरीदवा लिया गया जिनमें एक साथ एक जैसी सामग्री का प्रसारण कराया गया। यह काम इस तरह से हुआ कि मीडिया का नाम ही गोदी मीडिया पड़ गया। चुनाव प्रबन्धन के लिए प्रशांत किशोर जैसे चुनावी प्रबन्धकों के तकनीकी ज्ञान का उपयोग किया गया। पहली बार थ्री डी तकनीक के सहारे एक साथ सैकड़ों जगह भाषण का प्रसारण दिखाया गया। रैलियों का प्रसारण एक साथ सैकड़ों चैनलों पर हुआ जिसमें भीड़ को कई गुणित दिखाने वाले कैमरों का प्रयोग किया गया। मीडिया को बेहतरीन दरों पर भरपूर विज्ञापन दिये गये। अतिरिक्त सहायता के लिए कार्पोरेट घरानों के उत्पादों के विज्ञापन दिलाये गये बदले में उन्होंने वही लिखा जो पार्टी चाहती थी। विपक्षी नेताओं को कमजोर साबित करना और उनका मजाक बनाना भी इसी अभियान का हिस्सा रहा। सोशल मीडिया के लक्षित ग्रुप बनवाये गये और एक सूचना के अनुसार उन्हें सामग्री उपलब्ध कराने के लिए ग्यारह हजार विशेषज्ञ लोग नियुक्त किये गये।
व्यापक स्तर पर छोटे व जातिवादी दलों को मिला कर 40 से अधिक दलों से गठबन्धन किया गया व जहाँ सम्भव था दलबदल कराया गया। यहाँ तक कि मनमोहन सिंह के मंत्रिमण्डल के अनेक सदस्यों तक को फुसला लिया गया। सेना और पुलिस के अधिकारियों सहित पूर्व प्रशासनिक अधिकारी तक पार्टी में लिये गये व उन्हें टिकिट व पद दिये गये। कुछ नौकरशाहों को पुराने पापों को माफ कर देने के वादों पर झुका लिया गया। मुरली मनोहर जोशी, अडवाणी, शांता कुमार, यशवंत सिन्हा आदि पुराने नेताओं को कोने में समेट दिया गया। इसी दौरान अटल बिहारी वाजपेयी, मनोहर पारीकर, अरुण जैटली, सुषमा स्वराज, मदन लाल खुराना, अनंत कुमार अनिल माधव दवे, आदि दिवंगत हो गये। सारे फैसले लेने के लिए ऊपर आरएसएस प्रमुख और नीचे मोदीशाह ही बचे। शेष केवल समर्थन में हाथ उठाने वाले ही बचे थे क्योंकि उनका मुँह खोलना प्रतिबन्धित था।    
राजनीति पर पकड़ तो बना ली किंतु अर्थ व्यवस्था पर नियंत्रण नहीं कर सके, वह बिगड़ती गयी, जीडीपी गिरता गया, मन्दी से कारखाने बन्द होते गये, नोटबन्दी जैसे कदमॉं के बाद भी काला धन नहीं निकाल सके, बेरोजगारी से युवा परेशान होता गया, मँहगाई पर कोई नियंत्रण नहीं रहा, जरूरी चीजें दिन प्रति दिन पहुँच से दूर होने लगीं। इतना सब होते हुए भी विपक्ष के पास ना तो नेतृत्व था और ना ही संगठन। उसके अनेक नेताओं पर पिछले दिनों किये गये भ्रष्टाचार की तलवार अलग से लटक रही थी। इधर विरोध करने वालों पर दमन की पूरी तैयारी रही। गुजरात 2002 की तरह आन्दोलनकारी छात्रों और युवाओं पर पालतू बाहुबलियों से हमले करवाये जाने लगे और पीछे से पुलिस उन्हीं बाहुबलियों की सुरक्षा करती रही व पिटने वालों पर ही मुकदमे लादती रही। न्यायाधीशों पर इतना दबाव बनाया गया कि इतिहास में पहली बार उन्हें सामने आकर प्रैस काँफ्रेंस करना पड़ी। सीबीआई जैसे संस्थानों व अन्य जाँच एजेंसियों में नियुक्तियों का सच भी सामने आया। पुलिस और फौज का साम्प्रदायीकरण किया जाने लगा। प्रशासन में चयन का तरीका बदला गया और शासन की पसन्दगी के अनुसार किसी को भी कहीं से भी पदस्थ करने की नीति बना दी गयी। कुल मिला कर पुलिस, फौज, न्याय, प्रशासन, मीडिया और कथित जनप्रतिनिधि सब पर नियंत्रण कर लिया गया। इसके साथ साथ कम समझ और कम राजनैतिक चेतना वाला ऐसा अन्धभक्त समुदाय भी तैयार कर लिया गया जो सोशल मीडिया पर फैलायी गयी हर अफवाह को सच मानता है और उसके लिए बिना आगा पीछा सोचे हिंसा करने व सहने को तैयार रहता है।  
चुनावी प्रबन्धन से मोदीशाह ने दूसरी बार भी लोकसभा का चुनाव जीत लिया व दल बदल का सहारा ले राज्यसभा में भी बहुमत बना लिया। अब वे कानून बनाने में सक्षम थे और उन्हें प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी बनाये जाने का संघ का कर्ज उतारना था। हिन्दुओं का वर्चस्व स्थापित करने के साथ साथ मुसलमानों को दोयम दर्जे का नागरिक बनाये जाने के लिए उत्तेजना बनानी थी इसलिए ऐसे कई काम किये जिसमें मुसलमानों का स्वाभिमान आहत हो। मुसलमानों में विवाह एक समझौता होता है जिसे उसकी कीमत चुका कर व कुछ नियमों का पालन कर के बाहर आया जा सकता है। यह इतना सरल है कि तीन बार तलाक कह कर भी अलग हुआ जा सकता है। इस घेरे में आने वाली स्त्रियों के लिए यह सचमुच दुखद है, पर भारत में ऐसी पीड़ित महिलाओं की संख्या आधा प्रतिशत भी नहीं होगी, पर तलवार सब के सिर पर लटकी रहती है। तीन तलाक विरोधी कानून पास करा लिया गया। मुसलमान इसे अपने धर्म में हस्तक्षेप मानते हुए किसी तरह का विचलन नहीं चाहते थे, किंतु संख्या बल के आधार पर इसे बदल दिया गया। मुस्लिमों को मानसिक आघात लगा किंतु वे चुप रहे क्योंकि पीड़िताएं खुद कुछ नहीं बोल रही थीं। उसके बाद बाबरी मस्जिद का फैसला आया जो न्याय की जगह एक समझौते की तरह था जिसमें शांति को ध्यान में रखते हुए हिन्दुओं को विवदित स्थल सौंप दिया गया और मुसलमानों को दूर इलाके में मस्जिद बनाने