गुरुवार, जनवरी 09, 2020

जे एन यू, लेफ्ट, संघी और नकाबपोश


जे एन यू, लेफ्ट, संघी और नकाबपोश
Image result for जे एन यू
वीरेन्द्र जैन
नाथूराम गोडसे ने जब महात्मा गाँधी की हत्या की थी तो वह उनके किसी प्रशंसक की तरह हाथ जोड़े हुये आया था और उन्हीं जुड़े हुये हाथों में उसने पिस्तौल छुपा रखी थी, जिसमें से तीन गोलियां उसने गाँधीजी के सीने में उतार दी थीं।
जिन लाल कृष्ण अडवाणी ने पूरे भारत में घूम घूम कर कमल का फूल पेंट किये डीसीएम टोयटा को रथ बता कर, व बाबरी मस्ज़िद को गुलामी का प्रतीक प्रचारित कर अयोध्या जाने के लिए मासूम भक्तों की भीड़ जोड़ी थी, उन्होंने ही बयान दिया था कि ‘मैं तो उन्हें मस्जिद तोड़ने से रोक रहा था, पर वे मेरी भाषा नहीं समझ सके और वह इमारत टूट गयी’। योजनाबद्ध तरीके से अटल बिहारी वाजपेयी को दिल्ली और संसद में मोर्चा सम्हालने के लिए भेज दिया गया था, उन्होंने संसद में कहा था कि मस्ज़िद टूटने पर अडवाणी जी का चेहरा आंसुओं से भरा हुआ था, अर्थात वे तो दुखी थे। इस दोहरे चरित्र से दुखी होकर ही बाल ठाकरे ने कहा था कि बाबरी मस्जिद तोड़ने की मैं जिम्मेवारी लेता हूं इसे हमारे लोगों ने तोड़ा। क्या मराठी लोग इतनी हिन्दी भी नहीं समझते कि उन्हें किस बात के लिए रोका जा रहा है।
भाजपा की असमंजस हमेशा यह रही कि वे जिम्मेवारी से तो बचना चाहते हैं किंतु भोले भक्तों के बीच उसका चुनावी लाभ भी लेना चाहते हैं, इसलिए जब भाजपा शासित चार राज्यों की सरकारें दंगों के कारण भंग कर दी गयीं तो उसके बाद हुये चुनाव में उनका नारा था ‘ जो कहा सो किया’ । अब लोग समझ लें कि उन्होंने क्या कहा था और क्या किया। यह ऐसे चतुर सुजानों की भाषा थी जिनकी चतुराई जगह जगह से टपकी फिर रही हो।
गुजरात में 2002 के नरसंहार में लगभग तीन हजार मुसलमानों की हत्या करके उनके घर और दुकानें लूट ली गयी थीं उनमें से 962 मृतकों का तो पोस्टमार्टम हुआ इसलिए सरकारी तौर पर स्वीकार कर लिये गये और शेष गायब बताये गये। किसी को भी इस नरसंहार के लिए फांसी नहीं हुयी। इतने बड़े नरसंहार के बाद भी अभियोजन की मदद से सारे आरोपी छूट गये या जमानत पर अपनी पूरी जिन्दगी गुजार देंगे। उसी नरसंहार की याद दिलाते हुए कर्नाटक के एक भाजपा विधायक ने हाल ही में कहा कि मुसलमान न भूलें कि 2002 में गुजरात में क्या हुआ था और वह दुहराया भी जा सकता है। ऐसा ही एक दिन में साफ कर देने का बयान हरियाणा के एक विधायक ने दिया है। इसका मतलब यह कि         ‘ अश्वत्थामा हतो, नरो वा कुंजरो’ की तरह अर्थ कुछ और है व आशय कुछ और है।
जे एन यू छात्र संघ के चुनावों में हर राजनीतिक विचारधारा के छात्र संगठन भाग लेते हैं, और एक ही मंच से एक दूसरे की विचारधारा के खिलाफ खुल कर बहस करते हैं। वहाँ की संस्कृति में वैचारिक मतभेद कभी हिंसक नहीं हुये थे क्योंकि वामपंथ वहाँ मुख्यधारा में था व भाजपा के छात्र संगठन एबीवीपी को वहाँ के छात्रों ने कभी गम्भीरता से नहीं लिया। प्रखर छात्रों व प्रोफेसरों द्वारा साम्प्रदायिकता की मुखर आलोचना के प्रभाव में छात्रों के बीच एबीवीपी अछूत की तरह रहा व अनेक द्लों में विभाजित वामपंथ ही वहाँ की मुख्यधारा रहा। किंतु किसी भी तरह सत्ता हथिया लेने में कुशल मोदी सरकार के केन्द्र में आने के बाद वे जे एन यू छात्रसंघ में अपना स्थान बना कर वहाँ की मुख्यधारा को बदल देना चाहते थे। उल्लेखनीय है कि 2014 में ही सुब्रम्यम स्वामी ने कहना शुरू कर दिया था कि जे एन यू को बन्द कर देना चाहिए। सच तो यह है कि जे एन यू के छात्र जो सच्चाई सामने लाते थे उससे इनके झूठ के गुब्बारे की हवा निकल जाती थी।
