मीडिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मीडिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, सितंबर 10, 2020

कंगना रनौत प्रकरण में नारीवादियों पर हमला

 

कंगना रनौत प्रकरण में नारीवादियों पर हमला

वीरेन्द्र जैन

First fully directed film of Kangana Ranaut will be Aparajita Ayodhya | Kangna  Ranaut ने कियाअगली फिल्म Aparajitha Ayodhya का ऐलान, खुद करेंगी डायरेक्शन!  | Hindi News, बॉलीवुड

जब शिवसेना के गठबन्धन वाली महाराष्ट्र सरकार ने कंगना रनौत का अवैध निर्माण तोड़ने की कार्यवाही शुरू की तब परोक्ष में कंगना का समर्थन करने वाली भाजपा की सोशल मीडिया सेना ने एक ओर तो उसकी एकाध अच्छी फिल्मी भूमिका को उसके व्यक्तित्व से जोड़ते हुए उसके अंश पोस्ट करना प्रारम्भ कर दिये तो दूसरी ओर नारी वादियों पर हमला करना शुरू कर दिया कि वे अब क्यों नहीं बोल रहे है। सवाल उठता है कि जब नारीवादी या मानव अधिकारवादी अपनी बात कहते हैं तब क्या ये लोग उनका समर्थन कर रहे होते हैं? ये और ऐसे आरोप केवल उनके पक्ष को कमजोर करने के लिए उछाले जाते हैं, जिसका साफ मतलब उनकी छवि को धूमिल करके उनके पक्ष को कमजोर करना होता है। उल्लेखनीय है कि जब एक जीनियस लोकप्रिय युवा कलाकार सफदर हाशमी की हत्या हुयी थी और पूरी दुनिया में उसकी भर्त्सना हो रही थी तब जनसत्ता के एक सम्बाददाता ने उनके साथ मारे गये एक मजदूर राम बहादुर का मामला इसलिए उछाला था ताकि सफदर की हत्या के खिलाफ उठ रहे वैचारिक आन्दोलन के समर्थकों को कमजोर किया जा सके। इसके विपरीत सच यह था कि सीटू ने मजदूर के परिवार को अपनी ओर से पचास हजार की सहायता उपलब्ध करायी थी। ये लोग जब आये दिन मजदूरों के दमन पर एक वाक्य भी नहीं बोलते वे कला जगत को असंवेदनशील सिद्ध करने के लिए मजदूर राम बहादुर पर कलम चला रहे थे।

नारीवाद कोई जातिवादी आरक्षण जैसा नहीं है कि उसके लाभ जातिमुक्त समाज के निर्माण के मूल लक्ष्य को ही पलीता लगा दें और जातिवाद को बनाये रखने में मदद करें। यह कमजोरों के पक्ष में उठी आवाज है। जरूरी नहीं कि हर नारी कमजोर हो और उसे नारीवादियों के समर्थन की जरूरत हो। उदाहरण के लिए झांसी की रानी लक्ष्मीबाई को ही लें, उनके बारे में अंग्रेज इतिहासकारों ने ही सबसे पहले लिखा कि इतने पुरुषों के बीच वह अकेली मर्द की तरह लड़ रही थी। उनके साथ जुड़ा मर्दानी का विशेषण यहीं से लिया गया है। रजिया सुल्तान हों, मीरा बाई हों, या अहिल्या बाई से लेकर सामाजिक आन्दोलनों में सक्रिय अनेक महिलाएं नारीवादियों की समर्थन को मजबूर नहीं रहीं। नारीवाद का आन्दोलन तो सिमोन द बुउवा के उस कथन से संगठित हुआ है जिसे उन्होंने अपनी पुस्तक ‘द सेकिन्ड सेक्स’ में व्यक्त किया है। इसमें उन्होंने कहा है कि हम नारियां मानव जाति में एक भिन्न जेंडर तो हैं, किंतु दोयम दर्जे के जेन्डर  नहीं हैं, और उतने ही मनुष्य हैं। उल्लेखनीय यह भी है कि परिवार नियोजन के साधनों के विकास के बाद नारी की गुलामी की एक बड़ी जंजीर कटी है। सुप्रीम कोर्ट के एक प्रतिष्ठित वकील और नारीवाद पर खुल कर लिखने वाले अरविन्द जैन अपनी एक पुस्तक में लिखते हैं कि श्रीमती इन्दिरा गाँधी का अपनी बहू मनेका गाँधी के साथ सम्पत्ति का मुकदमा चला, जो हाईकोर्ट तक गया और फैसला इन्दिरा गाँधी के पक्ष में हुआ। फैसले के बाद इन्दिराजी ने वही सम्पत्ति वरुण गाँधी के नाम कर दी। वरुण उस समय तक वयस्क नहीं हुये थे इसलिए नेचुरल गार्जियन के रूप में उनकी मां मनेका गाँधी के पास वह सम्पत्ति वापिस पहुंच गयी। जब ऐसा ही होना था तो श्रीमती इन्दिरा गाँधी अपने परिवार की प्रतिष्ठा को चौराहे पर क्यों ले गयीं? अरविन्द जी लिखते हैं कि इन्दिरा जी अपने पूरे व्यक्तित्व में और खास तौर पर उस समय किसी नारी की तरह नहीं अपितु किसी पुरुष की तरह व्यवहार कर रही थीं।

अगर ऐसे में कोई नारीवादी उनके पक्ष में नारी और अबला के नाम पर कुछ बोलता तो वह नारीवाद का गलत स्तेमाल कर रहा होता। इसी तरह तस्लीमा नसरीन की पक्षधरता उनके नारी होने के नाम पर नहीं की जा सकती। वे ज्यादा और जल्दी उत्तेजित व हिंसक व्यवहार करने वालों को जानबूझ कर छेड़ती हैं और सरकारों को कटघरों में खड़ा करते हुए अपनी सुरक्षा की चुनौती पेश करती हैं। सरकार और सारे प्रगतिशील किंकर्तव्यविमूड़ होकर रह जाते हैं और वे अपनी लोकप्रियता को व्यवसाय बना कर लाभ में रहती हैं। अगर तस्लीमा के एक्टविस्म को छोड़ दिया जाये तो साहित्यिक मानदण्डों पर उनकी रचनाएं वह स्तर नहीं रखतीं, जिस स्तर की ख्याति उन्हें मिली हुयी है। यह एक ऐसा हथकण्डा बन गया है जिसे लोकप्रियता का व्यापार करने वाले अनेक लोग अपना चुके हैं और अपना रहे हैं। कंगना रनौत उनसे अलग नहीं हैं। जहाँ विरोध नहीं होता है, वहाँ वे विरोध पैदा करती हैं और उसका लक्ष्य किसी महत्वपूर्ण चर्चित व्यक्ति को बनाती हैं ताकि ज्यादा चर्चा हो, ज्यादा ख्याति मिले।

नारीवादियों ने कंगना रनौत का विरोध भी नहीं किया या उनसे किसी गुंडे की तरह बदला लेने वाली शिवसेना का समर्थन भी नहीं किया, भले ही उनका कदम विधिसम्मत था। नारीवादी हों या मानवाधिकारवादी उनकी समझ साफ है और वे हर पीड़ित के पक्ष में खड़े होना चाहते हैं। किंतु नकली घाव बना कर हाथ पैरों पर पट्टी बाँध कर धर्मस्थलों में जाने वालों की दया से कमाई करने वालों के प्रति सजग भी हैं।

