उमा भारती लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
उमा भारती लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, अगस्त 20, 2020

सच कह सकने का साहस - क्या उमा भारती ही भाजपा में इकलौती उम्मीद हैं?


सच कह सकने का साहस - क्या उमा भारती ही भाजपा में इकलौती उम्मीद हैं?
वीरेन्द्र जैन

मैं जानता हूं कि मेरी बात सुन कर लोग हँसेंगे, या मुस्करायेंगे और कुछ लोग तो इसे व्यंजना में कही बात समझेंगे, किंतु मैं इसे पूरी गम्भीरता से कह रहा हूं। इस उम्मीदी का सबसे बड़ा कारण उमा भारती कम हैं, अपितु भाजपा और परोक्ष रूप से देश की दशा ज्यादा है। जब पाकिस्तान में जिन्ना की मजार से लौट कर लालकृष्ण अडवाणी संघ वालों की निगाहों में गिर गये थे तब 2011 में मैंने एक लेख लिखा था जिसमें संभावना व्यक्त की गयी थी कि 2014 के आम चुनाव में अगर भाजपा अडवाणी जी को प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी घोषित नहीं करती तो उसके पास नरेन्द्र मोदी के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं होगा। मैंने कहा था कि भले ही श्री मोदी इस समय राष्ट्रीय नेता नहीं हैं किंतु वे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बदनाम नेता तो हैं, और अमेरिका, ब्रिट्रेन आदि ने उन्हें वीजा न देकर उनकी नकारात्मक छवि को और बड़ा कर दिया है। जो छवि एक सोच के लोगों के बीच नकारात्मक है, वही दूसरे पक्ष के लोगों के बीच नायक बना देती है।  मैंने लिखा था -

“और अंत में विख्यात या कुख्यात नरेन्द्र मोदी आते हैं जिन्होंने भले ही गुजरात में मुसलमानों का नरसंहार करने के आरोप में दुनिया भर की बदनामी झेली हो पर इसी कारण से वे हिन्दू साम्प्रदायिकता से ग्रस्त हो चुके एक वर्ग के नायक भी बन चुके हैं। जो मोदी पहली बार विधानसभा के उपचुनाव में उस सीट के पूर्ववर्ती द्वारा अर्जित जीत के अंतर के आधे अंतर से ही जीत सके हों, पर आज वे गुजरात में सौ से अधिक विधानसभा सीटों या गुजरात की 75% लोकसभा सीटों में से जीत सकने में सक्षम हैं। संयोग से वे जिस राज्य के मुख्यमंत्री हैं वह प्रारम्भ से ही औद्योगिक रूप से विकासशील राज्य रहा है, जिसने मोदी के कार्यकाल में भी अपनी गति बनाये रखी। दूसरी ओर मोदी सरकार पर अपने विरोधियों के खिलाफ गैरकानूनी ढंग से हत्या करवाने तक के आरोप लगे हों, पर आर्थिक भ्रष्टाचार का कोई बड़ा आरोप नहीं लगा। वहाँ तुलनात्मक रूप से प्रशासनिक भ्रष्टाचार की शिकायतें कम हैं जिससे उनकी एक ऐसे प्रशासक की छवि निर्मित हुयी है जिसकी आकांक्षा आम तौर पर नौकरशाही से परेशान जनता करती है। केन्द्रीय सरकार की योजना के अंतर्गत सड़कों के चौड़ीकरण का काम तेजी से हुआ है जिससे प्रदेश के प्रमुख नगर एक ऐसी साफ सुथरी छवि देने लगे हैं जो मध्यम वर्ग को प्रभावित करती है। मोदी वाक्पटु भी हैं और अडवाणीजी की तरह शब्दों को चतुराईपूर्वक प्रयोग करने की क्षमता रखते हैं।“
मेरे द्वारा व्यक्त आशंका सही साबित हुयी थी। संघ ने सारे अनुमानों को नकारते हुए नरेन्द्र मोदी को ही प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी घोषित किया था।
नरेन्द्र मोदी ने आते ही भाजपा में उसके नाम के अलावा बहुत कुछ बदल गया।  उन्होंने पार्टी को हाथ में लेते ही वरिष्ठ व मुखर नेताओं तथा संजय जोशी जैसे अपने दुश्मनों को किनारे कर दिया। मीडिया हाउसों के साथ सौदा किया। भाजपा के पक्षधर पत्रकारों से ही वाजपेयी सरकार और उनके प्रति भक्तिभाव रखने वालों की छवि खराब करवायी, काँग्रेस नेताओं के भ्रष्टाचार की अतिरंजित छवि, और अपेक्षाकृत साफ छवि के नेताओं को अयोग्य व हास्यास्पद बताने में सोशल मीडिया का स्तेमाल करने की संस्थाएं बनवायीं। फिल्मी कलाकारों, लोकगायकों, पूर्व राजपरिवार के सदस्यों, धार्मिक वेषधारियों, खिलाड़ियों सहित हर तरह के सैलीब्रिटीज का सहारा चुनव जीतने के लिए लिया। काँग्रेस से लेकर राज्य स्तर की पार्टियों के नामी सदस्यों, रिटायर्ड सेना, पुलिस, और प्रशासनिक अधिकारियों को पार्टी में उनकी शर्तों पर शामिल किया। मुजफ्फरनगर आदि दंगों से हुए ध्रुवीकरण के एक पक्ष को खुला समर्थन देकर उसका फायदा उठाया। कार्पोरेट जगत से चुनावी सहायता भरपूर मात्रा में अर्जित की और उसे मतदाताओं के बीच वैसे ही खुले हाथों से खर्च भी किया। ड्रोन कैमरे से लेकर भीड़ को अतिरंजित दिखाने की तकनीक का भी सहारा लिया। इसके विपरीत मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की बारात का कोई नियंत्रक नहीं था। परिणाम स्वरूप उन्होंने न केवल सरकार बनाने का वांछित नम्बर पा लिया अपितु राज्य सरकारों में भी दखल बनाने में सफलता प्राप्त की। 
चुनावी सफलता के बाद मंत्रिमण्डल के गठन में अरुण जैटली और सुषमा स्वराज को छोड़ कर कोई इस कद का नहीं था जो कभी मोदी के लिए चुनौती बन सकता हो। इन दो का मुकाबला करने के लिए उन्होंने अमित शाह को न केवल मंत्रिमण्डल में शामिल कराया अपितु उन्हें भाजपा का अध्यक्ष भी बनवा दिया। अब पूरी सरकार और पार्टी उनकी पकड़ में थी। अटल जी पहले ही लकवा ग्रस्त हो गये थे। इसे संयोग ही कहेंगे कि गोपीनाथ मुंडे, सुषमा स्वराज, अरुण जैटली, अनंत कुमार, अनिल माधव दवे, मनोहर पारीकर, आदि को बीमारी ने दूर कर दिया। कभी कभी सिर उठाने वाले जसवंत सिंह अस्वस्थ हो गये। यशवंत सिन्हा, शत्रुघ्न सिन्हा का विरोध किसी काम नहीं आया। अडवाणी और सुषमा भक्त शिवराज सिंह ने मौका देख कर हथियार डाल दिये। मदन लाल खुराना दिवंगत हो गये, कल्याण सिंह को राज्यपाल बना दिया, राजनाथ सिंह कभी महात्वाकांक्षी नहीं रहे। जो नये लोग मोदीजी की कृपा से सरकारी पार्टी के सांसद बन गये वे उपकृत थे और उन्हें इससे अधिक नहीं चाहिए था, जिन्हें चाहिए था वे किसी ना किसी स्कैम या प्रकरण में फंसे हुये थे।
काँग्रेस केवल सत्ता की लूट के गिरोह का नाम होकर रह गया है सो जिन से सम्भव हुआ उन लोगों ने मौका देख कर दल बदल लिया, कुछ विपक्षियों पर सीबीआई के प्रकरण चल रहे थे और जिन पर कुछ नहीं था वे चुनावों में संसाधनों का मुकाबला कर सकने में सक्षम नहीं थे । राज्य स्तर की जो पार्टियां विपक्ष में थीं वे अपना उपयुक्त स्थान पाकर खुश रहने की आदत पाल चुकी थीं। मीडिया के मालिक चाशनी पी रहे थे और महत्वपूर्ण प्रशासनिक व सैनिक पदों पर विश्वस्त लोग बैठाये जा चुके थे। ध्यान भटकाने के लिए राम मन्दिर व दूसरे साम्प्रदायिक मुद्दों को सुलगता रखा जाता था। अर्थशास्त्री, बुद्धिजीवी, प्रोफेसर, कलाकार आदि जरूर निराश थे किंतु उनके पास देश में अभिव्यक्ति का मंच ही नहीं था, सो उनके विचार निष्प्रभावी थे। अर्थ व्यवस्था बुरी तरह डूब चुकी है, बेरोजगारी की स्थिति विस्फोटक है। ऐसे में परिवर्तन की उम्मीद केवल भाजपा में घुट रहे नेताओं द्वारा प्रभावी आवाज उठाने से ही सम्भव हो सकती है। ऐसी आवाज उठाने वाले नेतृत्व हेतु केवल एक नाम याद आता है और वह है उमा भारती का। यह नाम उस निर्भय बच्चे की तरह है जो राजा को नंगा कह सकता है।
उमाजी अपने दुस्साहस के भरोसे ही आज इस ऊंची स्थिति तक पहुंची हैं। वे जिस परिवेश से आयी थीं वहाँ उनके पास खोने के लिए कुछ नहीं था, जो कुछ था वह पाने के लिए था। अवसरवादी षड़यंत्रकारी घाघ नेताओं ने उनकी मुखर अभिव्यक्ति और महिला प्रवचनकर्ता होने के कारण मिली सुविधा का जम कर उपयोग किया। जब उन्होंने उसका पारितोषक चाहा तो उन्हें धता बता दी गयी। पर अपने हक के लिए उन्होंने रणनीति में शामिल होने से जानी भाजपा की कमजोरियों की दम पर उल्टा दबाव बनाना शुरू किया। मजबूर होकर उन्हें वह सब कुछ देना पड़ा जो उन्होंने मांगा। उन्हें खजुराहो सीट से लोकसभा का टिकिट देना पड़ा, फिर उन्हें नेताओं के न चाहते हुए भी भोपाल से टिकिट देना पड़ा। केन्द्र में मंत्रीपद देना पड़ा। मध्यप्रदेश में चुनाव के लिए भेजा गया तो मुख्यमंत्री पद प्रत्याशी घोषित करना पड़ा, और जीत होने पर मुख्यमंत्री बनाना पड़ा। एक कमजोर सा अवसर देख कर उन्हें बदल तो दिया गया, किंतु दुबारा बनाने का आश्वासन देना पड़ा। उन्होंने पार्टी की बिना अनुमति के तिरंगा यात्रा निकाली। फिर भी जब मुख्यमंत्री पद वापिस नहीं दिया तो उन्होंने राम रोटी पदयात्रा शुरू कर के मुश्किल खड़ी की। फिर पूरी प्रैस के सामने अटल और अडवाणी की क्लास ले ली क्योंकि अरुण जैटली ने उनके खिलाफ खबरें लीक की थीं। पार्टी अध्यक्ष वैंक्य्या नाइडू को इतना भला बुरा कहा कि उन्हें स्तीफा देकर भागना पड़ा। जब उन्होंने स्तीफे के पीछे पत्नी की बीमारी का झूठा बहाना बनाया तो उमाजी ने सार्वजनिक रूप से कहा कि उन्होंने अपनी पत्नी की रजोनिवृति को राष्ट्रीय बीमारी बना दिया। सोनिया गाँधी को प्रधानमंत्री बनाये जाने के खिलाफ जब सुषमा स्वराज ने सिर मुंड़ाने और चने खाकर जमीन में सोने की धमकी दी तो उमा जी ने भी बिना अनुमति के ऐसा करने की घोषणा करके बात का मजाक बनवा दिया। फिर पार्टी छोड़ कर नई पार्टी बनायी, जिससे विधानसभा चुनाव लड़ा और भरपूर नुकसान पहुंचाया। इसी बीच गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी जो खुद को विकास पुरुष बताते थे को विनाश पुरुष बताने का साहस किया। उन्हें समझौता करना पड़ा। अंततः उन्हें पार्टी में वापिस लेना पड़ा पर शिवराज सिंह की जिद के कारण मध्य प्रदेश से बाहर काम करने की शर्त रखी गयी । उनसे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए कहा गया तो उन्होंने मुख्यमंत्री पद प्रत्याशी घोषित करने की शर्त रख दी जिसे मानना पड़ा. भले ही कल्याण सिंह और योगी नाराज हो गये। वे विधायक बन गयीं किंतु शपथ लेने के अलावा कभी वहां की विधानसभा नहीं गयीं। 2014 के आम चुनाव में उन्हें फिर लोकसभा  का टिकिट देना पड़ा और केन्द्र में मंत्री बनाना पड़ा, भले ही विभाग और काम केवल अपने बंगले में पड़े रहने का दिया गया। उन्हें हटाने का फैसला लेकर भी मोदी उन्हें नहीं हटा सके, केवल मंत्रालय बदला गया। फिर उन्होंने अपनी मर्जी से लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ा, राजनीति से सन्यास की घोषणा की व कुछ दिनों बाद वापिस सक्रिय हो गयीं। भाजपा में उन्होंने सुन्दरलाल पटवा व उनके पटशिष्य शिवराज सिंह चौहान, सुषमा स्वराज, अरुण जैटली, वैंकय्या नायडू, कैलाश जोशी, अडवाणी जी, नरेन्द्र मोदी, आदि अनेक वरिष्ठ नेताओं से खुली टकराहट मोल ली।
उनके सलाहकार भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव गोबिन्दाचार्य हैं, जिन्होंने ही राममन्दिर अभियान के नाम से भाजपा को आज की स्थिति में पहुंचाया है। वे उनके राजनीतिक गुरु हैं। उमा भारती का दुस्साहस, मुखरता, उनसे कुछ भी करवा सकती है। वे भाजपा में घुट रहे पार्टी सदस्यों की आवाज बन सकती हैं। गोविन्दाचार्य के नेतृत्व में वे स्वदेशी आन्दोलन को पुनर्जीवित करेंगी तो विपक्ष का भी व्यपक समर्थन मिल सकता है, क्योंकि वे जमीन से जुड़ी नेता हैं। एक बार तो वे कह चुकी हैं कि मेरे पिता तो कम्युनिष्ट थे।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629
  
