रामदेव लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
रामदेव लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, मई 07, 2014

रामदेव का बचाव पक्ष



रामदेव का बचाव पक्ष

वीरेन्द्र जैन
       भाजपा और कांग्रेस में एक बड़ा फर्क यह भी है कि भाजपा अपने नेताओं, व सहयोगियों पर किसी भी तरह की अनैतिकता, अपराध, अशालीनता और अनियमतता के आरोप लगने पर उसके बचाव में उतर आती है जिससे पूरी पार्टी ही दोषी हो जाती है जबकि कांग्रेस अपने बड़े से बड़े सदस्य के ऊपर लगे आरोप से दल की दूरी बना लेती है और उसकी गलतियों की सफाई व दण्ड उसे खुद ही वहन करना होता है। जब भी कोई किसी ऐसी बात की पक्षधरता करता है जो न केवल सार्वजनिक रूप से ही गलत हो अपितु वह खुद भी उसे गलत मान रहा हो तो उसे अपनी बात को जोर के शोर से ठेलना पड़ता है, असंगत कुतर्क करने पड़ते हैं, और विषय को भटकाना पड़ता है। 2014 के आम चुनावों के दौरान विभिन्न टीवी चैनलों पर चली बहसों में इस प्रवृत्ति को साफ साफ देखा और पहचाना गया है। पिछले दिनों राजनीतिक बहसों में न्यूनतम रुचि रखने वाले मेरे एक मेहमान ने ऐसी बहस देखते हुए बहुत सरलता से पूछ लिया था कि सबसे अधिक चीखने वाला यह नेता क्या मोदी की पार्टी का है? इस प्रवृत्ति से एक बात प्रकट होती है कि भाजपा किसी दल की जगह गिरोह की तरह काम करती है। उनकी एकजुटता प्रशंसनीय हो सकती है किंतु उस एकजुटता के घोषित लक्ष्य और वास्तविक आचरण में बहुत अंतर है। वे अपनी भूल को कभी स्वीकार नहीं करते और उसका किसी भी तरह बचाव करने में जुट जाते हैं। यही कारण है कि उनके नेतृत्व में वकीलों को सर्वाधिक महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है और प्रसिद्ध वकीलों को राज्यसभा की सदस्यता का दरवाजा सदैव खुला रखते हैं। उनका लक्ष्य किसी भी तरह से मुकदमा जीतने का रहता है जिसके लिए सत्य, असत्य, अर्धसत्य, सत्याभास, किसी भी विधि का सहारा क्यों न लेना पड़े।
       आतंकवाद के नाम पर साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण को सर्वाधिक हवा देने वाले इन्हीं के परिवार के सदस्य उन लोगों से सम्बन्धित रहे हैं जिन पर हिन्दू आतंकवाद फैलाने का आरोप लगा था। स्वयं तत्कालीन अध्यक्ष राजनाथ सिंह जो फिर से उसी पद पर पहुँचा दिये गये हैं, प्रज्ञासिंह ठाकुर आदि से मिलने मुम्बई जेल गये थे और उमा भारती व आसाराम भी प्रज्ञा सिंह से मिलने गये थे। स्पष्ट संकेतों और पूछ्ताछ के बाद गिरफ्तार किये गये इन लोगों की गिरफ्तारी के खिलाफ संघ परिवार के लोगों ने एक स्वर से सीबीआई और दूसरी जाँच एजेंसियों के खिलाफ ऐसी बयानबाजी की बाढ ला दी थी कि इन महत्वपूर्ण संस्थाओं पर से सामान्यजन का विश्वास घट सकता था जिसका सीधा सीधा लाभ अपराधी तत्वों को मिल सकता था। वैसे भूल किसी भी संस्था के पदाधिकारियों से सम्भव है और तथ्यों के आधार पर ध्यान आकर्षित करना राजनीतिकों का कर्तव्य है किन्तु किसी संस्था के गठन और गलत आधार पर उसकी सम्पूर्ण विश्वसनीयता को ही कटघरे में खड़ा कर देना एक समाज विरोधी काम है। अकालियों के साथ सत्ता में बने रहने के लिए ये विधानसभा में आतंकियों के महिमा मंडन में उनका साथ देते हैं और चर्चित हत्यारों की फाँसी की सजा माफ करने के उनके प्रस्तावों का मुखर विरोध नहीं करते।
       काँची कामकोठि के शंकराचार्य पर लगे गम्भीरतम आरोपों के विरोध में अटलबिहारी वाजपेयी समेत भाजपा के सभी नेता दिल्ली में धरने पर बैठ जाते हैं और समर्थक न जुटने पर आसाराम से मदद लेते हैं। आसाराम द्वारा इतने अधिक स्थानों पर अतिक्रमण करने और आश्रम के नाम पर ज़मीनों पर कब्जा करने के पीछे भी भाजपा और संघ परिवार का परोक्ष बल रहा है जिसने बदले में इन्हें एक बड़ा वोट बैंक देने का सौदा किया हुआ था। आसाराम और उसके सपूत की हाल की गिरफ्तारी के समय भी भाजपा के लोग एक साथ उसके पक्ष में ढेर सारे कुतर्कों के साथ कूद पड़े थे किंतु सम्भावित पीएम पद प्रत्याशी नरेन्द्र मोदी के साथ उनके कुछ मतभेदों के कारण उक्त समर्थन सफल नहीं हो सका। किंतु संघ परिवार खेमे से कभी भी न तो उस पर लगे अनैतिक आचरणों के मामले में गिरफ्तारी और न ही जमीनों, मकानों पर किये गये अतिक्रमणों के बारे में कोई स्वर मुखर हुआ। इसके विपरीत  अपने राजनीतिक विरोधियों पर इन्हीं अपराधों से सम्बन्धित किसी भी आरोप पर पूरा संघ परिवार एक स्वर से शोर करने लगता है। यह ज्वलंत सत्य है कि धर्म की ओट में किये जाने वाले सर्वाधिक अतिक्रमणों के संरक्षण में धर्म के आधार पर राजनीति करने वाले दल रहते हैं। ऐसे ज़मीन चोर अतिक्रमणकारी धर्म, समाज, और राजनीति सब को भटकाते हैं।
       ताज़ा घटनाक्रम में इस समय के सर्वाधिक विवादास्पद योगप्रशिक्षक और आयुर्वेदिक दवाओं का उद्योग चलाने वाले राम किशन यादव उर्फ बाबा रामदेव की पक्षधरता का विवाद है। रामदेव एक कम शिक्षित और विराट महात्वाकांक्षा पालने वाले योग प्रशिक्षक हैं। रंगीन टीवी के सैकड़ों चैनल प्रारम्भ होने और उनके सातों दिन चौबीसों घंटे प्रसारण के दौर में रामदेव ने अपनी उपस्थिति दर्ज़ करायी। जब केवल दूरदर्शन के चैनल ही चलते थे तब भी धीरेन्द्र ब्रम्हचारी द्वारा प्रस्तुत किया जाने वाला योग प्रशिक्षण बहुत लोकप्रिय कार्यक्रम हुआ करता था पर भाजपा परिवार उनका और उनके राजनीतिक सम्बन्धों का सबसे बड़ा आलोचक हुआ करता था क्योंकि उनका जुड़ाव तत्कालीन सत्तारूढ कांग्रेस के नेताओं से था। बाद में जनता पार्टी के कार्यकाल में उन पर कार्यवाही भी हुयी थी। संयोग से रामदेव को राजीव दीक्षित जैसे विवेकवान और समाजसेवी का साथ मिल गया जिन्होंने स्वयं को पीछे रखते हुए रामदेव को एक ब्रांड नेम देने और उनके अभियान को विस्तारित करने में असीम योगदान दिया। पिछले वर्षों में रामदेव के योग गुरु गायब हो गये और राजीव दीक्षित का अचानक असामयिक निधन हो गया। रामदेव के योगगुरु के गायब होने की जाँच तो सीबीआई कर रही है। इसी दौरान रामदेव को राजनीति में पदार्पण करने की जरूरत महसूस हुयी और उन्होंने विदेशों में जमा काले धन, बड़े नोटों को बन्द करने, राष्ट्रीय स्वाभिमान पार्टी बनाने, भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना के आन्दोलन से भगा दिये जाने के बाद अपना आन्दोलन करने, और असफल होने पर भाजपा के शरणागत होकर नरेन्द्र मोदी का प्रचार करने के नाम पर अपने लोगों को टिकिट दिलवाने आदि तरह तरह के काम किये। कुछ ही दिनों में ग्यारह सौ करोड़ से अधिक की सम्पत्ति अर्जित कर लेने वाले रामदेव के खिलाफ व्यापार उद्योग में की गयी आर्थिक अनियमतताओं के कई प्रकरण दर्ज हैं। इस सम्पत्ति और व्यापार के कारण उन्हें राजनीतिक संरक्षण की जरूरत है। पिछले चुनावों में उनके उद्योग द्वारा भाजपा को दी गयी बड़ी चुनावी राशि की चेक समाचारों में आयी थी।
       रामदेव के अशिष्ट भाषा और प्रतीकों के द्वारा दलित विरोधी बयान की गलत व्याख्या और रक्षा में पूरी भाजपा और संघ परिवार उतर आया है, यहाँ तक कि स्वयं को दलितों का मसीहा बताने वाले हाल ही में भाजपा में सम्मलित होकर चुनाव लड़ने वाले उदित राज को भी उनका बचाव करने हेतु उतारा गया है, जबकि देश भर से विरोध के स्वर फूट रहे हैं। जिस दिन उक्त बयान सामने आया था उसी दिन एक न्यूज चैनल पर रामदेव ने साक्षात्कार भी दिया था जिससे उनकी जानकारी और समझदारी की सारी कलई खुल गयी थी। उस साक्षात्कार के दौरान उत्तर देने में असमर्थ होने पर वे एक वकील से बोले थे कि कुश्ती लड़ ले। उन्होंने यह भी कहा था कि अन्ना हजारे और भाजपा ने स्वयं ही उनसे सहयोग मांगा था। ऐसे व्यक्ति का सहयोग लेना और उसकी गलत पक्षधरता में उतरने से देश के सबसे बड़े विपक्षी दल और उसके प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी पर प्रश्न चिन्ह लगता है। जिस देश में इस तरह के लोग प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी के साथ हों उस देश की छवि दुनिया के सामने क्या बनेगी!
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629
                           