सोशल मीडिया के जो सैनिक आज कंगना के पक्ष में खड़े होकर शिवसैनिकों का विरोध कर रहे हैं, वे ही जब तक भाजपा से उनका गठबन्धन था तब तक उनका समर्थन करते थे। आज पूरे देश में न जाने कितने कानून ऐसे हैं जिनका पालन नहीं होता और वे अपने विरोधियों के खिलाफ स्तेमाल करने के लिए सुरक्षित रखे जाते हैं। उत्तर प्रदेश के दो बड़े दल सीबीआई के डर से केन्द्र सरकार का अघोषित समर्थन करते हुए अपने समर्थकों को ठग रहे हैं। यही हाल दक्षिण के कुछ प्रमुख दलों का है। अब तो सीबीआई आदि एजेंसियों के साथ साथ न्यायपालिका के एक हिस्से पर स्तेमाल होते जाने के आरोप लगे हैं, और वे गलत भी नहीं लगते। रिया चक्रवर्ती के मामले में कुछ कुछ ऐसा ही हो चुका है। दुखद यह है कि बिका हुआ मीडिया ही मुख्य धारा बना हुआ है और वह खुली सौदेबाजी के आधार पर झूठ को स्थापित कर रहा है।
     

 

वीरेन्द्र जैन

2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड

अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023

मो. 9425674629         

गुरुवार, मार्च 16, 2017

उ. प्र, में भाजपा की जीत देखने का दूसरा कोण अनुपस्थित क्यों

उ. प्र, में भाजपा की जीत देखने का दूसरा कोण अनुपस्थित क्यों
वीरेन्द्र जैन

संस्कृत में एक श्लोक है-
विद्यायाम विवादाय, धनं मदाय, शक्तिम परेशां परपीडनाय
खलस्य साधूनाम विपरीत बुद्धि, ज्ञानाय, दानाय च रक्षणाय
अर्थात दुष्ट लोगों के पास विद्या विवाद के लिए, धन घमण्ड के लिए और ताकत दूसरों को पीड़ा पहुँचाने के लिए होती है, जबकि सज्जन पुरुषों के पास विद्या ज्ञान के लिए, धन दान के लिए, और ताकत दूसरों की रक्षा के लिए होती है। वृत्ति बदलने से उपयोग बदल जाते हैं।
यह सूचना का युग है और सूचना के आदान प्रदान की नवीनतम सुविधा मनुष्यता को बड़ी ताकत देती है। यह कम श्रम और व्यय में कई गुना और शीघ्र से शीघ्र जानकारी दे सकती है जो क्षणों में दूर दूर तक प्रसारित की जा सकती है। किंतु इसके साथ ही इसके स्तेमाल करने वाले की प्रवृत्ति इसके सदुपयोग या दुरुपयोग को तय कर सकती है। चिंता की बात है कि हमारे देश में लोकतंत्र के नाम पर सत्ता हथियाने को उतावले समूह इसका निरंतर दुरुपयोग कर रहे हैं। वे असत्य, अर्धसत्य, और भ्रमों का प्रसारण अपनी पहचान छुपा कर कर रहे हैं। झूठ बोलने की आज़ादी को अभिव्यक्ति की आज़ादी की ओट में पाला जा रहा है। सच तो यह है कि अभिव्यक्ति की आज़ादी देश के नागरिकों के लिए है न कि अनजान अज्ञात, अशरीरी लोगों के लिए है। इसके दुरुपयोग का जो दुष्परिणाम होता है उसके लिए दण्ड देने का कोई स्पष्ट कानून नहीं है और जो छोटा मोटा कानून है भी वह किसी अदृश्य व्यक्ति पर कैसे फैसला दे  सकता है! राजनीति के क्षेत्र में इसके दुरुपयोग ने लोकतंत्र पर प्रश्न चिन्ह खड़ा कर दिया है, क्योंकि आदर्श लोकतंत्र में सुशिक्षित, सूचना सम्पन्न, विचारवान जागरूक नागरिकों द्वारा बहुमत के आधार पर  सरकारें चुनने का सपना देखा गया है। ऐसा आदर्श समाज अभी बनना शेष है। जब देश के नागरिकों को जानबूझ कर गलत सूचना देकर उनसे प्रतिक्रिया पूछी जायेगी तो वैसी ही होगी।  
गलत सूचना फैला कर उसकी प्रतिक्रिया को अपने हित में मोड़ लेने का इतिहास भाजपा के पूर्व नाम जनसंघ के ज़माने से ही शुरू हो जाता है, जो अब रहस्य नहीं रह गया है। जल विद्युत योजनाओं को पानी में से बिजली निकाल कर उसे फसल हेतु अनुपयोगी बना देने की अफवाह हो, या दो बैलों की जोड़ी पर क्रास की मुहर का मतलब गौवंश को कत्ल हेतु भेजने का दुष्प्रचार हो, कम्युनिष्टों को गद्दार बताने की बात हो या ऐसी ही सैकड़ों अफवाहें हों, उनकी सारी चुनावी सफलताएं एक असत्य को स्थापित कर उसके आधार पर अपने विरोधी को परास्त करना होता है। उत्तर प्रदेश के ताजा विधानसभा चुनाव भी उससे अछूते नहीं रहे। मोदी व शाह के नेतृत्व में लड़े गये लोकसभा चुनाव से ही सूचना माध्यमों को खरीदने, उन्हें भ्रष्ट करने या अन्य दबावों से नियंत्रित करने का काम व्यापक पैमाने पर शुरू कर दिया गया था। हजारों की संख्या में ट्रालर्स भर्ती किये गये थे जो सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहे। मोदी के फालोवर और प्रशंसकों की संख्या की कलई बीबीसी ने  खोल दी थी किंतु नियंत्रित मीडिया द्वारा इसे नकारात्मक खबर वाले स्थान पर नहीं दिखाया गया था। इनकी अनंत कथाओं को छोड़ते हुए अगर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 पर ही केन्द्रित किया जाये तो सूचना माध्यमों ने पाँच राज्यों में हुए चुनावों को केवल उत्तर प्रदेश के चुनाव परिणामों तक ही सीमित करके सच को छुपाने की कोशिश की। जबकि सच यह है कि दो राज्यों में भाजपा बहुमत में आयी है व एक में पूर्ण बहुमत के साथ दो विधान सभाओं में सबसे बड़े दल के रूप में उभर कर काँग्रेस तीन में आगे रही।
उत्तर प्रदेश में ही नहीं उत्तराखण्ड में भी भाजपा ने सबसे अधिक दलबदल को प्रोत्साहन दिया  उन्होंने इस तरह आने वाले लोगों को आनन फानन में टिकिट देकर भी उपकृत किया। अपने व्यक्तिगत जातिवादी प्रभाव को मिला कर इनमें से ज्यादातर जीत भी गये। मोदी के पौरुष को बखानने वाले मीडिया ने दलबदलुओं को टिकिट देने की कभी आलोचना नहीं की। क्या केन्द्र में सत्तारूढ देश की प्रमुख पार्टी के लिए यह नैतिक है कि वो इस पैमाने पर दल बदल को प्रोत्साहित करे। किंतु मीडिया में इस पर कहीं भी आलोचनात्मक रुख देखने को नहीं मिला। बाद में अल्पमत में आकर भी गोआ और मणिपुर में जिस तरह समर्थन प्राप्त किया गया उसने तो सारे नैतिक मानदण्डों और स्वाभिमान को ताक पर रख दिया। जिस व्यक्ति को मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र दिला कर उसके अनचाहे देश के रक्षा मंत्री का भार दिया गया था उस फैसले को कुछ दलों ने समर्थन के सौदे में बदलवा दिया। इन दलों ने चुनावों के दौरान भाजपा और पर्रीकर की कटु आलोचना भी की थी। राष्ट्रवाद का दम भरती पार्टी एक छोटे से राज्य में सरकार बनाने की जोड़तोड़ में देश की रक्षा की जिम्मेवारी के साथ समझौता कर लेती है।   
किसी दल की नीतियों के प्रभाव की समीक्षा उसके द्वारा जीती गई सीटों के आधार पर नहीं अपितु उसको मिले मतों की संख्या के आधार पर ही मापी जा सकती है। गत लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा को 3,43,18854 मत मिले थे जो कुल डाले गये मतों के 42.63% थे जबकि ताजा विधानसभा चुनाव में कुल मत प्रतिशत बढ जाने के बाद भी उसे 3,12,38214 मत मिले अर्थात 31 लाख मत कम मिले। लोकसभा चुनावों में उन्हें 334 विधानसभा क्षेत्रों में बढत हासिल हुयी थी किंतु उक्त चुनाव में वे केवल 312 सीटें ही जीत सके। इसके विपरीत बहुजन समाज पार्टी को लोकसभा चुनावों के दौरान मिले 1,59,14194 [19.77%] के समक्ष 1,74,81654 मत मिले अर्थात 15 लाख मत अधिक मिले।
चुनावों के दौरान जितनी मात्रा में नगदी और शराब आदि पकड़ी गई है, जो कुल उपयोग का बहुत मामूली प्रतिशत होता है, यह बताता है कि नोटबन्दी के फ्लाप ड्रामे के बाबजूद भी चुनावों के तौर तरीकों में कोई फर्क नहीं आया है। यह तो स्पष्ट ही है कि चुनावों में या तो कार्पोरेट चन्दा लगता है जो वस्तुतः सत्तारूढ या सम्भावित बड़े दलों के लिए सुविधा शुल्क ही होता है या वह अवैध ढंग से कमाया हुआ पैसा ही होता है। स्वाभाविक ही है कि सत्ता से जुड़े दल ही इसे खर्च करते हैं।
ईवीएम मशीनों के दुरुपयोग की शिकायतें तब तक बेमानी हैं जब तक कि उनमें छेड़छाड़ का कोई नमूना प्रदर्शित नहीं किया जाता। किंतु यह तो तय है कि पिछले दिनों जिस पैमाने पर मोदी सरकार के फैसले अप्रिय और जनविरोधी थे उससे किसी भी मीडिया या चुनावी विश्लेषक को ऐसे चुनाव परिणाम की उम्मीद नहीं थी। यही कारण रहा कि ईवीएम मशीनों के आरोपों को विचार योग्य माना जा रहा है। एग्जिट पोल की बड़ी भद्द पिटी किंतु उस सन्दर्भ में कहीं चर्चा नहीं हो रही है कि इस तरह की हवा हवाई बातें कब तक चलनी चाहिए। क्या ये पोल किसी भी तरह के चकित करने वाले फैसलों के लिए वातावरण बनाने का काम करते हैं।  
इन चुनावों में न तो कहीं मुद्दे उभर कर आये और न ही जन समस्याओं व नीतियों पर गम्भीर चर्चा रही। यद्यपि भाजपा ने प्रदेश की बीस प्रतिशत आबादी के किसी प्रतिनिधि को टिकिट न देकर परोक्ष में साम्प्रदायिक विभाजन प्रकट कर दिया था पर अल्पसंख्यकों का गैरभाजपा दलों की ओर झुकना भी एक विभाजन पैदा कर रहा है, जो खतरनाक है। कुल मिला कर ये विधानसभा चुनाव सत्ता के उस सामंत कालीन युद्ध से अधिक कुछ नहीं रहे जिसमें सब कुछ ज़ायज होता है।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग, रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 09425674629