  

रविवार, दिसंबर 16, 2018

म.प्र. में शिवराज के एकाधिकार का टूटना


म.प्र. में शिवराज के एकाधिकार का टूटना
वीरेन्द्र जैन

गत विधानसभा चुनावों में भाजपा सरकारों का पतन न केवल मोदी-शाह के अश्वमेध यज्ञ के घोड़े को रोका जाना है अपितु इस पराजय के कई आयाम हैं और दूरगामी परिणाम होंगे। इन चुनाव परिणामों से न केवल मोदी-शाह की अलोकतांत्रिकता आहत हुयी है अपितु उनके अहंकार पर गहरी चोट हुयी है। इनमें से म.प्र. में सबसे ज्यादा नुकसान शिवराज सिंह के एकाधिकार का हुआ है।
उल्लेखनीय है कि शिवराज सिंह को नेतृत्व मध्य प्रदेश भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सुन्दरलाल पटवा के परम प्रिय शिष्य होने के कारण विरासत में मिला था। जब श्री पटवा अस्वस्थ होकर लकवाग्रस्त हो गये तो प्रदेश के नेतृत्व में उनकी दावेदारी पर प्रश्नचिन्ह लग गया, भले ही वे कहते रहे कि मैं स्वस्थ हो रहा हूं। इसी दौरान उन्होंने अपना राजनीतिक वारिस शिवराज को घोषित किया और केन्द्रीय नेतृत्व को उनके स्थान पर नेतृत्व सौंपने का सुझाव दिया। भले ही भाजपा संगठन को संघ के समर्पित कार्यकर्ताओं द्वारा संचालित किये जाने के कारण पहले कैडर वाली पार्टी माना जाता रहा हो किंतु सत्ता का स्वाद लगते ही वह काँग्रेस कल्चर की पार्टी बन चुकी थी। तमाम तरह की राजनीतिक अनियमितताओं के लिए सर्वाधिक बदनाम इस पार्टी को इसके नियंत्रक संघ ने कभी नहीं टोका, क्योंकि किसी भी तरह से मिली सत्ता उनके लक्ष्यों को पूरा करने में मददगार थी। यही कारण रहा कि सबसे पहले, सर्वाधिक दल बदल कराने वाली तथा सैलीब्रिटीज को चुनाव में स्तेमाल करने वाली पार्टी भाजपा ही रही। इसी पार्टी ने चुनावों में धन के स्तेमाल से सत्ता हथियाने की शुरुआत की। इसी तरह पद व सत्ता के लिए आपसी मतभेद और चुनावों में भितरघात भी शुरू हो गया था। जब पटवा जी के गुट ने शिवराज को प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बैठाना चाहा तो विक्रम वर्मा की दावेदारी ने चुनौती दी थी व शिवराज सिंह के साथ विधिवत चुनाव हुये थे। इस चुनाव में शिवराज हार गये थे।  
2003 के विधानसभा चुनाव का सीधा सामना करने में काँग्रेस के धुरन्धर नेता दिग्विजय सिंह के सामने भाजपा खुद को कमजोर पा रही थी क्योंकि उसके पास उस कद का कोई प्रादेशिक नेता नहीं था। यही कारण था कि उन्होंने साध्वी के भेष में रहने वाली तत्कालीन केन्द्रीय मंत्री पर दाँव लगाया, जो खुद भी अपना पद छोड़ कर नहीं आना चाहती थीं। उन्होंने नानुकर करने के बाद केन्द्रीय नेतृत्व के सामने अनेक शर्तें रखीं जिनमें से एक थी कि अधिकतम टिकिट वितरण में उनकी मर्जी ही चलेगी। विवश और नाउम्मीद नेतृत्व ने उनकी यह शर्त मान ली। उल्लेखनीय है कि सुश्री उमा भारती का सुन्दरलाल पटवा और उनके समर्थकों से सदैव छत्तीस का आंकड़ा रहा था इसलिए उन्होंने सुनिश्चित पराजय वाली सीट पर दिग्विजय सिंह के खिलाफ शिवराज सिंह को चुनाव लड़वाना तय किया जिससे एक तीर से दो शिकार किये जा सकें। शिवराज सिंह चुनाव हार गये।
बाद के घटनाक्रम में जब उमा भारती को हुबली कर्नाटक के ईदगाह मैदान पर जबरन झंडा फहराने और परिणामस्वरूप हुये गोलीकांड में सजा सुनायी गयी तो भाजपा नेतृत्व ने इसे एक अवसर के रूप में लिया और उनसे स्तीफा लेने में किंचित भी विलम्ब नहीं किया। यद्यपि उमाभारती ने नेतृत्व के आदेश के खिलाफ पर्याप्त देर की और जमानत के प्रयास करती रहीं, जब जमानत नहीं मिली तो केन्द्र ने अरुण जैटली के साथ शिवराज सिंह चौहान को मुख्यमंत्री चुनने के प्रस्ताव के साथ भेजा था, पर उमा भारती ने साफ इंकार कर दिया व वरिष्ठ और सरल श्री बाबूलाल गौर को मुख्यमंत्री चुनवा दिया जिन्होंने उनसे वादा किया था कि अवसर आने पर, उमा भारती के पक्ष में वे अपना पद छोड़ने में किंचित भी देर नहीं करेंगे। शिवराज सिंह को एक बार फिर मायूस होकर वापिस लौटना पड़ा था। बाद में कर्नाटक की काँग्रेस सरकार ने कूटनीति से सम्बन्धित मुकदमा वापिस ले लिया व उमा भारती अपनी छोड़ी हुयी सीट वापिस पाने के लिए उतावली हो गयीं, पर अब मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर केन्द्रीय नेतृत्व के निर्देश पर काम कर रहे थे, जिसने उन्हें पद छोड़ने से साफ रोक दिया था। उमाजी ने तरह तरह से दबाव बनाना शुरू किया,  तिरंगा यात्रा निकाली पर दबाव नहीं बना। फिर उन्होंने सरकार की आलोचना शुरू कर दी तो नेतृत्व ने सरकार बदलना तय कर दिया। अबकी बार उन्होंने शिवराज सिंह को जबरदस्ती थोप दिया जबकि उमा भारती लोकतंत्र की दुहाई देते देते विधायकों के मत लेने की बात करती रहीं। वे बैठक से बाहर भागीं पर उनके साथ कुल ग्यारह विधायक बाहर आये और अंततः कुल चार रह गये। उन्होंने रामरोटी यात्रा निकाली और अलग पार्टी के गठन की घोषणा कर दी। विधायक सत्ता के साथ ही रहे क्योंकि उमा भारती पर से केन्द्रीय नेतृत्व का वरद हस्त हट चुका था। नियमानुसार छह महीने के अन्दर शिवराज सिंह को विधायक का चुनाव लड़ना पड़ा और कई तरह की चुनौतियों को देखते हुए उन्होंने जिलाधिकारी से इतने पक्षपात कराये कि चुनाव आयोग को चुनाव स्थगित करना पड़ा व जिलाधिकारी को स्थानांतरित करना पड़ा। इस सब घटनाक्रम में शिवराज को केन्द्रीय नेतृत्व का समर्थन मिलता गया व अलग पार्टी बना चुकी उमा भारती खलनायक बनती गयीं। 2008 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने समुचित संख्या में उम्मीदवार उतारे और बारह लाख वोट लेकर भाजपा को यथा सम्भव नुकसान पहुँचाया, भले ही उनके कुल पाँच विधायक जीत सके। उमा भारती को हराने के लिए शिवराज ने पार्टी और सरकार की पूरी ताकत झौंक दी थी और चुनाव जीतने के लिए अपनाये जाने वाले सारे हथकण्डे अपनाये जिसके परिणाम स्वरूप वे खुद भी चुनाव हार गयी थीं। चुनाव प्रचार के दौरान उन पर असामाजिक तत्वों ने हमला भी किया था व उन्हें एक मन्दिर में छुपना पड़ा था। वहाँ से उन्होंने फोन कर के प्रैस को बताया था कि शिवराज के इशारे पर उनकी जान लेने की कोशिश की गयी थी। इसके बाद वे हिम्मत हार गयी थीं और उन्होंने भाजपा में वापिस आने के तेज प्रयास शुरू कर दिये थे। किंतु उतनी ही तेजी से शिवराज ने उनकी वापिसी का विरोध भी शुरू कर दिया था। उन्होंने कहा था कि उनकी वापिसी के साथ ही वे अपने पद से त्यागपत्र दे देंगे। यह मामला दो साल तक लटका रहा। उमा भारती बाबरी मस्जिद टूटने के प्रकरण में संयुक्त अभियुक्त हैं और उनका अलग होना संघ अपने परिवार के हित में नहीं देखता इसलिए उसने दबाव डाल कर वापिसी का यह फार्मूला तैयार किया कि उमा भारती मध्य प्रदेश में प्रवेश नहीं करेंगीं। उन्हें उत्तर प्रदेश से विधायक का चुनाव लड़वाया गया और जीत की व्यवस्थाएं की गयीं। वे मुख्यमंत्री रह चुकी थीं इसलिए उन्हें उ.प्र. में मुख्यमंत्री प्रत्याशी भी घोषित किया गया।
शिवराज ने एकाधिकार का महत्व समझ लिया था इसलिए अपनी राह के सारे कांटे दूर करना शुरू कर दिये थे। कैलाश विजयवर्गीय सबसे बड़े प्रतिद्वन्दी थे। एक समय तो उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपनी जान को खतरा बताया था और राजनीतिक पंडितों के अनुसार उनका इशारा कैलाश विजयवर्गीय की ओर ही था। केन्द्रीय नेतृत्व ने धीरे से उन्हें मध्य प्रदेश से हटा लिया और पार्टी महासचिव बना कर प्रदेश की राजनीति से दूर कर दिया। इसी तरह दिन में सपने देखने लगे तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा को भी अचानक पद मुक्त करवा कर  अपने निकटस्थ नन्द किशोर चौहान को बैठा दिया। प्रभात झा की तरह ही अरविन्द मेनन को भी झटके के साथ संगठन के पद भार से मुक्त कर दिया गया। अब सब शिवराज की कठपुतलियों के हाथ में था। मीडिया को विज्ञापनों से इस तरह से पाट दिया गया था कि प्रदेश में व्यापम जैसा कांड हो या पेटलाबाद जैसा विस्फोट, बड़वानी का आँख फोड़ने वाला कांड हो या मन्दसौर का गोलीकांड सब दब कर रह गये। विज्ञापनों में भी शिवराज का इकलौता चेहरा ही उभरता हुआ नजर आता था। किसानपुत्र, मामा, बेटी बचाओ, कन्यादान, कुम्भ, नर्मदा, तीर्थयात्रा, आशीर्वाद यात्रा, आदि आदि सब व्यक्ति केन्द्रित होता जा रहा था। यहाँ तक कि चुनाव प्रचार सामग्री में भी अटल अडवाणी तो क्या मोदी और शाह को भी दूर रख कर ‘ हमारा नेता शिवराज’ का नारा उछाला गया था।
तय है कि चुनाव में पराजय के बाद उनका यह कहना कि मैं कहीं नहीं जाऊंगा, यहीं रहूंगा, यहीं जिऊंगा, यहीं मरूंगा, स्वाभाविक ही है किंतु पद के साथ मिलने वाला समर्थन और सहयोग अब नहीं मिलेगा। सारे विरोध सामने आने लगेंगे। सबके सत्ता सुख छिन जाने का दोष भी अब अकेले झेलना होगा। आभार यात्रा के दो चार कार्यक्रमों की असफलता ही आइना दिखा देगी। यह बात अलग है कि अडवाणी, सुषमा गुट का यह नेता सैकड़ों अन्य मोदी शाह जैसे भाजपा नेताओं की तुलना में अच्छा था।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग, रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 09425674629                 