गुरुवार, अक्टूबर 24, 2013

न सुधरने को कृतसंकल्प रामदेव और कानून के हाथ

न सुधरने को कृतसंकल्प रामदेव और कानून के हाथ  
वीरेन्द्र जैन

      इस बात को अभी बहुत दिन नहीं बीते हैं जब रामदेव किसी महिला के कपड़े पहिन कर रामलीला मैदान से भागे थे और उसके बाद जब अनशन करने का दावा किया था तब चौथे दिन ही कोमा में चले गये थे या बचे खुचे सम्मान को बनाये रख कर अनशन तोड़ने के लिए वैसा बहाना किया था। उस समय ऐसा लगता था कि उस भूल से उन्होंने सबक लिया होगा और असत्य को आधार बनाने के भाजपायी हथकण्डे से तौबा कर लेंगे, पर उनकी ताज़ा गतिविधियां ऐसा संकेत नहीं देतीं।
      यह मात्र संयोग ही है कि रामदेव ने अपने योग प्रशिक्षण के लिए उपयुक्त समय पर प्रचार का उपयुक्त माध्यम पाया और उससे अर्जित लोकप्रियता को व्यावसयिकता में बदलवाने वाले सलाहकार भी पाये। भारत की इस प्राचीनतम विद्या के न तो वे अविष्कारक हैं और न ही पहले प्रशिक्षक। देश के विकासक्रम में तेजी से विकसित हुए उच्च मध्यम वर्ग के घर तक पहुँचने के रंगीन टीवी के अनगिनित चैनल जैसे माध्यम जिस काल में फैले उसी दौर में योगसनों की मांग भी सर्वाधिक पैदा हुयी। संयोग से ही रामदेव बाज़ारू उत्पाद के वैसे ही ब्रांड बन गये जो उचित समय पर बाज़ार में आने, और उचित वितरण एजेंसी हाथ लग जाने पर अचानक छा जाता है। जिस तरह अपने समय के लोकप्रिय फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन को वस्तुओं के विज्ञापन करने की सलाह उचित समय पर मिली थी और जब उन्होंने संकोच छोड़ कर उसे अपनाया तो उससे अपने व्यावसायिक नुकसान की पूर्ति ही नहीं की अपितु वे इसके शिखर पर पहुँच गये। अमिताभ बच्चन एक सुशिक्षित और संस्कारवान परिवेश में विकसित हुये थे इसलिए उन्होंने कभी अपने बचपन के मित्र राजीव गान्धी के अनुरोध पर उनकी चुनावी सहायता तो की किंतु इस लोकप्रियता को राजनीतिक जगत के शिखर पर पहुँचने का साधन नहीं माना व उचित समय पर अपने मूल काम को अपना लिया। दूसरी ओर रामदेव को संयोगवश हाथ लगी व्यावसायिक सफलता ने भ्रमित कर दिया और वे अपने आप को जन्मजात दिव्य पुरुष समझने लगे। दुर्भाग्य से सिद्धांतहीन, विचारहीन राजनीति के इस दौर में जब ढेर सारी राजनीतिक पार्टियां किसी भी तरह की लोकप्रियता को अपने पक्ष में भुनाने को उतारू बैठी रहती हैं तब इन पार्टियों के आग्रह के प्रभाव में उनकी अमर्यादित महात्वाकांक्षाओं ने उन्हें स्वतंत्र राजनीतिक दल बनाने की ओर तक प्रेरित किया जिससे न केवल उनकी नासमझदारी ही प्रकट हो गयी अपितु वे उन राजनीतिक दलों की आँख की किरकिरी बन गये। भगवा रंग को थोक में भुनाने का एकाधार चाहने वाली भाजपा को उनका यह विचार सबसे अधिक खला था क्योंकि इस तरह वे अंततः उन्हीं के वोटों में सेंध लगाने वाले थे। स्मरणीय है रामदेव उर्फ राम किशन यादव की लोकप्रियता के विकसित होते समय भाजपा ही नहीं मुलायम सिंह और लालू प्रसाद की यादववादी पार्टियां और कांग्रेस के नारायन दत्त तिवारी और सुबोधकांत सहाय जैसे नेताओं ने भी उनकी मदद की थी, किंतु अलग राजनीतिक दल बनाने के उनके विचार का किसी ने भी समर्थन नहीं किया। अपने अन्दाज़ में आलोचना करते हुए लालू प्रसाद ने तो कहा था कि पेट फुलाने पिचकाने से कोई राजनेता बनने की पात्रता अर्जित नहीं कर लेता।
      भाजपा के नेता, जो उन्हें दवा उद्योग चलाने और सेवादार के नाम से मजदूरों का शोषण कर अनैतिक मुनाफा कमाने में उनकी मदद करते रहे थे, भी उनके आलोचक बन गये थे। उत्तराखण्ड में जिस भाजपा शासन ने उन्हें कौड़ी के मोल कीमती ज़मीनें देकर बदले में चुनाव के लिए समुचित चन्दा भी हस्तगत किया था, अपने सहयोगी हाथ सिकोड़ लिये थे। जब अन्ना हजारे के अनशन के समय वे मंच की ओर बढने जा रहे थे तब अपने आन्दोलन को गैरराजनीतिक मानने वाले अन्ना के समर्थकों ने उन्हें खदेड़ दिया था। सच है कि राजनीतिक दल उनकी लोकप्रियता का लाभ लेना चाहते थे किंतु उन्हें स्वतंत्र रूप से राजनीतिक दल के रूप में मान्यता देने के विचार से सहमत नहीं थे।
      रामदेव किसी विचार या मुद्दे को लेकर राजनीति में नहीं आये थे अपितु राजनीति में प्रवेश करने के लिए उन्होंने मुद्दा आयात किया। वे विदेशों में जमा काले धन के जिस अस्पष्ट  मुद्दे को लेकर सामने आये वह बामपंथी पार्टियों द्वारा बहुत वर्षों से उठाया जाता रहा था व पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान जेडी-यू व भाजपा ने भी उस पर काफी जोर दिया था। मुद्रास्फीति के इस दौर में उन्होंने काले धन को नियंत्रित करने के लिए बड़े नोटों को बन्द करने का अव्यवहारिक विचार दिया जो उनकी अनुभवहीनता का नमूना था। रामदेव के गुरु एक दिन अचानक ही गायब हो गये थे किंतु उन्होंने उनके गायब होने की कोई चिंता नहीं की, अपितु उस घटना पर चर्चा से ही परहेज करते रहे। रामदेव की क्षमता केवल योगासनों के प्रशिक्षक तक तो ठीक थी और तब विचार देने का काम उनके सहयोगी राजीव दीक्षित किया करते थे जिनका अचानक ही संदिग्ध स्थितियों में निधन हो गया जिससे रामदेव का संस्थान विकलांगता महसूस करने लगा। भाजपा के चतुर नेताओं ने उन्हें उनकी हैसियत समझा दी और राजनीतिक दल बनाने का विचार छोड़ देने को विवश करते हुए उन्हें अपना प्रचारक बना लिया।
      एक्टविस्ट और कुशल वक्ता राजीव दीक्षित के निधन के बाद रामदेव के मुँह से जो निजी विचार निकले उसने उनकी कलई खोल दी। न उनके पास विचार हैं, न भाषा, और न ही शिष्टता, विनम्रता, करुणा जैसे गुण ही हैं, जो उन्हें राजनेता और संत दोनों के लिए अयोग्य होने को प्रकट करते हैं। उनका हाल पंचतंत्र की कथा में शेर की खाल ओढ लेने वाले पशु की तरह से हो गया जो जब अपने स्वर में बोलने लगा तो उसकी पहचान हो गयी और उसी अनुरूप में उसने दण्ड भुगता।
      रामदेव ने अपनी लोकप्रियता से जो ब्रांडवैल्यू अर्जित की उससे उन्होंने अपने को जिस व्यापार की दुनिया में उतारा उसमें भी सारी व्यापारिक अनियमितताएं अपनायीं जिसमें मिलावट, श्रम कानूनों के उल्लंघन से लेकर कर वंचना तक के हथकण्डे सम्मलित रहे। योगप्रशिक्षक की अपनी लोकप्रियता को भुनाने के लिए उन्होंने दूसरी कम्पनियों में निर्मित किराना सामग्री से लेकर टूथब्रुश तक सब कुछ बेचना चाहा। सरकारी संस्थानों को गलत जानकारियां देकर अनुचित लाभ उठाया और योग प्रशिक्षण के नाम पर ज़मीन हस्तगत कर उसे उद्योग व व्यापार के लिए उसका स्तेमाल किया। इस पर भी जब वे भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे किसी राजनीतिक दल के प्रचारक बन कर चुनाव वाले राज्यों में योग के बहाने अभद्र भाषा में नैतिकता का पाठ पढाने की कोशिश करने लगे तो सूप और चलनी वाली कहावत चरितार्थ होते देर नहीं लगी। उनके भाषणों के विषय को देखते हुए चुनाव आयोग को उनकी सभाओं के खर्च को भाजपा के चुनाव खर्च में जोड़ने के आदेश देने पड़े। ऐसा लगता है कि वे अपनी अनियमित्ताओं को राजनीतिक विषय के साथ जोड़ कर कार्यवाही से बचने का वैसा ही बहाना ले रहे हैं जिस तरह से सीबीआई की सम्भावित कार्यवाही से सुरक्षा के लिए मोदी को भाजपा ने प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी घोषित कर दिया है। पर लालूप्रसाद, जगन्नाथ मिश्र, और आशाराम के खिलाफ चली कार्यवाहियों ने उम्मीद बँधायी है कि न्यायपालिका स्वतंत्र है और वह भले ही देर कर दे पर अपना काम करेगी। बकरी की माँ कब तक खैर मनायेगी!
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629

                    