रविवार, अप्रैल 26, 2015

रंगीन अँधेरों का समय



रंगीन अँधेरों का समय
वीरेन्द्र जैन

यह नई तकनीकों का दौर है इसलिए अब अँधेरे काले ही नहीं होते वे रंगीन भी हो सकते हैं और हमें सच न देख पाने की वैसी ही परिस्तिथियां पैदा कर सकते हैं, जैसी कि चकाचौंध करती है। काले अँधेरे को झेलने के अभ्यस्त लोगों को इस दौर में लम्बे समय तक यह पता भी नहीं चल पाता कि वे अँधेरे में हैं। पिछले दिनों एक मध्यम वर्गीय गृहणी ने बहुत गम्भीर होकर कहा था कि आज मैं कल्पना भी नहीं कर पाती कि जब टेलीविजन के चौबीस घंटे चलने वाले चैनल नहीं थे तो महिलाएं अपना समय कैसे काटती थीं। इन रंगीन चैनलों ने उनके खाली समय को अपनी तरह से भर दिया है, और उन्हें यह पता नहीं चल पा रहा कि उन्हें नई तरह से कैद कर दिया गया है। इस कैद में चैनलों के मालिक और उनके विज्ञापनदाता सतही समझ के लोगों को सतही सम्वेदनाओं के द्वारा अपना माल बेचने की कोशिश करते हैं। अब बाज़ार से स्वाद तो मंगा लिया जाता है किंतु खुद के द्वारा प्यार और मेहनत से बनाये गये पकवानों को परोसने और निरंतर प्रयोगधर्मी पाक कौशल से प्रशंसा पाने का सुख समाप्त हो गया है। एक विज्ञापन में दादी माँ छुप कर बाज़ार का तैयार मसाला प्रयोग करके अपनी झूठी प्रशंसा का सुख लेती दिखायी जाती है, किंतु चंचल पोती उसका राज खोल देती है।  
कई दशक पहले लगभग सभी शिक्षा संस्थानों में सांस्कृतिक गतिविधियों से सम्बन्धित वार्षिक कार्यक्रम होते रहे थे जिनके द्वारा छात्रों की रचनात्मक गतिविधियों को सामने लाने उन्हें परखने, सजाने संवारने और प्रोत्साहित करने का काम होता था किंतु अब उनकी जगह भारी भरकम भुगतान पर किसी फिल्म या टीवी कार्यक्रम से जुड़े रहे किसी आर्केस्ट्रा ग्रुप को बुला लिया जाता है। अब छात्रों के बीच शिक्षा के साथ समानांतर रूप से सांस्कृतिक बीज पल्लवित पुष्पित होने बन्द हो गये। अब शिक्षा जगत में अच्छे कैरियर के लिए बैल की तरह जुते युवाओं और कलात्मक रुचि वाले युवाओं के वर्ग अलग अलग हैं। कलात्मक रुचि के युवाओं के लक्ष्य भी फिल्म और टीवी के कलाकार बनना, लाखों रुपयों में बिकने वाली पेंटिंग के स्तर तक पहुँचना या मँहगा संगीतज्ञ बनना हो गया है। दूसरे शब्दों में कहें तो इस क्षेत्र में भी घर में बनने वाले स्वादिष्ट खाने की जगह होटल से लाया गया भोजन या तैयार मसालों द्वारा होटल जैसा ही भोजन घर में तैयार करने की कोशिशें होती हैं, जिससे घरेलू कलाएं विस्मृत हो रही है। अब विवाह के लिए मुलाकात के समय शायद ही किसी लड़की से गीत संगीत सम्बन्धित ज्ञान के बारे में पहले की तरह पूछा जाता हो या वह चयन का आधार बनता हो। शौकिया कलाकार निरंतर कम हो रहे हैं। कवि गोष्ठियां लगभग बन्द या फ्लाप होने लगी हैं किंतु व्यापारियों या उनके क्लबों द्वारा बड़े बज़ट वाले कवि सम्मेलन होने लगे हैं जिनमें लाखों रुपया पारिश्रमिक लेने वाले कवि अपनी वर्षों पुरानी सतही सम्वेदनाओं वाली गीत रचनाएं या तोंदों को बाहर से गुदगुदाने वाला हास्य परोस कर मनोरंजन करते हैं। इस व्यवसाय में अति प्रचार द्वारा कलाकारों को इतना बढा चढा दिया जाता है कि उनको सामने सुनने का सुख किसी ऎतिहासिक घटना में सम्मलित होने जैसा लगता है, अन्यथा आजकल टीवी, डीवीडी, और इंटरनेट पर उन्हीं के मुख से गायी गयी वे ही रचनाएं सहज रूप में मौजूद हैं। जल्दी ही रिकार्ड होकर रचनाओं के बासी हो जाने से बचने के लिए व्यवसायी कवि बहुत सीमित मात्रा में ताजा ‘माल’ बाहर निकालता है पर समाचार पत्रों में साक्षात्कार देने की जुगाड़ जरूर जमाता है ताकि सेलीब्रिटी की तरह स्थापित होने की दिशा में अग्रसर हो सके। समाज को सम्वेदनहीन बनाया जा रहा है और शोक के समय पर नये तरह के रुदाले बुलवाये जाने लगे हैं, कामेडी सीरियलों में हँसी पीछे से जोड़ना पड़ रही है। जीवन को नकली सम्वेदनाओं से सजाया जाने लगा है।
सूचना की दुनिया में तो सबसे ज्यादा रंगीन अँधेरा फैलाया जा रहा है। यह रोचक है कि अखबारों के सरकुलेशन के आँकड़े बढ रहे हैं, उनके पेजों की संख्या बढ रही है, समाचार चैनल बढ रहे हैं, पत्रकारों की संख्या बढ रही है, पहले की तुलना में उनके वेतन और सरकारी पुरस्कार बढ रहे हैं, मुखर हो सकने की सम्भावना वाले पत्रकारों को सरकारी सुविधाएं बढ रही हैं पर खबरें कम से कम हो रही हैं। उक्त सारे पुरस्कार और सुविधाएं खबरों को दबाने, छुपाने या भटकाने के लिए दी जा रही हैं। खोजी पत्रकारिता लगभग समाप्त हो चुकी है, स्टिंग बन्द हो चुके हैं, विचारों का नयापन चर्चा में नहीं आ पाता क्योंकि इतना कचरा फैलाया जाता है कि उसमें से मोती ढूंढना मुश्किल होता है। कोई नहीं पूछ रहा कि इतना भारी भरकम अखबार छरहरे अखबार की तुलना में सस्ता और बेकार क्यों है! मोटे अखबारों में अक्षर कम पर चित्र अधिक छापे जा रहे हैं। समाज को उन सूचना माध्यमों से भर दिया गया है जिनमें ज्यादा रद्दी निकलती है। इस रद्दी में दो तीन पेज तो मुम्बइया फिल्मी गासिप और उनके रंगीन चित्रों से भरे रहते हैं। क्रिकेट में टूर्नामेंटवार, देशवार ही नहीं टीमवार, खिलाड़ीवार, खेल के मैदानवार रिकार्डों का अम्बार ही नहीं उसके खिलाड़ियों के प्रेम प्रसंग और विवाहों की खबरें खेलों के समाचारों से ज्यादा भरी होती हैं। सट्टेबाजी ने इनको और भी बढावा दिया है। इसी लोकप्रियता के आधार पर वे खिलाड़ी दुनिया भर के विज्ञापन भी कर लेते हैं।   