मंगलवार, अप्रैल 11, 2017

मुल्जिम और मुंसिफ का भेद मिटाती बयानबाजी

मुल्जिम और मुंसिफ का भेद मिटाती बयानबाजी  

वीरेन्द्र जैन
जब से मोदी सरकार द्वारा अपनी लोकप्रियता की कमी को दूसरे संवेदनशील मुद्दों से दबाये जाने की कोशिशें हुयीं हैं तब से राम जन्मभूमि वाले मामले को दुबारा से उभार दिया गया है। शायद यह संयोग ही हो कि सीबीआई द्वारा बाबरी मस्ज़िद ध्वंस के आरोपियों के खिलाफ अपील पर माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा पुनः सुनवाई का आदेश दिया है। इसी दौरान उत्तर प्रदेश में राम जन्मभूमि अभियान से जुड़े योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बन जाने से इसका विवाद नया रूप ले चुका है। सुब्रम्यम स्वामी की जल्दी सुनवाई की अपील पर तो सुप्रीम कोर्ट ने पूछ ही लिया है कि- आप कौन? यह बात अलग है कि अदालत के बाहर मामले को सुलटा लेने की सलाह पर इस बड़ी अदालत की मीडिया में बहुत आलोचना हुयी है।
बाबरी मस्जिद ध्वंस के मामले की पुनर्सुनवाई पर जहाँ प्रमुख अभियुक्तों में से लालकृष्ण अडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जैसे पार्टी के मार्गदर्शक लोग चुप हैं वहीं उमा भारती बेचैन हैं और उस बेचैनी में बेतरतीब बयानबाजी कर रही हैं। उन्होंने कहा है कि राम मन्दिर के लिए मैं फाँसी पर चढने के लिए तैयार हूं। यह बयान भले ही भक्त किस्म के भावुक लोगों में कुछ साम्प्रदायिक उत्तेजना पैदा करे किंतु तथ्यात्मक रूप से बहुत असंगत है। किसी भी आरोप पर सजा तय करने का अधिकार आरोपी को नहीं होता है अपितु आरोप साबित हो जाने पर कानून के अनुसार उसकी सजा अदालत ही तय करती है, और उसे स्वीकार करने, न करने जैसा कोई विकल्प नहीं होता। राम मन्दिर का निर्माण कोई अपराध नहीं है और उसके लिए फाँसी तो क्या किसी भी तरह की सजा का कोई कानून नहीं है। देश और अयोध्या में हजारों राम या जानकी मन्दिर हैं। राम मन्दिर निर्माण का कोई मुकदमा भी किसी अदालत में नहीं चल रहा है। जो मुकदमा चल रहा है वह भूमि के स्वामित्व का मुकदमा है। उल्लेखनीय है कि जिस स्थान पर 6 दिसम्बर 92 को तोड़ी गयी मस्जिद स्थित थी उस पर ही एक वर्ग का कभी राम जन्मभूमि मन्दिर होने का विश्वास रहा है। उनका मानना है कि उक्त मन्दिर को तोड़ कर ही बाबर ने मस्जिद बनायी थी। कई सौ साल के इस विवाद में आजादी के बाद 1949 में एक रामभक्त कलैक्टर नायर ने रात्रि में मूर्ति रखवा दी। उल्लेखनीय है कि यह कलैक्टर बाद में भारतीय जनसंघ से चुनाव लड़ कर सांसद बने थे तथा उनके निधन के बाद उनकी पत्नी सांसद बनीं। तब से ही उस सम्पत्ति पर अधिपत्य का मुकदमा चलता रहा है। उस स्थल का ताला खोलने का आदेश भी उस न्यायाधीश ने दिया था जिसकी रामभक्ति की चर्चा यह थी कि अयोध्या भूमि में प्रवेश करते ही वे कार ही में अपने जूते उतार लेते थे और अयोध्या नगर में नंगे पैर चलते थे, क्योंकि वे राम की नगरी में जूते पहिन कर चलने को पाप समझते थे। इस सब के बीच में भाजपा ने रथयात्राएं निकाल कर उस इमारत को ध्वंस के लिए धर्मभीरुओं को भावुक किया और भीड़ एकत्रित कर उसे तोड़ दिया। इस उकसावे में भाजपा के सभी नेताओं की भूमिका रही जिसमें प्रमुख भूमिका अडवाणी, उमाभारती, मुरली मनोहर जोशी, गोविन्दाचार्य, [दिवंगत] विजया राजे सिन्धिया आदि की मानी गयी। उत्तेजक नारों वाली इस यात्रा के परिणाम स्वरूप देश भर में दंगे हुये, जिससे उपजे ध्रुवीकरण का लाभ भाजपा को मिला और वे संसद में दो से दो सौ तक पहुँच गये। इस ध्रुवीकरण का सीधा लाभ काँग्रेस और समाजवादी पार्टी ने भी उठाया और बिना किसी राजनीतिक कार्य के उन्हें आतंकित और क्रुद्ध मुसलमानों के वोट थोक में मिलने लगे व जनता की समस्याएं चुनावी एजेंडों से बाहर होती गयीं। मस्जिद ध्वंस की जाँच के नाम पर लिब्राहन आयोग बैठाया गया जिसने उठने की जरूरत ही नहीं समझी और जिसे लगभग तीस बार समय विस्तार दिया गया।
लिब्राहन आयोग ने जब जाँच के दौरान सम्मन भेजे तो लम्बे समय तक उन्हें टाला गया, और जब उपस्थिति दी तो उमा भारती के उत्तरों का नमूना ही पूरी कहानी अपने आप कह देता है। जब आयोग ने पूछा कि 6 दिसम्बर के दिन क्या हुआ था तो बचपन में ही राम चरित मानस कंठस्थ कर लेने की प्रतिभा वाली उमा भारती का उत्तर था कि उन्हें कुछ याद नहीं है कि क्या हुआ था। दूसरी बार जब आयोग ने उनसे पूछा कि मस्जिद किसने तोड़ी तो उनका उत्तर था कि भगवान ने तोड़ी। जब आयोग की समझ में आ गया कि कोई नहीं चाहता कि वह अपनी रिपोर्ट दे तो उसने भी इस संवेदनशील मुद्दे को कोर्ट की तरह समय देकर समाधान वाला रास्ता अपनाना जरूरी समझा।
अब उमा भारती बाबरी मस्जिद के नाम से खड़े विवादास्पद ढाँचे को तोड़े जाने की सुनवाई को राम मन्दिर निर्माण से बदल कर बता रही हैं व कृत्य के लिए संभावित सजा को फाँसी की सजा बता कर भावुक भक्तों पर भावनात्मक दबाव बना रही हैं। वे भाजपा की राजनीति में सबसे अलग और दुस्साहसी महिला हैं, जो भाजपा की संरक्षक विजया राजे सिन्धिया द्वारा आग्रह कर पार्टी में लायी गयीं थीं। उन्हें औपचारिक शिक्षा ग्रहण करने का अवसर नहीं मिला किंतु उन्होंने अपने प्रयास से कई भाषाएं और राजनीति सीखी। कभी भाजपा के थिंकटैंक माने जाने वाले गोबिन्दाचार्य को गुरु बना कर उन्होंने राजनीतिक ज्ञान प्राप्त किया। स्वभाव से मुखर और ज़िद्दी होने के कारण उन्हें चापलूसी करना सख्त नापसन्द है। यही कारण है कि भाजपा में न तो कोई कद्दावर उनका मित्र है और न ही वे किसी कद्दावर की मित्र है। सुषमा स्वराज से उनकी प्रतिद्वन्दिता को सब जानते हैं। अरुण जैटली के कारण ही उन्होंने अटल- अडवाणी को प्रैस के सामने ही खरी खोटी सुनायी थीं, और बाद में नई पार्टी बनायी थी। वैंक्य्या नायडू को उन्हीं के कारण राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से त्यागपत्र देना पड़ा था। सुन्दरलाल पटवा से उनकी दुश्मनी जग जाहिर रही है, यही कारण रहा कि पटवा जी के पट-शिष्य शिवराज सिंह से उनकी कभी नहीं पटी। बाबूलाल गौर को उन्होंने ही यह सोच कर मुख्यमंत्री बनवाया था कि समय आने पर कुर्सी छोड़ देंगे पर जब उन्होंने उनके कहने पर त्यागपत्र नहीं दिया तो वे उनके विरुद्ध हो गयीं व बार बार वादा तोड़ने वाली पार्टी से निराश हो गयीं।  कैलाश जोशी का टिकिट कटवा कर उन्होंने भोपाल से लोकसभा सीट का टिकिट प्राप्त किया था। कभी नरेन्द्र मोदी को विकास पुरुष की जगह विनाश पुरुष बतलाया था। संघ के सुरेश सोनी जैसे कुछ वरिष्ठ पदाधिकारी भी उनसे खुश नहीं रहते क्योंकि दूसरे नेताओं की तरह उन्होंने खुश रखने की राजनीति नहीं की। दिग्विजय सिंह के मानहानि वाले प्रकरण में उन्हें छोड़ कर शेष नेता समझौता कर गये हैं, किंतु उन्होंने अपने स्वाभिमान को बचा कर रखा।
शायद उन्हें फिर खतरा लग रहा होगा कि भाजपा नेतृत्व उन्हें अकेला छोड़ कर कहीं अपनी अपनी मुक्ति का रास्ता न तलाश ले। हो सकता है कि ऐसी दशा में वे फिर वैसा ही बयान देकर सबको कटघरे में खड़ा करने की कोशिश करें जैसा कि उन्होंने दिग्विजय सिंह मानहानि वाले मामले में दूसरे नेताओं के समझौते के बाद दिये बयान में किया था। भले ही लक्ष्मीकांत शर्मा वरिष्ठों को बचाने के अपने बयान से आगे नहीं गये हों, किंतु साध्वी वेष में रहने वाली उमा भारती शायद चुप न रहें। आखिर शिवराज सिंह चौहान के तेज विरोध के बाद भी भाजपा को उन्हें वापिस लेना पड़ा था, और मोदी को  कैबिनेट मंत्री भी बनाना पड़ा।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग, रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 09425674629