म.प्र. में निर्वाचन आयोग के निर्देशों को नकारती भाजपा

म.प्र. में निर्वाचन आयोग के निर्देशों को नकारती भाजपा
वीरेन्द्र जैन

      किसी भी लोकतंत्र में ईमानदार निर्वाचन के लिए एक स्वतंत्र, सक्षम और समर्थ निर्वाचन आयोग जरूरी होता है जिसकी उपस्थिति ही हमारे देश में लोकतंत्र को बनाये हुये है जबकि हमारे अनेक पड़ोसी देशों में उसकी कमी साफ नजर आती है। खेद की बात है कि येन केन प्रकारेण सत्ता हस्तगत करने को उतावली रहने वाली भाजपा, जिसकी मातृपितृ संस्था पर हिटलर की नीतियों का पूर्ण प्रभाव है और जो उसके निर्देश पर काम करती है, द्वारा निर्वाचन आयोग के नीति निर्देशों को खुली चुनौती दी जा रही है। ऐसी स्थिति में पाँच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनावों में भाजपा शासित राज्यों में स्वतंत्र चुनाव कठिन दिखायी देने लगे हैं।       
      किसी भी चुनाव में जन समर्थन के आधार पर जीत हार होती है जिसे स्वीकारना ही लोकतांत्रिक होना है, पर इतिहास गवाह है कि भाजपा अपनी हार को लोकतांत्रिक तरीके से स्वीकारने में सदैव ही हिचकती रही है और निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्था को ही निशाना बनाती रही है। जब 1971 के लोकसभा चुनावों में श्रीमती इन्दिरा गान्धी द्वारा उठाये गये बैंकों के राष्ट्रीयकरण और पूर्व राजाओं के प्रिवीपर्स की समाप्ति जैसे कदमों के कारण उनकी पार्टी को व्यापक समर्थन मिला था, तब भाजपा[जनसंघ] के पूर्व अध्यक्ष बलराज मधोक ने रूस से आयात स्याही द्वारा मतपत्रों में पैदा बदलाव के नाम पर उन परिणामों को नकारा था। यह आरोप हमारे निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता पर सीधा हमला था जिसे सिर्फ भाजपा[जनसंघ] ने लगाया था। बाद में उस हास्यास्पद आरोप की विश्वव्यापी निन्दा के कारण अटल बिहारी वाजपेयी ने लीपा पोती करने की कोशिश की थी। पिछले लोकसभा चुनावों में भी अपनी पराजय के वाद उन्होंने ईवीएम मशीनों की विश्वसनीयता पर सन्देह प्रकट किया था जबकि इन्हीं मशीनों के आधार पर लगभग आठ विधानसभा चुनावों में उनके दल या गठबन्धन को मिले समर्थन पर उन्हें इन से कोई शिकायत नहीं रही। 2002 में सरकारी संरक्षण में गुजरात में मुसलमानों का नरसंहार हुआ था व उससे जनित ध्रुवीकरण के चलते सचाई सामने आने से पहले नरेन्द्र मोदी शीघ्र से शीघ्र चुनाव करा लेना चाहते थे, पर जब तत्कालीन चुनाव आयुक्त लिंग्दोह ने राज्य के अधिकारियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर चुनाव की तिथियां आगे बढायीं तब इन्हीं मोदी ने, जो आज भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी घोषित हैं, उस ईमानदार और निष्पक्ष चुनाव आयुक्त के खिलाफ जैसी भाषा का स्तेमाल किया था वैसी भाषा का प्रयोग देश के किसी अन्य प्रमुख राजनीतिक दल के नेताओं ने कभी नहीं किया।
      गत दिनों मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के उद्योगमंत्री ने निर्वाचन आयोग को धमकियां देने की नीति का श्रीगणेश कर दिया है। उन्होंने सार्वजनिक मंच से दशहरा के अवसर पर राजपूत समाज के शस्त्र पूजन समारोह में न केवल भाग लिया अपितु कहा कि आचार संहिता की चिंता मैं नहीं करता जो कहती है कि युवतियों को भेंट मत दो, सामाजिक सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का हिस्सा मत बनो, ऐसी आचार संहिता को मैं ठोकर मारता हूं। चुनाव आयोग को मैंने कहा कि अपनी बात मत थोपो, व्यवहारिक बात करो। इससे पहले दिन भी उन्होंने शहर के चौराहे पर उद्योग विभाग का एक बड़ा भवन बनाने और सेंट्रल इंडिया का पावर हाउस बनाने की घोषणा की थी, जिसे सामाजिक सांस्क्रतिक धार्मिक ओट देना सम्भव नहीं है। [दैनिक भास्कर भोपाल 15/10/2013]         
      जहाँ सरकार के उद्योग मंत्री धर्म संस्कृति के नाम पर निर्वाचन आयोग के निर्देशों का उपहास कर रहे हैं तो दूसरी ओर राम किशन यादव उर्फ बाबा रामदेव योग प्रशिक्षण के नाम पर भाजपा के विरोधियों को राक्षस घोषित करके उन्हें ईवीएम मशीन की मदद से नष्ट करने का आवाहन कर रहे हैं। यह संयोग नहीं है कि योग के प्रचार का बुखार उन्हें आगामी आम चुनावों वाले राज्यों में ही लगातार घुमा रहा है। उल्लेखनीय है कि उनकी छत्तीसगढ यात्रा के दौरान उनके वचनों का संज्ञान लेते हुए निर्वाचन आयोग ने उनका राज्य अतिथि का दर्ज़ा खत्म करा दिया था और उनका सारा खर्च भाजपा के चुनाव खर्च में जोड़ने के निर्देश दिये थे, पर इसके बाद भी उन्होंने खजुराहो में स्वयं को निर्वाचन आयोग का ब्रांड एम्बेसडर बताते हुए व्यंजनापूर्ण भाषण दिया।
      मध्यप्रदेश के डबरा कस्बे में ही जब निर्वाचन आयोग के निर्देशों के परिपालन में प्रशासन ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पथ संचालन की वीडियोग्राफी कराना चाही तो स्वयं सेवकों ने वीडियोग्राफर से कैमरा छीन कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया और तहसीलदार को डबरा पुलिस थाने में जिला संघ चालक सहित तीन स्वयं सेवकों के खिलाफ मामला दर्ज़ कराना पड़ा। इसी दिन राजधानी भोपाल में पुलिस ने तलवारें छुरियों के एक ज़खीरे को बरामद किया जिसमें उसे 603 तलवारें और 45 छुरियां मिलीं। इस निर्माण स्थल पर उसे ग्राइन्डर, कटर, छेनी, हथौड़े की मदद से तलवारें छुरियां बनाते छह लोग मौके पर ही मिले। समाचार पत्रों में आरोपियों के नाम धरम विश्वकर्मा,, राम सिंह, तिलक सिंह, बदन सिंह, राजा विश्वकर्मा और जितेन्द्र दांगी बताये हैं, पर सावधानीवश इतने बड़े आर्डर को देने वाले का नाम अभी नहीं बताया गया है। चुनावों के दौरान जब खंडवा जेल से फरार सिमी के खूंखार आतंकियों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है, ऐसे में हथियारों का यह ज़खीरा पकड़ा जाना स्वतंत्र निर्वाचन में आने वाली बाधाओं के संकेत दे रहा है।
      सरकारी दल, उसके नेता, उसके घोषित-अघोषित प्रचारकों के कारनामे इस बात के संकेत हैं कि भाजपा किसी भी तरह से यह चुनाव जीतना चाहती है जिसके बारे में उसके राष्ट्रीय और प्रादेशिक नेता लगातार एक वर्ष से कहते आ रहे हैं कि पार्टी की जीत सरल नहीं है और प्रदेश के नेता 2004 जैसी गलतफहमी के शिकार हैं। ऐसी ही परिस्तिथियों में ये विचार परवान चढते हैं कि राज्यों के चुनाव राष्ट्रपति शासन के दौरान ही स्वतंत्र और निष्पक्ष हो सकते हैं और ऐसे विचारों के लिए भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की सोच व कार्यप्रणाली जिम्मेवार है।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629

     