2016 में ही इन्होंने देश के विरोध का आरोप उन छात्र नेताओं पर लगा दिया, जिन्होंने वैसा कुछ कहा ही नहीं था जैसा प्रचारित किया गया। उनके दुष्प्रचारक ही नहीं अपितु स्वयं प्रधानमंत्री, और गृहमंत्री तक छात्रों को अर्बन नक्सल या टुकड़े टुकड़े गैंग कहने लगे। देशद्रोह का  मुकदमा तक लगवाने की कोशिश की। जो सत्ता के शिखर पर बैठे हैं वे देशद्रोह जैसे आरोपों पर कार्यवाही करने की जगह इसे अपने राजनीतिक प्रतिद्वन्दियों के प्रति अवधारणा बनाने में प्रयोग करें तो शर्म आती है। सच तो यह है कि जो प्रचारित किया गया वैसा कोई मामला था ही नहीं।
जे एन यू में हाल में घटित घटनाओं के लिए जाँच बैठाने की औपचारिकता चल रही है किंतु हालिया रवैये को देखते हुए रिपोर्ट सत्य से बहुत दूर भी हो सकती है, जबकि लगभग सबको पता है कि अपराधी किसके भेजे हुये थे व पुलिस और सेक्युरिटी ने क्यों अपना काम नहीं किया। वी सी की राजनीतिक नियुक्ति से लेकर फीस बढाने और बाहर से बाहुबली लाकर अपने प्रभुत्व को बढाने में स्तेमाल करने तक जो काम देश की सत्तारूढ पार्टी का अध्यक्ष, गृह मंत्री व प्रधानमंत्री कर रहे हैं वह इन पदों की गरिमा को बहुत नीचे ले जा रहा है। अब तो नगर निगमों तक की राजनीति इन से ऊपर उठ रही है। दो राजनीतिक विचारधाराओं में मतभेद होना तो लोकतंत्र के स्वास्थ के लिए अच्छा है, किंतु देश की राजधानी में देश के सबसे महत्वपूर्ण विश्वविद्यालय में  नकाबपोश आकर वहाँ के छात्रसंघ की महिला अध्यक्ष पर घातक हमला करें, अन्य महिला प्रोफेसरों समेत अनेक छात्रों पर हमला करें,  दो तीन घंटे तक आतंक का नंगा नाच करें और न वीसी कुछ करे, न सेक्युरिटी, न पुलिस तो खतरे की गम्भीरता को नापना जरूरी है। इसी राजधानी में ही राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री आदि भी रहते हैं। जब कोई ऐसा अपराधिक काम करता है जिसे वह सामने आकर नहीं कह पा रहा हो तब ही वह नकाब ओढ कर आता है। इन्हीं नकाबपोशों ने उन कमरों और कार्यालयों पर कोई हमला नहीं किया जिन के बाहर एबीवीपी या उनके संगठन से जुड़े होने के संकेत थे। यह भी अपने आप में साफ संकेत देता है, कि हमलावर कौन थे।
 सुप्रीम कोर्ट को भी कहना पड़ रहा है कि देश की हालत बहुत खराब है व सरकार को तेजी से ध्यान देना चाहिए। सच तो यह है कि देश के सर्वोच्च पद पर बैठे हुए लोग भले ही निर्धारित ढंग से चुन कर आये हों किंतु वे अपने पद का निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं। लोकतंत्र की दुहाई भी तब ही दी जा सकती है जब दल के चुनावों में लोकतंत्र हो और पदों की उम्मीदवारी के लिए चयन भी लोकतांत्रिक तरीके से हो। व्यवस्था में निरंतर विचलन हो रहे हैं जो देश को गलत दिशा में धकेल रहे हैं। ईवीएम का लोकतंत्र सड़्कों के लोकतंत्र से पिछड़ रहा है। ऐसी दशा में गृहयुद्ध से लेकर विभाजन की ओर बढने तक कुछ भी असम्भव नहीं। देश में विश्वविद्यालय तब सही विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं, जब कि विपक्ष अपना काम नहीं कर रहा है। दिल्ली में राजनीतिक कर्यकर्ताओं की जगह जुझारू छात्र अमीर कजलवाश के इस शे’र में व्यक्त विश्वास के साथ सड़क पर ही हैं।
मिरे जुनूं का नतीजा जरूर निकलेगा
इसी सियाह समुन्दर से नूर निकलेगा
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629
     