राजनीति में मोदीयुग के उदय में इसी मीडिया की भूमिका रही है। उनके चुनावी रणनीतिकारों ने न केवल प्रिंट और विजुअल मीडिया को ही भटकाया अपितु अदृश्य श्रोतों वाले सोशल मीडिया के नकली समर्थकों द्वारा झूठ और भ्रम पैदा करवाया गया। किराये के नाचने गाने वालों के साथ तो एक अवसर के लिए ही सौदा होता है। दूसरे अवसर पर अपनी प्रस्तुति देने के लिए उन्हें फिर से मेहनताना चाहिए होता है। केन्द्रीय मंत्री जनरल वी के सिंह ने  प्रैस को अनजाने में प्रैस्टीट्यूट नहीं कहा था। बाद में उसे केवल दस प्रतिशत तक सीमित रखने वाली सफाई भी बयान को नकारने वाली नहीं थी अपितु उसे गोलमोल बनाने की कोशिश थी क्योंकि उन्होंने दस प्रतिशत को चिन्हित नहीं किया गया था। उनकी सफाई से प्रैस का कोई भी हिस्सा नब्बे प्रतिशत में आ सकता है और कोई भी दस प्रतिशत में आ सकता है। अपने अपराधबोध के कारण ही प्रैस अपने विरोध को दूर तक नहीं ले जा सकी तथा नरेन्द्र मोदी ने भी परोक्ष में जनरल की बात से खुद को और पार्टी को अलग नहीं किया। भाजपा के प्रशंसक पत्रकार श्री वेद प्रताप वैदिक ने भी वी के सिंह की बात का समर्थन यह कह कर किया कि सभी ऐसे नहीं हैं और कुछ पत्रकार तो देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से भी ज्यादा समझदार हैं, जिसका अर्थ यह हुआ कि प्रैस के एक हिस्से को वे भी दोषी मानते हैं, पर किस हिस्से को, यह स्पष्ट नहीं करते। पत्रकार कलम का मज़दूर होता है पर जब अचानक ही कुछ पत्रकारों की धन दौलत और हैसियत में अकूत वृद्धि देखने को मिले तो यह स्वीकार कर लेना चहिए कि यह वृद्धि जनता के सामने सच्चाई छुपाने, जानबूझ कर गलत छवि गढने के बदले में देश की जनता के धन को लूटने वाले भ्रष्ट नेताओं, व्यापारियों, ठेकेदारों, और अधिकारियों के माध्यम से पहुँची होगी। एक पत्रकार द्वारा किया गया भ्रष्ट आचरण पूरे समाज और लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुँचाता है। आखिर क्या कारण है कि भ्रष्टाचार के अम्बारों में से किसी के प्रकटीकरण का काम प्रैस के द्वारा नहीं हुआ अपितु पत्रकार सरकारी गोपनीय सूचनाओं को पूंजीपतियों तक पहुँचाने का काम करते हुए पहचाने गये। जो खुद को लोकतंत्र का चौथा खम्भा कहता है वह शेष तीन खम्भों को तो कलंकित करने की शक्ति चाहता है पर अपने वर्ग में पल रहे अँधेरे की ओर इंगित नहीं करता। यह साहस केवल जनसत्ता के पूर्व सम्पादक प्रभाष जोशी ने किया था तब चुनावों के थोड़े समय तक पेड न्यूज की चर्चा चली थी जो अब बन्द हो चुकी है जबकि चुनावों के अलावा भी जो प्रतिदिन पेड न्यूज चलती है वह ज्यादा खतरनाक होती है। प्रैस की पवित्रता तब ही स्वीकार हो सकेगी जब वह निर्मम होकर अपने वर्ग में पल रहें दोषियों को भी उजागर करे। सम्वेदनहीन कला जब मनोरंजन मात्र बन रही हो और वह मनोरंजन सही सूचनाओं को ढकने के लिए प्रयोग में लाया जा रहा हो तो ऐसे मनोरंजन की अति का विरोध कला का विरोध नहीं कहा जा सकता। कौन सा लेखक, कलाकार, पत्रकार किन समकालीनों के बीच में से कब धनधान्य से पुरस्कृत और सम्मानित हो जाये इसका कोई कारण सरकारें बताने को तैयार नहीं। पुरस्कार किसी का सम्मान ही नहीं बढाता अपितु पुरस्कृत के समकालीनों में हताशा या उत्तेजना भी जगाता है, विशेष रूप से जब वे पुरस्कार पक्षपातपूर्ण लग रहे हों, व सच को दबाने छुपाने के लिए दिये जा रहे हों। चौथे खम्भे को अपराध बोध से भर देने के बाद उसे न केवल ब्लैकमेल ही किया जाने लगा है अपितु देश की  सबसे भ्रष्ट राजनीति करने वाले उसे प्रैस्टीट्यूट कह रहे हैं और वह दाँत निपोर रहा है। हीरो हीरोइनों के सहारे चुनाव की नैया पार लगाने वाले अपने प्रिय कार्पोरेट घरानों को मीडिया हाउस पर अधिकार कर लेने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। अब समाचार चैनलों पर भी मनोरंजक कार्यक्रमों या फूहड़ हास्य के कार्यक्रम अधिक आने लगे हैं और दूर दराज की फील्ड रिपोर्टिंग बिल्कुल गायब हो गयी है। एक अखबार तो ‘नो निगेतिव न्यूज’ का नारा उछाल कर समाचार दबाने का खुला खेल खेलने लगा है जिसके बदले में विदेश की धरती पर देश के प्रधानमंत्री से प्रशंसा पा चुका है।
 चौथे खम्भे में आयी विकृतियों से लोकतंत्र पर बड़ा खतरा मंडराने लगा है।
वीरेन्द्र जैन                                                                           
2 /1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल म.प्र. [462023]
मोबाइल 9425674629
  

