फिल्म लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
फिल्म लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, सितंबर 18, 2020

सुशांत सिंह का दांव कहीं भाजपा को उल्टा तो नहीं पड़ेगा?

सुशांत सिंह का दांव कहीं भाजपा को उल्टा तो नहीं पड़ेगा?

वीरेन्द्र जैन


आज की राजनीति इतनी अमानवीय है कि अपनी राजनीतिक महात्वाकांक्षाओं के लिए किसी को भी बलिवेदी पर चढा सकती है। इस दौर का गिरोह झूठ को सच और सच को झूठ बनाने व उसे प्रचारित करने के लिए पूरा तंत्र सुसज्जित कर के पहले भक्तों को और फिर देश को भटका रहा है। मीडिया पर इतना नियंत्रण है कि समाचार भले ही लिख लिया जाये किंतु वह जनता की पहुंच के स्तर तक छप नहीं सकता, प्रसारित नहीं हो सकता।

गोवा में भाजपा ने गठबन्धन सरकार बनायी थी जिसके कुछ घटकों ने साफ साफ कह दिया था कि वे भाजपा का नहीं अच्छी छवि वाले मनोहर पारीकर को समर्थन दे रहे हैं, और इस सरकार को यह समर्थन पारीकर के मुख्यमंत्री बने रहने तक ही सीमित है। दुर्भाग्यवश पारीकर अस्वस्थ हुये व जांच में एडवांस स्टेज के कैंसर से पीड़ित पाये गये। उन्हें अंतिम दिनों में आराम की सख्त जरूरत थी वहीं दूसरी ओर मोदी-भाजपा को सरकार बचाने के लिए उस पद पर पारीकर की जरूरत थी। उनसे इसी हालत में काम लिया गया और बजट भी पेश कराया गया ताकि सरकार बची रहे। ऐसी ही अवस्था में उनका निधन हुआ। अरुण जैटली हों, सुषमा स्वराज हों, अनंत कुमार हों, अनिल माधव दवे आदि की जरूरत प्रशासनिक निर्विकल्पता नहीं, अपितु राजनीतिक अधिक रही। एक बहुत बड़ी संख्या में सदन की सदस्यता के प्रत्याशी केवल संख्या बल के लिए सामने लाये जाते हैं और उनकी छवि के सहारे बहुमत बना कर मनमानी का अधिकार प्राप्त कर लिया जाता है। दल बदल से लेकर विधायकों के सौदे तक में उनकी पितृ संस्था के पाखंडी आदर्शवाद को कोई आपत्ति नहीं होती। उदाहरण इतने अधिक और जगजाहिर हैं कि उनका अलग से उल्लेख करने की कोई जरूरत नहीं।

इसी क्रम में इन्होंने आगमी बिहार विधानसभा के चुनावों को देखते हुए बालीवुड कलाकार सुशांत सिंह की दुखद मृत्यु पर दांव खेला और इसके लिए अपने सारे संसाधन झौंक दिये। इनका प्रयास आईपीएस भट्ट की तरह कुछ लोगों को जेल में डालने और कुछ आई ए एस को मुख्यधारा से हटा कर, गुजरात में नरसंहार के बाद भी असत्य आधारित भावनात्मक प्रचार से चुनावी लाभ उठाने जैसी योजना का हिस्सा लगता है। अब सीबीआई की जाँच के बाद सामने आये संकेतों से पुष्ट हो चुका है कि सुशांत सिंह ने आत्महत्या ही की है। सीबीआई के संकेतों के बाद उसके पिता ने भी स्वीकार कर लिया था किंतु बाद में उसका बयान बदलवा दिया गया। जिस शिवसेना को काँग्रेस समझ कर इन्होंने राजनीतिक षड़यंत्र  शुरू करवाया, वैसा ही आक्रामक जबाब अगर शिव सेना ने दिया तो भाजपा को भागते राह नहीं मिलेगी। उसके पालतू मीडिया ने आगे बढ बढ कर दो महीने तक इतने अतिरेक में काम किया कि इस विषय पर स्टोरी करने की प्रतियोगिता शुरू हो गयी। इसमें सुशांत सिंह की जिन्दगी का वह निजी पक्ष भी सामने आ गया जिसके ढके रहने पर उसकी एक मनमोहक कलाकार की स्वच्छ छवि बची रह सकती थी। इसी क्रम में यह भी सामने आ गया कि वह अपने घर से दूर होने के प्रयास में ही इंजीनियरिंग की शिक्षा को छोड़ कर बालीवुड भाग आया था, और कि वह अपने पिता को पसन्द नहीं करता था। उसे अपनी बहिनों और उनके पतियों पर भी भरोसा नहीं था, इसलिए वह अपने आसपास रहने वाली लड़कियों में ही दिली सुकून  तलाशता था, उनसे ही अपने दिल की बातें साझा करता था। अपने घर से लेकर व्यवसाय तक में वह प्रोफेशनल प्रबन्धकों पर ही निर्भर था। इसी क्रम में उसे सफलताएं भी मिलती रहीं और कम उम्र में ही उसने अपनी कल्पना से अधिक पैसा व यश कमा लिया। इसके सहारे वह बालीवुड की वर्जना मुक्त जिन्दगी का पर्याप्त आनन्द भी उठाने लगा। यही वह समय था जब वह चरस और मारजुआना आदि के नकली आनन्द का शिकार हो गया। आचार्य रजनीश जब अपनी लोकप्रियता के शिखर पर थे उसी समय दुनिया में हिप्पीवाद फैला था और यौनानन्द की सीमा से अधिक आनन्द की तलाश करने वाला समाज  मेडीटेशन की कठिन राह पर आकर्षित हुआ था। इस साधना की कठिनाई का सरल हल उन्हें उस समय के इसी तरह के नशे एलएसडी में मिलने लगा था। तब रजनीश जी ने अपना एक प्रवचन इसी विषय  पर दिया था जो बाद में “एलएसडी, ए फाल्स वे आफ मेडीटेशन” के रूप में प्रिंट मीडिया में सामने आया था। इसमें वे मानते हैं कि इस तरह के नशे भी ध्यान में मिलने वाले आनन्द के जैसा भ्रम देते हैं और यह शार्टकट आदमी को भटका देता है।

बिहार के आगामी चुनावों की राजनीति ने इस राजनीतिक हथकण्डे में उसकी मृत्यु के काफी समय के बाद सुशांत के पिता और उसकी बहिनों को इस आत्महत्या को हत्या बताने के लिये उकसाया। कहानी बनाने के लिए उसमें रिया चक्रवर्ती उसके परिवार को मुख्य साजिशकर्ता ठहराया व राजनीतिक रंग देने के लिए दिशा सालियान की आत्महत्या के समय महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे की काल्पनिक  उपस्थिति व मुम्बई पुलिस द्वारा जाँच में लापरवाही बरतने के आरोप लगा कर गठबन्धन सरकार को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की। ऐसा इसलिए किया ताकि बिहार में रिपोर्ट दर्ज करायी जा सके और रिया चक्रवर्ती को बिहार पुलिस के दबाव में मनमाना बयान दिलवाया जा सके। और इसी बहाने पिंजरे के तोते के आरोपों वाली सीबीआई को शामिल किया जा सके। फिल्मी दुनिया जैसे व्यव्साय में टैक्सों से बचने के लिए दो नम्बर की समानांतर व्यवस्था चलती है जिसका एक जाल जैसा बन जाता है। एक का काला धन दूसरे के पास भी काले धन के रूप में ही पहुंचता है। जब भी इस क्षेत्र में विस्तार से जाँच होगी तो कहीं न कहीं कुछ न कुछ निकल ही आयेगा जबकि इस जाल से जुड़े सभी लोग उसके लिए जिम्मेवार नहीं होते। रोचक यह है कि फिल्मी दुनिया को नशे की दुनिया बताने वाले व इसका विरोध करने वाले काले धन के विषय को नहीं छेड़ रहे। ईडी की जांच रिपोर्ट के बारे में भाजपा के प्रवक्ता समेत सब गुपचुप हैं।   