शुक्रवार, जनवरी 03, 2020

संस्मरण श्रीकृष्ण सरल ने हास्य कविताएं भी लिखीं


संस्मरण
श्रीकृष्ण सरल ने हास्य कविताएं भी लिखीं
वीरेन्द्र जैन

यह श्रीकृष्ण सरल का जन्म शताब्दी वर्ष है। ठेठ बचपन में जिन लोगों की कविताओं ने रस पैदा किया था उनमें श्री चतुर्भुज चतुरेश, श्री वासुदेव गोस्वामी और श्रीकृष्ण सरल का नाम याद आता है। आज जिन सरल जी को लोग राष्ट्रवादी कविताओं के लिए जानते हैं, उनमें से कम ही लोगों को पता होगा कि सरल जी ने हास्य कविताएं भी लिखी हैं और उनकी हास्य कविताओं का एक संकलन पिछली सदी के छठे दशक में प्रकाशित हुआ था जिसका नाम था “ हैड मास्टर जी का पाजामा” । बचपन में मिले इस संकलन की हास्य कविताओं से मिले आनन्द ने भी कविताओं के प्रति मेरे आकर्षण में बढोत्तरी की थी।
पहले आम चुनाव में आरक्षित वर्ग की सीटों के लिए सुपात्र प्रतिनिधि नहीं मिले होंगे इसलिए जो जितने शिक्षित लोग मिले उन्हें ही कांग्रेस ने टिकिट देकर विधायक बनवा दिया था। ऐसे ही एक विधायक थे दतिया निवासी श्री राम दास चौधरी जो उस समय सम्भवतः दो या तीन क्लास तक पड़े थे। पता नहीं यह बात सच है या झूठ पर सवर्ण जगत में इसे लोग बहुत मजे लेकर सुनाते थे कि जब श्री चौधरी टीकमगढ जिले की किसी सीट से विधायक चुन कर आये तो उन्होंने लोगों से कहा कि वे एल एम ए [एम एल ए ] बन गये हैं। उस समय दतिया में जो दो तीन दर्जन सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय लोग रहे होंगे उनमें मेरे पिता भी आते थे क्योंकि उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया था और चन्द्रशेखर आज़ाद के सहयोगी रहे थे। मेरे घर में उन दिनों अखबार आते थे और ज्ञानोदय [पुरानी] आती थी। दद्दा के प्रैस से छपीं किताबें भी थीं। श्री राम दास जी हमारे घर भी आते थे क्योंकि उन दिनों हमारा निवास नगर के बिल्कुल बीचों बीच था। बाद में रामदास जी चुनाव नहीं जीत सके थे किंतु वे सामाजिक रूप से सक्रिय रहना चाहते थे। उन्होंने नगर में एक पुस्तकालय स्थापित करना चाहा जिसमें मेरे पिता ने भी उनका सहयोग किया। पुस्तकालय का नाम अम्बेडकर पुस्तकालय रखा गया था और मेरे घर से भी ढेर सारी पुस्तकें उस पुस्तकालय को उपहार में दी गयीं थीं। प्रारम्भ में यह पुस्तकालय बीच बाजार में सुप्रसिद्ध समाजसेवी श्री राम प्रसाद कटारे की दुकान के सामने था।