मंगलवार, सितंबर 03, 2013

आशारामदेवों की सरपरस्त पार्टी – भाजपा

आशारामदेवों की सरपरस्त पार्टी – भाजपा

वीरेन्द्र जैन
       जो लोग देश के नागरिकों की आस्थाओं से खिलवाड़ करते हुए अपना धन्धा करते हैं उन्हें भाजपा और संघ परिवार बहुत सुहाता है। वैसे तो धर्म के नाम पर भावनाओं को भुनाने का काम अकाली दल, मुस्लिम लीग र शिव सेना और केरलकांग्रेस आदि भी करती है किंतु गलत कामों की खुली वकालत करने और मुँहजोरी करने में भाजपा समेत पूरे संघ परिवार का कोई सानी नहीं। यही कारण है कि धर्म से जुड़ी पुरानी मान्यताओं को सफल  धन्धे में बदलने वालों के लिए यह पार्टी सबसे अनुकूल पड़ती है।
       गत दिनों जब आशाराम के ही एक अन्धभक्त ने अपनी लड़की के साथ हुए बलात्कार से दुखी होकर आशाराम की रिपोर्ट करने का साहस दिखाया और पूरा देश थू थू करते हुए कार्यवाही की माँग करने लगा तब भाजपा ने अपने दो राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्षों के माध्यम से अपनी पक्षधरता स्पष्ट करते हुए अपने सदस्यों को सन्देश दिया कि उन्हें क्या करना है। उनका सन्देश पाकर ही मध्यप्रदेश शासन के वरिष्ठ केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय जो पहले भी आसाराम के सौदे म.प्र. के मुख्यमंत्री से कराते रहे हैं, ने उनके के पक्ष में आवाज ही नहीं बुलन्द की अपितु एक टीवी चैनल की ग्रुप चर्चा में असंतुलित अशालीन व्यवहार कर अपने पक्ष को चर्चा के केन्द्र में लाने की सफल कोशिश की। उनसे ही संकेत ग्रहण करके छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री रमन सिंह और गृहमंत्री ननकी राम ने भी जाँच के लिए लम्बित मामले पर भाजपा का इकतरफा फैसला सुनाते हुए आसाराम को निर्दोष बता कर हुए उन्हें षड़यंत्र का शिकार बता दिया। निर्दोष होने का यह प्रमाणपत्र जारी करते समय उन्हें अपने ‘दिव्यज्ञान’ का आधार बताने की कोई जरूरत महसूस नहीं हुयी क्योंकि इस बयान के माध्यम से तो उन्हें अपने लोगों को सन्देश भर देना था कि उन्हें क्या कार्यवाही करनी है। आसाराम ने भी इन्दौर में भाजपा नेताओं, विधायकों और वकीलों से चर्चा करने के बाद अपने खिलाफ षड़यंत्र में कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गान्धी और उनके पुत्र की ओर भाजपायी अन्दाज़ में संकेत कर दिया कि वे लोग उनके खिलाफ षड़यंत्र कर रहे हैं। ऐसा करके वह गैर कांग्रेसी लोगों से समर्थन की उम्मीद कर रहा था। स्मरणीय है कि जब विश्व हिन्दू परिषद के दारा सिंह ने कुष्ट रोगियों की सेवा के लिए भारत आये आस्ट्रेलिया के पादरी फादर स्टेंस की उनके दो मासूम बच्चों के साथ आग लगा कर हत्या कर दी थी तब देश के तत्कालीन गृहमंत्री लाल कृष्ण अडवाणी ने तुरंत बयान दिया था कि इस नृशंस हत्याकांड में वीएचपीए का कोई हाथ नहीं है जबकि बाद में इसी आरोपी को सजा हुयी। यह तो संयोग ही था कि सबूत इतने स्पष्ट थे कि जाँच एजेंसियां प्रभावित नहीं हो सकीं। आसाराम की गिरफ्तारी और उससे पहले छुपने की कोशिश के दौरान मीडियाकर्मियों पर जिन लोगों ने हमले किये और उनके कैमरे तोड़ दिये वे ही लोग चुनावों और रैलियों के दौरान भाजपा द्वारा आहूत भीड़ में भी दिखायी देते हैं।
       अगर प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी बनने की प्रत्याशा में डूबे नरेन्द्र मोदी ने अपने मतभेदों के कारण दूरदर्शिता दिखाते हुए फिलहाल आसाराम से दूरी बनाने के संकेत न दिये होते तो एक निरीह अन्धभक्त परिवार की अवयस्क लड़की के साथ हुये घटनाक्रम को इन मुँह के जबर लोगों द्वारा भीड़ जुटा कर वैसे ही दबा दिया गया होता जैसे कि इनके शासन काल में गुजरात और मध्यप्रदेश आदि भाजपा शासित राज्यों में सैकड़ों मामले जाँच में ही दबा दिये गये हैं या गवाहों को धमका लोक अभियोजकों पर दबाव बना कर निबटा दिये गये हैं। स्मरणीय है कि पिछले दिनों प्रोफेसर सभ्भरवाल की दिन दहाड़े हुयी हत्या में मध्यप्रदेश के बाहर मामला ले जाने पर भी गवाहों के बदलने और अभियोजन के नरम हो जाने के कारण आरोपी छूट गये थे और अपने फैसले की इस मजबूरी की चर्चा न्यायधीश ने स्वयं की थी। उल्लेखनीय यह भी है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं जेल अस्पताल में इन आरोपियों से मिलने गये थे और इनके छूट जाने पर आरोपियों का शानदार स्वागत जलूस निकाला गया था जिसमें मध्य प्रदेश शासन के एक मंत्री खुशी से नाचते हुए चल रहे थे। इन्हीं मंत्री ने बयान भी दिया था कि आज में जितना खुश हूं उतनी खुशी मुझे मंत्री बनते समय भी नहीं हुयी थी। उल्लेखनीय यह है कि बाद में इन्हीं आरोपियों में से एक की ग्वालियर में अस्वाभाविक मृत्यु हुयी थी जिसे आत्महत्या बताया गया था। उसके परिवार के लोगों ने आत्महत्या की कहानी से असहमति जताते हुए जाँच की मांग की थी, पर नक्कारखाने में तूती की आवाज कौन सुनता है ।        
       भले ही कूटनीतिक रूप से भाजपा के एक गुट ने अपने मुँह को बन्द कर विश्व हिन्दू परिषद को आगे कर दिया है किंतु जब शरद यादव जैसे उनके पुराने सहयोगी संसद में आरोपी आशाराम को भूमाफिया बतलाते हुए तुरंत कानूनी कार्यवाही की मांग कर रहे थे तब भाजपा के लोग चुप लगा कर बैठे थे। एक ज्वलंत मुद्दे पर देश के सबसे बड़े और मुखर दल की चुप्पी का भी साफ संकेत होता है। स्मरणीय है कि गत 16 दिसम्बर को दिल्ली में हुए बर्बर गैंग रेप के खिलाफ जब पूरा देश उठ खड़ा हुआ था तब भाजपा की नेता सुषमा स्वराज बड़े जोर शोर से अपराधी को फाँसी देने की माँग कर रही थीं। बाबा रामदेव द्वारा भाजपा को पिछले दिनों नौ लाख रुपये का चन्दा देने का मामला सामने आया था और इसमें कोई सन्देह नहीं कि आसाराम भी भाजपा को अपने प्रवचन के धन्धे से अर्जित राशि, और ज़मीनों के कारोबार से बड़ा सहयोग करते होंगे, तभी तो भाजपा कार्यालय में इतनी नगदी जोड़ कर रखी जाती है कि डेढ करोढ रुपये चोरी हो जाने पर भी भाजपा रिपोर्ट लिखाने तक की जरूरत नहीं समझती।
       रामदेव के गुरु के गायब हो जाने की जाँच सीबीआई कर रही है और रामदेव ने जिन गुरु से ज्ञान प्राप्त कर आयुर्वेद दवाओं व योग प्रशिक्षण का इतना बड़ा व्यापार शुरू किया है कि कुछ ही वर्षों में ग्यारह सौ करोड़ से अधिक की दौलत अर्जित कर ली, उन्होंने अपने गुरु के गायब हो जाने पर कभी चिंता व्यक्त नहीं की अपितु एक रहस्यमयी चुप्पी ओढ कर जाँच और जाँच की मांग से दूरी बना कर रखी। हर संवेदनशील घटना को राजनीतिक मुद्दा बना लेने की कोशिश करने वाली भाजपा रामदेव के गुरु के सन्देहास्पद परिस्तिथियों में गायब हो जाने पर कभी मुखर नहीं हुयी। जब रामदेव का संस्थान कर वंचन की जाँच में आया तो भाजपा ने उसे रामदेव के खिलाफ षड़यंत्र बताने की कोशिश की। परिणाम यह हुआ कि कभी अलग पार्टी बना कर चुनाव लड़ने की घोषणा करने वाले रामदेव अब केन्द्र में भाजपा की सरकार बनवाने और नरेन्द्र मोदी को मुख्यमंत्री बनवाने के लिए तन मन धन से लगे हैं।
       भाजपा के कारण आज धर्म राजनीति और व्यापार का एक गिरोह बन गया है जो परस्पर एक दूसरे के सहयोगी बन कर काम कर रहे हैं। आसाराम के खुलासों के बाद इस गठजोड़ के नक्शे खुल कर सामने आ गये हैं जिनसे अन्दर अन्दर आर्थिक और सामाजिक अपराधों को इस गठजोड़ द्वारा दिये जा रहे संरक्षण का पता भी चलता है। लोकतंत्र के हित में ऐसे गठजोड़ों का टूटना समाज के हित में होगा इसलिए धार्मिक संस्थानों में अधिक पारदर्शिता और उनके कार्यों के प्रभाव के मूल्यांकन की जरूरत है।     
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629