भाजपा की यह कोशिश थी कि सुशांत को बिहार के सपूत के साथ मुम्बई की गैर भाजपा सरकार द्वारा हुयी ज्यादती की तरह चुनाव में प्रस्तुत किया जाये। उन्होंने फिल्म उद्योग में चल रहे नेपोटिज्म के आरोप के बहाने मुस्लिम कलाकारों और गैर मुस्लिम कलाकारों के बीच तनाव का खेल भी खेलना चाहा, ताकि इसके सहारे चुनावों में साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण का सहारा मिल जाये। किंतु उनकी सभी चालें बिफल हो गयीं। फिल्म उद्योग हमेशा से साम्प्रदायिकता मुक्त है। अपने निकट के किसी भी व्यक्ति को एक मौका अवश्य मिल जाता है किंतु वह अपनी प्रतिभा से ही आगे बढ पाता है। ना तो अमिताभ बच्चन अपने पुत्र को प्रमोट करने में सफल हो सके और ना ही हेमा मालिनी अपनी बेटियों को। सलीम खान के दूसरे बेटे भी सलमान नहीं बन सके ना ही नितिन मुकेश मुकेश की जगह ले सके। मौका सबको दिया गया। भाजपा के सरकारी लाभांवित कलाकार भी इस मुहिम को आगे नहीं बढा सके। केवल अयोग्यता से असफल हुए व्यक्ति ही अपनी कुंठाएं इस तरह से व्यक्त करते रहे हैं।

मीडिया खबरों के अनुसार तीन तीन केन्द्रीय एजेंसियां अपनी गहन जाँच के आधार पर जिस निष्कर्ष पर पहुंचती दिख रही हैं वह यह है कि सुशांत सिंह लम्बे समय से चरस का आदी था और अपने फार्म हाउस पर पार्टियां किया करता था। पिछले एक साल से वह फिल्मों में कैरियर के सपने देखने वाली रिया चक्रवर्ती के साथ लिव इन में रह रहा था जो उसके प्रेम में थी। इसी भावना में लाकडाउन के दौरान उसने सुशांत के लिए पाउडर मंगवाने में अपने भाई की मदद ली। यह कलाकार डिप्रैशन का भी शिकार था किंतु अपनी प्रोफेशनल जरूरतों के अनुसार इस बात को सार्वजनिक नहीं होने देना चाहता था। रिया उसका इलाज करा रही थी व उसके इलाज को प्रोफेशनल कारण से ही गोपनीय रखना चाहती थी। उसके पैसे का हिसाब उसकी मैनेजर देखती थी जिसका पता ईडी की रिपोर्ट के बाद लगेगा। इससे भी छवि में निखार नहीं आयेगा। कंगना का उत्पाती प्रवेश भी विषय को और मचायेगा, अपना प्रारम्भिक नुकसान वह करा ही चुकी है, फिल्म उद्योग भी सशंकित हो जायेगा। भाजपा को इससे भी मदद नहीं मिलने वाली क्योंकि बिहार सरकार से निराश वहां का मजदूर मुम्बई वापिस जाने की राह देख रहा है।

क्या यह दांव भाजपा को उल्टा ही पड़ेगा?  