शुक्रवार, मई 25, 2012

सम्वेदनात्मक ज्ञान की भेदक क्षमता और मीडिया के सदुपयोग का उदाहरण


सत्यमेव जयते
सम्वेदनात्मक ज्ञान की भेदक क्षमता और मीडिया के सदुपयोग का उदाहरण
वीरेन्द्र जैन
      जयप्रकाश आन्दोलन और इमरजैंसी के दौरान अपनी गज़लों के माध्यम से पूरे समाज को झकझोर देने वाले शायर दुष्यंत कुमार का एक शे’र है-

                   वे मुतमईन हैं पत्थर पिघल नहीं सकता
                   मैं बेकरार हूं आवाज़ में असर के लिए
आमिर खान द्वारा तैयार कार्यक्रम ‘सत्यमेव जयते’ ने एक बार फिर दूरदर्शन को, बुनियाद, हमलोग, महाभारत, भारत एक खोज, तमस, आदि सीरियलों के उस दौर में पहुँचा दिया है जहाँ सम्वेदना के साथ ज्ञान का समन्वय करके देश के बड़े मध्यम वर्ग तक समाज को सार्थक दिशा में बदलने का सन्देश दिया जाता रहा है। आज इस माध्यम में रंग हैं और निखार है और इसकी पहुँच दूर दूर तक है। अगर आप कोई समझदारी भरी बात दिल को छू लेने वाली भाषा और अन्दाज़ में करते हैं तो ऐसा नहीं है कि समाज में परिवर्तन के वे बीज न बोये जा सकें जो अभी दिमागों में कुण्ठित हो कर दम तोड़ देते हैं। वैसे भी वे अपने सन्देशों के साकार परिणाम चाहते हैं, इसलिए उनका कथन भी है कि-
               सिर्फ हंगामा खड़ा करना मिरा मकसद नहीं
               मेरी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए
 अमिर खान के इस कार्यक्रम के अब तक प्रसारित अंकों को जो लोकप्रियता मिली है, वह इस बात की संकेतक है कि आमिर के एपीसोडों से सम्बन्धित भावनाएं देशवासियों के मानस पटल पर निरंतर दस्तक देती रही हैं पर उन्हें आन्दोलन में बदल उनके अग्रदूत बनकर झंडा उठाने का साहस कोई नहीं जुटा पा रहा था। आमिर ने वह दुस्साहस किया और देश का समर्थन हासिल किया है। कोई बात उसी समय लोकप्रिय होती है जब वह पूर्व से ही लोगों के मन में छायी होती है पर उसका श्रेय उस बात को शब्द देने वाले उस व्यक्ति को मिलता है, जो असफलता की सम्भावना से भयभीत हुये बिना आगे आता है। मिर्ज़ा गालिब ने कहा है-