सोमवार, अप्रैल 15, 2013

मध्य प्रदेश में उमा प्रवेश


मध्य प्रदेश में उमा प्रवेश
वीरेन्द्र जैन
                पार्टी के अन्दर और बाहर नितिन गडकरी की चतुर्दिक निन्दा हो जाने के बाद भाजपा के मार्गदर्शक की भूमिका निभाने वाले आर एस एस को राजनाथ सिंह के कन्धों पर दूसरी बार अध्यक्षता का भार डालना पड़ा है। यह जिम्मेवारी मिलने के बाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित करने में उन्हें लम्बा समय लगा, जो पार्टी के संगठन में चल रही खींचतान के संकेत देती है। भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में तेरह उपाध्यक्ष घोषित किये गये जिनमें सदानंद गौडा, मुख्तार अब्बास नकवी,  सीपी ठाकुर, जुएल ओरांव, एसएस अहलूवालिया, बलबीर पुंज, सतपाल मलिक,  प्रभात झा,  उमा भारती, बिजॉय चक्रवर्ती, लक्ष्मीकांता चावला, किरण माहेश्वरी, स्मृति ईरानी हैं। इन तेरह नामों के बीच अखबारों में सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरने वाला नाम उमा भारती का ही था जिनका चयन नितांत अनेपक्षित था। स्मरणीय है कि उन्होंने पार्टी के सबसे वरिष्ठ नेताओं को सार्वजनिक रूप से न केवल धिक्कारा ही था अपितु अपनी अलग पार्टी बना कर कई चुनावों में प्रत्याशी घोषित किये व मध्यप्रदेश में विधानसभा और लोकसभा के चुनाव लड़े जिनमें भाजपा को ही मुख्य रूप से निशाने पर रखा था। माना जाता है कि गुजरात और उत्तर प्रदेश के पिछले विधानसभा चुनावों में उन्होंने प्रत्याशी घोषित करने के बाद स्थानीय नेताओं से सौदा कर लिया था तथा कभी अपने गुरु के आदेश के नाम पर तो कभी हिन्दू वोटों की एकजुटता के नाम पर अपने प्रत्याशी वापिस ले लिये थे। उनका वोट बैंक भी भाजपा के वोट बैंक से निकला था तथा 2008 के मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बारह लाख वोट भी जुटा लिए थे भले ही वे कुल पाँच विधायक ही जिता पायी थीं। बड़ा मल्हरा उपचुनाव में जो उमा भारती का ही अपना चुनाव क्षेत्र था, भाजपा ने अपनी प्रतिष्ठा का प्रतीक बना कर लड़ा था क्योंकि उन्हें दल के आगे व्यक्ति के महत्व को खत्म करना था और यह भी सिद्ध करना था कि उमा भारती पार्टी के बिना शून्यवत हैं और वे अपने क्षेत्र से भी अपना प्रत्याशी जिता नहीं सकतीं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने साम दाम दण्ड भेद सभी हथकण्डों से वह चुनाव भाजपा की झोली में डाल लिया था। चुनव के दौरान भाजपा के बाहुबलियों ने उनके ऊपर हमला किया था और उन्हें भाग कर एक मन्दिर के अन्दर छुप जाना पड़ा था जहाँ अन्दर से साँकल बन्द करके ही वे सुरक्षित रह पायी थीं। इस घटना पर उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर अपनी हत्या करवाने का आरोप भी लगाया था। सत्ता से दूर होने पर उनके अधिकांश समर्थक क्रमशः उनसे छिटक गये थे और वे लोग ही साथ रह गये थे जिनका भाजपा में प्रवेश पाना दुर्लभ था। निरंतर अकेली पड़ती उमा भारती कब तक केवल पैसे के सहारे राजनीति करतीं सो उन्होंने भाजपा में पुनर्प्रवेश के प्रयास किये और भाजपा नेताओं से व्यक्तिगत दुश्मनी रखने के कारण उनसे जुड़े समर्थकों को अधर में छोड़ दिया। 2009 के लोकसभा चुनाव में मैं तो उन्होंने अडवाणीजी को प्रधानमंत्री बनवाने में सहयोग करने के नाम पर भाजपा से केवल एक सीट माँगी थी जो भी उन्हें नहीं मिली थी। भाजपा में पुनर्प्रवेश के लिए उन्हें वर्षों प्रतीक्षा करना पड़ी थी व उनके प्रवेश के खिलाफ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने उनके प्रवेश की दशा में स्तीफा देने की धमकी दी थी। जब जब उनकी माँग ठुकरा दी जाती तो साध्वीभेषी राजनेता प्रैस के सामने यह ‘सच’ कहतीं कि स्वास्थ के कारणों से वे अभी राजनीति में सक्रिय नहीं हो पा रही हैं। उनका प्रवेश कई बार टला और अंततः बाबरी मस्ज़िद ध्वंस मामले में सहअभियुक्त होने के परिप्रेक्ष्य में संघ द्वारा वीटो कर देने से उन्हें पार्टी में प्रवेश तो मिल गया पर मध्य प्रदेश में उनके प्रवेश पर पाबन्दी लगा दी गयी। उल्लेखनीय है कि भाजपा में प्रवेश मिलने के बाद उन्हें स्वास्थ सम्बन्धी कोई समस्या नहीं रही पर यह समस्या उनके भाई को हो गयी जिन्हें देखने के लिए उन्हें बार बार मध्यप्रदेश में आना पड़ता था। मध्यप्रदेश में अछूत घोषित करके भाजपा ने उन्हें गंगा शुद्धिकरण पर लगा दिया पर वे बार बार नर्मदा स्नान करके ही निर्मलता और शांति पाती रहीं, तथा धार्मिक कार्यों की ओट में आती जाती रहीं। इधर उनके आने से मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और तत्कालीन पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और अधिक कलुषित व अशांत होते रहे।
       उत्तरप्रदेश के 2012 के विधानसभा चुनावों के लिए उन्हें कई दूसरे लोगों के साथ चुनाव प्रभारी घोषित किया गया किंतु इस झुनझुने की असलियत समझ कर उन्होंने उसमें रुचि नहीं ली। बाद में उन्हें उत्तरप्रदेश में विधानसभा सदस्य का प्रत्याशी बनाने हेतु प्रदेश में सरकार बनने की स्थिति में मुख्यमंत्री प्रत्याशी बनाये जाने का लालच भी दिया गया। उन्हें उत्तर प्रदेश में जितवाने हेतु मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने पूरे मन से कोशिश की व समस्त संसाधन जुटा कर जिता भी दिया ताकि वे मध्यप्रदेश से विदा हो जायें। एक प्रदेश की मुख्यमंत्री और केन्द्र में मंत्री रही उमा भारती को यह पद फाँस नहीं पाया और वे केवल शपथ ग्रहण करने के लिए ही लखनऊ गयीं। वहाँ भी उन्हें सचमुच ही इतना बाहरी समझा गया कि जब पिछले दिनों कल्याण सिंह ने भाजपा के आगे अपनी पार्टी का आत्मसमर्पण कराया तब उन्हें आमंत्रित तक नहीं किया गया।
       सब जानते हैं कि उमा भारती की जान जिस तोते में बसती है उसका नाम मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी है। इसी कारण उन्हें न गंगा की गोद में आराम मिलता है, न उत्तरप्रदेश बाँध पाता है और न ही गुजरात आकर्षित कर पाता है। स्मरणीय है कि जब उन्हें भाजपा में पुनर्प्रवेश मिला था तब मध्यप्रदेश में उनके सम्मान में कोई भी स्वागत समारोह नहीं हुआ था अपितु पार्टी में एक भयावह सन्नाटा सा छा गया था। उनके समर्थकों को ही नहीं विधायकों तक को महीनों विधानसभा में भाजपा विधायक दल की सदस्यता नहीं मिल पायी थी। उनमें से किसी के नाम पर भी किसी सम्मानित पद के लिए कभी विचार नहीं किया गया था। इस अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस बार उमा भारती ने मध्य प्रदेश में धूम धड़ाके के साथ प्रवेश करने की योजना बनायी। अपना स्वागत कराने के लिए उन्होंने अपने व्यक्तिगत समर्थकों के नाम पर सभी स्थानीय समाचार पत्रों में पूरे पूरे पृष्ठों के विज्ञापन प्रकाशित कराये और पार्टी कार्यालय में प्रायोजित स्वागत समारोह आयोजित करवाया। संयोग से कभी उनके विरोधी रहे प्रभात झा प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाये जाने के बाद मुख्यमंत्री के विरोधी हो गये थे सो उनको भी स्वागत समारोह में बुलाना पड़ा क्योंकि दुश्मन का दुश्मन दोस्त होता है। मजबूरन मुख्यमंत्री को भी इस स्वागत समारोह में आना पड़ा और नकली हँसी हँसना पड़ी। उल्लेखनीय है कि इसी दौरान मुख्यमंत्री के प्रचार विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के उस साक्षात्कार को प्रकाशित करवाया जिसमें उन्होंने कहा कि 2003 के चुनावों में भाजपा की जीत में उमा भारती की कोई भूमिका नहीं थी अपितु एंटी इंकम्बेंसी के कारण भाजपा का जीतना स्वाभाविक था। उमा भारती के एकल विज्ञापनों को देख कर प्रभात झा समर्थकों ने भी प्रमुख स्थानों पर उनके होर्डिंग्स लगवा दिये जिनमें उमा भारती का अता पता दूर दूर तक नहीं था।
       भले ही उमा भारती ने अपने बयान में कहा हो कि वे कांग्रेस का पिण्डदान करने के लिए आयी हैं किंतु सब लोग जान समझ रहे हैं कि असल में वे किसका पिण्डदान करेंगीं। वह दिन दूर नहीं जब मध्य प्रदेश के अन्दर भाजपा में महाभारत शुरू हो जायेगा। संघ के इशारों पर चलने वाले दल में सह सरकार्यवाहक सुरेश सोनी ने शिवराज को सताने के लिए न केवल उमा भारती, प्रभात झा को ही केन्द्रीय संगठन में स्थान दिलवा दिया है अपितु थावर चन्द गहलौत से लेकर कैलाश विजयवर्गीय, सुधा मलैया तक को शिवराज से ऊंची या बराबर की जगह पर प्रतिष्ठित करवा दिया है। वैसे भी उनका भ्रष्टाचार में आकण्ठ डूबे अपने मंत्रिमण्डल के सदस्यों पर कोई नियंत्रण नहीं है, उच्च अधिकारी वैसे भी भाव नहीं देते थे और अब तो आचार संहिता लगने में कुछ ही महीने शेष रह गये हैं। पुनः भाजपा के सत्ता में आने के कोई संकेत नहीं हैं तथा उमा टिकिट वितरण में बड़ा हिस्सा माँगेंगीं। उनके जिन लोगों को भी टिकिट नहीं मिलेंगे वे स्वतंत्र रूप से उमाभारती के आशीर्वाद का दावा करते हुए चुनाव लड़ेंगे ही। भाजश के बिखर गये पुराने लोग फिर से एक जगह एकत्रित हो गये हैं। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद उमाभारती का मध्यप्रदेश में प्रवेश खुल जाने से शिवराज के चेहरे की रौनक चली गयी है और उनकी खोखली हँसी उनके अन्दर पल रहे द्वन्द का साफ संकेत दे रही है। अँग्रेजी में एक कहावत है कि हँसने में जिसका पेट नहीं हिलता उस व्यक्ति से सावधान रहो। उनके दिल नहीं मिले केवल हाथ मिले हैं। रहीम ने कहा था-
रहिमन धागा प्रेम का मत तोड़ो चटकाय
जोड़े से फिर न जुड़े, जुड़े गाँठ पड़ जाय 
       इस जोड़ की गाँठें साफ नजर आ रही हैं
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629
           