हेतु कई गुना जमीन दी गयी। इतने सालों के मुकदमे और विवाद के आधार पर तनाव व सैकड़ों मौतें देख चुके मुस्लिम समाज ने इसे भी अपना अपमान समझा, पर चुप रहे। कश्मीर में धारा तीन सौ सत्तर की समाप्ति में कश्मीर के आतंकवादियों समेत पूरे कश्मीरियों और शेष अन्य मुसलमानों को भी आतंकी, पाकिस्तानी और गद्दार कह कर अपमानित किया गया। उन्होंने इसे भी सहन कर लिया। बाद में नागरिकता कानून में संशोधन का जो बिल आया उसमें तो सीधे सीधे धर्म के आधार पर विभाजन कर मुसलमानों को वंचित कर दिया गया। भले ही वह पाकिस्तान, बांगला देश और अफगानिस्तान के शरणार्थियों को नागरिकता देने के मामले में था, पर सरकार की नफरती और उकसाने वाली मानसिकता का संकेत तो दे ही रहा था। इसी बीच असम में नागरिकता रजिस्टर बनाने में जो लोग बाहर हो गये उनमें गैर मुस्लिम अधिक थे। इससे पूरे देश के लोगों को समझ में आ गया कि प्रमाण न होने पर कोई भी नागरिक संदिग्ध माना जा सकता है और डिटेंशन कैम्प में भेजा जा सकता है। इससे उठे असंतोष से बचने के लिए ही नागरिकता संशोधन कानून लाया गया था। इसमें खतरा तो सबको था किंतु मुसलमानों के साथ लगातार हो रहे भेदभाव और बार बार पाकिस्तान भेज देने की धमकियो को देखते हुए उन्हें ज्यादा खतरा महसूस हुआ। उन्होंने विरोध किया तो उत्तर प्रदेश और ज़ामिया में उन्हें गोलियां मिलीं।
ज़ामिया के विरोध में निर्मम दमन को देखते हुए दृढ संकल्पित महिलाओं को आगे किया गया जिसका प्रभाव हुआ कि पूरे देश में शाहीन बाग आन्दोलन प्रारम्भ हो गया। इस आन्दोलन को भले ही सभी गैर भाजपा दलों के लोगों का समर्थन था किंतु बुर्काधारी महिलाओं की अधिक संख्या के कारण वह मुस्लिम महिलाओं का आन्दोलन नजर आया। सत्तारूढ दल भी इसे हिन्दू बनाम मुसलमान ही बनाना चाहता था। वामपंथी बुद्धिजीवियों के भरपूर सहयोग के बाबजूद भी इसका स्वरूप गोदी मीडिया ने धर्मनिरपेक्षता बनाम कट्टर हिन्दू साम्प्रदायिकता नहीं बनने दिया। दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान इसे बहुत बदनाम किया गया, महिलाओं को बिरयानी खाने या 500/- रुपये रोज पर बैठी हुयी बताया गया। पर इस बात का असर नहीं हुआ और एक बार फिर भाजपा बुरी तरह चुनाव हार गयी। यह पांचवें राज्य में उसकी लगातार गिरावट तो थी किंतु केन्द्र में उनकी पूर्न बहुमत वाली सरकार है।
दमन की सरकारी व अपने संगठन की ताकत से सम्पन्न केन्द्र सरकार दिल्ली में दूसरा शाहीन बाग खुलने का खतरा मोल लेने को तैयार नहीं थी। यही कारण रहा कि उत्तरी दिल्ली में जहाँ से ही उसके विधायक जीते थे, के जाफराबाद में महिलाओं के धरने पर उसने दिल्ली और बाहर के राज्यों से बहुबलियों को बुला व दिल्ली पुलिस से सुरक्षा दिलवा कर हमला करवा दिया। इस समय मुसलमानों ने भी मुकाबला किया जिससे जानमाल का खतरा ज्यादा हुआ। बहुत सारे घर् गाड़ियां जला दी गयीं, दुकानें और मकान आग की भेंट चढ गयीं। पचास के आस पास दोनो समुदाय के लोग मारे गये और अनेक गम्भीर रूप से घायल हुये।
जब भी हिन्दू राष्ट्र की बात होती है तो हिन्दुओं के कम समझ वाले हिस्से के अहम को बड़ी संतुष्टि मिलती है। उन्हें इतना और ऐसा पौराणिक इतिहास पढा दिया गया है कि यह जगतगुरु देश हिन्दुओं का ही था, और मुसलमानों ने आकर इसे नष्ट किया, जबकि सच एकदम से भिन्न है। जो देश सात सौ साल तक मुसलमानों के शासन में रह कर भी अपने धर्म और संस्कृति को बचाये रख सका उसे उसके धर्म पर खतरे का भय दिखाया जाने लगा। इक्का दुक्का घटनाओं को उदाहरण बता कर उसे पूरी कौम पर लादा जाने लगा। कभी घर वापिसी, कभी लव जेहाद, कभी गौरक्षा के नाम माब लिंचिंग, कभी वेलंटाइन डे के नाम संस्कृति रक्षा, कभी नमाज के समय मस्जिद के आगे से बैंड बजाते हुए कथित शोभा यात्राएं निकालना, कभी जलूसों में आपत्तिजनक नारे लगवाना , कभी कुछ तो कभी कुछ कर के टकराने के मौके तलाशे जाते रहे। उनकी सूची बहुत लम्बी है और सत्ता के भरोसे वे नये नये मुद्दे सामने लाते रहेंगे। दूसरी ओर मुस्लिम समाज भी अपना रक्षा घेरा मजबूत करने के चक्कर में अलगाव का शिकार होता गया व टकराव की तैयारियां करता दिखने लगा।
घटती लोकप्रियता के समय में संघ परिवार और भाजपा के पास यह सीमित समय है जब उसके पास लोकसभा और राज्यसभा में पूर्ण बहुमत है। राष्ट्रपति और सरकार उसकी है। प्रशासन, पुलिस और फौज उसके नियंत्रण में है। वैसे तो कार्पोरेट घराने जिन्होंने पूरे मीडिया को खरीद रखा है, उसके पास है, किंतु राज्यों की पराजयों से लगता है कि आर्थिक समस्याओं के कारण उनका जनसमर्थन छीज रहा है। पार्टी के अन्दर भी घुटन बढ रही है, इसलिए उनके पास समय कम है। कथित हिन्दू राष्ट्र के लिए अपने प्रयास वे इसी दौरान कर सकते हैं। और यही समय टकराव का समय होगा। दिल्ली के दंगे इसी तेजी के परिणाम हैं।
देखना होगा कि ऊंट किस करवट बैठता है!
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629
      