शनिवार, अगस्त 25, 2012

हेमा मालिनियां और अन्ना-रामदेव


           हेमा मालिनियां और अन्ना रामदेव
                                                                                     वीरेन्द्र जैन

       

 हेमा मालिनी अपनी युवा अवस्था में भारतीय सौन्दर्यबोध की मानक अभिनेत्री रही हैं, और देश के व्यापक फिल्म दर्शक जगत में विख्यात रही हैं। फिल्मी दुनिया में जब दूसरी नयी और अपेक्षाकृत युवा अभिनेत्रियां उन्हें पीछे छोड़ने लगीं तब उन्होंने विज्ञापन फिल्में करना शुरू कर दीं। यह वही समय था जब किसी भी तरह वोट हथिया कर सत्ता पर अधिकार करने के लिए भाजपा उतावली थी सो उसने साधारण जन को बरगलाने के सारे हथकण्डे अपनाये। साम्प्रदायिकता, जातिवाद, क्षेत्रवाद, के साथ उसने लोकप्रियतावाद का सहारा लिया जिसमें किसी भी क्षेत्र के लोकप्रिय व्यक्ति को किसी सौदे समझौते के अंतर्गत पार्टी के प्रचार के लिए तैयार किया जाता है और उसकी लोकप्रियता के आधार पर जुटायी गयी भीड़ को अपने समर्थन की भीड़ प्रचारित करके अनिश्चय से घिरे मतदाता को प्रभावित कर लिया जाता है। भाजपा ने सुश्री हेमा मालिनी को भी पार्टी प्रचार के लिए अनुबन्धित कर लिया और उनकी लोकप्रियता के सहारे जुटायी भीड़ से सम्पर्क करने का अवसर पाया। हेमा मालिनी तो एक प्रतीक हैं, पर भाजपा ने बहुचर्चित रामायण सीरियल में सीता की भूमिका करने वाली दीपिका चिखलिया, हनुमान की भूमिका करने वाले दारा सिंह, रावण की भूमिका करने वाले अरविन्द त्रिवेदी, विनोद खन्ना, शत्रुघ्न सिन्हा, स्मृति ईरानी, नवजोत सिंह सिद्धू, चेतन चौहान, रवि शास्त्री, आदि लोकप्रिय लोगों से यथा सम्भव समझौते किये और चुनावों में उतरने हेतु जनता से जुड़ने का माध्यम बनाया। श्रीमती इन्द्रा गान्धी के बाद की कांग्रेस ने भी सुनील दत्त, राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन, गोबिन्दा, आदि का सहारा लिया था। समाजवादी पार्टी ने राज बब्बर के बाद जयप्रदा, संजय दत्त, आदि का सहारा लिया। इनमें सुनील दत्त और राज बब्बर ऐसे कलाकार रहे हैं जिनकी राजनीतिक रुचि और पृष्ठभूमि रही है पर शेष कलाकारों का दुरुपयोग केवल उनकी लोकप्रियता को अपने वोट बैंक में बदलने के लिए चुना गया था।
       इसी परम्परा में टीम अन्ना हजारे, और रामदेव के आन्दोलन भी परोक्ष ढंग से भाजपा की मदद करने के लिए आयोजित करवाये गये लगते हैं। राजतंत्र में राजा महाराजा जब शेर के शिकार के लिए निकलते थे तो आस पास के सारे गाँव वालों को हाँका करने के किए पकड़ बुलाते थे जो जंगल के चारों ओर से शोर मचाते थे व राजा किसी नदी या सरोवर के किनारे सुरक्षित मचान लगाकर बैठ जाता था और घिरा शिकार के पानी पीने आने पर राजा उस पर गोली चला देता था, जिसके बाद वह उस शिकार पर पैर रख कर फोटो खिंचवाता था। भ्रष्टाचार विरोध के नाम पर टीम अन्ना और रामदेव ने मिल बैठ कर किसी फैसले पर पहुँचने की जगह जिस जिद और राजनीतिक प्रचार का सहारा लिया उससे ऐसा लगता है उनका लक्ष्य भ्रष्टाचार नहीं अपितु वर्तमान सरकार की छवि खराब करना भर रहा है। जब केन्द्र में दो प्रमुख गठबन्धन एक ही तरह का काम कर रहे हों तो व्यवस्थागत दोषों के लिए उनमें से एक को केन्द्रित करके आन्दोलन करना तथा दूसरे को अछूता छोड़ देना यही दर्शाता है। उल्लेखनीय यह भी है कि संघ परिवार के संगठनों ने यह पोल भी खोल दी थी कि अन्ना आन्दोलन के दिनों जो व्यवस्थाएं की गयी थीं उनमें संघ परिवार का पूरा सहयोग रहा था। टीम अन्ना ने अपने पहले दौर में प्रचार माध्यमों का भरपूर स्तेमाल करके लोकपाल बिल लाने के लिए जो माहौल तैयार किया उसके प्रभाव में ही सरकार त्वरित लोकपाल बिल लायी और उसे लोकसभा में रखा किंतु उसके लाने के बाद टीम अन्ना ने उसका विरोध करना शुरू कर दिया और जनलोकपाल बिल के नाम से एक ऐसा अव्याहारिक ड्राफ्ट पेश किया जिसके लिए सदन का कोई भी दल तैयार नहीं था। इसी लोकतंत्र और संसद को सर्वोच्च मानने की घोषणा करने वाली टीम अन्ना ने सारे संसद सदस्यों की असंसदीय भाषा में आलोचना करने की नीति अपनायी ताकि वे निष्पक्ष नजर आयें। आन्दोलन के दूसरे दौर में उन्होंने पहले दौर में रणनीति के अंतर्गत अलग थलग कर