बुधवार, मार्च 20, 2013

संघर्षमूर्ति उमा भारती का भविष्य


संघर्ष मूर्ति उमा भारती का भविष्य
वीरेन्द्र जैन
       बाबरी मस्जिद ध्वंस के मुख्य आरोपियों में सम्मलित होने के बाद से उमा भारती ने निरंतर इतने संघर्ष किये कि मीडिया वाले उन्हें साध्वी से फायर ब्रांड लीडर तक कहने लगे। उनके इसी जुझारू तेवर के कारण उनकी पार्टी द्वारा उन्हें उन चुनाव क्षेत्रों में झौंका जाता रहा जहाँ भाजपा को जीतने की सम्भावना बिल्कुल नहीं होती थी। अपनी ज़िद पर भोपाल से टिकिट लेने के पहले वाले चुनाव में उन्हें खजुराहो से लड़ाया गया था, जहाँ कांग्रेस की आपसी फूट के कारण सौभाग्यवश वे जीत तो गयीं पर अपनी असली हैसियत को समझ गयी थीं, तब दूसरी बार उन्होंने खजुराहो क्षेत्र के प्रतिनिधित्व में स्वास्थ ठीक नहीं रहने के बहाने भोपाल जैसे सुरक्षित क्षेत्र से टिकिट लेना ठीक समझा था जिसके लिए उन्हें मध्यप्रदेश भाजपा के भीष्म पितामह सुन्दरलाल पटवा समेत बहुत सारे लोगों से टकराना पड़ा था। इस टकराहट में उनकी नुकसान पहुँचाने की क्षमता ने बड़ा काम किया था और उन्हें मजबूरन टिकिट देना पड़ा था। फिर अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में मंत्री बनने के लिए उन्हें टकराना पड़ा था, जहाँ से केन्द्रीय मंत्री रहते हुए उन्हें भोपाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ आन्दोलन करने के लिए तैनात किया गया था, जबकि मध्य प्रदेश में भाजपा नेताओं की पूरी फौज थी। इस दौरान कुछ ऐसा घटनाक्रम हुआ कि उन्होंने अनशन स्थल पर अपनी हत्या की सम्भावनाएं व्यक्त कीं पर दिग्विजय सिंह द्वारा मेडिकल कराये जाने के प्रस्ताव के बाद वे अनशन से अचानक उठ कर केन्द्रीय मंत्रिमण्डल से स्तीफा दे अज्ञातवास पर चली गयीं। उनके अज्ञातवास से लौटने के बाद एक अखबार ने उनके बारे में कुछ ऐसा छाप दिया जिसको अपमानजनक मान कर वे उस अखबार के खिलाफ अनशन पर बैठ गयीं।
       अटलजी द्वारा उन्हें फिर से मंत्रिमण्डल में सम्मलित किये जाने के कुछ ही दिन बाद उन से मंत्रिपद ले मध्यप्रदेश के विधान सभा चुनाव में इस समझ के साथ भेजा गया कि वहाँ दिग्विजय सिंह जैसे चतुर राजनीतिज्ञ के सामने जीतना तो असम्भव है पर उमाजी की साम्प्रदायिक छवि से चुनाव में ध्रुवीकरण तेज होगा और भविष्य में मदद मिलेगी। पर यहाँ भी सरकारी कर्मचारियों के असंतोष व कांग्रेस की गुटबाजी से ऐसे पाँसे पड़े कि वे पार्टी को विधानसभा चुनाव जिता ले गयीं और चुनाव परिणामों से हतप्रभ भाजपा नेतृत्व को वादे के मुताबिक उन्हें मुख्यमंत्री बनाना पड़ा। भाजपा ने उन्हें संगठन के अनुशासन में कठपुतली मुख्यमंत्री बनाना चाहा तो यहाँ पर भी उन्हें असली भूमिका पाने के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ा। एक बार तो उन्होंने कहा कि जिसे संगठन का काम मिला है वह संगठन का काम करे और जिसे सरकार चलाने का काम मिला है वह सरकार चलायेगा। अचानक संगठन से सलाह लिए बिना उन्होंने अपने विश्वसनीय लोगों को निगम मण्डलों के पद बाँटे और चुपचाप तीर्थयात्रा पर निकल गयीं। लौट कर आने पर उन्होंने संगठन के लोगों से खूब टकराहट ली तो संगठन ने उन्हें पद से हटाने की कमर कस ली। संयोग से उसी समय हुबली काण्ड का फैसला आ गया जिसमें वे दोषी सिद्ध हुयीं। अवसर की तलाश में बैठे भाजपा नेतृत्व ने उनके साथ सहानिभूति दिखाने की जगह जिस त्वरित गति से उन्हें पद से हटने के आदेश दिये वैसी तेजी न पहले कभी दिखायी थी और न ही बाद में दिखायी। वैकल्पिक मुख्यमंत्री पद सम्हालने के लिए अरुण जैटली के साथ जिन शिवराज सिंह चौहान को दिल्ली से भेजा गया था, उनको सत्ता देने से उन्होंने साफ इंकार कर दिया और अपने अनुशासन में रहने के प्रति आश्वस्त बाबूलाल गौर को सत्ता सौंपी। अपमानित जैटली और शिवराज वापिस लौट गये। इस टकराहट का लाभ लेने के लिए कर्नाटक की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने हुबली के उस प्रकरण को जिसमें चार लोगों की मृत्यु हो गयी थी, राजनीतिक आन्दोलन मानकर वापिस ले लिया जिससे उमाजी जेल से बाहर आ गयीं। पर भाजपा ने वादे के बाद भी इतनी जल्दी मुख्यमंत्री फिर से बदलने से मना कर दिया और एक साल इंतजार करने को कहा। एक साल तक बाबूलाल गौर के पीछे चट्टान की तरह खड़े रहने के बाद भी जब उन्हें सत्ता नहीं मिली तो वे बिफर गयीं। अरुण जैटली द्वारा उनकी आत्महत्या कर लेने की धमकी को प्रैस को लीक करने की सूचना से वे और भी व्यथित हुयीं तथा टीवी कैमरों के सामने अडवाणी समेत राष्ट्रीय नेतृत्व को भला-बुरा कह डाला जिस कारण वश उन्हें निलम्बित करना पड़ा था। विधायकों के बहुमत के आधार पर मुख्यमंत्री चयन की उनकी माँग को ठुकराते हुए 2003 के विधानसभा चुनाव में दिग्विजय सिंह से पराजित रहे शिवराज सिंह चौहान को बतौर मुख्यमंत्री बैठा दिया। आक्रोश में उन्होंने पार्टी छोड़ी, तिरंगायात्रा , रामरोटी यात्रा, आदि निकालीं, नई पार्टी बनायी उससे विधानसभा चुनाव लड़े, अपनी पार्टी के पक्ष में बारह लाख तक वोट पाये, पाँच विधायक जिताये, पर भावी सम्भावनाएं सूंघ कर, पार्टी समेट कर भाजपा में पुनर्प्रवेश के लिए लाइन में लग गयीं। उनसे लम्बी प्रतीक्षा करवायी गयी, इस बीच स्वार्थ के कारण जुड़े सारे लोग एक एक करके उनका साथ छोड़ते गये और उनसे अपमानित हो चुके लोग उनके पुनर्प्रवेश में बाधक बन कर अड़ गये। गडकरी और संघ दोनों के साथ उन्होंने ढेरे सारी बैठकें की और आखिरकार उन्हें मना ही लिया। संघ के आदेश के सामने शिवराज सिंह की स्तीफे की धमकी काम नहीं आयी, पर मध्यप्रदेश में उमाजी के प्रवेश करने पर पाबन्दी लगवाने में वे सफल रहे। अपने पिता समान भाई की गम्भीर बीमारी की दशा में उन्हें देखने आने के लिए भी अपने प्रदेश में उन्हें गुपचुप आना पड़ता था। इसी बीच गोबिन्दाचार्य जैसे गुरुसम सलाहकार ने भी उनसे दूरी बना ली।
       उन्हें म.प्र. से दूर रखने और अन्यत्र व्यस्त रखने के लिए उन्हें गंगा की स्वच्छता का गैर राजनीतिक प्रभार सौंप दिया गया और बाद में उन्हें उत्तर प्रदेश के एक लोधी बहुल चुनाव क्षेत्र से टिकिट दे दिया गया, इतना ही नहीं चुनाव के दौरान, सरकार बनने की दशा में उन्हें उ.प्र. का मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा कर दी गयी क्योंकि चुनाव परिणामों का सही अनुमान सबको था इसलिए इस घोषणा में भाजपा को कोई खतरा नहीं था। वे किसी तरह खुद तो चुनाव जीत गयीं पर भाजपा के वोट प्रतिशत में ही गिरावट नहीं आयी अपितु उसकी सीटें पिछले चुनाव से भी दो कम हो गयीं। मुख्यमंत्री उम्मीदवार तो घोषित कर दिया गया था पर उन्हें विधायक दल का नेता नहीं बनाया गया तो वे भी शपथ लेने के बाद विधानसभा नहीं गयीं। भाजपा के नेतृत्व समेत मध्यप्रदेश के नेता खुश थे कि उन्होंने उमाजी का प्रदेश निकाला ही कर दिया। उल्लेखनीय है कि उमाजी ने म.प्र. की भाजपा सरकार को अपना बच्चा बताया था और शिकायत की थी कि उन से उनका बच्चा छीन लिया गया है।
       पिछले कुछ दिनों से वे वात्सल्य भाव से म.प्र. के अधिक चक्कर लगा रही हैं। जिन शिवराज सिंह चौहान पर बड़ामल्हरा चुनाव के दौरान उन्होंने उनकी हत्या करवाने के प्रयास का आरोप लगाया था, अब वे उनके बड़े भाई का पद पाने लगे हैं। समानांतर रूप से उनके पैनल के लोग विधानसभा चुनावों में टिकिट पाने के लिए तैयारी कर रहे हैं और चुनावी तैय्यारियों में जुट चुके हैं, जो टिकिट न मिलने की दशा में निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।
       पिछले दिनों लोधी जाति के नेता कल्याण सिंह ने लखनऊ में आयोजित एक समारोह में अपनी पार्टी का समर्पण भाजपा में करा दिया पर उस कार्यक्रम में उ.प्र. से विधायक व मुख्यमंत्री पद के लिए घोषित प्रत्याशी रही उमाभारती को कोई स्थान नहीं दिया गया। दोनों ही नेता लोधी जाति के नेता हैं और दोनों ने ही भाजपा में मुख्यमंत्री पद से हटाये जाने के बाद अपनी अलग पार्टी बनायी थी पर उसके असफल होने के कारण एक एक करके भाजपा में वापिस आते गये हैं। कल्याण सिंह नहीं चाहते हैं कि उमा भारती उत्तरप्रदेश में लोधियों की नेता के रूप में उभरें इसलिए वे उन्हें उसी तरह दूर करना चाहते हैं, जैसे कि मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान उन्हें प्रदेश में घुसने ही नहीं देना चाहते। स्मरणीय है कि जब उमा भारती ने अपनी पार्टी का विलय भाजपा में कर दिया था तब महीनों तक उनके पाँच विधायकों को विधायक दल में सम्मलित नहीं किया गया था व उन्हें मंत्री तो दूर किसी को भी निगम मण्डल के अध्यक्ष का पद भी नहीं दिया है। उमा भारती से जुड़े रहे लोगों को संगठन में भी उचित स्थान नहीं मिला है व किसी भी जीत सकने वाले चुनाव क्षेत्र से टिकिट न मिलना भी तय है। देश में यही दोनों राज्य ऐसे हैं जहाँ उमाभारती जानी जाती हैं, और दोनों ही जगहों से उन्हें बेदखल कर दिया गया है।
       जिन गडकरी से उमाजी को कुछ भरोसा था वे अब भाजपा के अध्यक्ष पद से विदा हो चुके हैं, और उन्हें अध्यक्ष पद पर पुनर्प्रतिष्ठित करने की इच्छा रखने वाले संघ के लोगों का भी दबदबा कम हुआ है। ऐसे में तय है कि मुँहदेखी बात करने वाले नेताओं वाली पार्टी में उमा भारती की हालत मदन लाल खुराना की तरह हो जाने वाली है। पर युवा उमा भारती ने जीवन भर संघर्ष से मुँह नहीं मोड़ा और आगे भी नहीं मोड़ेंगीं। उनके प्रदेश में उनसे असंतुष्ट सुषमा स्वराज को सुरक्षित क्षेत्र दे दिया गया है, ऐसे में देखना होगा कि वे अपने प्रदेश के वात्सल्य से कब तक दूर रह सकेंगीं।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629
         