    
                  

गुरुवार, जनवरी 09, 2020

जे एन यू, लेफ्ट, संघी और नकाबपोश


जे एन यू, लेफ्ट, संघी और नकाबपोश
Image result for जे एन यू
वीरेन्द्र जैन
नाथूराम गोडसे ने जब महात्मा गाँधी की हत्या की थी तो वह उनके किसी प्रशंसक की तरह हाथ जोड़े हुये आया था और उन्हीं जुड़े हुये हाथों में उसने पिस्तौल छुपा रखी थी, जिसमें से तीन गोलियां उसने गाँधीजी के सीने में उतार दी थीं।
जिन लाल कृष्ण अडवाणी ने पूरे भारत में घूम घूम कर कमल का फूल पेंट किये डीसीएम टोयटा को रथ बता कर, व बाबरी मस्ज़िद को गुलामी का प्रतीक प्रचारित कर अयोध्या जाने के लिए मासूम भक्तों की भीड़ जोड़ी थी, उन्होंने ही बयान दिया था कि ‘मैं तो उन्हें मस्जिद तोड़ने से रोक रहा था, पर वे मेरी भाषा नहीं समझ सके और वह इमारत टूट गयी’। योजनाबद्ध तरीके से अटल बिहारी वाजपेयी को दिल्ली और संसद में मोर्चा सम्हालने के लिए भेज दिया गया था, उन्होंने संसद में कहा था कि मस्ज़िद टूटने पर अडवाणी जी का चेहरा आंसुओं से भरा हुआ था, अर्थात वे तो दुखी थे। इस दोहरे चरित्र से दुखी होकर ही बाल ठाकरे ने कहा था कि बाबरी मस्जिद तोड़ने की मैं जिम्मेवारी लेता हूं इसे हमारे लोगों ने तोड़ा। क्या मराठी लोग इतनी हिन्दी भी नहीं समझते कि उन्हें किस बात के लिए रोका जा रहा है।
भाजपा की असमंजस हमेशा यह रही कि वे जिम्मेवारी से तो बचना चाहते हैं किंतु भोले भक्तों के बीच उसका चुनावी लाभ भी लेना चाहते हैं, इसलिए जब भाजपा शासित चार राज्यों की सरकारें दंगों के कारण भंग कर दी गयीं तो उसके बाद हुये चुनाव में उनका नारा था ‘ जो कहा सो किया’ । अब लोग समझ लें कि उन्होंने क्या कहा था और क्या किया। यह ऐसे चतुर सुजानों की भाषा थी जिनकी चतुराई जगह जगह से टपकी फिर रही हो।
गुजरात में 2002 के नरसंहार में लगभग तीन हजार मुसलमानों की हत्या करके उनके घर और दुकानें लूट ली गयी थीं उनमें से 962 मृतकों का तो पोस्टमार्टम हुआ इसलिए सरकारी तौर पर स्वीकार कर लिये गये और शेष गायब बताये गये। किसी को भी इस नरसंहार के लिए फांसी नहीं हुयी। इतने बड़े नरसंहार के बाद भी अभियोजन की मदद से सारे आरोपी छूट गये या जमानत पर अपनी पूरी जिन्दगी गुजार देंगे। उसी नरसंहार की याद दिलाते हुए कर्नाटक के एक भाजपा विधायक ने हाल ही में कहा कि मुसलमान न भूलें कि 2002 में गुजरात में क्या हुआ था और वह दुहराया भी जा सकता है। ऐसा ही एक दिन में साफ कर देने का बयान हरियाणा के एक विधायक ने दिया है। इसका मतलब यह कि         ‘ अश्वत्थामा हतो, नरो वा कुंजरो’ की तरह अर्थ कुछ और है व आशय कुछ और है।
जे एन यू छात्र संघ के चुनावों में हर राजनीतिक विचारधारा के छात्र संगठन भाग लेते हैं, और एक ही मंच से एक दूसरे की विचारधारा के खिलाफ खुल कर बहस करते हैं। वहाँ की संस्कृति में वैचारिक मतभेद कभी हिंसक नहीं हुये थे क्योंकि वामपंथ वहाँ मुख्यधारा में था व भाजपा के छात्र संगठन एबीवीपी को वहाँ के छात्रों ने कभी गम्भीरता से नहीं लिया। प्रखर छात्रों व प्रोफेसरों द्वारा साम्प्रदायिकता की मुखर आलोचना के प्रभाव में छात्रों के बीच एबीवीपी अछूत की तरह रहा व अनेक द्लों में विभाजित वामपंथ ही वहाँ की मुख्यधारा रहा। किंतु किसी भी तरह सत्ता हथिया लेने में कुशल मोदी सरकार के केन्द्र में आने के बाद वे जे एन यू छात्रसंघ में अपना स्थान बना कर वहाँ की मुख्यधारा को बदल देना चाहते थे। उल्लेखनीय है कि 2014 में ही सुब्रम्यम स्वामी ने कहना शुरू कर दिया था कि जे एन यू को बन्द कर देना चाहिए। सच तो यह है कि जे एन यू के छात्र जो सच्चाई सामने लाते थे उससे इनके झूठ के गुब्बारे की हवा निकल जाती थी।
2016 में ही इन्होंने देश के विरोध का आरोप उन छात्र नेताओं पर लगा दिया, जिन्होंने वैसा कुछ कहा ही नहीं था जैसा प्रचारित किया गया। उनके दुष्प्रचारक ही नहीं अपितु स्वयं प्रधानमंत्री, और गृहमंत्री तक छात्रों को अर्बन नक्सल या टुकड़े टुकड़े गैंग कहने लगे। देशद्रोह का  मुकदमा तक लगवाने की कोशिश की। जो सत्ता के शिखर पर बैठे हैं वे देशद्रोह जैसे आरोपों पर कार्यवाही करने की जगह इसे अपने राजनीतिक प्रतिद्वन्दियों के प्रति अवधारणा बनाने में प्रयोग करें तो शर्म आती है। सच तो यह है कि जो प्रचारित किया गया वैसा कोई मामला था ही नहीं।
जे एन यू में हाल में घटित घटनाओं के लिए जाँच बैठाने की औपचारिकता चल रही है किंतु हालिया रवैये को देखते हुए रिपोर्ट सत्य से बहुत दूर भी हो सकती है, जबकि लगभग सबको पता है कि अपराधी किसके भेजे हुये थे व पुलिस और सेक्युरिटी ने क्यों अपना काम नहीं किया। वी सी की राजनीतिक नियुक्ति से लेकर फीस बढाने और बाहर से बाहुबली लाकर अपने प्रभुत्व को बढाने में स्तेमाल करने तक जो काम देश की सत्तारूढ पार्टी का अध्यक्ष, गृह मंत्री व प्रधानमंत्री कर रहे हैं वह इन पदों की गरिमा को बहुत नीचे ले जा रहा है। अब तो नगर निगमों तक की राजनीति इन से ऊपर उठ रही है। दो राजनीतिक विचारधाराओं में मतभेद होना तो लोकतंत्र के स्वास्थ के लिए अच्छा है, किंतु देश की राजधानी में देश के सबसे महत्वपूर्ण विश्वविद्यालय में  नकाबपोश आकर वहाँ के छात्रसंघ की महिला अध्यक्ष पर घातक हमला करें, अन्य महिला प्रोफेसरों समेत अनेक छात्रों पर हमला करें,  दो तीन घंटे तक आतंक का नंगा नाच करें और न वीसी कुछ करे, न सेक्युरिटी, न पुलिस तो खतरे की गम्भीरता को नापना जरूरी है। इसी राजधानी में ही राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री आदि भी रहते हैं। जब कोई ऐसा अपराधिक काम करता है जिसे वह सामने आकर नहीं कह पा रहा हो तब ही वह नकाब ओढ कर आता है। इन्हीं नकाबपोशों ने उन कमरों और कार्यालयों पर कोई हमला नहीं किया जिन के बाहर एबीवीपी या उनके संगठन से जुड़े होने के संकेत थे। यह भी अपने आप में साफ संकेत देता है, कि हमलावर कौन थे।
 सुप्रीम कोर्ट को भी कहना पड़ रहा है कि देश की हालत बहुत खराब है व सरकार को तेजी से ध्यान देना चाहिए। सच तो यह है कि देश के सर्वोच्च पद पर बैठे हुए लोग भले ही निर्धारित ढंग से चुन कर आये हों किंतु वे अपने पद का निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं। लोकतंत्र की दुहाई भी तब ही दी जा सकती है जब दल के चुनावों में लोकतंत्र हो और पदों की उम्मीदवारी के लिए चयन भी लोकतांत्रिक तरीके से हो। व्यवस्था में निरंतर विचलन हो रहे हैं जो देश को गलत दिशा में धकेल रहे हैं। ईवीएम का लोकतंत्र सड़्कों के लोकतंत्र से पिछड़ रहा है। ऐसी दशा में गृहयुद्ध से लेकर विभाजन की ओर बढने तक कुछ भी असम्भव नहीं। देश में विश्वविद्यालय तब सही विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं, जब कि विपक्ष अपना काम नहीं कर रहा है। दिल्ली में राजनीतिक कर्यकर्ताओं की जगह जुझारू छात्र अमीर कजलवाश के इस शे’र में व्यक्त विश्वास के साथ सड़क पर ही हैं।
मिरे जुनूं का नतीजा जरूर निकलेगा
इसी सियाह समुन्दर से नूर निकलेगा
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629
     