दिये रामदेव को गले लगा लिया और अपने आन्दोलन को जनलोकपाल की जगह केन्द्र सरकार के चौदह मंत्रियों के कामकाज पर केन्द्रित कर दिया। मीडिया के माध्यम से पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित करने के बाद उन्होंने अपनी अनशन लीला यह कहते हुए समेट ली कि इस समस्या का राजनीतिक हल ही निकाला जायेगा जिसके लिए वे एक राजनीतिक विकल्प देंगे। उनकी इस अस्पष्ट घोषणा से यही निष्कर्ष निकला कि वे एक राजनीतिक दल का गठन करेंगे, वहीं दूसरी और अन्ना हजारे ने अपनी छवि को बनाये रखने के लिए किसी राजनीतिक दल में सम्मलित न होने और स्वयं चुनाव न लड़ने की घोषणा की। इस घोषणा के बाद टीम के सदस्य विभाजित नजर आये और श्री श्री रविशंकर व जस्टिस संतोष हेगड़े ने राजनीतिक दल बनाने का विरोध कर दिया तथा कुमार विश्वास भी इस विचार से सहमत नहीं थे। सम्भावना यह बन रही है कि टीम अन्ना कोई राजनीतिक दल बनाये बिना कुछ उम्मीदवारों को समर्थन दे। स्पष्ट है कि जिस यूपीए सरकार के खिलाफ उन्होंने सारा वातावरण तैयार किया है उसके किसी उम्मीदवार का वे समर्थन नहीं करेंगे। दूसरी ओर बामपंथियों सहित तीसरे पक्ष में माने जाने वाले दलों ने उनके आन्दोलन में आस्था व्यक्त नहीं की थी इसलिए वे उनका साथ भी नहीं देंगे जिससे केवल एनडीए ही ऐसा गठबन्धन बचता है जिसे टीम अन्ना द्वारा बनाये गये वातावरण का लाभ मिल सकता है या वे उसके कुछ उम्मीदवारों का सीधे सीधे समर्थन कर सकते हैं। यह इस बात से भी प्रकट है कि इस दौरान भाजपा शासित राज्यों में भ्रष्टाचार के बड़े बड़े खुलासे हुए किंतु आयकर के छापों में मिले अकूत धन के बाद भी टीम अन्ना ने उनकी आलोचना करना और उनके भ्रष्टाचार पर उंगली उठाना जरूरी नहीं समझा।
       जो काम टीम अन्ना ने किया वही काम बाबा रामदेव पहले से ही करते आ रहे थे और अपने योग प्रदर्शनों और दवा उद्योग से अर्जित विवादास्पद आय में से भाजपा को चन्दा देते रहे हैं। उन्होंने विदेशों से काला धन मँगाये जाने की सही माँग का स्तेमाल यूपीए सरकार की आलोचना को केन्द्रित रख कर की। अपने व्यापार में काला-सफेद करने के लिए कई कर विभागों के घेरे में आये रामदेव ने अपने आन्दोलन के दौरान ही अपने उत्पादों की आक्रामक मार्केटिंग शुरू कर दी और आयुर्वेदिक उत्पादों के नाम पर अपने संस्थान में टूथ ब्रुश समेत किराने का सामन भी बनाने और बेचने लगे। इसी आन्दोलन के दौरान अर्जित लोकप्रियता का लाभ उठाने के लिए उन्होंने अपने उत्पादों को कुछ केन्द्रों तक सीमित न रख कर सभी मेडिकल स्टोरों तक फैला दिया। इन उत्पादों की कीमतें भी उन्होंने दूसरी कम्पनियों से प्रतियोगी रखीं। मीडिया का ध्यान आकर्षित करने के बाद रामदेव ने भी राजनीतिक दल बनाने और सभी चुनाव क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारने की घोषणा कर दी। अपनी माँगों के लिए चार सौ उन वर्तमान सांसदों, जिनकी वे असंसदीय निन्दा कर चुके हैं, के समर्थन का हास्यास्पद दावा करने वाले रामदेव के किसी भी उम्मीदवार की सफलता सन्दिग्ध है किंतु वे अपनी असंसदीय भाषा में यूपीए सरकार के खिलाफ जो प्रचार करेंगे और अपने आयुर्वेदिक उद्योग से अर्जित काले सफेद धन को झोंकेंगे उसका लाभ भी अंततः एनडीए को ही मिल सकता है, जिसका अपना रिकार्ड भ्रष्टाचार के मामले में किसी भी तरह बेहतर नहीं है। रोचक यह है कि टीम अन्ना और रामदेव के ये दोनों ही प्रस्तावित दल आगामी गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधान सभाओं के चुनावों में उतरने नहीं जा रहे हैं जहाँ अभी भाजपा सत्ता में है और भ्रष्टाचार का विरोध उनके विरोध में जायेगा।    
       भ्रष्टाचार के खिलाफ अडवाणी की रथयात्रा की असफलता के बाद भाजपा द्वारा जो ये हथकण्डे अपनाये जा रहे हैं उससे यह तो प्रकट होता है कि वह अपनी छवि के बारे में आत्मग्लानि और आत्मविश्वास की कमी की शिकार है, इसीलिए सत्ता में आने के लिए उसे तरह तरह की नई नई लीलाएं करनी पड़ रही हैं। कांग्रेस के एक महासचिव तो बहुत पहले से ही कहते आ रहे हैं कि इन दोनों ही आन्दोलनों के पीछे आरएसएस है जो अब सिद्ध होता दिख रहा है।  
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629