रविवार, अप्रैल 15, 2012

म.प्र. भाजपा - प्र्देश कार्यसमिति की बैठक में उमा भारती की अनुपस्थिति


म.प्र. भाजपा
प्रदेश कार्यसमिति की बुन्देलखण्ड में बैठक और उमा भारती की अनुपस्थिति
वीरेन्द्र जैन
      मध्यप्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने का सपना देखने वाली भाजपा ने अपनी कार्यसमिति की बैठक, अयोध्या के बाद रामलला का दूसरा स्थान माने जाने वाले ओरछा में की और इस बैठक में भाजपा को बुन्देलखण्ड में जगह दिलाने वाली उमा भारती को झांकने भी नहीं दिया गया। उल्लेखनीय है कि  मध्यप्रदेश की सरकार उमा भारती को कश्मीरी पंडितों की तरह पहले ही प्रदेश निकाला दिला कर गदगद थी और उसके बाद उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में उन्हें चरखारी से टिकिट दिला कर जिताने में चौहान सरकार ने सारी ताकत झोंक दी थी। जिन शिवराज सिंह चौहान पर सुश्री भारती उनकी हत्या कराने का आरोप लगा चुकी थीं, उन्हीं उमा भारती के साथ पहला सार्वजनिक मंच चरखारी में ही साझा किया और भरपूर प्रचार किया। स्मरणीय है कि दिल्ली में हुयी उनकी वापिसी के समय न तो प्रदेश भाजपा का कोई नेता उपस्थित था और ना ही प्रदेश में उनकी वापिसी पर कोई स्वागत समारोह ही किया गया था। उनके विधायकों तक को विधायक दल में सम्मलित करने में महीनों की देर हुयी। नितिन गडकरी को भी जब समझ में आ गया था कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार नहीं बनाने जा रही तो उन्होंने उदारता दिखाते हुए जीतने की दशा में उमा भारती को मुख्यमंत्री पद देने की घोषणा कर दी थी ताकि मतदाता भ्रम में पढ कर उन्हें जिता दे। बिडम्बना यह रही कि जिस मध्य प्रदेश में 2003 में उन्होंने पूरा बहुमत पाया था व कर्नाटक हाईकोर्ट के फैसले के बाद वे बहुमत विधायकों का समर्थन पाकर लगातार इस बात के लिए चीखती चिल्लाती रहीं कि मुख्यमंत्री का फैसला लोकतांत्रिक ढंग से बहुमत विधायकों के आधार पर ही होना चाहिए पर उनकी पुकार अरण्यरोदन होकर रह गयी थी। उन्हीं उमा भारती को उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में हार सुनिश्चित मान लेने के बाद मुख्यमंत्री पद प्रत्याशी का झुनझुना पकड़ा दिया था। ऐसा करके सभी कुटिलता से मुस्करा रहे थे, इसलिए ये घोषणा निर्विरोध रही। भाजपा नेताओं का यह सम्मलित प्रयास रंग लाया, उमा भारती चरखारी से चुनाव जीत गयीं, जिससे शिवराज सिंह ने माना कि उनका काँटा निकाल दिया गया है। अब वे इस प्रतीक्षा में मौन साधे हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री होने व घोषित मुख्यमंत्री पद प्रत्याशीके आधार पर उन्हें उत्तर प्रदेश विधान सभा में पार्टी के नेता का पद मिल जाये, पर यह सम्भव नहीं दिखता। इस तरह अब वे घर की हैं न घाट की।
      पवित्र नगरी घोषित ओरछा में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रखने के पीछे रामलला से पुनर्जुड़ाव का विचार भर नहीं रहा, अपितु उमा भारती के बाद उनका बुन्देलखण्ड में नेता विहीन हो जाना भी है। हाल ही में उत्तर प्रदेश में हुए चुनावों से संकेत मिलता है कि अलग बुन्देलखण्ड राज्य का विरोध करने के बाद इस क्षेत्र में उन्होंने अपनी लोकप्रियता तेजी से खोयी है। वे फायर ब्रांड कहलाने वाली अतिमुखर उमा भारती की भौतिक उपस्थिति तो नहीं चाहते थे पर उनके प्रभाव का स्तेमाल जरूर कर लेना चाहते थे सो उन्होंने शिवराज सिंह के साथ उमाभारती को पोस्टर में स्थान देने की कृपा जरूर की। स्मरणीय है कि इस प्रदेश सरकार के पितृ पुरुष सुन्दरलाल पटवा ने उमा भारती की आलोचना त्रिया चरित्र कह के की थी, जो अंततः पूरे महिला वर्ग की आलोचना थी।
      भाजपा के चेहरा चाल चरित्र की कहानियाँ तो आज देश भर में ‘सत्य-कथाओं’ को पीछे छोड़ रही हैं, पर इस आयोजन के दौरान ही ओरछा के जिले टीकमगढ नगर पलिका की एक भाजपा पार्षद रानी सोनी ने नगर पालिका और भारतीय जनता युवा मोर्चे के अध्यक्ष राकेश गिरि गोस्वामी पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके वार्ड में विकास कराने की माँग के बदले में गलत इरादे से साथ आने की शर्त रखते हैं। रानी सोनी उमा भारती की बड़ी प्रशंसक रही हैं। जब उसकी बात नहीं सुनी गयी तो उसने प्रैस कांफ्रेंस के दौरान चीख चीख कर गुहार की व  न्याय न मिलने की स्थिति में आत्महत्या करने की धमकी दी। भाजपा का संकट यह है कि अगर उसने चरित्र के आधार पर कार्यवाही करने की कोशिश की तो फिर पूरी पार्टी में इक्का दुक्का युवक ही बचेंगे। 1 नवम्बर 2011 से लेकर 29 फरबरी 2012 के बीच 120 दिन में ही प्रदेश में 103 बलात्कार के मामले प्रकाश में आये हैं और शायद ही कोई ऐसा मामला रहा हो जहाँ किसी भाजपा नेता ने आरोपी की सिफारिश में फोन न किया हो। शहला मसूद कांड में उभर कर आये भाजपा के नेतओं को लोकसभा में भाजपा की नेता सुषमा स्वराज सीबीआई जाँच से पहले ही क्लीन चिट दे चुकी हैं जबकि इसमें स्थानीय विधायक ही नहीं राष्ट्रीय नेता भी सन्देह के घेरे में हैं। अगर मामला स्थानीय पुलिस के पास रहता तो अब तक संजय जोशी कांड की तरह आरोपियों को क्लीन चिट मिल ही चुकी होती। मालवा क्षेत्र की संघ की दो महिला कार्यकर्ता तो स्वयं सेवकों द्वारा दैहिक शोषण की शिकायत भागवत से करने के बाद अब न्याय की उम्मीद खो चुकी हैं। दर्जनों मंत्रियों और मन्दसौर के जिला अध्यक्ष आदि से लेकर स्थानीय स्तर के नेताओं की सैकड़ों कहानियाँ जनता की जुबान पर हैं।
      कार्यसमिति में पधारे प्रादेशिक और राष्ट्रीय नेताओं की उपस्थिति के कारण बड़ी संख्या में संवाददाता वहाँ मौजूद थे, पर उनसे बेपरवाह भगवा तौलियाधारी भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ ने देशी विदेशी मदिरा की दुकानों की अच्छी बिक्री करवाई। ओरछा के पाँच होटलों के पास बार लाइसेंस हैं और ये सभी भाजपा नेताओं से भरे रहे। इस डिजिटल युग में प्रत्येक गतिविधि रिकार्ड होती रहती है क्योंकि सुरक्षा के नाम पर जगह जगह डिजिटल कैमरे लगे होते हैं। ओरछा के पास पत्थरों की बहुतायत है इसलिए यहाँ पत्थर से गिट्टी तोड़ने वाले क्रेशर बहुतायत में हैं जो सीमित लाइसेंस से कई गुना पत्थर निकालने के रूप में खनिज माफियाओं की गिरफ्त में है। इन माफियाओं ने बदले में समुचित लक्जरी वाहन समेत सभी सुख साधन उपलब्ध कराये हुए थे। जिस गाँव में कभी राहुल गान्धी ने रोटी खायी थी और रात बितायी थी उसी में भाजपा अध्यक्ष ने भी भोजन किया। परा उन्होंने  किसी दलित के घर की रोटी नहीं खायी अपितु ग्वालियर से बुलवाये गये हलवाई द्वारा बनायी गयी रसोई से भोजन किया जिसमें  तरह तरह के लजीज व्यंजन थे।
      भाजपा के प्रदेश महामंत्री की प्रैस कांफ्रेंस में तेरह बार बिजली गुल हुयी और जिसने सरकार के प्रबन्धन की स्थिति बता दी। वैसे तो पूरे कार्यक्रम के दौरान जनरेटर लगे थे जिन्होंने एयर कंडीशंड पंडाल में कोई तकलीफ नहीं होने दी, पर बिजली का आना जाना तो पता चलता ही रहा। ऐसे संकेत बार मिल रहे हैं कि शिवराज सिंह चौहान से मुख्यमंत्री पद छूट रहा है। गत दिनों एक समाचार पत्र द्वारा प्रकाशित  महिलाओं पर केन्द्रित एक पत्रिका के विमोचन के अवसर पर उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री का पद तो आना जाना है पर मैं बेटियों को बचाने के लिए जिन्दगी भर काम करता रहूंगा। कार्यसमिति की बैठक के समाप्त होने वाले दिन मुख्यमंत्री देर रात में संघ के भोपाल मुख्यालय समिधा में गये और विशेष चर्चा में भाग लिया। स्मरणीय है कि चुनाव के लिए भाजपा ने दिन गिनना शुरू कर दिया है और छवि सुधार कार्यक्रम के अंतर्गत इसी दिन राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने प्रदेश नेतृत्व को विवादस्पद मंत्रियों, विधायकों के स्थान पर साफ सुथरी छवि वालों को जगह देने देने की घोषणा की थी जब कि मुख्य मंत्री के सबसे निकट के 14 मंत्रियों पर बेहद गम्भीर आरोप हैं। आयकर विभाग उनके निकट के लोगों के यहाँ छापा मारकर करोड़ों रुपये, सोना, और कागजात बरामद कर चुका है । इन्हें लोकसभा का चुनाव होने तक मंत्री बनने से रोक लिया गया था, पर उसके बाद तो उन्होंने दोनों हाथों से लूट मचा दी थी।
      पूरा प्रदेश साँस रोके किसी बड़ी करवट की प्रतीक्षा कर रहा है।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629
     