शनिवार, दिसंबर 28, 2019

प्रेमचन्द से राजेन्द्र यादव तक के देखे सपनों का पूरा होना


प्रेमचन्द से राजेन्द्र यादव तक के देखे सपनों का पूरा होना
वीरेन्द्र जैन


आज अगर राजेन्द्र यादव होते तो बहुत खुश होते।
जनवरी 1993 में हंस के सम्पादकीय में उन्होंने एक अलग रुख लिया था। 6 दिसम्बर 1992 को बाबरी मस्जिद तोड़ने पर, जब सभी बुद्धिजीवी , पत्रकार , सम्पादक राजनेता, सामाजिक कार्यकर्ता एक स्वर से कट्टर हिन्दुत्व की निन्दा कर रहे थे तब उन्होंने उस मुस्लिम नेतृत्व की आलोचना की थी  जिसने कुछ वर्ष पहले ही शाहबानो मामले पर दिल्ली के बोट क्लब पर पाँच लाख की रैली निकाल कर एक स्पष्ट विभाजन रेखा खींच दी थी।
उन्होंने लिखा था कि तुम लोगों ने बाबरी मस्ज़िद तुड़वा ली। बहुत दावे कर रहे थे कि ईंट से ईंट बजा देंगे, पर यह भूल गये थे कि तुम अल्पसंख्यक हो और जब संख्या बल के आधार पर टकराने की कोशिश करोगे तो बहुसंख्यक ही जीतेंगे। ऐसा करके तुम बहुसंख्यकों को एकजुट होने व हमलावर होने को उकसाने का काम करोगे। किसी भी देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की गारंटी उनकी अलग से एकता नहीं अपितु एक धर्म निरपेक्ष व्यवस्था ही देती है।
पिछले दिनों सिटीजनशिप अमेन्डमेंट बिल और फिर एक्ट में धार्मिक आधार पर जानबूझ कर भेदभाव किया गया था ताकि मुसलमानों का विरोध धार्मिक विभाजन पैदा करे और कम पढे लिखे या अन्धभक्तों हिन्दुओं को लगे कि यह विरोध अनावश्यक व बेमानी है। खुद को चाणक्य समझने वाले लोगों ने पिछले अनुभवों के आलोक में, अपनी समझ से बहुत चतुराई भरी चाल चली थी, ताकि बेरोजगारी, मन्दी आदि से प्रताड़ित जनता साम्प्रदायिकता के तनाव में इन्हें भूल जाये व विधानसभा चुनावों में उन्हें फिर जिता दे। बहुत हद तक वे सफल भी हुये किंतु हमारी चुनाव प्रणाली, जो कभी एक दल को लाभ दे जाती है, वही कभी नुकसान भी कर जाती है।
बिल के षड़यंत्र को समझ कर न केवल मुस्लिमों ने अपितु देश भर के धर्मनिरपेक्ष लोगों ने एकजुट होकर षड़यंत्र को उजागर किया व आन्दोलन में एकजुटता दिखायी। महाराष्ट्र राज्य की पराजय के बाद झारखण्ड में हुयी पराजय के साथ बिल के सामूहिक विरोध ने इसे साम्प्रदायिक बनने से रोका और धर्मनिरपेक्ष आधार पर दलों में एकजुटता स्थापित हुयी। यह पराजय न केवल आरएसएस के इशारों पर नाचने वाली भाजपा की पराजय थी अपितु यह ओवैसी के फैलते प्रभाव की पराजय भी थी। उल्लेखनीय यह है कि यह एकता बिना किसी परम्परागत नेतृत्व के बनी है और जनता की समझ की एकता है। इसमें लिंग भेद के बिना जो शिक्षित युवा एकत्रित हुये उन्होंने सारे बहकावों और दुष्प्रचार के साथ साथ सारे लालचों को भी ठुकरा दिया। कुछ गैरसरकारी संगठन और वामपंथी कला समूह तो इस दिशा में लगातार सामर्थ्यभर प्रयास करते रहे हैं जिसने बीज का काम किया। यह सब उन्होंने अपना कर्तव्य मान कर किया।
राजेन्द्र यादव का भी यही सपना था। उन्होंने हंस के माध्यम से लगभग तीन दशक तक इस मशाल को जलाये रखा और बेहद सुलझे तरीके से परिस्तिथियों का विश्लेषण सामने लाते रहे। सम्पादकीय आलेखों के माध्यम से यह काम पहले प्रेमचन्द, कमलेश्वर, और उत्तरार्ध में प्रभाष जोशी ने भी किया। आज उन सब के सपने सफलता की ओर बढ रहे हैं।  
फैज़ के शब्दों में कहें तो –
जो दरिया झूम के उट्ठे हैं, तिनकों से न टाले जायेंगे
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629
 