बुधवार, जुलाई 06, 2011

रामदेव के बयानों के भूसे में सत्य की तलाश


रामदेव के बयानों के भूसे में सत्य की तलाश

वीरेन्द्र जैन

रामकिशन यादव ने बाबा रामदेव बनते ही अपने बाल बढाये, भगवा कपड़े पहने और माथे पर तिलक लगाने लगे। इस भेषभूषा को एक सन्यासी की भेषभूषा माना जाता है, तथा हिन्दू धर्म में आस्था रखने वाले इसी भेषभूषा के कारण उस व्यक्ति को सत्य अहिंसा और सर्वे भवंतु सुखिना की कामना करने वाला मानते हैं। इस तरह उन्होंने हजारों वर्ष पूर्व के पतंजलि योग को रंगीन टीवी रखने वाले मध्यम वर्ग के बीच पहुँचाया और उनका ध्यान आकर्षित किया। उनका यह अभियान उस दौर में प्रारम्भ हुआ जब नये नये चौबीस घंटे वाले चैनल अपने प्रसार की तेज दौड़ में थे और नया नया दृष्य मीडिया अपना स्थान बना रहा था। अचानक मिली इस लोकप्रियता को भुनाने के लिए उन्होंने आशाराम बापू आदि की तरह आयुर्वेदिक दवाइयों की बिक्री भी प्रारम्भ की जो एक सस्ती और प्राचीन देशी पद्धति होने के कारण किसी भगवा भेषधारी से जुड़ कर धार्मिक सी महसूस होती है। योग से लेकर आयुर्वेद तक रामदेव के पास कुछ भी मौलिक नहीं था। उन्होंने राजीव दीक्षित आदि के सहयोग से आर्यसमाज की तरह के सुधारवादी लेख भी लिखे, और समाचार पत्रों में प्रकाशित करवाये, जो नवविकसित मध्यम वर्ग को प्रभावित करते थे। उनके पास अगर कुछ मौलिक है तो वह है उनकी मार्केटिंग की क्षमता और उसके लिए उचित समय का चुनाव।

राजनीति में आने के लिए भी उन्होंने जो समय और मुद्दा चुना वह बहुत ही उपयुक्त था तथा यदि अन्ना हजारे जैसे व्यक्ति सामने नहीं आते तो भ्रष्टाचार के खिलाफ जनभावनाओं का नेतृत्व हथियाने में वे सफल हो जाते। खादीधारी अन्ना के आगे निकल जाने से वे देर तक अन्ना हजारे का साथ नहीं दे सके और उनके सहयोगी से प्रतियोगी होने में उन्होंने देर नहीं की तथा भाजपा से तुरंत ही सहयोग का हाथ बढा दिया।

अपराध शास्त्र में बताया गया है कि कोई व्यक्ति कितना भी बनावटी क्यों न हो किंतु जब भी अचानक घटी कोई घटना उसे हतप्रभ कर देती है तो उसकी सहज प्रतिक्रिया से उसके व्यक्तित्व की असलियत सामने आ जाती है। गत 4 जून 2011 को आधी रात के दौरान जब पुलिस ने छापा मार कर उन्हें गिरफ्तार किया और वहाँ एकत्रित भीड़ को खदेड़ा तब रामदेवजी ने जो कुछ किया उससे उनकी सोच, भाषा, और आत्मविश्वास की दशा के साथ भाजपा और संघ परिवार की भाषा का साफ संकेत मिलता है। गत 5 जून को पत्रकारों से उन्होंने कहा-