इस पुस्तकालय में मैं और मेरी बहिन साधिकार पुस्तकें लेने जाते थे और इसी क्रम में हमें श्रीकृष्ण  सरल जी की पुस्तक “ हैड मास्टर जी का पाजामा” को पढने का सौभाग्य मिला था। इसकी अनेक कविताएं उस समय याद हो गयी थीं जिन्हें स्कूल के कार्यक्रमों में सुना कर लूटी गयी वाहवाही से ही वाहवाही का चस्का लगा था। एक कविता की पंक्तियां तो अभी तक याद हैं, जिनमें कविता का पात्र अपनी मोटी पत्नी के साथ सिनेमा देखने जाता है और कुछ देर हो जाने के कारण जब सीटें टटोलता हुआ आगे बढता है तो उस घटनाक्रम का चित्रण है-
फिल्म हो गयी थी चालू जब पहुंचे चित्र भवन में
अंधियारे में सीटें टटोलते बढते थे विचित्र उलझन में
एक सीट पर दुबले पतले भाई बैठे दब कर
खाली कुर्सी समझ, श्रीमती जी बैठीं उन्हीं पर
चिल्लाये वे मरा मरा मैं, कौन बला है आयी
आगे बढ कर श्रीमती ने आसन नई जमायी
खाली वार गया लेकिन, कुर्सी का केवल भ्रम था
वे धड़ाम से गिरीं, गिरा मानो यह एटम बम था ........
बाद में यदा कदा उनके बारे में सुनने को मिलता रहा कि उन्होंने देश के महापुरुषों की जीवन गाथाओं को छन्दबद्ध करके अनेक महाकाव्य रचे हैं। वे राष्ट्रीयता के कवि के रूप में पहचाने जाने लगे। किंतु प्रगतिशील, जनवादी कविता के ओर रुझान होने से मेरा ध्यान उनकी कृतियों की ओर नहीं गया।
1995 में मेरी पोस्टिंग भोपाल के बैरागढ में मेरे बैंक पंजाब नैशनल बैंक की एक उप शाखा के प्रबन्धक के रूप में हुयी। यह उप शाखा एक समाजसेवी संस्था सेवा सदन से जुड़ी कई संस्थाओं, व उनके कर्मचारियों के लिए विशेष रूप से खोली गयी थी। संस्था के ही एक पदाधिकारी मेरे बैंक में कर्मचारी भी थे। उन्होंने एक बार संस्था में राष्ट्रीय कवि के आने की सूचना दी तो मैंने नाम जानना चाहा। उन्होंने श्रीकृष्ण सरल जी का नाम बताया तो मेरी पुरानी स्मृतियां ताजा हो गयीं। मैंने उन्हें अपने बैंक में आमंत्रित करने का अनुरोध किया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। वे आये और जब मैंने उन्हें उनकी कृति के साथ जुड़ी स्मृतियों के बारे में बताया तो वे बहुत खुश हुये। वे काफी देर तक रुके, उन्होंने हम लोगों के साथ फोटो भी खिंचवाया। सेवा सदन ने उनकी कृतियों का पूरा सेट भी खरीदा, जिसके लिए उनकी यात्रा थी। इस पीढी के लोगों को अपनी किताबों के प्रकाशन और प्रमोशन में कोई संकोच नहीं होता था। सुप्रसिद्ध लेखक एक्टविस्ट हंसराज रहबर, भगत सिंह के साथी कामरेड शिव वर्मा, और कामरेड सव्यसाची जी भी अपनी किताबें खुद ही बेचते भी थे, पर इनकी किताबें बहुत सस्ती होती थीं जबकि सरल जी की किताबों का सैट बहुत मंहगा था जो संस्थाओं के लिए ही होता था।
आज अशोकनगर के एक साथी ने उनके और गिरिजा कुमार माथुर के बारे में लिख कर उनकी यादों को कुरेद दिया। ये दोनों विभूतियां अशोककनगर से ही जुड़ी थीं। उनकी स्मृति को नमन।  
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629