शुक्रवार, फ़रवरी 17, 2012

उमा भारती और उत्तर प्रदेश के चुनाव


उमा भारती और उत्तर प्रदेश के चुनाव
वीरेन्द्र जैन
      उमा भारती की भाजपा में वापिसी और उनका मध्य प्रदेश से निष्कासन ही नहीं अपितु उसके बाद का घटनाक्रम भी नाटकीय रहा है। भाजपा जैसी रामलीला पार्टी में यह बहुत अस्वाभाविक भी नहीं है। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में उन्हें न केवल चुनाव का स्टार प्रचारक ही बनाया गया अपितु एक सीट से उम्मीदवार भी बनाया गया है। जब प्रदेश भाजपा का कोई दूसरा कोई बड़ा नेता यह दावा भी नहीं कर रहा है कि अगर भाजपा की सरकार बनी तो उसे ही मुख्य मंत्री बनाया जायेगा किंतु तब उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने वाले प्रमुख नेताओं में मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और एनडीए शासन काल में केन्द्रीय सरकार में मंत्री रही उमा भारती का दिवास्वप्न अस्वाभाविक नहीं है बशर्ते कि वे स्वयं चुनाव जीत जायें और उनकी पार्टी स्वयं में इतनी सीटें जीत ले ताकि किसी दूसरे दल से समझौता करके सरकार बनाने में सफल हो पाये। किंतु यह अन्धविश्वास किसी मुंगेरीलाल को भी नहीं है कि भाजपा पहले तीन पायदान तक पहुँच सकेगी इसलिए उमाभारती  के नेतृत्व के सवाल पर सभी मन्द मन्द मुस्कराते हुए मौन हैं। न नौ मन तेल होगा न राधा नाचेगी। चुनाव परिणामों के बाद न तो कांग्रेस भाजपा को गठबन्धन में सम्मलित कर सकती है और न ही समाजवादी पार्टी। बहुजन समाज पार्टी ने जितनी बार भी भाजपा के साथ सरकार बनायी तब सदैव ही भाजपा को निचले पायदान पर रखा है और गठबन्धन के समय अधिक सदस्य होते हुए भी पहले अपने नेतृत्व वाली सरकार बनायी। तय है पुनः ऐसा कोई अवसर आने पर मायावती भाजपा के नेतृत्व में सरकार चलाने की जगह विपक्ष में बैठना अधिक पसन्द करेंगीं। इसलिए यह तो तय है कि न तो भाजपा की सरकार बन रही है और न ही उमा भारती मुख्यमंत्री। कहा जा रहा है कि उन्हें इसलिए चरखारी से टिकिट दिया गया है ताकि वे बीच चुनाव में कोई बहाना ले कर भाग न निकलें। स्मरणीय है कि बाबू सिंह कुशवाहा के साथ भाजपा द्वारासौदा करने का तीव्र विरोध उन्होंने इसीलिए किया था बरना सुखराम जयललिता आदि से लेकर चौटाला आदि द्वारा समर्थित एनडीए सरकार में मंत्री रहने में उन्हें कभी कोई आपत्ति नहीं रही।  
      इस विषय में रोचक यह है कि मध्य प्रदेश के वे नेता उनकी जीत की कामना और प्रयास कर रहे है जो उनके घनघोर विरोधी रहे हैं। वे चाहते हैं कि उमा भारती इधर से टलें ताकि वे चैन की साँस ले सकें। स्मरणीय है कि बड़ामल्हरा उपचुनाव के दौरान उमा भारती ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर उनकी हत्या का षड़यंत्र रचने का आरोप लगाया था। यही कारण है कि मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सुन्दरलाल पटवा के पट शिष्य शिवराज उमाभारती से वैसी ही दुश्मनी मानते हैं जैसी कि पटवाजी मानते हैं। पिछले दिनों ही पटवाजी ने एक बयान में उमाभारती के बारे में टिप्पणी करते हुए कहा था कि वे अब मध्य प्रदेश की वोटर ही नहीं रहीं। पहले भी उन्होंने उमा भारती के बारे में टिप्पणी करते हुए “त्रिया चरित्रस्य पुरुषस्य भाग्यं देवो न जानाति कुतो मनुष्यः” कह कर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था। उल्लेखनीय है कि उमा भारती का जिक्र आने पर उनके स्वर में कटुता आ जाती है।
      उत्तर प्रदेश भाजपा में दूसरे भगवा भेषधारी नेता योगी आदित्यनाथ हैं जो भाजपा में रहते हुए भी भाजपा में नहीं हैं अपितु भाजपा उनमें है। वे भाजपा के अनुशासन में नहीं रहते व संघ परिवार के समानांतर अलग से वैसे ही अपने संगठन बनाये हुए हैं। वे भाजपा नेताओं का सम्मान नहीं करते अपितु चुनाव जीतने के लिए भाजपा नेता उनकी चिरौरी करते हैं। विधानसभा के पिछले चुनावों के दौरान भी वे भाजपा को छोड़ कर चले आये थे तब भाजपा के बड़े बड़े नेता उनको मनाने उनके दर पर गये थे और क्षमा मांगते हुए उनके सभी लोगों को उन जगहों से टिकिट दे दिया था जिनके लिए योगी ने आदेश दिया था। अभी भी गत दिनों योगी ने लखनऊ में एक प्रैस कांफ्रेंस में कहा कि किसी को भी बहुमत नहीं मिलेगा। चुनाव के दौरान दिया गया यह बयान यथार्थवादी होते हुए भी न केवल अप्रत्याशित था अपितु इस बात का भी प्रमाण था कि भाजपा नेतृत्व को भी चुनाव जीतने का कोई भरोसा नहीं है। दूसरी ओर नईदिल्ली में भाषण करते हुए आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा था कि भाजपा की चुनावी नैया उत्तर प्रदेश में डांवाडोल हो रही है। भाजपा उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने की स्थिति में नहीं आनेवाली है इसलिए स्वयं सेवकों को चाहिए कि वे आँख मूंद कर भाजपा का समर्थन नहीं करें। भाजपा का समर्थन केवल वहीं किया जाये जहाँ वह जीतने की स्थिति में है। उन्होंने अन्य स्थानों पर बहुजन समाज पार्टी का समर्थन करने का आवाहन किया।
      यदि उमाभारती अपनी सीट जीत लेती हैं तो वे जिन्दगी भर के लिए मध्यप्रदेश से बाहर हो जायेंगीं और यदि हार जाती हैं तो उनके नेतृत्व पर सदा के लिए सवालिया निशान लग जाता है। यह भी तय हो जायेगा कि जिन लोधी वोटों के लालच में उमाभारती को उम्मीदवार बनाया था वैसा कुछ नहीं बचा तथा लोधियों का नेतृत्व कल्याण सिंह आदि नेता ही करते हैं। गतदिनों  अपनी भारतीय जनशक्ति की ओर से जब मध्य प्रदेश की सभी सीटों पर उन्होंने अपने उम्मीदवार खड़े किये थे, तब पूरे प्रदेश में कुल मिला कर उन्हें 12 लाख वोट मिल सके थे। उत्तर प्रदेश में पराजय के बाद वे कहीं की नहीं रहेंगीं।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टरर्लिंग, रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के निकट भोपाल [म.प्र.]
मोबाइल 09425674629