               देखिए तकरीर की लज्जत कि जो उसने कहा
               मैंने यह जाना कि गोया यह भी मेरे दिल में है  
      आमिरखान एक प्रयोगधर्मी संस्कृतिकर्मी हैं। पिछले दिनों उन्होंने ‘रंग दे बसंती’, ‘फना’, ‘तारे जमीं पर’, ‘पीपली लाइव’, ‘थ्री ईडियट्स’ आदि फिल्में बनाकर यह साबित किया था कि उनमें न केवल नये विषय चुनने की तमीज है अपितु देश और समाज के हित में उन आफबीट विषय पर फिल्में बना कर व्यावसायिक खतरा मोल लेने की हिम्मत भी है। किसी बात के कहने का महत्व इस बात पर भी निर्भर करता है कि उसे कौन कह रहा है, क्योंकि उस के व्यक्तित्व के आधार पर ही उसे कहने का अधिकार प्राप्त होता है। इस मामले में साधु द्वारा बच्चे को गुड़ न खाने की सलाह देने के पहले पन्द्रह दिन का समय लेने की लोककथा बहुत प्रचलित है जिसमें साधु ने पहले सलाह देने की पात्रता प्राप्त की थी तब बच्चे को सलाह दी थी। उल्लेखनीय है कि उपरोक्त फिल्में बनाकर आमिर खान ने ‘सत्यमेव जयते’ बनाने की पात्रता पायी है और वे सन्देश देने में सफल भी रहे हैं।
      उन की लोकप्रियता आज के दो दूसरे सुपर स्टार अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान से होड़ लेती है। किंतु इन शिखर के कलाकारों ने कुछ बहुत अच्छी और आदर्श फिल्में करने के बाबजूद जिस तरह के व्यावसायिक समझौते किये उससे वे किसी आदर्श को सामने रखने के हक़दार नहीं रह गये। उन्होंने केवल कहानी पर अभिनय किया है किंतु आमिर ने सच्ची घटनाओं से समस्याओं को उठाया है और समाधान के स्तर तक ले जाने की प्रेरणा दे रहे हैं। अमिताभ बच्चन की सफलता में उनके परिवार की श्रीमती इन्दिरा गान्धी के परिवार से मित्रता की भी बड़ी भूमिका रही है और बाद के समय में अमिताभ बच्चन और राजीव गान्धी की मित्रता जग जाहिर रही है। राजीव गान्धी ने जब सोनिया गान्धी से शादी की थी तब सोनिया परिवार का निवास श्री हरिवंश राय बच्चन का बंगला ही बनाया गया था जो उस समय राज्यसभा के मानद सदस्य थे। सोनिया गान्धी के हाथों में मेंहदी रचाने का काम श्रीमती तेज़ी बच्चन ने किया था। राजीव गान्धी को चुनावी सफलता दिलाने के लिए अमिताभ ने इलाहाबाद से लोकसभा का चुनाव लड़ा था और हेमवती नन्दन बहुगुणा जैसे कद्दावर नेता को अपनी फिल्मी लोकप्रियता से हरा कर चुनावों को गैर राजनीतिक और मुद्दाविहीन बनाने की शुरुआत की थी। बाद में बोफोर्स तोप सौदों की खरीद पर लगे आरोपों में उनके और उनके भाई अजिताभ का नाम भी इसलिए उछाला गया था ताकि राजीव को कमजोर किया जा सके। अमिताभ बच्चन एक प्रतिष्ठित साहित्यिक परिवार से आते हैं और फिल्मों से की गयी कमाई को उन्होंने कई तरह के उद्योग धन्धों में लगाया जिनमें उन्हें नुकसान भी हुआ, पर उन्होंने कभी धन का स्तेमाल आमिर की तरह के सामाजिक सोद्देश्यतापूर्ण संस्कृतिकर्म में नहीं किया। व्यवसाय में नुकसान होने पर वे अमर सिंह की सलाह पर चलने लगे और समाज को भटकाने वाली विज्ञापन फिल्में करने लगे। उन्होंने एक ओर समाजवादी पार्टी के लिए उस समय काम किया जब उसकी सरकार अव्यवस्था के कारण बहुत बदनाम हो रही थी जिससे उनकी लोकप्रियता पर फर्क पड़ा। इनकम टैक्स विभाग इलाहाबाद से नोटिस मिलने पर जब समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विभाग पर हमला कर दिया और कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी तो उन्होंने अफसोस जताने की जरूरत नहीं समझी। आज भी वे एक ओर तो अस्पताल में जाकर बीमार अमर सिंह के गले लग कर रोने का अभिनय करते हैं जो सार्वजनिक रूप से मुलायम के मरने की दुआ करते हैं, वहीं दूसरी ओर अपनी पत्नी श्रीमती जया बच्चन को समाजवादी पार्टी की ओर से राज्यसभा में दुबारा भेजते हैं। समाजवादी पार्टी से अपनी पत्नी को सांसद बनवाने के बाबजूद वे उस भाजपा शासित गुजरात के ब्रान्ड एम्बेसडर बनना स्वीकार कर लेते हैं जिसकी करतूतों का विरोध करने के कारण ही समाजवादी पार्टी अपनी जीत सुनिश्चित कर पाती है। लगभग ऐसा ही हाल आईपीएल में अपनी टीम उतारने वाले शाहरुख खान का भी है जो सुर्खियों में बने रहने के लिए तरह तरह के तमाशे करते रहते हैं। यही कारण है कि इस समय फिल्मों के तीन सुपर स्टारों में से आमिर का कद समाज में सबसे ऊंचा बना हुआ है।
      आमिर के काम और उसके कद को उनके विरोधियों के चरित्र से भी नापा जा सकता है। स्मरणीय है कि जिन कार्लमार्क्स के बारे में डा. राधा कृष्णन ने कहा है कि
“मार्क्स इस युग के ईसा मसीह हैं” उनकी अंतिम यात्रा में कुल 29 लोग थे। दफनाते समय जब उनके घनिष्ठ मित्र और सहयोगी एंजिल ने कहा कि हम इस दौर के सबसे महान व्यक्ति को दफना रहे हैं तो एंजिल के एक मित्र ने बाद में पूछा कि जिस व्यक्ति के अंतिम संस्कार में कुल 29 लोग थे उसे सबसे महान व्यक्ति कैसे कहा जा सकता है। एंजिल ने उत्तर दिया कि यह भी देखो कि उसके विरोध में दुनिया के कितने लोग हैं! बाद में उनकी बात सच साबित हुयी। इसी तरह आमिर खान के इस काम को जहाँ एक ओर आम भारतीय मध्यम वर्ग का व्यापक समर्थन मिल रहा है वहीं एक खास वर्ग उनका विरोध भी कर रहा है। यह वह वर्ग है जिस पर न केवल आपराधिक आरोप हैं अपितु जो कानून के रन्ध्रों में से निकल कर अपने आप को सजाओं से बचाये हुये हैं। आमिर खान का मुखर विरोध करने वालों में बाबा रामदेव प्रमुख रूप से सामने आये हैं और उन्होंने कहा है कि आमिर यह काम केवल पैसे बनाने के लिए कर रहे है। रोचक यह है कि यह बात वह व्यक्ति कह रहा है जिसने कुल पन्द्रह साल में ग्यारह सौ करोड़ से अधिक की सम्पत्ति बनायी है और जिसको हाल ही में करोड़ों रुपये टक्स न चुकाने के लिए नोटिस मिले हैं। दूसरी ओर अपने दुहरे चरित्र के लिए जाने जाने वाले संघ परिवार के वे संगठन हैं जो छद्म रूप से काम करते हैं, उनके छद्म खातों वाले फेसबुकिये आमिर की पूर्व पत्नी से हुए तलाक के मामले को उठाने, और कार्यक्रम में धन का हिसाब किताब लगाने में लग गये हैं। सच तो यह है कि सत्यमेव जयते नाम से ही वे लोग घबराते हैं जिनकी सारी राजनीति ही झूठ और धोखे पर टिकी होती है। वे भयभीत हैं कि कहीं सच को सामने लाने वाला यह कार्यक्रम, बाबरी मस्जिद ध्वंस, गुजरात में मुसलमानों का नरसंहार, नेताओं के चारित्रिक पतन, राज्य सरकारों के भ्रष्टाचार, साधु साध्वियों के भेष में रह कर किये गये आतंकी कारनामों, और उनके आरोप दूसरी जमात के लोगों पर मड़ने के सच को न सामने लाने लगे।
      स्मरणीय है कि समाज में परिवर्तन चाहने वाली यह वही जनता है जो भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने पर अन्ना हजारे और बाबा रामदेव तक के पीछे जाने को उतावली बैठी रही है। अब जब उसे स्वयं कुछ सार्थक करने के अवसर मिल रहे हैं तो वह दूसरों पर निर्भर होने की जगह खुद ही कुछ सार्थक करके देखने के सन्देश से प्रभावित होगी। यदि यह अभियान सफल रहा तो बहुत समय बाद  सांस्कृतिक अभियान से समाज परिवर्तन का बड़ा प्रयोग होगा। समाज के प्रति चिंतित सभी शक्तियों को इस अभियान, कार्यक्रम और उसकी सफलता की कहानियों पर नजर रखनी चाहिए और संतुष्ट होने पर इसे सहयोग देना चाहिए।   
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629
    