वीरेन्द्र जैन

2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड

अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023


गुरुवार, जुलाई 30, 2020

सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या और उससे उठे सवाल


सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या और उससे उठे सवाल  
Sushant Singh Rajput Suicide Case SIT can arrest Riya Chakraborty ...
वीरेन्द्र जैन
बालीवुड के एक लोकप्रिय फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत, जिन्होंने पिछले दिनों अनेक सफल फिल्में की थीं, ने अचानक आत्महत्या कर ली, और पीछे कोई सुसाइड नोट भी नहीं छोड़ा। इस घटना को लेकर लगातार अनेक तरह की कहानियां चर्चा में रहीं। ये चर्चाएं इस बात का संकेतक हैं कि हमारे समाज, राजनीति और व्यवस्था में क्या चल रहा है। हम कितने दोगले समाज को ढो रहे हैं।
कहने को हमारे यहाँ लोकतांत्रिक व्यवस्था है, किंतु सच तो यह है कि हमारे समाज ने अभी उस व्यवस्था को आत्मसात नहीं किया है। स्वतंत्रता संग्राम से उभरे नेताओं के आभा मन्डल के अस्त होने के बाद सत्ता का लाभ लेने के लिए सामंती समाज से जन्मे लोगों ने अपनी चतुराइयों से सारे संस्थानों पर अधिकार कर लिया और दिखावे के लिए कथित लोकतंत्र का मुखौटा भी लगा कर रखा। वैचारिक राजनीति ही लोकतंत्र की आत्मा होती है जिसे पनपने ही नहीं दिया और उसके छुटपुट अंकुरों को खरपतवार की तरह मिटा दिया गया। अब सत्ता पर अधिकार जमाने के लिए धार्मिक आस्थाओं का विदोहन करने वाली साम्प्रदायिकता, जातियों में बंटे समाज में जाति गौरव को उभारना, सामंती अवशेषों की शेष लोकप्रियता भुनाना, पूंजी की मदद से अभावग्रस्त व लालची लोगों से वोट हस्तगत कर लेना, पुलिस और दूषित न्यायव्यवस्था के सहारे बाहुबलियों की धमकियां, साधु वेषधारियों समेत कला और खेल के क्षेत्र में अर्जित लोकप्रिय सितारों का उपयोग किया जाता है। इसमें नीलाम होने वाला मीडिया अधिक बोली लगाने वाले के पक्ष में बिक जाता है। सारी राजनीति राजनीतिक रूप से निष्क्रिय नागरिकों को उत्प्रेरित कर मतदान के दिन वोट गिरवा लेने तक सीमित होकर रह गयी है। दलों के बीच की सारी प्रतियोगिता सत्ता और उसके लाभों के लिए नये नये हथकण्डे अपनाने में होने लगी हैं। मुख्यधारा के सभी प्रमुख दलों का कमोवेश यही स्वरूप है। समाज के अच्छे परिवर्तन और तेज विकास के लिए किसी भी दल की सरकार के कोई प्रयास नहीं होते। भूल चूक से या दिखावे के लिए हो भी जायें तो स्थास्थिति से लाभ उठाने वाली ताकतें उन्हें अपने कदम पीछे खींचने को मजबूर कर देती हैं।
युवा अभिनेता सुशांत कुमार की आत्महत्या एक लोकप्रिय स्टार की ध्यानाकर्षक खबर थी। वह बिहार का रहने वाला था और बिहार में इस साल चुनाव होने वाले हैं इसलिए लोकप्रिय व्यक्ति के साथ घटी अस्वाभाविक घटना और सुसाइड् नोट न छोड़ जाने के कारण पैदा रहस्य की अपने अपने हिसाब से मनमानी व्याख्या हुयी। उसका भरपूर राजनीतिक लाभ लेने के लिए उसे और विवादास्पद बनाया गया व सनसनी बेच कर धनोपार्जन करने वाले मीडिया ने जरूरी सवालों से कन्नी काटते हुए इसी पर सारी चर्चाएं केन्द्रित कीं।
सुशांत एक महात्वाकांक्षी और लगनशील युवा था जिसने अपनी इंजीनियरिंग की पढाई छोड़ कर फिल्मी कैरियर अपनाया। उसकी मेहनत और लगन से उसे सफलता भी मिली व उसने भरपूर धन भी कमाया। युवा अवस्था में कमाये गये धन से युवा अवस्था के सपने ही पूरे किये जाते हैं व सुशांत बिहार जैसे राज्य के एक बन्द समाज से खुली हवा में आया था। उसके द्वारा अर्जित धन, व लोकप्रियता ने उसे अनेक युवतियों का चहेता बनाया होगा जिसमें से दो की चर्चा हो रही है क्योंकि वह खुद भी क्रमशः इनके निकट आया। एक से दूरी होने, जिसे आज की भाषा में ब्रेकअप कहा जाता है, के बाद वह जिस दूसरी युवती के निकट आया तो दोनों के बीच प्रतिद्वन्दिता स्वाभाविक है।
एक और बात पर ध्यान दिया जाना भी जरूरी है कि अपनी सफलता और सम्पन्नता के बाद उसने  अपने परिवार के साथ दूरी सी बना कर रखी। अपने धन को उनके बीच नहीं बांटा। अपने जीवन जीने के तरीके में उनका कोई अनुशासन नहीं चाहा व अपना सुख दुख उनके साथ नहीं बांटा। वह अपने तरीके से मकान और मित्र बदलता रहा। वह ना तो किसी राजनीतिक दल का प्रचारक बना, ना उसने शिवसेना द्वारा बिहारियों के खिलाफ किये गये विषवमन के खिलाफ कोई बयान दिया। यहाँ तक कि प्रवासी कहे जाने वाले मजदूरों पर जो संकट आया उसमें भी उसका बिहारी प्रेम या मजदूरों के साथ सहानिभूति नहीं जगी। उसने सोनू सूद की तरह अतिरिक्त रूप से आगे आकर उनके लिए कुछ नहीं किया, या करना चाहा। उसकी मृत्यु के बाद उससे सहानिभूति रखने वाले जो लोग पैदा हुये वे पहले उसके साथ नहीं दिखे। अगर किसी माफिया गिरोह द्वारा भाई भतीजावाद करते हुए उसके साथ कोई पक्षपात किया जा रहा था तो ये लोग तब कहाँ थे। एक सुन्दर अभिनेत्री तो विवादों से ही अपना स्थान बनाने व बनाये रखने के लिए बहुत दिनों से इसी तरह के भागीरथी प्रयास कर रही है। कला जगत में फिल्मी क्षेत्र ज्यादा लागत का क्षेत्र है और मुनाफे के साथ अपनी लागत वसूलने के लिए निवेशक प्रतिभाओं को बिना भेदभाव के स्थान देते हैं। उनकी चयन समिति में अगर फिल्मी दुनिया के लोग होते हैं तो वे कभी कभी अपने रिश्तेदारों को प्राथमिकता दिला देते होंगे। पर टिका वही रह सकता है। हेमा मालिनी व धर्मेन्द्र की बेटियों को अवसर तो मिला पर वे अपना स्थान नहीं बना सकीं। कला के क्षेत्र में सफलता में प्रतिभा और सम्पर्क दोनों की भूमिका रहती है। राजनीति में तो यह बात फिल्मी दुनिया से कई गुना अधिक है, व व्यापार में तो विरासत ही चलती है। किंतु बिहार के चुनावों को देखते हुए साम्प्रदायिक राजनीति खेलने वालों ने सुशांत की दुखद मृत्यु को एक साम्प्रदायिक मोड़ देने की कोशिश की और उसकी आत्महत्या को कुछ मुस्लिम कलाकारों की उपेक्षा को जिम्मेवार ठहराने का प्रयास किया। करणी सेना जैसे लोगों से प्रदर्शन करवाया।  चिराग पासवान जैसे लोग देश की सबसे अच्छी महाराष्ट्र पुलिस की तुलना में बिहार पुलिस को उतारने की बात पर बल देने लगे व बिहार सरकार से चुनावी सौदेबाजी के उद्देश्य से बिहार सरकार की आलोचना करने लगे।
एक कलाकार के भावुक फैसले के बाद असली सवाल उसके द्वारा अर्जित धन के खर्च या निवेश का है।  यह धन जरूर किसी ना किसी के पास होगा और उसके विधिवत विवाह न करने के कारण परिवार के सदस्यों का कानूनी अधिकार बनता है, जिन्हें उसने जीते जी नहीं दिया था और अपने मित्रों या महिला मित्रों की मदद से खर्च या विनियोजित किया होगा। एक खबर यह भी चल रही थी कि वह उसे केरल में किसी खेती में निवेश करना चाहता था जिसको न करने के लिए उसकी महिला मित्र ने विपरीत सलाह देकर रुकवा दिया था।
समाज बदल रहा है तो सामाजिक सम्बन्धों पर भी उसका प्रभाव पड़ेगा। कुछ को वह अच्छा लगेगा व कुछ परम्परावादियॉं को नहीं लगेगा। विरासत का कानून परम्परावादी रिश्तों को ही मान्यता देता है। कथित दिल और आत्मा के रिश्तों को ना तो मापा जा सकता है और ना ही उनका कोई स्थान है। दुखद यह है कि इसके लिए दोनों तरफ से ही अनावश्यक कथाएं गढी जाती हैं, फैलायी जाती हैं। कुछ के लिए तो आपराधिक षड़यंत्र भी रचे जाते हैं। संजय गाँधी की मृत्यु के बाद इन्दिरा गाँधी और मनेका गाँधी के बीच सम्पत्ति के हक के लिए मुकदमेबाजी भी हुयी थी व मुकदमा जीतने के बाद इन्दिरा गाँधी ने वह सम्पत्ति वरुण गाँधी के नाम कर दी थी। रोचक यह है कि उस समय तक वरुण गाँधी वयस्क नहीं हुये थे इसलिए वह फिर से उनकी नेचरल गार्जियन मनेका गाँधी के हाथों में पहुंच गयी थी।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629
                      