शनिवार, जून 18, 2011

अब आपका स्वास्थ कैसा है उमाजी


अब आपका स्वास्थ कैसा है उमाजी? वीरेन्द्र जैन
अंततः उमा भारती को भाजपा में सम्मलित कर लिया गया है।
वे 2008 में मध्यप्रदेश का विधानसभा चुनाव हारने के बाद हिम्मत भी हार गयी थीं। भारतीय जनशक्ति, जो उनकी पार्टी का नाम था, पर कुछ दिनों से ऐसा लगने लगा था जैसे वह किसी उस आयुर्वेदिक दवा का ब्रांड नेम हो, जो भरपूर प्रचार के बाद भी बाजार में नहीं चल पायी। भारतीय जनशक्ति प्रमुख रूप से मध्य प्रदेश और कुछ दूसरे राज्यों के उन लोगों का प्लेटफार्म बनी जिन्हें भाजपा में वह स्थान नहीं मिल सका था जो स्थान वे चाहते थे। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केन्द्रीय मंत्री उमाभारती के पास समुचित संसाधन थे इसलिए वे स्वाभाविक रूप से पदवंचितों की इस भीड़ की नेता हो गयी थीं। उनके पास गोबिन्दाचार्य जैसा सलाहकार था जिनके बारे में प्रचारित है कि भाजपा के थिंकटैंक के रूप में उसको लोकसभा की दो सीटों से दो सौ तक पहुँचाने में उनके निर्देशों की बड़ी भूमिका रही। उमाजी को भरोसा था कि राम जन्मभूमि मन्दिर के नाम पर बनायी गयी कूटनीतिक योजनाओं के कार्यांवयन में उनकी भूमिका विशिष्ट थी और बाबरी मस्जिद विध्वंस के मामले में उनके वादा माफ गवाह बन जाने पर कई बड़े बड़े नेता संकट में आ सकते हैं, अतः न्यायालय से मुक्त होने तक वे उनके दबाव में रहेंगे। वे रहे भी, और उन्होंने उमाभारती की प्रत्येक जिद को पूरा किया। यह पुनर्वापिसी भी उसी दबाव का हिस्सा है। जो लोग यह प्रचारित कर रहे हैं कि उन्हें यूपी के चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सम्मलित किया गया है वे अपने समर्थकों को बहला रहे हैं। यूपी के चुनावों में भाजपा अपनी हैसियत से पूर्ण परिचित है किंतु उमाभारती को मध्य प्रदेश में प्रवेश करने से रोकने के लिए यह बहाना बनाया जा रहा है। यदि उन्हें इतना ही महत्वपूर्ण समझा जाता तो इस महत्व को और बढाने के लिए मध्य प्रदेश के 2003 के विधानसभा चुनावों की तरह पहले से मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित कर दिया गया होता।
जब दूसरी बार खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में उमाजी को अपनी जीत सन्दिग्ध लगी तो उन्होंने भोपाल जैसे सुरक्षित क्षेत्र से अपनी जिम्मेवारी ठोक दी व चुनाव समिति को दबाव में उन्हें भोपाल लोकसभा क्षेत्र से टिकिट देकर लोकसभा में भेजना पड़ा। सार्वजनिक रूप से उमाभारती ने क्षेत्र परिवर्तन का जो कारण बताया था वह यह था कि उस क्षेत्र में उनका स्वास्थ ठीक नहीं रहता। यह चिकित्साशास्त्र और पर्यावरण की खोज का विषय हो सकता था, किंतु किसी सजग पत्रकार ने भी चुनाव क्षेत्र और स्वास्थ के इस सम्बन्ध की खोज नहीं की।
वे केन्द्र में मंत्री बनीं या कहें कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को उन्हें मंत्री बनाना पड़ा। केन्द्र में मंत्री रहते हुए वे भोपाल में दिग्विजय सिंह सरकार के खिलाफ अनशन पर बैठीं। इसी दौरान यह आरोप उछला कि कुछ लोग अनशन स्थल पर चाकू छुरे लेकर उनकी जान लेने के लिए घूम रहे थे। उत्तर में दिग्विजय सिंह ने कहा कि वे उनकी सुरक्षा के लिए चिंतित हैं, व सरकारी चिकित्सकों से उनके स्वास्थ की जाँच कराये देते हैं, पर सरकारी डाक्टरों की जाँच से पहले ही वे अनशन से उठ गयीं और केन्द्रीय मंत्री पद से त्यागपत्र देते हुए सीधे अज्ञातवास के लिए रवाना हो गयीं। ऐसा बताया गया था कि वे अपना स्वास्थ ठीक करने के लिए तप कर रही हैं। उनके अज्ञातवास का पता उनके कुछ समर्थकों को था जिन्होंने निश्चित समय पर अज्ञातवास से बाहर आने का अनुरोध किया जिसे उन्होंने मान लिया। अज्ञातवास से वापिसी पर एक अंग्रेजी अखबार द्वारा उनके बारे में कुछ तथ्यहीन लिख दिये जाने के बाद वे उस अखबार के दरवाजे अनशन पर बैठ गयीं। इस घटना में ऎतिहासिक यह है कि इसी दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के घुटनों का आपरेशन एक विदेशी डाक्टर ने किया था और आपरेशन की बेहोशी से बाहर आने के बाद अटलजी ने पहला सवाल उमा भारती के अनशन और स्वास्थ के बारे में ही पूछा था।
सन 2003 में विधानसभा का चुनाव भाजपा ने उनकी साध्वी छवि की ओट में लड़ा, जबकि वे केन्द्र सरकार में रहते हुए मंत्री पद पर दिल्ली निवास में अधिक स्वस्थ महसूस कर रही थीं। पार्टी के दबाव को मानकर उन्होंने भी खुद टिकिट बाँटने से लेकर जीतने पर उन्हें ही मुख्य मंत्री बनाये जाने की शर्त रखी जिसे जीत के प्रति नाउम्मीद पार्टी ने मान ली थी। बाद में पहला अवसर मिलते ही उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाने में देर नहीं की और दुबारा बनाने का वादा नहीं निभाया, फिर मुख्यमंत्री का चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से कराने की उनकी माँग को दरकिनार किया, जिससे उन्हें पार्टी छोड़ देनी पड़ी व अपनी ही सरकार, जिसे वे अपना बच्चा कहती थीं, के खिलाफ रामरोटी पदयात्रा करना पड़ी। इस पदयात्रा से कुछ ही दिनों में उनके पाँवों में छाले पड़ गये तो स्वास्थ सम्बन्धी कारणों से उन्हें पद यात्रा को छोड़ नई पार्टी बनाने की ओर बढना पड़ा। पिछले तीन चार साल से वे लगातार भाजपा में पुनर्वापिसी के लिए प्रयत्न करती रही थीं किंतु यह बात सार्वजनिक रूप से स्वीकारती नहीं थीं। इस बारे में साध्वी वेशभूषा धारी इस महिला ने जो सच बोला उसे अखबारों की कतरनें बताती हैं कि सत्ता से दूर रहकर वे कितनी अस्थिर चित्त होकर सोचती हैं-
• भोपाल\ उन्होंने भाजपा में वापिसी से इंकार करते हुए कहा कि अभी उनकी आयु कम है और अराजनीतिक मुद्दों पर काम कर देश हित में वे कुछ योगदान दे सकती हैं। राम मन्दिर निर्माण के लिए सर्वानुमति बनाना, महिला आरक्षण में पिछड़ी जाति की महिलाओं का कोटा तय करना, अमीर गरीब के बीच बढती खाई को पाटना, घुसपैठ, राजनीति का अपराधीकरण जैसे विषयों पर काम करना चाहती हैं।
• भोपाल\ उमाजी ने कहा कि न तो उनका राजनीति से मोह भंग हुआ है और न ही वे कभी राजनीति छोड़ेंगीं। उ.प्र. से म.प्र. छ्ग, और विदर्भ तक राम मन्दिर निर्माण, पिछड़े वर्ग की महिलाओं को विशेष आरक्षण, गरीबी जैसे मुद्दों पर जनमानस टटोलने के बाद अगले दो तीन माह में वे अपनी राजनीतिक दशा तय करेंगीं।
• भोपाल\ आडवाणी द्वारा ब्लाग पर लिखी बातों को सत्य बताते हुए उमा भारती ने अभी भाजपा में लौटने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन की दिशा और दशा तय करने के लिए उन्हें कुछ और वक़्त चाहिए। तब तक वे अराजनीतिक तौर पर राष्ट्रीय और सामाजिक मुद्दों पर काम करेंगीं।
• नागपुर। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने खुद को वर्तमान राजनीति में मिसफिट बताते हुए कहा कि आज की राजनीति में भ्रष्टाचार का बोलबाला हो गया है और राजनीति बुरी तरह से थैलीशाहों के कब्जे में है। ...शायद ही कोई दल ऐसा बचा हो जिस पर भ्रष्टाचार के मामले में उंगली न उठी हो। राष्ट्रीय स्वय़ं सेवक संघ के सरसंघचालक मोहनराव भागवत से मिलने के बाद मीडिया के सामने उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर राजनीतिक दलों पर प्रहार किये। उन्होंने कहा कि बहुत जल्दी वह समय आयेगा जब देश की जनता भ्रष्ट नेताओं को खदेड़ेगी, उस समय हमारे जैसे लोग सामने खड़े होंगे। मैं भविष्य के लिए अपने आप को सुरक्षित रखे हुए हूं।
• नई दिल्ली\ भाजपा का अध्यक्ष पद ग्रहण करने के बाद नितिन गडकरी ने पार्टी से दूर हुए नेताओं को वापिस लाने की इच्छा जतायी थी,। उसी परिप्रेक्ष्य में श्री गडकरी से मुलाकात के बाद उमा भारती ने ऎलान किया कि उन्होंने भाजपा में वापिसी का इरादा छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि उनका स्वास्थ इसकी प्रमुख वजह है।
• ग्वालियर। साध्वी उमा भारती का मन राजनीति से उचट गया है। एक साल राजनीति से दूर रहकर वे पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन करना चाहती हैं। वे एक साल तक अपने भतीजे भतीजी की देखभाल करेंगीं।
• नई दिल्ली\ उमा भारती ने स्वगठित भारतीय जनशक्ति के अध्यक्ष पद से गुरुवार को स्तीफा दे दिया। सुश्री भारती ने पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संघ प्रिय गौतम को भेजे एक पत्र में खराब सेहत तथा आत्म निरीक्षण एवं आत्म चिंतन के लिए अध्यक्ष पद छोड़ने की बात कही है।
• भुवनेश्वर। नितिन गडकरी ने कहा कि उमा भारती जब चाहें पार्टी में लौट सकती हैं पर उन्होंने बताया है कि स्वास्थ के कारणों से वे अभी पार्टी में शामिल होने में सक्षम नहीं हैं। वे अभी चिंतन मनन के लिए कुछ और समय चाहती हैं।
अब यह उमा भारती को दुबारा से सोचना है कि नई जिम्मेवारी उठाने के लिहाज से उनका स्वास्थ अब कैसा है, वे जो अराजनीतिक काम करना चाह्ती थीं, क्या वह पूरा हो चुका है, क्या देश के राजनीतिक दलों से भ्रष्टाचार खत्म हो चुका है और क्या उनके पारिवारिक दायित्व पूरे हो चुके हैं?


वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629

मंगलवार, सितंबर 14, 2010

स्टिंग आपरेशन के पक्ष में हैं जैन संत तरुण सागर


स्टिंग आपरेशन के पक्ष में हैं जैन संत तरुणसागर
वीरेन्द्र जैन
भोपाल में इन दिनों अपने तीखे तेवर के लिए जाने जाने वाले युवा दिगम्बर जैन संत तरुण सागर का चातुर्मास चल रहा है। कई वर्षों से टीवी पर बुलन्द और भेदती आवाज में प्रवचन देने की उनके शैली ने देश भर हिन्दी श्रोताओं/ दर्शकों का ध्यान खींचा है। वे अपने कथन में तुकांतों का युग्म ही नहीं बनाते, अपितु प्रवचन के विषयों की परम्परागत शैली में सुधार करके अत्याधुनिक मनोरंजक प्रतीकों के साथ अपनी बात कहते हैं। वीआइपियों और सैलीब्रिटीज को अपने प्रवचन में खींच लाने का कौशल रखने वाले युवा संत ने इस वर्ष विधान सभा, और एमएसीटी में जाकर भी प्रवचन दिये हैं और नेताओं के खिलाफ खरी खरी बातें कहने से परहेज नहीं किया। यही कारण है कि मीडिया ने भी उनकी उपेक्षा नहीं की व उन्हें पर्याप्त कवरेज मिला। टीवी चैनलों ने उनके साक्षात्कार प्रसारित किये। सारे समाचार पत्र उनके कथनों को लगातार फोटो सहित छापते रहे हैं।
गत दिनों उन्होंने कुछ तीखे बयान दिये जिससे उनकी दृष्टि और साहस के प्रति आम जनता का ध्यान आकर्षित करते हैं।
गत दिनों धार जिले में एक बड़े श्रध्येय संत का निधन हो गया था, किंतु उनको कन्धा देने के लिए बोलियाँ लगीं और बाइस करोड़ रुपये एकत्रित किये गये। इसकी निन्दा करते हुए उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार में बोली लगाना एक गलत परम्परा है।
आशाराम बापू द्वारा अमेरिका से फरार बतायी गयी महिला को आश्रम में सुरक्षा से सम्बन्धित स्टिंग आपरेशन का समाचार प्रकाशित होने के अगले दिन ही उनका बयान था कि देश में दस प्रतिशत संत भ्रष्ट हैं अर्थात हर दसवाँ संत बगुला भगत बना बैठा है। आज देश के चर्चित संतों पर हत्या, बलात्कार, धोखाधड़ी और जालसाजी जैसे गम्भीर आरोपों ने सिद्ध कर दिया है कि कुछ लोग धर्म की आड़ में अपने गोरख धन्धों में जुटे हैं। इन्हें संत नहीं अपितु घोंघा बसंत कहना चाहिए। ये संतत्व को बदनाम करने वाले धर्म के दुश्मन हैं। स्टिंग आपरेशन के लिए टीवी चैनल को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि इन नकाबपोश लोगों के असली चेहरे को उजागर कर श्रद्धालुओं को सचेत करने का काम किया है। उमाभारती के राजनीति में भाग लेने के सवाल पर उन्होंने कहा था कि संत की वेशभूषा में राजनीति करना ठीक नहीं है।
उक्त समाचार पढ कर मेरे एक पड़ोसी मुझे जैन धर्म का अन्ध अनुआयी समझकर पहली बार मेरे घर आये और तरुण सागर की तारीफ करते हुए बोले अगर ये दिगम्बर साधु न हुए होते तो आज पूरी दुनिया में इनके नाम का डंका पिट रहा होता, पर दिगम्बर अवस्था में रहने के कारण दूसरे धर्मों के मानने वाले या विदेशी उन्हें नहीं आमंत्रित कर सकते। मैंने उक्त सज्जन को सिर से लेकर पैर तक देखने के बाद विनम्रता पूर्वक कहा पूछा कि दर्शन और आध्यात्म के क्षेत्र में उन्होंने और किन किन को पढा है, तो वे बोले कि मैंने तो ऐसा कुछ खास तो किसी को भी नहीं पढा है। मैंने कहा कि यही बात है, अगर वे बिना दिगम्बर साधु हुए इतने अच्छे विचार व्यक्त कर रहे होते तो भी न तो इतने नेता उनकी कढुवी बातें सुन रहे होते और ना ही अखबार वाले उन्हें छाप कर आपके पास तक पहुँचा रहे होते। ध्यान आकर्षित करने के लिए कुछ असामान्य तो होना ही पड़ता है और ज्यादा ध्यान आकर्षित करने के लिए ज्यादा असामान्य होना पड़ता है। पूजा करने के बाद घंटी, शंख, झालर, बजाना पड़ती है तब लोगों को पता चलता है कि आप पूजा कर रहे थे। वैसे एक बात बताऊँ कि वे स्वयं दिगम्बर हैं इसी लिए तो दूसरों का “दिगम्बर” होना उन्हें पसन्द आ रहा है और आप भी इसीलिए उनकी तारीफ कर रहे हैं। वे चुपचाप उठ कर चले गये।


वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629