  

शुक्रवार, अक्टूबर 13, 2017

जनान्दोलनों का विकृतीकरण

जनान्दोलनों का विकृतीकरण
वीरेन्द्र जैन
सुप्रसिद्ध लेखक व वामपंथी विचारक राजेन्द्र यादव ने अपने एक सम्पादकीय आलेख में कुछ इस तरह लिखा था कि हमारे विरोधी कई तरह के हथकण्डे स्तेमाल करते हैं। पहले वे विरोध करते हैं पर जब उसमें सफल नहीं हो पाते तब हमारे विचार को विकृत करके पेश कर नफरत पैदा करते हैं, और उसमें भी सफल न हो पाने पर वे विलीनीकरण करते हुए कहते हैं कि हमारा रास्ता तो एक जैसा है और हमारी भाईबन्दी है। उन्होंने बुद्ध धर्म का उदाहरण देते हुए बताया था कि एक समय उनका बहुत विरोध किया गया यहाँ तक कि हिंसक संघर्ष में उनके हजारों मठ नष्ट कर दिये गये व मूर्तियां तोड़ दी गयीं। उसके बाद विकृतीकरण का दौर आया और तरह तरह से उनके नियमों आचरणों का मखौल बनाया गया। बुद्धू शब्द भी बुद्ध को विकृत करके जन्मा है। पर उसके बाद बुद्ध को विष्णु के अवतार के रूप में मान्यता दे दी गयी और उनको विलीन करने की कोशिश की गयी। उल्लेखनीय है कि अभी हाल ही में भाजपा के एक सांसद मेघराज जैन ने जैन धर्माबलम्बियों को अल्पसंख्यक घोषित किये जाने को एक षड़यंत्र बताते हुए उसे हिन्दू धर्म की ही एक शाखा बताया व मांसाहारियों के साथ अल्पसंख्यक होने की घोषणा को वापिस लेने की मांग की है। रोचक यह है कि इसी दौरान उन्हीं के राज्य के एक विधायक ने स्लाटर हाउस के विरोधियों को जबाब देते हुए कहा कि देश का अस्सी प्रतिशत हिन्दू भी मांसाहारी है, उसके बारे में भी सोचो।
अब आये दिन देखा जाने लगा है कि मजदूरों, कर्मचारियों के आन्दोलन में जलूस धरने प्रदर्शन की जगह कुछ लोग सामूहिक सद्बुद्धि यज्ञ हवन या भजन कीर्तन करने लगे हैं। यह बात अलग है कि अगर प्रबन्धन और श्रमिक संगठनों के बीच पहले से सांठ गांठ न रही हो तो ऐसे धार्मिक आयोजनों के प्रभाव में कभी कोई मांग पूरी नहीं हुयी है। ऐसे आयोजनों के पीछे एक और कूटनीति छुपी होती है और वह है मजदूरों के बीच में साम्प्रदायिक विभाजन कराना। जब एक धर्म विशेष की पूजा पद्धति को आन्दोलन का हिस्सा बनाया जायेगा तो श्रमिक एकता में विभाजन को रोका नहीं जा सकेगा। इसका ही परिणाम हुआ है कि कई प्रबन्धकों ने एक धर्म विशेष के लोगों को कार्यालय के समय में उपासना के लिए छुट्टी दे कर विभाजन के बीज बो दिये हैं जबकि होना यह चाहिए था कि एक धर्मनिरपेक्ष राज्य के कार्यालयों/ कारखानों में समस्त उपासनाएं उनके व्यक्तिगत समय में ही सीमित होना चाहिए और भक्ति या नौकरी में से किसी एक का चुनाव करने का नियम कठोरता से लागू होना चाहिए। देखने में यह बहुत मामूली सी सुविधा लगती है पर इसका प्रभाव दूरगामी होता है।
हिन्दू पुराणों में दुनिया के निर्माण के लिए एक देवता का उल्लेख आया है जिन्हें विश्वकर्मा का नाम दिया गया है। बाद में तो देश की कुछ श्रमिक जातियों जैसे लोहार, बढई आदि ने अपना जातिनाम विश्वकर्मा रखना शुरू कर दिया। दुनिया में रूस की क्रांति के बाद जब मजदूरों किसानों का महत्व पहचाना गया तब अमेरिका के शिकागो से शुरू हुये मई दिवस [मजदूर दिवस] का आयोजन हमारे देश में भी जोर शोर से होने लगा। श्रमिकों के बीच कम्युनिष्ट पार्टी से जुड़े मजदूर संगठनों की लोकप्रियता भी बढने लगी। हमारे देश के पहले संसदीय चुनावों में कम्युनिष्ट पार्टी मुख्य विपक्षी पार्टी की तरह उभरी थी। जब दुनिया में शीत युद्ध का दौर आया तो कम्युनिष्ट पार्टियों के समानांतर दक्षिणपंथी पार्टियों को उभारा गया। इनमें आरएसएस की पृष्ठभूमि वाली जनसंघ जो बाद में भाजपा की तरह अवतरित हुयी मुख्य दक्षिणपंथी पार्टी की तरह सामने आयी। इसने वामपंथी श्रमिक संगठनों के समानांतर अपने श्रमिक संगठन बनाये जो भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले गठित किये गये। इस संघ ने कालांतर में मई दिवस के समानांतर विश्वकर्मा दिवस मनाना शुरू कर दिया व धार्मिक प्रतीक के साथ जुड़े होने के कारण हिन्दू मजदूरों में सहज लोकप्रियता प्राप्त कर ली। वैसे तो पुराणों में विश्वकर्मा जयंती दीवाली त्योहर के अगले दिन होने का उल्लेख आया है किंतु समस्त कार्यालयीन कार्य ग्रेगेरियन कलेंडर के हिसाब से होने के कारण उसे प्रतिवर्ष 17 सितम्बर को मनाया जाने लगा व भारतीय मजदूर संघ की मांग पर प्रबन्धन ने उस दिन छुट्टी भी घोषित कर दी। इस तरह मजदूरों के बीच धार्मिक आधार पर भेद पैदा कर दिया गया। नई इकाइयों के प्रारम्भ करने में हिन्दू विधि से पूजा पाठ करने, भूमि पूजन करने आदि की परम्परा ने भी जोर पकड़ा।
धर्मनिरपेक्ष समाज में साम्प्रदायिक आधार पर विभाजन के बीज बोने के बारीक काम तो बहुत सारे होते रहे जो तुरंत समझ में नहीं आते किंतु इनके परिणाम दूरगामी होते हैं, जैसे कि ईसाई मिशनरियों द्वारा संचालित स्कूलों की लोकप्रियता के समानांतर संघ ने शिक्षण संस्थाएं संचालित करना प्रारम्भ कीं और अपने स्कूलों का नाम सरस्वती शिशु मन्दिर रखा। विद्यालय की जगह मन्दिर का नामांकरण किसी संस्था को धर्म विशेष से जोड़ देने का महीन खेल था, जिसमें दोपहर के भोजन अवकाश के समय भोजन मंत्र का पाठ किया जाना अनिवार्य था। बाद में इनकी सरकारें बन जाने पर तो समस्त योजनाओं का नामांकरण ही इस तरह से किया जाने लगा जिसमें धर्म विशेष से सम्बन्ध प्रकट होता था। सत्ता के सुख भोगते रहने तक काँग्रेस इस के प्रति उदासीन रही।
मजदूरों के विभिन्न संगठनों में बँट जाने के बाद भी उनमें धार्मिक और जातियों के आधार पर भेद हो जाने से उनकी ताकत कमजोर हुयी है। नियमित मजदूरों की संख्या निरंतर कम होती जा रही है व ठेका मजदूरों की संख्या बढ रही है। बेरोजगारी के कारण प्रतियोगिता बढने के कारण भी वे अपनी मांगों के लिए दबाव नहीं बना पाते जिससे प्रबन्धन ही लाभ की स्थिति में रहता है। इन दिनों धर्म के नाम पर श्रम के शोषण के जो खेल चल रहे हैं उन्हें समझने की जरूरत है। गौरक्षा, घर वापिसी, मन्दिर मस्ज़िद, लव जेहाद, तीन तलाक, धर्म परिवर्तन, आदि ऐसे ही तुरुप के पत्ते हैं जो विभिन्न तरह के आन्दोलनों के खिलाफ पटक दिये जाते हैं जिन्हें खरीदा हुआ मीडिया हवा देता रहता है।
सरकारी मशीनरी और लोकतांत्रिक स्तम्भों/ संस्थाओं को पूर्ण धर्म निरपेक्ष बनाये बिना शोषण की शक्तियों से मुकाबला कठिन है।   
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग, रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 09425674629