रविवार, दिसंबर 14, 2014

समीक्षा ज़िन्दगी चैनल का सीरियल- काश में तेरी बेटी न होती



समीक्षा
ज़िन्दगी चैनल का सीरियल- काश में तेरी बेटी न होती

वीरेन्द्र जैन
                जब भी कोई अच्छी फिल्म या किताब देखने पढने में आती है तो मन होता है कि उसके बारे में दूसरों को भी बताया जाये। यही इच्छा कोई अच्छा नाटक देखने या टीवी सीरियल देखने के बाद भी होती है। शायद इसमें किसी दौड़ में प्रथम आने का सुख प्राप्त करने का प्रयास निहित रहता हो। पिछले दिनों जब मैंने ज़ी टीवी ग्रुप पर शुरू हुये ज़िन्दगी चैनल और उस पर चलने वाले सीरियल – काश मैं तेरी बेटी न होती- के बारे में अपने कलात्मक रुचियों वाले मित्रों को बताया तो लगा कि मैं आगे नहीं निकल सका हूं क्योंकि मेरे सभी मित्र इस चैनल पर आने वाले सीरियल न केवल देख रहे थे अपितु मेरी ही तरह उन्हें पसन्द भी कर रहे थे।
       ज़ी ग्रुप से यह चैनल तब शुरू हुआ जब मेरी दिलचस्पी हिन्दी टीवी के मनोरंजक प्रोग्रामों और समाचारों को रबर की तरह खींचते समाचार चैनलों से पूरी तरह से हट चुकी थी किंतु ज़िन्दगी चैनल और एनडीटीवी के प्राइम टाइम ने दुबारा पैदा कर दी। पड़ौसी देशों के टीवी चैनलों पर दिखाये गये सीरियलों और कहानियों के नाम से पाँच महीने पहले शुरू हुये इस ज़िन्दगी चैनल पर अभी पाकिस्तान की कहानियां और सीरियल दिखाये गये जिन्होंने कहानियों की मौलिकता, ज़िन्दगी में घटने वाली घटनाओं के अलग अलग आयाम, चरित्रों का वैविध्य, कलाकारों का भूमिका के अनुसार सटीक चयन व उसी के अनुसार उनका कुशल अभिनय, संगीत आदि  ने शायद लाखों उन टीवी दर्शकों को भी बाँध लिया जो गत बीस साल में आने वाले हिन्दी के सीरियलों से ऊब कर सीरियल देखना छोड़ चुके थे। सीरियलों की भाषा, कहानियों के मध्य व उच्च वर्गीय पात्रों का रहन सहन खान पान, अच्छी बुरी आदतें, सामाजिक दोष, पीढीगत टकराव आदि कुछ भी ऐसा नहीं था जिससे ऐसा लगता कि हम किसी दूसरे देश के सीरियल देख रहे हैं। इसके विपरीत हमें अपने ही देश के उत्तरपूर्व और दक्षिण के सीरियल या फिल्में हिन्दी जगत से कुछ भिन्न लगते रहे हैं। मैं स्वीकार करता हूं कि ये सीरियल देखने के पहले मुझे पाकिस्तान इतने करीब नहीं लगता रहा। कलाओं से जन्मी संवेदना देशों की दीवारें तोड़ती हैं और लोगों को पास लाने व मित्रता बढाने में सर्वाधिक योगदान कर सकती हैं। इन्हें देख कर जहाँ दूरदर्शन के पुराने सीरियल बुनियाद, हमलोग, तमस, आदि की याद ताज़ा हो गयी, वहीं हमारे यहाँ वर्षों से चलने वाले सास-बहू नुमा सीरियल और ज्यादा कमजोर, नकली, फूहड़ व निरर्थक लगने लगे।
       इस चैनल पर सबसे लम्बा चलने वाला सीरियल -काश मैं तेरी बेटी न होती-  लगभग एक सौ साठ एपीसोडों के बाद समाप्त हुआ है। इस में न केवल सामंती मूल्यों के शेष बच गये लोगों से नये बन रहे समाज के लोगों के साथ होने वाला टकराव ही दिखाया गया है अपितु पाकिस्तान की पुलिस. प्रशासन, न्याय, धर्म और राजनीति भी पुराने सामंतों व धनिकों की इच्छा और निर्देश पर चलती हुयी दिखा कर स्वस्थ राजनीतिक आलोचना करने का साहस किया गया है। पाकिस्तान में भी अखबार बेचने, कारों के शीशे साफ करने और घरेलू नौकर का काम करने वाले का परिवार अपनी दुखद गाथा अखबार में नहीं छपवा सकता भले ही स्टोरी की तलाश में रहने वाला टीवी किसी खबर को कभी कभी दिखा देता हो। सीरियल से पता चलता है कि मासूमों और अबलाओं को दबोचने के लिए आतुर दरिन्दे, पैसों के बदले में अपराध करने वाले मवाली और अपने स्वार्थ के लिए निर्धनों व कमजोरों को पशु से पतित मानने वाले धनिक पाकिस्तान में भी हिन्दुस्तान जैसे ही हैं। वहाँ भी रूढियों और सामाजिक बुराइयों के साथ पढी लिखी युवा पीढी की ज़ंग जारी है। वहाँ भी उच्च और मध्यम वर्ग बाज़ारवाद का शिकार होकर साम्राज्यवादी देशों की चकाचौंध से चौंधिया रहा है।        
       काश मैं तेरी बेटी न होती नामक सीरियल में इतने मोड़ हैं कि सीरियल देखते हुए आगे की कहानी के बारे में लगातार जिज्ञासा बनी रहती थी। एक हाकर के मेहनतकश परिवार में तीन बच्चों समेत पाँच सदस्य हैं जिनमें से तीन की कमाई के बाबजूद भी न घर ठीक से चल पा रहा है और ना ही मकान का किराया समय से चुक पा रहा है। गृहणी खुद को और बच्चों को भूखा रख कर जब मेहनत करने वाले पति को उपलब्ध चावल खिलाने के लिए झूठ बोलती है कि सबने खा लिया तो वह बच्चों के चेहरे पढ लेता है और आँसुओं के नमक के साथ सभी को एक एक कौर चावल खिला कर ही सोता है। किराया चुकाने के लिए गुर्दा बेचता है तो वहाँ भी उसका शोषण होता है और ज़िन्दगी भर के लिए अपंग होकर रह जाता है। पति की बीमारी से और बढ चुके संकट से निबटने के लिए एक शादी कराने वाली औरत गृहणी को उसकी बड़ी बेटी का अस्थायी विवाह एक प्रभावशाली ज़मींदार परिवार में कराने का प्रस्ताव रखती है जिसे बच्चा चाहिए होता है क्योंकि उसकी बहू बच्चा पैदा करने में असमर्थ है। विवाह के सौदे की शर्त यह भी है कि बच्चा होने के बाद वह उसे तलाक दे देगा व इस सौदे के लिए बीस लाख रुपयों का भुगतान होगा। यह विवाह लड़की को सौदे के बारे में अँधेरे में रख कर किया जाता है और उससे कहा जाता है कि बचपन में कभी पड़ोस में रहने वाले लड़के से ही उसकी शादी हो रही है जिससे शादी करने का सपना वह देखती रही थी, पर जिसे उसने पिछले पन्द्रह साल में देखा ही नहीं था। इस पेंचदार कहानी में परिस्थितियां नितप्रति नये नये गुल खिलाती हैं, जिसमें दो दर्ज़न से ज्यादा चरित्र पूरे पाकिस्तान की संस्कृति अर्थ व्यवस्था, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्था का पोस्टमार्टम करती चलती हैं। उच्च मध्यम वर्ग से लेकर मेहनतकश वर्ग तक के रहन सहन और सोच के दर्शन होते हैं। पुलिस, न्याय व्यवस्था, डाक्टर, से लेकर पागलखाने के इंचार्ज तक पैसों पर बिकते नजर आते हैं। धोखे और पैसे से सरोगेट मदर खरीदी जा सकती है. डाक्टरों से मनचाही रिपोर्टें ली जा सकती हैं, पत्नी की हत्या के मामले को दबाया जा सकता है, किसी को भी पागल ठहराकर उसे शाक दिलाया जा सकता है। वहाँ भी बोगस एनजीओ चलते हैं जो अमीरों के मनरंजन और देश विदेश की यात्राओं का बहाना होते हैं। अमीरों में कुत्ते गरीबों से ज्यादा ध्यान रखने वाले प्राणी होते हैं। अमीरों के लिए बड़े बड़े माल हैं, कारें हैं, बगीचे हैं, अच्छे अच्छे भवन हैं, सड़कें हैं, आज्ञाकारी सेवक हैं। इसके विपरीत गरीबों के लिए अभाव हैं, तनाव हैं और बीमारियां हैं। अशिक्षा है अज्ञान है, रूढियां हैं। बुर्का निम्न वर्ग की महिलाएं ही पहिनती हैं, और उच्च मध्यमवर्ग की महिलाएं अपने पहनावे में आधुनिक हो चुकी हैं। कुल मिलाकर बिना स्थूल शब्दों के प्रयोग के पूरे सीरियल में एक वर्गीय दृष्टि साफ झलकती है।
       कहीं कहीं प्रयुक्त पंजाबी सिन्धी के समझ में आने वाले शब्दो के साथ साथ पूरी भाषा हिन्दुस्तानी है जिसमें बोलचाल की उर्दू का प्रयोग है। पाकिस्तान में हिन्दी फिल्मों के लोकप्रिय गाने वैसे ही रोजाना की बातचीत में मुहावरे की तरह प्रयोग में आते रहते हैं जैसे कि हिन्दोस्तान में। हमारे यहाँ के सीरियलों में जो कहानी खो गयी है वह वहाँ मौजूद है, ऐसा इन सीरियलों को देख कर लगता है। जिन लोगों ने भी पाकिस्तान की फिल्म –खुदा के लिए- और –बोल- देखी है वे इस सीरियल को उन फिल्मों के समकक्ष रख सकते हैं। इस चैनल के दूसरे सीरियलों और कहानियों में भी अलग अलग मुद्दे उभारे गये हैं जैसे कि एक सीरियल में बड़ी उम्र में माँ बनने पर परिवार के बड़े बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव की कहानी कहे गयी है। एक कामेडी सीरियल में बिना महिला वाले परिवार में बड़ी हुयी लड़की और बिना पुरुष वाले परिवार में बड़े हुये लड़के के विवाह के बाद उत्पन्न समस्या का मनोरंजक चित्रण है। यह चैनल हिन्दी चैनलों के घुटन भरे माहौल में ताज़ा हवा के झौंके की तरह आया है। 
वीरेन्द्र जैन                                                                           
2 /1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल म.प्र. [462023]
मोबाइल 9425674629
       