शनिवार, दिसंबर 28, 2019

प्रेमचन्द से राजेन्द्र यादव तक के देखे सपनों का पूरा होना


प्रेमचन्द से राजेन्द्र यादव तक के देखे सपनों का पूरा होना
वीरेन्द्र जैन


आज अगर राजेन्द्र यादव होते तो बहुत खुश होते।
जनवरी 1993 में हंस के सम्पादकीय में उन्होंने एक अलग रुख लिया था। 6 दिसम्बर 1992 को बाबरी मस्जिद तोड़ने पर, जब सभी बुद्धिजीवी , पत्रकार , सम्पादक राजनेता, सामाजिक कार्यकर्ता एक स्वर से कट्टर हिन्दुत्व की निन्दा कर रहे थे तब उन्होंने उस मुस्लिम नेतृत्व की आलोचना की थी  जिसने कुछ वर्ष पहले ही शाहबानो मामले पर दिल्ली के बोट क्लब पर पाँच लाख की रैली निकाल कर एक स्पष्ट विभाजन रेखा खींच दी थी।
उन्होंने लिखा था कि तुम लोगों ने बाबरी मस्ज़िद तुड़वा ली। बहुत दावे कर रहे थे कि ईंट से ईंट बजा देंगे, पर यह भूल गये थे कि तुम अल्पसंख्यक हो और जब संख्या बल के आधार पर टकराने की कोशिश करोगे तो बहुसंख्यक ही जीतेंगे। ऐसा करके तुम बहुसंख्यकों को एकजुट होने व हमलावर होने को उकसाने का काम करोगे। किसी भी देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की गारंटी उनकी अलग से एकता नहीं अपितु एक धर्म निरपेक्ष व्यवस्था ही देती है।
पिछले दिनों सिटीजनशिप अमेन्डमेंट बिल और फिर एक्ट में धार्मिक आधार पर जानबूझ कर भेदभाव किया गया था ताकि मुसलमानों का विरोध धार्मिक विभाजन पैदा करे और कम पढे लिखे या अन्धभक्तों हिन्दुओं को लगे कि यह विरोध अनावश्यक व बेमानी है। खुद को चाणक्य समझने वाले लोगों ने पिछले अनुभवों के आलोक में, अपनी समझ से बहुत चतुराई भरी चाल चली थी, ताकि बेरोजगारी, मन्दी आदि से प्रताड़ित जनता साम्प्रदायिकता के तनाव में इन्हें भूल जाये व विधानसभा चुनावों में उन्हें फिर जिता दे। बहुत हद तक वे सफल भी हुये किंतु हमारी चुनाव प्रणाली, जो कभी एक दल को लाभ दे जाती है, वही कभी नुकसान भी कर जाती है।
बिल के षड़यंत्र को समझ कर न केवल मुस्लिमों ने अपितु देश भर के धर्मनिरपेक्ष लोगों ने एकजुट होकर षड़यंत्र को उजागर किया व आन्दोलन में एकजुटता दिखायी। महाराष्ट्र राज्य की पराजय के बाद झारखण्ड में हुयी पराजय के साथ बिल के सामूहिक विरोध ने इसे साम्प्रदायिक बनने से रोका और धर्मनिरपेक्ष आधार पर दलों में एकजुटता स्थापित हुयी। यह पराजय न केवल आरएसएस के इशारों पर नाचने वाली भाजपा की पराजय थी अपितु यह ओवैसी के फैलते प्रभाव की पराजय भी थी। उल्लेखनीय यह है कि यह एकता बिना किसी परम्परागत नेतृत्व के बनी है और जनता की समझ की एकता है। इसमें लिंग भेद के बिना जो शिक्षित युवा एकत्रित हुये उन्होंने सारे बहकावों और दुष्प्रचार के साथ साथ सारे लालचों को भी ठुकरा दिया। कुछ गैरसरकारी संगठन और वामपंथी कला समूह तो इस दिशा में लगातार सामर्थ्यभर प्रयास करते रहे हैं जिसने बीज का काम किया। यह सब उन्होंने अपना कर्तव्य मान कर किया।
राजेन्द्र यादव का भी यही सपना था। उन्होंने हंस के माध्यम से लगभग तीन दशक तक इस मशाल को जलाये रखा और बेहद सुलझे तरीके से परिस्तिथियों का विश्लेषण सामने लाते रहे। सम्पादकीय आलेखों के माध्यम से यह काम पहले प्रेमचन्द, कमलेश्वर, और उत्तरार्ध में प्रभाष जोशी ने भी किया। आज उन सब के सपने सफलता की ओर बढ रहे हैं।  
फैज़ के शब्दों में कहें तो –
जो दरिया झूम के उट्ठे हैं, तिनकों से न टाले जायेंगे
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [.प्र.] 462023
मो. 9425674629
 