     

शुक्रवार, मार्च 18, 2016

जावेद अख्तर का विदाई भाषण ; एक दूसरा पाठ

जावेद अख्तर का विदाई भाषण ; एक दूसरा पाठ
वीरेन्द्र जैन

सुप्रसिद्ध शायर जावेद अख्तर ने राज्य सभा में अपना कार्यकाल पूरा होने पर जो विदाई भाषण दिया उसकी बहुत सारी प्रशंसा की गयी व यू ट्यूब आदि के माध्यम से उसे बार बार सुना गया। जावेद बहुत अच्छे शायर, कथाकार, स्क्रिप्ट राइटर, और एंकर ही नहीं अपितु बहुत अच्छे वक्ता भी हैं। एक बार भारत भवन में उनका भाषण डा.नामवर सिंह के साथ था तब अपनी वरिष्ठता के बाबजूद उन्होंने जावेद जी से पहले बोलने की विनम्रता दिखायी थी व अपने भाषण को संक्षिप्त करते हुए कहा था कि उन्हें जावेद का भाषण सुनना हमेशा से अच्छा लगता रहा है। उस दिन सचमुच जावेद अख्तर ने यह प्रमाणित भी कर दिया था। राज्यसभा का उक्त भाषण भी उनकी वक्तव्यकला का अच्छा उदाहरण था, किंतु उस भाषण की चर्चा जिन जुमलों के कारण जिन क्षेत्रों में हो रही है उसका केन्द्रीय भाव उस चर्चासे भिन्न था। वसीम बरेलवी का एक शे’र है-
कौन सी बात कहाँ कैसे कही जाती है
ये सलीका हो तो हर-इक बात सुनी जाती है
      जावेद की राजनीतिक सोच और धर्मनिरपेक्षता के प्रति प्रतिबद्धता से जो लोग भी परिचित हैं वे जानते हैं कि अभी पिछले दिनों जयपुर लिटरेरी फेस्टीवल के दौरान भी उन्होंने गर्व के साथ खुद को नास्तिक बतलाया था। किसी भी नास्तिक का बौद्धिक और सेक्युलर होना स्वाभाविक है। पेरियार ने कहा है कि ‘आस्तिक तो कोई मूर्ख भी हो सकता है किंतु नास्तिक होने के लिए विवेकवान होना जरूरी है’। आदमी को पैदा होने के कुछ ही घण्टों में नाम दे दिया जाता है और उसकी राष्ट्रीयता, धर्म व जाति तय कर दी जाती है। वह जिस परिवार में पैदा हुआ है उस परिवार का धर्म उस पर लाद दिया जाता है पर इन सब से मुक्त होने में बहुत संघर्ष करना पड़ता है।
      चर्चित भाषण सांसद ओवैसी के हाल ही में दिये उस विवादित बयान के विरोध में देखा गया है जिसमें उन्होंने कहा था कि कोई मेरी गरदन पर छुरी भी रख दे तो मैं ‘ भारत माता की जय’ नहीं कहूंगा क्योंकि ये मेरी संवैधानिक बाध्यता नहीं है। विवाद वाले समाचारों के भूखे चैनलों ने इस पर बहस भी करा दी जिस पर देशभक्ति के ठेकेदार लोगों ने भी खूब अपशब्द उगले व राष्ट्रव्यापी ध्रुवीकरण का माहौल बना। कुछ धार्मिक वेषधारियों को ना तो भाषा की तमीज है और न ही उनका वाणी पर संयम है। यही कारण था कि मुद्दा गरम था जो किसी अच्छे तर्कशील के लिए बहुत ही अनुकूल स्थिति होती है। जावेद ने अपने भाषण में उक्त विवादित बयान देने वाले नेता का कद कम किया, उसे एक राज्य के एक शहर के एक मुहल्ले का नेता बतलाया, और उस छोटे कद के मुँह से निकलने वाली बड़ी बात की विसंगति दर्शाते हुए खुद जोर जोर से भारतमाता की जय के नारे लगा कर देशव्यापी तालियां बटोर लीं। उनके इस काम से संघ संगठनों द्वारा  सभी मुसलमानों के विरुद्ध फैलायी जा रही नफरत की धार मौथरी हुयी। संघ परिवार के प्रचारक सीधे सरल लोगों को देश धर्म के नाम पर भरमाने का काम करते हैं किंतु जब उसी तकनीक से काम करने वाला कोई दूसरा आ जाता है तो उनका काम कठिन हो जाता है। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि कुछ् लोगों को यह नारा लगाये जाने से भी रोकने की जरूरत है कि मुसलमान के दो स्थान, पाकिस्तान या कब्रिस्तान।
      उक्त भाषण में जावेद ने देश की महानता और सहिष्णुता की परम्परा का गुणगान करते हुए दूसरे अनेक देशों में फैल रहे कट्टरवाद की आलोचना करते हुए पूछा कि हम किस रास्ते जाना चाहते हैं? क्या हमारे मानक वे देश हैं, जहाँ धर्म के विरोध में कुछ भी बोल देने पर ज़ुबान काट ली जाती है, या फाँसी पर चढा दिया जाता है। कुछ लोग उसी रास्ते पर देश को ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। जाहिर है कि उनका इशारा संघ परिवार के उन लोगों की तरफ था जो ऊल जलूल साम्प्रदायिक बयान देकर कट्टरवाद को बढावा देने का काम करते हैं। उन्होंने साफ शब्दों में चतुराई से कहा कि मोदी सरकार में कुछ योग्य लोग ‘भी’ हैं किंतु उनके ही कुछ विधायक, सांसद, राज्य मंत्री और मंत्री तक हैं जो उच्छंखृल हैं व माहौल को खराब करते हैं। मोदी सरकार को ऐसे तत्वों से दूरी बनाने की जरूरत है। अगले चुनाव में जीत हार की चिंता से मुक्त होकर ही कुछ साहसिक किया जा सकता है।
      उन्होंने कहा कि हमने लोकतंत्र का रास्ता चुना है व हमारे यहाँ जो लोकतंत्र है वैसा लोकतंत्र दूर दूर तक नहीं मिलता। लोकतंत्र ही वह रास्ता है जिसमें विपक्ष की भी सुनी जाती है। किंतु लोकतंत्र धर्मनिरपेक्षता के बिना नहीं चल सकता। जहाँ धर्मनिरपेक्षता नहीं है वहाँ लोकतंत्र भी नहीं है। परोक्ष में उन्होंने धर्म निरपेक्षता पर खतरों की ओर भी इशारा किया जिसका निशाना सीधा सीधा सत्तारूढ दल के एक हिस्से की ओर जाता था। विकास को स्वीकारते हुए उन्होंने कहा कि जहाँ कभी सुई भी नहीं बनती थी वहाँ से आज सेटेलाइट छोड़े जा रहे हैं। हमारा सौभाग्य है दुनिया की सबसे युवा आबादी भारत में है जहाँ पचास प्रतिशत से ज्यादा युवा 25 साल से कम के हैं। हमें इस आबादी को सम्हालना है क्योंकि सबसे ज्यादा बेरोजगार भी हमारे यहाँ हैं, सबसे ज्यादा टीवी मरीज हमारे यहाँ हैं, हर पांचवां बच्चा पाँच साल से कम उम्र में ही मर जाता है, हर साल पचास हजार महिलाएं प्रसव के दौरान मर जाती हैं। हमें अपने विकास को जीडीपी से नहीं अपितु मानव विकास से नापना होगा। 
      जो लोग जावेद अख्तर के भाषण को केवल भारत माता की जय बोलने तक ही सीमित रख रहे हैं उन्हें यह भाषण यू ट्यूब पर पुनः सुनना चाहिए।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग, रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 09425674629
        

      