शुक्रवार, दिसंबर 12, 2014

जन्मशताब्दी वर्ष पर विशेष ख्वाज़ा अहमद अब्बास राजनीतिक कटाक्ष के मेरे पहले शिक्षक थे



जन्मशताब्दी वर्ष पर विशेष
ख्वाज़ा अहमद अब्बास राजनीतिक कटाक्ष के मेरे पहले शिक्षक थे
वीरेन्द्र जैन 

       दतिया में 1952 के आसपास मेरे पिता के पास एक पड़ोसी युवक आया था जिसने उनसे रोजगार के लिए सलाह माँगी थी व उसकी योग्यता और क्षमताओं तथा खुद की रुचियों को देखते हुए उन्होंने उसे समाचारपत्र की एजेंसी लेने की सलाह दी थी। इसका परिणाम यह हुआ था कि उसकी एजेंसी में प्रारम्भ होने वाला प्रत्येक नया अखबार या पत्रिका सम्भावनाओं के परीक्षण के लिए मेरे पिता के पास आती थी। बच्चों की पत्रिका पराग आयी तो उसके प्रवेशांक से ही हम लोगों को मिल गयी थी जिसे मैंने और मेरी बहिन ने चौथी पाँचवीं कक्षा के छात्र रहते हुए ही पढना शुरू कर दिया था। यही हाल 1961 या 1962 में प्रारम्भ हुये हिन्दी ब्लिट्ज़ का हुआ जब मैं नौंवी दसवीं कक्षा का छात्र ही था। हिन्दी ब्लिट्ज़ में आखिरी पन्ने पर ख्वाज़ा अहमद अब्बास का स्तम्भ आज़ाद कलम के नाम से प्रकाशित होता था जिसे मैं सबसे पहले अनिवार्य रूप से पढने लगा। तब हमें यह भी पता नहीं था कि ख्वाज़ा अहमद अब्बास कौन हैं और उनका फिल्मों से भी कोई नाता है। उस समय तक मैं यह तो जान चुका था कि मेरे पिता रूढियों के विरोधी और प्रगतिशील हैं पर उनके बामपंथी भी होने का भी पता मुझे नहीं था। हिन्दी ब्लिट्ज़ मेरे घर कई वर्षों तक आता रहा और मैं एकलव्य की तरह ख्वाज़ा अहमद अब्बास से प्रशिक्षित होता रहा। कभी कभी तो मैं समाजशास्त्र की कक्षा में भी ऐसी टिप्पणी कर देता था जिससे मेरे सहपाठियों के अलावा अध्यापक भी परेशान हो जाते थे। इसके पीछे ब्लिट्ज़ में ख्वाज़ा अहमद अब्बास के स्तम्भ की खास भूमिका होती थी।
       1962 में भारत चीन सीमा विवाद जब युद्ध में बदल गया था तब की घटना है कि हैदराबाद के निज़ाम के पास जब लोग राष्ट्रीय रक्षा कोष के लिए सहयोग माँगने गये तो करोड़ों अरबों की ज़ायज़ाद के मालिक निज़ाम ने यह कह कर सहयोग देने से मना कर दिया था कि उनके पास कुछ नहीं है इसलिए वे कुछ नहीं दे सकते। उल्लेखनीय है कि वे हैदराबाद रियासत के विलय से असंतुष्ट थे। इस खबर के बाद एक पोस्टमैन ने उन्हें पाँच रुपये का मनिआर्डर भेजते हुए लिखा था कि आपके पास कुछ नहीं है तो इससे काम चलाइए। अब्बास जी ने कटाक्ष में इस पर एक रोचक दृष्य सृजित किया था कि कैसे इस पाँच रुपये के मनिआर्डर आने के बाद बेगमों ने उससे राशन नमक सब्जी आदि मँगायीं और भूखे बच्चों का पेट भरा। उनके इस व्यंग्य ने न केवल मुझे गहरे में प्रभावित किया था अपितु धर्मनिरपेक्षता का भाव मजबूत हुआ था। मैं लगभग एक दशक तक लगातार ब्लिट्ज़ का पाठक बना रहा और राजनीति में कटाक्ष करना सीखता रहा जो बाद में कृष्ण चन्दर और हरिशंकर परसाई के लेखन से और मजबूत हुआ। इसी बीज के सहारे मैंने 1977 से 1980 के बीच ब्लिट्ज़ और करंट में खुद भी व्यंग्य रचनाएं लिखीं।
       जब फिल्मों और कलाकारों के बारे में पढने का मौका मिला तब पता चला कि ख्वाज़ा अहमद अब्बास न केवल राजकपूर की अधिकांश फिल्मों के लेखक ही हैं अपितु खुद भी निर्माता निर्देशक बगैरह भी हैं। तब तक मैं कम्युनिष्टों को पसन्द करने लगा था व इस सूचना ने कि वे कम्युनिष्ट हैं, मेरे मन में उनके प्रति सम्मान की भावना और बढ गयी थी। उनकी फिल्में सौद्देश होती थीं और सबसे कम खर्च में बना करती थीं। वे फिल्म बनाने से पहले अपने ढेर सारे मित्रों में से कुछ को सूचना देते थे जो उन्हें पाँच पाँच सौ रुपये भेज देते थे। इस तरह एकत्रित राशि से वे फिल्म बनाते थे तथा फिल्म बिक जाने के बाद सबको उनकी राशि वापिस कर देते थे। आज के राजनीतिक समय में आँखें खोलने वाले क्या कल्पना कर सकते हैं अमिताभ बच्चन जैसे कथित महानायक को सात हिन्दुस्तानी में सबसे पहले अवसर देने वाले अब्बास देश की स्वतंत्रता के महानायक जवाहरलाल नेहरू, रूस के राष्ट्रपति निकिता ख्रुश्चेव के भी मित्र थे पर न तो उन्होंने कभी कोई कार खरीदी और न ही बंगला। सादगी से रहने वाले अब्बास, अपनी जरूरतों से ज्यादा कमाने और जोड़ने के पागलपन में कभी नहीं पड़े। उन दिनों बलराज साहनी, चेतन आनन्द, गुरुदत्त, पृथ्वी राज कपूर, साहिर, मजरूह, शैलेन्द्र, कैफी आज़मी, अली सरदार ज़ाफरी, ए के हंगल, जैसे प्रगतिशील लोगों से फिल्मी दुनिया सम्पन्न थी। इस दुनिया में उन्हें इतना सम्मान प्राप्त था कि जब उन्होंने बालीवुड की पहली बहुसितारा फिल्म ‘चार दिल चार राहें’ बनायी तो उसमें पृथ्वीराज कपूर, मीना कुमारी, राज कपूर, निम्मी, शम्मी कपूर, जैसे उस दौर के नामी सितारों ने लगभग मुफ्त में काम किया। उन्होंने ‘नीचा नगर’ ‘धरती के लाल’ ‘डा. कोटनीस की अमर कहानी’ ‘बम्बई रात की बाँहों में’ ‘सात हिन्दुस्तानी’ ‘नक्सलाइट’ जैसी फिल्में भी बनायीं