  

‘मैटिनी शो’ महिला निर्देशकों की फिल्मों पर आधारित समारोह


‘मैटिनी शो’ महिला निर्देशकों की फिल्मों पर आधारित समारोह
वीरेन्द्र जैन
गत दिनों भोपाल में मध्यप्रदेश महिला मंच और इंटरनैशनल एसोशिएन आफ विमेन इन रेडियो एंड टेलीविजन [इंडिया चैप्टर] की ओर से महिलाओं द्वारा निर्देशित फिल्मों का तीन दिवसीय समारोह आयोजित हुआ जिसमें डाक्यूमेंटरी/ शार्ट फिल्म/ एनिमेशन एक्स्पेरीमेंटल तरह की 29 फिल्मों का प्रदर्शन हुआ। कार्यक्रम का नाम ‘द मैटिनी शो’ रखा गया था। यद्यपि यह एक ज़ेन्डर आधारित प्रदर्शन था किंतु फिल्मों की विषयवस्तु और निर्माण के आधार पर ऐसा कोई भेद महसूस नहीं किया जा सकता था। वैसे भी फिल्म भले ही डायरेक्टर’स मीडिया माना जाता हो किंतु उसके निर्माण में कुल व्यक्तियों की जो संख्या लगती है उससे उसे किसी ज़ेंडर विशेष की फिल्म नहीं माना जा सकता। इस समारोह की अधिकांश फिल्में भी ऐसी ही थीं। फिल्मों की अवधि दो घंटे से लेकर 6 मिनिट तक थी। इसमें राजनीतिक फिल्मों से लेकर बच्चों की फिल्मों तक विविधता थी।
अनियमित कोयला मजदूर बाबूलाल भुइंया के औद्योगिक सुरक्षा बल द्वारा मार दिये जाने व उसके बलिदान से अन्य मजदूरों में पैदा हुयी जागरूकता की कहानी से समारोह का प्रारम्भ हुआ, तो इसमें पंजाब में नशे की आदत से मुक्त कराने वाले पुनर्वास केन्द्रओं द्वारा उनके परिवारों की भूमिका को रेखांकित किया गया था। समारोह में हैदराबाद विश्व विद्यालय के प्रतिभाशाली दलित छात्र रोहित वेमुला को आत्महत्या के लिए विवश करने के प्रतिरोध में उसके अंतिम पत्र से जनित छात्र उत्तेजना की कथा कहने वाली फिल्म भी थी। 2002 में हुये साम्प्रदायिक नरसंहार में अपने जले हुये घर को देख कर नास्टलाजिक होते सायरा और सलीम की फिल्म भी थी।
जीवन और राजनीतिक संघर्ष में महिलाओं की भूमिका को दर्शाने वाली फिल्में भी समुचित संख्या में थीं। इन फिल्मों में कश्मीर की महिलाओं का प्रतिरोध आन्दोलन भी था जो गीतों, तस्वीरों और साक्षात्कार के माध्यम से अभिव्यक्त होता है। उत्तरी छत्तीसगढ के बलरामगढ जिले की किशोरी मीना खाल्को की पुलिस मुठभेड़ में की गयी हत्या से पहले यौन हिंसा को दबाने की कोशिश और दोषियों को दण्डमुक्त हो जाने पर फिल्म ‘एनकाउंटरिंग इनजस्टिस’ भी है। सत्ता के खिलाफ सच बोलने का साहस करती महिला पत्रकारों द्वारा चुकाई गयी कीमत को दर्शाती फिल्म ‘वैलवेट रिवोल्यूशन’ है जिसे छह महिला निर्देशकों ने अपने अपने आब्जर्वेशनों से बनाया है। जो लोग धर्म नैतिकिता और जातिवाद के सहारे राजनैतिक चालें चल रहे हैं उनके बारे में बताने वाली फिल्म ‘तुरुप’ है।