गुरुवार, अक्टूबर 01, 2015

यह एक ‘अखलाक’ की नहीं अखलाक की हत्या है

यह एक ‘अखलाक’ की नहीं अखलाक की हत्या है
वीरेन्द्र जैन

            आम आदमी तो कभी भी कहीं भी मर सकता है, वह सड़क पर दुर्घटना में मर सकता है, भूकम्प में मर सकता है, वह मस्ज़िद में क्रेन गिरने से मर सकता है, मन्दिर में जल्दी दर्शन की भगदड़ में मर सकता है, केदारनाथ के तूफान में मर सकता है, किसी रथयात्रा या कुम्भ के शाही स्नान में कुचला जा सकता है। वह कांवड़ियों के रूप में ट्रक के नीचे आ सकता है, असली नकली आतंकियों के विस्फोटों का शिकार हो सकता है, वह ट्रेन दुर्घटना में मर सकता है या किसी फैक्ट्री में लगी आग या निर्माणाधीन इमारत के गिर जाने से मर सकता है| अगर आप आम आदमी हैं, तो आपकी मौत देश और समाज की अपूरणीय क्षति नहीं होती। वह चर्चा और सूचना माध्यमों की खबर भी नहीं बनती। उस आदमी की मौत तब ही चर्चा का विषय बनती है जब वह असमय और अस्वाभाविक हो। ऐसा इसलिए होता है कि मृत्यु को थोड़ी दूर मानने वाले समाज के दूसरे लोगों की कल्पना में उनकी अपनी मौत नाचने लगती है।
      नोएडा जिले के बसोहड़ा गाँव में अखलाख की हत्या देश की अपूर्णीय क्षति के रूप में नहीं देखी जायेगी, क्योंकि वह एक मामूली लोहार था। पर उसकी हत्या जिस समय, जिस तरह से,  जिन कारणों से, की गयी वह देश देश को ऐसी क्षति पहुँचा सकती है जिसकी पूर्ति होने पर भी निशान सदा बना रहता है। 
      पुराने लोग कहते थे कि झगड़े के मुख्य रूप से तीन कारण होते हैं, ज़र [धन], ज़ोरू और ज़मीन। ग्राम बसोहड़ा में घटी उपरोक्त तरह की घटनाओं में प्राथमिक रूप से तीनों कारण ही नज़र नहीं आते। यही कारण है कि ये अधिक चिंता का विषय हो जाता है। दुश्मन या बीमारी का पता हो तो उसे रोकने का प्रयास किया जा सकता है, सावधानी रखी जा सकती है, किंतु जब बीमारी और दुश्मन अमूर्त हो तो खतरा कभी भी हो सकता है। खेद का विषय है कि हम खतरों के प्रति लगातार लापरवाह बने हुए हैं। असमय मौतों की कथाएं मुआवजे के साथ ही समाप्त मान ली जाती हैं। न तो उनके कारणों की गहराई में जाया जाता है, और न ही ऐसे उपाय तलाशे जाते हैं ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। 
      अखलाक की हत्या की सच्ची या झूठी जिम्मेवारी किसी ने नहीं ली। पुलिस द्वारा गिरफ्तार प्रत्येक व्यक्ति हमेशा की तरह खुद को निर्दोष व घटनास्थल से अनुपस्थित बतला रहा है जो इस बात का संकेत है कि या तो यह हत्या किसी विचार से जुड़ी नहीं है या हत्यारे खुद भी उस विचार को सामने रखने का साहस नहीं रखते और किसी टुच्चे अपराधी की तरह अपना सीमित स्वार्थ हल करना चाहते थे। अपराधियों से मृतक का न तो कोई सम्पत्ति का विवाद था, न लेन देन का। उन्होंने न तो चोरी की और न ही बलात्कार के इरादे से आये थे। जब ये कुछ नहीं था तो इस घटना के पीछे जिन कारणों के संकेत मिलते हैं वो वही सबसे बड़ा खतरा हैं। सूचना माध्यमों के विस्तार, उनके डिजिटिलीकरण ने सन्देशों को क्षणों में विश्वव्यापी कर देने की क्षमता प्राप्त कर ली है। सूचना की इस शक्ति को अच्छे और बुरे दोनों तरह के लोग निशि-दिन हाथ में लिए घूमते हैं। यही कारण है कि साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण से लाभान्वित होने वाले लोग चुनावों के दौरान एक दूर की जगह साम्प्रदायिकता फैला कर दूसरी जगह लाभ उठाने का प्रयास करने लगे हैं। 
      खतरा यह है कि वे अपराधी देश की राजनीति की मुख्यधारा में आ गये हैं जो जर जोरू जमीन के लिए सत्त्ता पर अधिकार करना चाहते हैं, व किये हुए अधिकार को बढाना और बनाये रखना चाहते हैं। किंतु यही लोग देश के मिजाज को समझते हुए अपने मूल स्वरूप में सामने नहीं आना चाहते इसलिए मुखौटा ओढ कर अपने दोहरे चरित्र से वे अपने ही लोगों को धोखा दे रहे हैं और उन्हें साम्प्रदायिकता की आग में झौंक कर उस रास्ते पर धकेलने के लिए षड़यंत्र रचते रहते हैं जिस रास्ते पर देश के लोग चलना नहीं चाहते।