       अपने 73 वर्षीय जीवन के 50 साल उन्होंने लेखन, पत्रकारिता, फिल्म निर्देशन, आदि में लगाये और 73 किताबें लिखीं। उन्होंने लगभग 60 फिल्मों का लेखन व निर्देशन किया जिनमें सुप्रसिद्ध शोमैन राजकपूर की बहुत सारी फिल्में हैं। उनके द्वारा राजकपूर के लिए लिखी गयी फिल्म ‘आवारा’ को अंतर्राष्ट्रीय सफलता मिली तो उससे सामाजिक प्रतिबद्धता के सिनेमा को मान्यता मिली और यह एक ऎतिहासिक फिल्म बन गयी। उल्लेखनीय है कि महबूब खान जैसे फिल्म निर्मात निर्देशक इस फिल्म को बनाने की हिम्मत नहीं जुटा सके थे।    
       सात जून 2014 को उनके जन्म को सौ वर्ष पूरे हो चुके हैं। वे ऐसे नींव के पत्थर हैं जिन पर फिल्मी दुनिया की कई कुतुब मीनारें आज भी रोशन हैं। हिन्दी में जब तक सोद्देश्य सिनेमा रहेगा , तब तक ख्वाजा अहमद अब्बास का नाम भुलाया नहीं जा सकता। गत 27 वर्षों से उनके प्रशंसक उनके जन्मदिन पर जुहू की उसी गली में एकत्रित होते हैं जहाँ वे रहते थे। उनके संकल्प को देखते हुये कहा जा सकता है कि यह सिलसिला तब तक तो चलेगा ही चलेगा जब तक उनको देखने वाला एक भी व्यक्ति शेष रहेगा।
वीरेन्द्र जैन                                                                          
2 /1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल म.प्र. [462023]
मोबाइल 9425674629
       

बुधवार, जनवरी 23, 2013

फिल्म समीक्षा- मटरू की बिजली का मंडोला


 फिल्म समीक्षा
मटरू की बिजली का मंडोला
वीरेन्द्र जैन
       फिल्म को डाइरेक्टर’स मीडिया कहा जाता है। आज से कुछ दशक पहले लोग केवल फिल्म अभिनेताओं के नाम जानते थे, पर अब दर्शकों का एक बड़ा वर्ग समझ गया है कि फिल्में निर्देशक के ‘ओके’ कर देने के बाद ही आगे बढती है और उसके ‘कट’ पर कलाकारों का वश नहीं चलता। वह उसी को ओके करता है जो दिखाना चाहता है। फिल्म के निर्माता, निर्देशक, संगीतकार विशाल भारद्वाज फिल्म जगत में एक सम्मानित निर्देशक हैं, और उनको पसन्द करने वालों का एक वर्ग है, जो उम्मीद करता है कि उनकी फिल्म यूं ही नहीं हो सकती। पिछले दिनों से फिल्म जगत में संजय लीला भंसाली कल्ट चल निकला है जिसमें कुछ सामाजिक राजनीतिक चेतना की बातों को मनोरंजन की चाशनी में लपेट कर पेश किया जाता है जिससे मनोरंजन के लिए जाने वाले दर्शकों तक भी कुछ सामाजिक सन्देश पहुँचाया जा सके और फिल्म से लाभ भी निकाला जा सके।
       उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आन्दोलन और गैंग रेप की शिकार युवती के पक्ष में दिल्ली में बड़ा वर्ग सामने आया है। यह वर्ग आम मध्यमवर्गीय लोगों के साथ जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में बढ रहे एक्टिविज्म की उपज है। उल्लेखनीय है कि इस विश्वविद्यालय में पिछले दिनों आइसा जैसे अल्ट्रा लेफ्ट का दबदबा बढा है। इस फिल्म में भी जो नायक है वह जेएनयू से ही एलएलबी करके निकला युवक है  और माओ के नाम से छुप कर किसानों को संगठित करता है। फिल्म में किसानों से ज़मीन लेने के लिए उद्योगपतियों के षड़यंत्र हैं जो किसानों को कर्ज़ के बोझ में डुबाने के बाद उनकी फसल को बर्बाद करने के लिए गलत पेस्टीसाइड डालने की कोशिश तक करते हैं ताकि वसूली के दबाव में किसान जमीन देने के लिए मजबूर हो जायें।  राजनीति और उद्योगपतियों का गठजोड़ है, सरकारी पद पर बैठे लोग फाइलों का निबटान भी उसी अन्दाज़ में करते हैं। शराब में डूबते जाते धनी किसान हैं, विदेशी संस्कृति में डूबती उनकी युवा पीढी है, ऐसे बिके हुए कलाकार हैं जिन्हें ये पता ही नहीं है कि वे बिक चुके हैं। नवधनाड्य वर्ग में पैदा हुयी रहन सहन की अन्य सारी विकृतियां हैं, जैसे शराब पीकर हेलीकाप्टर उड़ाना जिनकी अतिरंजना मनोरंजन का आधार बनती है। स्मरणीय है कि संजय गान्धी की म्रत्यु हेलीकाप्टर दुर्घटना में हुयी थी और उस समय वे पाजामा कुर्ता और चप्पल पहिने हुए थे जबकि एवियेशन की अपनी एक ड्रैस होती है। पर धन और सत्ता में अँधे लोग अपने अलावा दूसरों की जान की परवाह भी नहीं करते। इसी फिल्म में एक दृष्य है जिसमें शराब के नशे में धुत्त मंडोला हेलीकाप्टर में लगी आग से सिगरेट सुलगाने की कोशिश करता है। मंडोला देशी शराब ‘गुलाबी’ का एडिक्ट हो चुका है जिसे छोड़ देने पर उसे जगह जगह गुलाबी भैंस नजर आने लगती है। यह फिल्म के मनोरंजन का भाग है। फिल्म में अनुष्का शर्मा[बिजली] के पोखर में स्नान के दृश्य हैं, तो गाँव में ताश पत्तों से चल रहे जुए की बीमारी को भी रेखांकित किया गया है।