मंगलवार, नवंबर 08, 2011

मीडिया पर जस्टिस मार्कण्डेय के विचार और घालमेल का संकट

मीडिया पर जस्टिस मार्कण्डेय के विचार और घालमेल का संकट 
वीरेन्द्र जैन
      एक बार फिर से आम पढा लिखा व्यक्ति दुविधा में है। वह जब जिस कोण से बात सुनता है उसे उसी की बात सही लगती है और वह समझ नहीं पाता कि सच किस तरफ है। दर असल दोष उसका नहीं है अपितु एक ही नाम से दो भिन्न प्रवृत्तियों को पुकारे जाने से यह भ्रम पैदा होता है।
      जैसे हमने किसान और कुलक[बड़ा किसान] को एक साथ किसान के नाम से पुकारा इसलिए किसानों की आत्महत्याओं से उपजी चिंताओं का लाभ ये कुलक उठा रहे हैं और किसान लगातार आत्महत्या किये जा रहे हैं। यही कुलक किसान नेता के नाम पर पंचायती राज व्यवस्था में पंच, सरपंच, जनपद अध्यक्ष, तथा विधायक, सांसद मंत्री आदि बन कर देश की लूट में हिस्सेदारी करते हैं और कृषि के नाम पर आयकर से लेकर अन्य बड़ी बड़ी छूटें, अनुदान आदि लेते रहते हैं। जब अतिरिक्त बड़ी आमदनी पर टैक्स लगाने का सवाल आता है तो ये जमींदार खेतों में पसीना बहाने वाले किसान का मुखौटा लगा कर प्रकट होते हैं व सरकार को कोसने लगते हैं जिससे सरकार दबाव में आ जाती है। दूसरी ओर मेहनत करने वाला किसान और खेत मजदूर कोई लाभ नहीं उठा पाता, व कर्ज के बोझ तले दबा दबा आत्महत्या की स्थिति तक पहुँच जाता है।
      प्रैस काउंसिल आफ इंडिया का अध्यक्ष बनने के बाद उच्चतम न्यायालय के भूतपूर्व न्यायाधीश मार्कण्डेय ने मीडिया के बारे में जो कुछ भी कहा उसकी भाषा बहुत कठोर है और वह एक ओर से सही होते हुए भी पूरे मीडिया पर लागू नहीं होती, क्योंकि मीडिया का एक वर्ग मुनाफा कमाने वाला उद्योग बन गया है। यही कारण है कि जिस आशंका पर मीडिया की जुबान पर नियंत्रण लगाने और एमरजैंसी जैसे हालात की बात की जा रही है वह मीडिया के माफिया गिरोहों के भय को अधिकप्रकट अकर रही है। सच तो यह है कि जिस मीडिया को एक पवित्र गाय समझा जाता रहा था उसके एक हिस्से ने भेड़िये का रूप ग्रहण कर लिया है और जब उसको नियंत्रण में लाने की बात की जाती है तो पवित्र गाय को आगे कर दिया जाता है। जब से मीडिया बड़ी पूंजी पर आश्रित हो गया है तबसे उसका स्वरूप ही बदल गया है और वह समाचार व विचार देने की जगह प्रचार एजेंसी में बदल गया है, और समाचार भी सच्चाइयों से दूर होकर विज्ञापनों की ही दूसरी किस्म में बदल गये हैं जो भुगतान पर वस्तुओं के अतिरंजित प्रचार की तरह ही व्यक्तियों, दलों, संस्थाओं के साथ अपराधियों और दूसरे समाज विरोधी तत्वों की वैसी छवि प्रस्तुत करने लगते हैं जैसी वे चाहते हैं। इतना ही नहीं कि वे अपने पास आये व्यक्तियों को ही उपकृत करते हैं अपितु वे स्वयं ही उनके पास जाकर सौदा करने लगे हैं। टूजी स्पैक्ट्रम वाले मामले में नीरा राडिया के टेपों से जो खुलासे हुये हैं उनसे तो मीडिया को मीडियेटर कहा जाने लगा है।
      गत लोकसभा चुनाव में भाजपा के लालजी टंडन ने उत्तर प्रदेश के एक बड़े अखबार द्वारा सौदे की पेशकश करने का खुलासा किया था तो मध्य प्रदेश में भाजपा की ही सुषमा स्वराज ने एक अखबार द्वारा दो करोड़ रुपये मांगने का खुलासा किया था, पर दोनों नेताओं ने चुनाव निबत जाने के बाद अखबार पर किसी कार्यवाही की जरूरत नहीं समझी और न ही इसे राष्ट्रीय बहस का मुद्दा बनाना चाहा। भाजपा के ये दोनों उम्मीदवार तो उनके शिखर के नेता हैं इसलिए वे बड़ी राशि माँगे जाने पर इंकार कर सके पर जिन कम चर्चित नेताओं के गुणगान करते हुए उनके जीतने की सम्भावनाओं की अतिरंजित खबरें ये अखबार छापते रहे हैं उन्होंने अवश्य ही इन अखबारों समेत दूसरे कई मीडिया संस्थानों के साथ सौदे किये होंगे। दूसरे दलों के नेताओं ने भी ऐसा ही कुछ किया होगा।
      सवाल यह है कि इस सच्चाई के बाद भी क्या इन आधारों पर पूरे मीडिया को एक ही लाठी से हांका जा सकता है? पूंजीपतियों द्वारा नियंत्रित मीडिया के अलावा मीडिया का एक हिस्सा ऐसा भी है जो निष्पक्ष होकर सच को सच कहते हुए पूरी ईमानदारी से अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहा है और समय समय पर सत्त्ता में प्रवेश कर गयी विकृत्तियों को भी अपने स्टिन्ग आपरेशंस आदि से देश हित में उजागर करता है। इससे सत्ता से जुड़े निहित स्वार्थ उनके दुश्मन हो जाते हैं और उन्हें नुकसान पहुँचाना चाहते हैं। यदि मीडिया के खिलाफ कोई कड़ा कानून लाया जाता है तो वो इन निहित स्वार्थों द्वारा ईमानदार मीडिया को प्रताड़ित करने का साधन भी बन सकता है। इसलिए यह जरूरी है कि रास्ता इनके बीच में से निकाला जाये जिससे साँप भी मर जाये और लाठी भी टूटने से बच जाये। जस्टिस मार्कण्डेय एक खरे व्यक्ति हैं और उनके कार्यकाल के फैसले बताते हैं कि वे हमेशा ही व्यवस्था में घर कर गयी विकृत्तियों के प्रति चिंतित रहे हैं। सामने नजर आ रहे दोषों और उन दोषों के लिए जिम्मेवार लोगों के प्रति वे नरम नहीं रह पाते, व कटु सत्य बोलते हैं। उन्होंने न्याय व्यवस्था और न्यायधीषों के खिलाफ भी कटु टिप्पणियाँ की हैं।
      आईबीएन-सीएनएन पर करण थापर को दिये साक्षात्कार के विवादास्पद मुद्दों को लें तो उससे स्पष्ट होता है कि उनकी सारी आपत्तियां सेठाश्रित मीडिया और सेठाश्रित व्यवस्था के प्रति हैं। वे कहते हैं कि
 ‘मीडिया अक्सर लोगों का ध्यान वास्तविक समस्याओं से हटा देता है जो कि आर्थिक हैं। देश के अस्सी फीसदी लोग मुफलिसी में जी रहे हैं। वे बेरोजगारी, मँहगाई और स्वास्थ सम्बन्धी समस्याओं से जूझ रहे हैं जिससे ध्यान हटाकर फिल्मी सितारों, फैशन परेडों और क्रिकेट का मुजाहिरा करते हैं।‘
‘मीडिया अक्सर लोगों को बाँटने का काम करता है। उदाहरण के लिए जब भी मुम्बई, दिल्ली, बंगलौर आदि में बम विस्फोट होता है तो कुछ ही घंटों में तकरीबन हर चैनल दिखाने लगता है कि एक ई-मेल या एसएमएस आया है कि इंडियन मुजाहिदीन ने वारदात की जिम्मेवारी ली है, या जैशे मोहम्मद या हरकत उल जिहाद का नाम लिया जाता है। कुछ मुसलमान नाम आते हैं। देखने वाली बात यह है कि इस तरह के ई-मेल और एसएमएस कोई भी शरारती आदमी भेज सकता है। लेकिन टीवी चैनलों में यह दिखा कर और अगले महीने अखबारों में छाप कर आप महीन ढंग से यह सन्देश देते हैं कि सभी मुसलमान दहशतगर्द और बम फेंकने वाले हैं। इस तरह आप एक समुदाय को बुरा बना रहे हैं जबकि हकीकत यह है कि सभी समुदायों में निन्यानवे प्रतिशत लोग चाहे वे हिन्दू हों या मुसलमान अच्छे हैं।‘
‘ मुझे यह कहने में अफसोस है कि मीडिया के ज्यादातर लोगों के विवेक का स्तर कफी निम्न है। मुझे इस बात पर शुबहा है कि उन्हें आर्थिक सिद्धांतों, राजनीति शास्त्र, दर्शन या साहित्य के बारे में कुछ पता होगा। मुझे शक है कि उन्होंने ये सारी चीजें पढी होंगी, जो उन्हें पढना चाहिए।‘
‘कई चैनल ज्योतिष दिखा रहे हैं, यह राशि है वह रशि, अखिर यह सब है क्या?’
‘ हर कोई लोकतंत्र में जबाबदेह है। कोई भी आजादी पूर्ण नहीं है। हर आजादी के लिए तर्कसंगत पाबन्दियां जरूरी हैं’