इस समारोह में जीवन के विभिन्न रंगों को दिखाने वाली फिल्में भी थीं जो पीछे जाकर भी देखती हैं। ऐसी ही भावुक कर देने वाली फिल्म ‘द अदर सोंग’ है जो बनारस व लखनऊ की तवायफों के अतीत में ले जाकर उनकी वर्तमान दशा को बताती है। ‘पिछला वरका’ में पाकिस्तान छोड़ कर आयी महिलाएं ताश के पत्तों में अपनी दुपहरियां बिताती हुई अतीत की यादों को कुरेदती रहती हैं। एक महत्वपूर्ण फिल्म ‘बाल्खम हिल्स अफ्रीकन लेडी ट्रुप’ है जो विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक कारणों से यौन हिंसा का शिकार हुयी चार महिलाओं द्वारा एक थिएटर ग्रुप के माध्यम से अपनी कहानी कहने पर बनी फिल्म है। इस अभिव्यक्ति से वे अपने शोषण से जन्मी हीन भावना और मानसिक प्रताड़ना से मुक्ति पाती हैं। ट्रांस ज़ेंडर की समस्याओं और उनके बारे में नासमझियों को बताती फिल्म ‘बाक्स्ड’ है तो हैदराबाद में शेखों द्वारा लड़कियों की खरीद फरोख्त और उनके यौन शोषण और उससे आज़ादी की कहानी कहती फिल्म ‘स्टिल आई राइज’ है। दृढतापूर्वक दहेज का विरोध करती लघु फिल्म ‘अपराजिता’ है, तो वज़न कम करने के चक्कर में कुछ और खोज लेने की कहानी ‘डब्ल्यू स्टेन्ड्स फार’ है। अपने पुरुष मित्र के घर में उसकी माँ द्वारा मासिक धर्म के दाग लगने पर किया गया व्यवहार व पुरुष मित्र की प्रतिक्रिया के बाद उसके बारे में विचार बदल देने की कथा ‘स्टैंस’ में कही गयी है। पश्चिमी बंगाल के नन्दीग्राम में दो लड़कियों की आत्महत्या और उनके परिवारियों के व्यवहार पर ‘इफ यू डेयर डिजायर’ है। हर रोज हिंसा का सामना करने वाले कश्मीर में सामाजिक मानदण्डों से उबरने के लिए कला का सहारा लेने के प्रयास की कहानी ‘द स्टिच’ है। ‘डेविल इन द ब्लैक स्टोन’ में बीड़ी बना एक साथ रहने वाली तीन महिलाएं प्रति परिवार दस किलो चावल दो रुपये किलो मिलने की खबर सुन अलग अलग झोपड़ी बना लेती हैं, किंतु जिस को सर्वेक्षणकर्ता समझ रही होती हैं वह मस्जिद के लिए चन्दा मांगने वाला निकलता है और तीनों घरों को चन्दा एकत्रित करने के लिए अलग अलग डब्बा थमा कर चला जाता है। गुस्से में वे डिब्बा फेंक देती हैं।
प्लास्टिक कचरे पर बनी ‘पिराना’, पुराने जहाजों को तोड़े जाने वाले चिटगाँव बन्दरगाह पर बनी ‘द लास्ट राइट्स’ चाय की बदलती दुकानों और बेचने वालों पर बनी फिल्म ‘चाय’ है तो आवासीय विद्यालय में दृष्टि विकलांगों पर केन्द्रित फिल्म ‘कोई देखने वाला है’ भी दिखायी गयी हैं।
एक बच्चे के जन्मदिन पर उसके पिता द्वारा केक का आर्डर देने वाली दुकान की तलाश और बच्चे की मनमानियों की कहानी ‘द केक स्टोरी’ है जिसमें बच्चे ने बेहतरीन एक्टिंग की है। इसके साथ ही साथ ‘केली’ ‘फ्राइड फिश’ ‘डिड यू नो’ ‘अद्दी’ और ‘डेजी’ एनीमेशन फिल्में थीं।
सच है कि मैटिनी शो स्वतंत्र महिलाओं का शो ही रहता आया है। शायद यही सोच कर आयोजकों ने इस समारोह क नाम ‘मैटिनी शो’ रखा होगा। सिनेमा में रुचि रखने वालों, लघु फिल्म निर्माताओं, औए फिल्म समीक्षकों की संख्या कुछ और अधिक रुचि लेती तो उत्तम था।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
 मो. 9425674629
           