       पंकज कपूर और शबाना आज़मी तो हिन्दी सिनेमा के सर्वश्रेष्ठ कलाकारों में से हैं ही, पर इमरान खान भी उम्मीदें जगाते हैं। अपने नाम से भी भ्रमित करने वाली इस फिल्म को केतन मेहता की ‘जाने भी दो यारो’ श्रेणी में रखा जा सकता है।
       दर असल अभी यह मूल्यांकन होना शेष है कि मनोरंजन की चाशनी में लपेट कर जो सामाजिक राजनीतिक सन्देश परोसने की यह कोशिशें हैं वे कितनी प्रभावकारी हो रही है, ये सन्देश कितनी दूर तक सम्प्रेषित हो पा रहे हैं, व इनके परिणाम कहीं नजर भी आ रहे हैं या नहीं। इन फिल्मों में मनोरंजन कहीं सामाजिक सन्देश के ऊपर तो नहीं होता जा रहा है और श्याम बेनेगल, गोबिन्द निहलानी स्कूल की फिल्मों को ये सिनेमा नुकसान तो नहीं पहुँचा रहा? पर इतना तो तय होता जा रहा है कि अब सामाजिक यथार्थ विहीन सत्तर-अस्सी के दशक की लिजलिजी भावुकता वाली फिल्में सफल नहीं होने वालीं।  
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629
        