 जिस मुहल्ले में अखलाक रह्ता था वह हिन्दू बहुल मुहल्ला है और उस मुहल्ले में सबके बीच में बसे मुसलमानों के केवल दो घर थे। उनके वर्षों से वहाँ रहने पर न तो किसी को कोई परेशानी थी और न ही जमीन का कोई विवाद था। ईदुज्जहा के दिन मुसलमानों के यहाँ कुर्बानी की जो परम्परा है उसमें किसी भी पशु की कुर्बानी दी जा सकती है, इसलिए यह समझ में आने वाली बात नहीं है कि घने बसे हिन्दू बहुल मुहल्ले में रहने वाले मृतक के परिवार ने अपने घर में गाय की कुर्बानी दी होगी। यदि ऐसा होता तो कई दिन पहले से घर में गाय आ गयी होती या बाद में उसकी खाल, सींग, आदि बरामद हुआ होता। यदि यह काम घर से बाहर किया गया होता तो भी एक बड़े पशु का मांस उस छोटे से परिवार के उपयोग से बहुत अधिक होता, इसलिए इस तरह के काम में अन्य परिवार भी सम्मलित होने चाहिए थे। अगर ऐसा था तो हमला अखलाक पर ही क्यों हुआ। बसोहड़ा एक छोटे सा कस्बेनुमा गाँव है इस में भी इस कहानी को फैलाने के लिए व्हाट’स एप्प या लाउडस्पीकर जैसे पहचान छुपाने वाले माध्यमों का स्तेमाल यह बताता है कि अपराधी दूसरों को उत्तेजित कर अपनी पहचान छुपाये भी रखना चाहते थे।
      बिहार में चुनाव चल रहे हैं व उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले हैं। गत लोकसभा चुनाव में इसी तरह मुज़फ्फरनगर में फैलायी गयी हिंसा का लाभ लेकर उत्तर प्रदेश में चुनावी राजनीति की स्थिति बदली जा चुकी है। बिहार चुनाव में बहुत सारे राजनेताओं का भविष्य दाँव पर लगा है। यही कारण है कि पड़ोसी राज्य झारखण्ड में मस्ज़िद के आगे कटा हुआ सुअर फेंका जा चुका है क्योंकि वहाँ पक्ष का शासन है। दिल्ली के चारों ओर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का जो विस्तार हुआ है तथा स्मार्ट सिटी के जो तरह तरह के शगूफे हवा में हैं उससे नगरों के चारों ओर ज़मीनों की लूट शुरू हो गयी है। बहुत सम्भव है कि किसी दूरगामी योजना के अंतर्गत अखलाक को उस मुहल्ले से उजाड़ कर उस गाँव के सारे मुसलमानों को एक तरफ करने के लिए यह योजना बनायी गयी हो। गौ हत्या के झूठे आरोप या लव ज़ेहाद व बहू-बेटी बचाओ जैसे नारे सामान्य लोगों को भी जल्दी से उत्तेजित करने के लिए काफी होते हैं। स्मरणीय है कि अप्रैल 2013 में भाजपा की राष्ट्रीय नेता उमा भारती ने मुज़फ्फरनगर में एक समारोह के दौरान कहा था कि अगर पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बन गयी तो कागज पर बनी गाय के काटने पर भी प्रतिबन्ध लगा देंगे। गम्भीर बात यह भी है कि मंडल के समय में उभरे दलों को मुलायम ने अकेला छोड़ दिया है और मोहन भागवत के आरक्षण विरोधी बयान पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। अमर सिंह मुलायम और भाजपा दोनों के नेताओं से मिलते रहते हैं व आज़म खान भी चुप्पी साधे हुए हैं। ऐसे समय में ओवैसी की अति सक्रियता क्या गुल खिलायेगी? काँग्रेस सिपाहियों के बिना जरनलों की फौज़ है और मायवती के समर्थक दलितों के केवल वोटर बना कर छोड़ दिया गया है। वामपंथी अपने कोने जरूर सम्हाले हैं, पर मध्य में वे बयानों से अधिक कुछ नहीं कर पा रहे।  
काश इस कठिन समय में भाजपा में सम्मलित हो गये पूर्व सैनिकों और पुलिस अधिकारियों में से कुछ लोग आर के सिंह की तरह सामने आकर शत्रुघ्न सिन्हा की तरह मुखर हो सकें। देश तभी बचेगा।
वीरेन्द्र जैन                                                                          
2 /1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल म.प्र. [462023]
मोबाइल 9425674629