जस्टिस मार्कण्डेय के उक्त विचारों से लगता है कि देश में कोई ऐसी ताकतवर लाबी है जो यह नहीं चाहती जनता की मुफलिसी, बेरोजगारी, मँहगाई,और स्वास्थ सम्बन्धी सवाल सामने आयें वही लोग मीडिया में क्रिकेट फैला दे रहे हैं, जो अफीम की तरह है। मीडिया जो जानबूझ कर एक खास अल्पसंख्यक समुदाय को आतंकी घटनाओं के प्रति जिम्मेवार ठहराने की कोशिश करता है वह यह विभाजन पैदा करके किस को लाभ पहुँचाना चाहता है और ऐसा करने के लिए उसे निश्चित रूप से बहुसंख्यकों की राजनीति करने वाली पार्टी ही प्रोत्साहित कर रही होगी। स्मरणीय है कि अभी हाल ही में अडवाणी की यात्रा के दौरान सतना में पत्रकारों को एक एक हजार रुपयों के लिफाफे देने वाला पकड़ा गया था ।
      इसी मीडिया का चरित्र चित्रण करती हुयी एक फिल्म पीपली लाइव कुछ समय पहले दिखायी गयी थी। इसे देख कर भी मीडिया को बिल्कुल भी शर्म नहीं आयी तथा उसकी घटिया हरकतें जारी रहीं, पर जनता ने जिस उत्साह के साथ उसका स्वागत किया उससे लगता है जनता को मीडिया की ऊटपटांग हरकतें पसन्द नहीं आ रहीं। भ्रष्टाचार के खिलाफ जिस तरह जनता ने अन्ना हजारे ही नहीं अपितु रामदेव तक का स्वागत किया उससे उसके मूड का पता चलता है। मीडिया घरानों की सम्पत्तियां जिस ढंग से उत्तरोत्तर बढ रही हैं और वे आईपीओ तक लाने लगे हैं, दूसरी ओर नये पत्रकारों की बेरोजगारी का लाभ लेते हुए उसे छोटी छोटी राशि का लाली-पाप पकड़ा कर मन चाहा लिखने को मजबूर कर रहे हैं। इससे लगता है कि जस्टिस मार्कण्डेय के विचार को जनता का समर्थन मिलेगा। यदि हम अच्छे और बुरे मीडिया के बीच के अंतर को उजागर कर नियम बनवा सकें तो गेंहू के साथ घुन पिसने से बच सकता है।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629
 

मंगलवार, सितंबर 14, 2010

स्टिंग आपरेशन के पक्ष में हैं जैन संत तरुण सागर


स्टिंग आपरेशन के पक्ष में हैं जैन संत तरुणसागर
वीरेन्द्र जैन
भोपाल में इन दिनों अपने तीखे तेवर के लिए जाने जाने वाले युवा दिगम्बर जैन संत तरुण सागर का चातुर्मास चल रहा है। कई वर्षों से टीवी पर बुलन्द और भेदती आवाज में प्रवचन देने की उनके शैली ने देश भर हिन्दी श्रोताओं/ दर्शकों का ध्यान खींचा है। वे अपने कथन में तुकांतों का युग्म ही नहीं बनाते, अपितु प्रवचन के विषयों की परम्परागत शैली में सुधार करके अत्याधुनिक मनोरंजक प्रतीकों के साथ अपनी बात कहते हैं। वीआइपियों और सैलीब्रिटीज को अपने प्रवचन में खींच लाने का कौशल रखने वाले युवा संत ने इस वर्ष विधान सभा, और एमएसीटी में जाकर भी प्रवचन दिये हैं और नेताओं के खिलाफ खरी खरी बातें कहने से परहेज नहीं किया। यही कारण है कि मीडिया ने भी उनकी उपेक्षा नहीं की व उन्हें पर्याप्त कवरेज मिला। टीवी चैनलों ने उनके साक्षात्कार प्रसारित किये। सारे समाचार पत्र उनके कथनों को लगातार फोटो सहित छापते रहे हैं।
गत दिनों उन्होंने कुछ तीखे बयान दिये जिससे उनकी दृष्टि और साहस के प्रति आम जनता का ध्यान आकर्षित करते हैं।
गत दिनों धार जिले में एक बड़े श्रध्येय संत का निधन हो गया था, किंतु उनको कन्धा देने के लिए बोलियाँ लगीं और बाइस करोड़ रुपये एकत्रित किये गये। इसकी निन्दा करते हुए उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार में बोली लगाना एक गलत परम्परा है।
आशाराम बापू द्वारा अमेरिका से फरार बतायी गयी महिला को आश्रम में सुरक्षा से सम्बन्धित स्टिंग आपरेशन का समाचार प्रकाशित होने के अगले दिन ही उनका बयान था कि देश में दस प्रतिशत संत भ्रष्ट हैं अर्थात हर दसवाँ संत बगुला भगत बना बैठा है। आज देश के चर्चित संतों पर हत्या, बलात्कार, धोखाधड़ी और जालसाजी जैसे गम्भीर आरोपों ने सिद्ध कर दिया है कि कुछ लोग धर्म की आड़ में अपने गोरख धन्धों में जुटे हैं। इन्हें संत नहीं अपितु घोंघा बसंत कहना चाहिए। ये संतत्व को बदनाम करने वाले धर्म के दुश्मन हैं। स्टिंग आपरेशन के लिए टीवी चैनल को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि इन नकाबपोश लोगों के असली चेहरे को उजागर कर श्रद्धालुओं को सचेत करने का काम किया है। उमाभारती के राजनीति में भाग लेने के सवाल पर उन्होंने कहा था कि संत की वेशभूषा में राजनीति करना ठीक नहीं है।
उक्त समाचार पढ कर मेरे एक पड़ोसी मुझे जैन धर्म का अन्ध अनुआयी समझकर पहली बार मेरे घर आये और तरुण सागर की तारीफ करते हुए बोले अगर ये दिगम्बर साधु न हुए होते तो आज पूरी दुनिया में इनके नाम का डंका पिट रहा होता, पर दिगम्बर अवस्था में रहने के कारण दूसरे धर्मों के मानने वाले या विदेशी उन्हें नहीं आमंत्रित कर सकते। मैंने उक्त सज्जन को सिर से लेकर पैर तक देखने के बाद विनम्रता पूर्वक कहा पूछा कि दर्शन और आध्यात्म के क्षेत्र में उन्होंने और किन किन को पढा है, तो वे बोले कि मैंने तो ऐसा कुछ खास तो किसी को भी नहीं पढा है। मैंने कहा कि यही बात है, अगर वे बिना दिगम्बर साधु हुए इतने अच्छे विचार व्यक्त कर रहे होते तो भी न तो इतने नेता उनकी कढुवी बातें सुन रहे होते और ना ही अखबार वाले उन्हें छाप कर आपके पास तक पहुँचा रहे होते। ध्यान आकर्षित करने के लिए कुछ असामान्य तो होना ही पड़ता है और ज्यादा ध्यान आकर्षित करने के लिए ज्यादा असामान्य होना पड़ता है। पूजा करने के बाद घंटी, शंख, झालर, बजाना पड़ती है तब लोगों को पता चलता है कि आप पूजा कर रहे थे। वैसे एक बात बताऊँ कि वे स्वयं दिगम्बर हैं इसी लिए तो दूसरों का “दिगम्बर” होना उन्हें पसन्द आ रहा है और आप भी इसीलिए उनकी तारीफ कर रहे हैं। वे चुपचाप उठ कर चले गये।


वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629