गुरुवार, अगस्त 16, 2012

फिल्म समीक्षा - गैंग वासेपुर-2 गोबरपट्टी की राजनीति पर चुटीला व्यंग्य


फिल्म समीक्षा के बहाने
      
गैंग वासेपुर-2 , गोबरपट्टी की राजनीति पर चुटीला व्यंग्य  
                                                                                  वीरेन्द्र जैन
       दुर्भाग्य से हमारे यहाँ फिल्मों जैसे बहुआयामी माध्यम को साहित्य से कमतर आँका गया है और यही कारण रहा कि टीवी आने से पूर्व लम्बे समय तक इस प्रभावशील माध्यम को लोगों ने ऐसी गणिका की तरह लिया जिससे केवल छुप कर ही मिला जा सकता है, और सार्वजनिक रूप से बुराई की जाती है। जब तक इस माध्यम से पैसों की बरसात नहीं होने लगी तब तक तथाकथित भले घर के लोगों ने अपनी महिलाओं को इसमें भूमिका निभाने की अनुमति देना तो दूर दिखाना भी गुनाह समझा। स्मरणीय है कि प्रारम्भ में महिलाओं की भूमिका भी पुरुष पात्रों को करना पड़ती थी और रामलीला जैसे धार्मिक नाटकों तक में सीता जैसे पवित्र पात्र की भूमिका भी लड़कों को निभाना पड़ती थी। फिल्म कला का सबसे सशक्त माध्यम है जिसमें न केवल साहित्य है, संगीत है, नाटक है, अपितु ज्ञान और मनोरंजन भी है। एक अच्छा कला माध्यम सभी तरह के विषयों को संवेदनशील और सुस्पष्ट ढंग से लोगों तक सम्प्रेषित होता है व दूरगामी प्रभाव छोड़ता है। जहाँ तक फिल्मों के दोषों का सवाल है तो सभी पुस्तकें भी अच्छी नहीं होतीं और चुनाव हमेशा ही करना पड़ता है। इसमें माध्यम दोषी नहीं होता।
       फिल्म गैंग वासेपुर-2 देखते हुए मुझे सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्रीलाल शुक्ल की राग दरबारी याद आयी जो आजादी के बाद के गाँव मैं पैदा हुए सरकारी धन को चरने वाले दो पाये पशुओं को बहुत ही रोचक तरीके से सामने लाता है। वासेपुर गैंग-2 भी ऐसा ही एक प्रयास है जिसमें गोबरपट्टी अर्थात काऊ बैल्ट स्थित बीमारू राज्यों में पल बढ रही कुत्सित राजनीति, सामाजिकता, और अपसंस्कृति को दिखाते हुए यह सवाल खड़ा करता है कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है और इसे दूर करने का रास्ता किधर से जाता है। फिल्म व्यंग्यात्मक है इसलिए इसमें अतिरंजना स्वाभाविक है, पूरी फिल्म में गालियों और गोलियों का भरपूर प्रयोग है और यथार्थ के नाम पर इनसे बचने की कोई कोशिश नहीं की गयी है। यद्यपि वासेपुर नाम का एक शहर झारखण्ड में स्थित है और फिल्म में बिहारी बोलियों का प्रयोग किया गया है किंतु यह ‘वासेपुर’ राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ, उत्तरप्रदेश, बिहार और झारखण्ड तक फैला हुआ है। फिल्म प्रारम्भ में ही यह स्पष्ट कर देती है कि इस कथा के वासेपुर का झारखण्ड के वासेपुर से कोई सीधा सम्बन्ध नहीं है, भले ही फिल्म विभिन्न सच्ची घटनाओं के आधार पर रचित कहानी पर बनी है।
       यह फिल्म उस समय आयी है जब भ्रष्टाचार के विरोध के नाम किये जा रहे आन्दोलनों की असफलता से यह निष्कर्ष निकाला जा रहा है कि मूलतयः व्यवस्था ही दोषपूर्ण है और इसे आमूलचूल बदले बिना भ्रष्टाचार से मुक्ति का लक्ष्य नहीं पाया जा सकता। फिल्म में बेखौफ हिंसा करते हुए खानदान हैं जिनकी पुलिस गुलामी करती है या जो सरे-आम उस पुलिस को मारते पीटते रहते हैं जिनके नाम से आम आदमी की घिघ्घी बँधी रहती है। उसकी गिरफ्त में आये प्रतिद्वन्दी को ये मार देते हैं पर इनके खिलाफ कोई गवाही नहीं देता। अदालत को सजा देने के लिए गवाही चाहिए जिसके अभाव में ये हर बार छूट कर बाहर आ जाते हैं। सरकारी खरीद और ठेकों में लूट करने वाले ठेकेदार इनके सहारे दूसरे किसी को टेंडर नहीं भरने देते और वे खोज कर इन लोगों के पास पहुँचते हैं और इनकी ही शर्तों पर सौदा करते हैं। सौदे में बेईमानी करने वालों के दफ्तरों को बम से उड़ा देते हैं। बदले की भावना में हत्याओं का दौर चलता रहता है और इन खानदानों की माँएं स्वयं ही अपने बेटों को खानदानी दुश्मन से बदला लेने के लिए उकसाती रहती हैं जिसमें जान जाने और जेल जाने का खतरा सदैव ही बना रहता है। घर में खाना खाते समय भी लड़कों से कहती हैं कि अपने पिता की हत्या के मामले में बदला लिए बिना तुम्हारे गले से निवाला उतर कैसे जाता है। नगर में पुलिस अधिकारी स्थानीय विधायक या मंत्री की इच्छानुसार तैनात किया जाता है जो उसके निर्देशानुसार ही काम करते हैं। यही कारण है कि अपराधी येन केन प्रकारेण जन प्रतिनिधि बनने की कोशिश करता है। चुनावों को दूषित करके लोकतंत्र की भावना को निर्मूल करने का काम यही अपराधी कर रहे हैं और यही कारण है कि देश में 39% जनप्रतिनिधियों पर आपराधिक मुकदमे लम्बित हैं जिनका सहारा लेकर अन्ना हजारे टीम या बाबा रामदेव पूरी संसद का अपमान करते रहते हैं। इन इलाकों में पुलिस से शिकायत करने में कोई भरोसा नहीं करता, सब अपने अपने न्याय स्वयं करने में भरोसा रखते हैं। यही कारण है कि डकैतों को नायक बनाने वाली फिल्में बहुत बड़ी संख्या में बन रही हैं और पान सिंह तोमर जैसी फिल्म में नायक कहता है कि यहाँ डाकू नहीं होते बागी होते हैं, डाकू तो संसद में बैठते हैं।
       उक्त फिल्म हमारी राजनीतिक व्यवस्था पर ही व्यंग्य नहीं करती अपितु उससे विकृत होती जा रही सामाजिक व्यवस्था पर भी व्यंग करती है। बिहार में बोलियों में अंग्रेजी शब्दों का घाल मेल करके उसे उन बोलियों के व्याकरण के साथ मिला कर खूब बोला जाता है जिसे इस फिल्म में एक गाने के साथ मिलाकर अच्छा व्यंग्य किया गया है। - फ्रस्टाओ नहीं मूरा, नर्भसाओ नहीं मूरा-  जैसे शब्दों को मिला कर एक गाना है तो बच्चों के नाम परपेंडुकलर और डेफिनेट जैसे हैं, जो बेखौफ होकर अपराध करते हैं और किसी भी दुकान से कुछ भी मुफ्त में खाते या उठाते रहते हैं। अपराधी नायक प्रेम की भावुकता में घिरने की जगह अपनी प्रेमिका से सीधे पूछता है कि वह उसके साथ सेक्स करना चाहता है, और नायिका भी उसे सीधे जूते खाने की धमकी देती है। जन्म से महानगरों और राजधानियों में रहने वाले लोग ऐसी कानून विहीनता वाली स्थिति की कल्पना भी नहीं कर सकते जो बीमारू राज्यों के गाँवों, कस्बों वालों को झेलना पड़ती है, और नागों साँपों जैसे प्रतिद्वन्दियों में से किसी एक के शरणागत होने को विवश कर देती है। अपने कला माध्यमों को हम जिस भाषा और गालियों से मुक्त रखते चले आये हैं वे गालियां हमारी माँ बहिन बेटियां प्रतिदिन बाजार में, बसों में, या गली मुहल्ले में सुनती रहती हैं पर हम अपने कला माध्यमों में इनका प्रयोग न करके कला की एक बनावटी दुनिया रचने की कोशिश करते हैं जबकि जरूरत अपनी उस व्यवस्था को सुधारने की है जो इन्हें जन्म देती है। फिल्मों में धड़ल्ले से दी गयी ये गालियां दर्शक को कल्पना लोक से निकाल कर अपने कटु यथार्थ में कहीं कुछ बदलने की बेचैनी देती हैं।
       अपराधियों को तकनीकी ज्ञान का अभाव उनका पैसा पूरा कर देता है और सम्बन्धित विशेषज्ञ स्वयं ही उनके पास आकर उनकी कमी को पूरा करने की पेशकश करते हैं। बाजरवादी व्यवस्था में हथियारों और ताकत के भरोसे अर्जित सम्पत्ति सारे तकनीकी ज्ञान को अपने साथ लाने में सक्षम हो जाती है। फिल्म में बेतरतीब ढंग से फलफूल रहे कस्बे हैं जिनमें अनियंत्रित ढंग से बढती भीड़ है, बेढंगे जाल की तरह बुनते बिजली, टेलेफोन या डिस्कों के तार हैं, अतिक्रमणों से संकरे होते रास्ते हैं और एक दम्भ के साथ निकलते धार्मिक जलूस हैं, रिक्शे वाले हैं, धुआँ उड़ाते वाहन हैं, रंग फीके पड़ते पुराने मकान हैं जिनकी पलस्तर उखड़ी दीवारें हैं, पुरानी परम्पराओं में पैर गड़ाये आधुनिकता है जो एक विचित्र सा दृश्य रचती है। पतले होने की तुलना बिजली के तार से करते हुए ‘लोकगीत’ हैं। पेजर से लेकर मोबाइल तक का उपयोग करते अपराधी हैं और लाठी के सहारे भैंस का मालिकत्व प्राप्त करती जंगली व्यवस्था है, जिसकी जेब में कानून पड़ा रहता है। कुल मिला कर कहा जा सकता है कि जिस तरह कभी कभी महानगरों में अपनी क्षेत्रीय भाषा में बोलने वाला व्यक्ति सहज हास्य पैदा करते हुए भी हमें अपनी मौलिक दुनिया का आभास देता है वैसा ही अभास यह फिल्म अपने यथार्थ को व्यंग्यात्मक ढंग से देती है। सारी सभ्यताएं झूठ और बनावट के आधार पर खड़ी की जाती हैं जो प्राकृतिक को असभ्य मानती हैं। ऐसी फिल्में उस तरह की निन्दा के साथ साथ व्यावसायिक खतरे उठाते हुए भी रची जाती हैं, जो कहीं गहरे में असर करती हैं। प्रेमचन्द ने साहित्य को समाज का दर्पन कहा है और कृष्ण बिहारी नूर कहते हैं-

चाहे सोने के फ्रेम में मढ दो
आइना झूठ बोलता ही नहीं
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629