  • मेरी जान को इस समय केन्द्र सरकार से खतरा है। यदि मुझे कुछ होता है तो इसके लिए सोनिया गान्धी और कांग्रेस जिम्मेवार होगी। [सारे आरोपों को सोनिया गान्धी पर लगाने की संघ परिवार की नीति]
  • मुझ पर और मेरे समर्थकों पर हमला सोनिया गान्धी और उनके सिपहसालारों ने कराया। उन्हें देश की जनता से प्यार नहीं है। [उपरोक्त]
  • पुलिस ने मेरे साफे से मेरा गला घोंट कर मारने की कोशिश की थी। पुलिस ने बेदर्दी से मेरे हाथ पैर पकड़े और पुलिस की जीप में डाल दिया, जिससे मेरी गरदन में चोट आयी। [हत्यारी पुलिस कमजोर सिद्ध हुयी]
  • मैं दो घंटे तक मंच के नीचे महिलाओं के बीच छुपा रहा, और देखा कि पुलिस ने कई राउंड गोलियां चलाईं और आंसू गैस के गोले छोड़े, निहत्थे लोगों को बेदर्दी से मारा पीटा, जिनमें से सौ से अधिक लोग घायल हैं और कई की हालत गम्भीर हैं। मैं आंखों पर पट्टी बांध कर बैठा रहा [पुलिस को इसका हिसाब देना पड़ता है कि कितने राउंड गोलियां चलायीं। पर महिलाओं के बीच आंखों पर पट्टी बाँधे छुपे बाबा ने देख और गिन लिया कि सौ से ज्यादा लोग घायल हैं और कई गम्भीर हैं]
  • पुलिस वाले राक्षसी प्रवृत्ति पर उतारू थे, उनका मकसद मुझे कुचल कर मारने का था।[ एक ही प्रैस कांफ्रेंस में पुलिस द्वारा दूसरी तरह से मारने की कोशिश का आरोप ]
  • मेरे साथी बालकृष्ण ने चिट्ठी पर दस्तखत दबाव में किये थे। यदि वे दस्तखत नहीं करते तो केन्द्र सरकार उनके लाखों समर्थकों की लाशें बिछवा देती। [ पर बाद में मंच पर आकर न तो दबाव महसूस किया और ना ही उन्होंने अनशन स्थगित किया, न इसका खुलासा किया]
  • पुलिस से कुचलवा कर मारने की केन्द्र की साजिश थी। [उसी प्रैस कांफ्रेंस में, दिल्ली राज्य पुलिस की जगह केन्द्रीय सरकार ने ले ली]
  • यदि मेरा और चारों मंत्रियों का नार्को टेस्ट करवाया जाये तो सच का पता चल जायेगा। [सुझाव तो अच्छा था, पर पता नहीं कि वे इस मांग पर टिके रहते या येदुरप्पा की तरह शपथ लेने से मुकर जाते, अगर यह मांग मानी जाती तो यह टेस्ट बाबा के बारे में और भी कुछ जानकारियां जनता के सामने ला देता, पर केन्द्रीय मंत्रियों की गोपनीयता के शपथ का क्या होता?]

[जनसत्ता, 6 जून2011 की रिपोर्ट से]

इसके अलावा भी बौखलाये बाबा ने घटना के पूर्व और पश्चात जो बयान दिये वे भी ध्यान देने लायक हैं।

· कभी उन्होंने उत्तराखण्ड सरकार से कहा था कि स्वास्थ और पेय पदार्थों से जुड़ी बहुराष्ट्रीय कम्पनियों का भंडाफोड़ करने के कारण उन्हें अपने विरोधियों से हमले की आशंका है, इसलिए उन्हें ज़ेड श्रेणी सुरक्षा दी जानी चाहिए।[बाद में उन्होंने खतरे का ड्रामा भी रचा पर पकड़े गये पात्र ने सच बयान कर दिया]

· लखनऊ\ बाबा रामदेव ने दावा किया कि करोड़ों दलित उनके अनुयायी हैं और अगर वे बदलाव लाने की प्रक्रिया शुरू करेंगे तो सब उनका साथ देंगे।

· मैं जल्द ही अपनी पार्टी बनाउंगा जिसका नाम भारत स्वाभिमान पार्टी होगा। अगले लोकसभा चुनावों में मेरी पार्टी सभी 543 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

· नई दिल्ली\ बाबा रामदेव ने कहा कि वे राष्ट्रीय सवयं सेवक संघ को राष्ट्र द्रोही संगठन नहीं मानते और अपने आन्दोलन में उसका साथ लेने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।

· जून के बाद देश की राजनीति में बड़े बदलाव की सम्भावना है। देश में आर्थिक सामाजिक और आध्यात्मिक क्षेत्र में बड़ा बदलाव आ सकता है।

· नई दिल्ली 28 फरबरी 2011\ बाबा रामदेव ने भ्रष्टाचार में लिप्त केन्द्र सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए लोगों को सड़क पर उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतमाता के एक सेवक को ब्लडी इंडियन और कुत्ता कहने वाले को संसद में बिठाया जाता है और बाबा से हिसाब मांगा जाता है।

· हरिद्वार 12 अप्रैल 2011- बाबा रामदेव ने अपनी सन्यास दीक्षा की सोलहवीं वर्षगांठ के अवसर पर कहा कि उनके हाथों में हथकड़ियां, और पैरों में बेड़ियां डालने की तैयारी की जा रही है। जो ताकतें यह साजिश रच रही हैं उनमें उद्योग जगत, भ्रष्ट राजनेता व अफसरशाही शामिल हैं, इनका खुलासा वे वक्त आने पर करेंगे। अपने खुद के उद्योगपति होने के जबाब में उन्होने कहा कि आर्थिक समृद्धि होना, दरिद्रता दूर करना कोई उद्योगपति बनना नहीं है, अर्थ से समर्थता आती है।

· नई दिल्ली 26 जून 2011\ मुझे गीदड़ की मौत नहीं मरना था। मुझे केन्द्र की कठपुतली बनी पुलिस के हाथों नहीं मरना था इसलिए में वहाँ से निकल गया। मुझ से मुरारी बापू और श्री श्री रवि शंकर सहित अखाड़ों के संतों ने अनुरोध किया कि था, इसलिए मैंने अनशन तोड़ा। मैंने अनशन इसलिए नहीं तोड़ा कि प्राण संकट में थे। जो भी भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठायेगा हम उसी के साथ खड़े होंगे।

· हरिद्वार 1 जुलाई 2011\ रामदेव ने आरोप लगाया है जहर का इंजेक्शन देकर मरवाये गये स्वामी नित्यानन्द की तरह ही उनकी भी हत्या की गहरी साजिश रची गयी थी। पर वे निगमानन्द की तरह नहीं मरना चाहते थे। दिल्ली पुलिस की यह साजिश थी कि उन्हें मार कर यह कह दिया जाए कि वे भीड़ की भगदड़ में कुचल कर मर गये। उन्होंने दिल्ली पुलिस के अफसरों से तीन बार कहा कि वे उन्हें गिरफ्तार करें। [ शायद बाबा महिला भेष में गिरफ्तार होना चाहते होंगे तभी उन्होंने किसी महिला के कपड़े पहिन लिए थे]

यदि सुदर्शन की कहानी ‘हार की जीत’ के सन्देश को याद किया जाये तो ऐसे बाबाओं की वजह से भविष्य में लोग बाबाओं पर भरोसा करना छोड़ सकते हैं। बाबा समुदाय को ध्यान देना चाहिए।

वीरेन्द्र जैन

2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड

अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023

मो. 9425674629