रविवार, दिसंबर 08, 2019

श्रद्धांजलि/ संस्मरण- स्वयं प्रकाश जितने वजनदार उतने ही विनम्र थे स्वयं प्रकाश


श्रद्धांजलि/ संस्मरण- स्वयं प्रकाश
जितने वजनदार उतने ही विनम्र थे स्वयं प्रकाश 
कहानीकार स्वयं प्रकाश के लिए इमेज परिणाम
वीरेन्द्र जैन
मैं लम्बे समय तक कहानियों का नियमित पाठक रहा हूं जिसका शौक कमलेश्वर के सम्पादन के दौर में निकलने वाली सारिका से लगा था। सारिका के समानांतर कथा आन्दोलन के दौर में जो कहानियां लिखी गयीं, उनके बारे में कहा जा सकता है कि अगर प्रेमचन्द आज लिख रहे होते तो वैसी ही यथार्थवादी कहानियां लिखते। मुझे याद नहीं कि मैं कब किस कहानी को पढ कर स्वयं प्रकाश का प्रशंसक बन गया पर उनका नाम मेरे लिए ऐसा ब्रांड बन चुका था जिसे किसी पत्रिका में देख कर मैं सबसे पहले उसी कहानी को पढता था, और उन्होंने कभी निराश नहीं किया। सारिका के अलावा अनेक लघु पत्रिकाओं में उनकी कहानियां मिल जाती थीं जिनमें सव्यसाची जी द्वारा सम्पादित उत्तरार्ध [उत्तरगाथा], ज्ञानरंजन जी के सम्पादन में निकलने वाली पहल, कमलाप्रसाद जी द्वारा सम्पादित वसुधा, से रा यात्री द्वारा सम्पादित वर्तमान साहित्य आदि तो थी हीं, धर्मयुग और हंस में भी पढने को मिल जाती थीं। वैसे उनकी कहानियां हिन्दी की सभी लघु और बड़ी पत्रिकाओं में छपती रहीं हैं। मेरे पढने की सीमा था उनके छपने की कोई सीमा नहीं थी।
उनसे पहली मुलाकात भारत भवन के किसी कार्यक्रम में हुयी थी जिसमें वे आमंत्रित थे और बगल में एक थैला दबाये हुये सीढियां उतर रहे थे। थैला उस रैग्जिन का बना था जिसे आमतौर पर रोडवेज बसों के कंडैक्टर- ड्राइवर सीट पर चढी हुयी गहरे हरे से रंग की रेग्जिन से बनवा लेते रहे हैं। उनकी इस सादगी भरी पहचान की चर्चा कभी श्री राज नारायण बौहरे और प्रो. के बी एल पांडेजी कर चुके थे। आमंत्रितों में उनका नाम था इसलिए थैला देख कर ही मैंने पहचान लिया था। मैंने पुष्टि करने के अन्दाज में पूछा था- स्वयं प्रकाश जी? उन्होंने बिन मुस्कराये या पहचाने जाने की खुशी के विनम्र सहमति में सिर हिलाया, और पूछा आप? मैंने अपना नाम बताया और कहानी उपन्यास के क्षेत्र में गलतफहमी से बचाने के लिए कहा कि मैं दतिया वाला हूं, डूब वाला नहीं। वे बोले कि डूब वालों को मैं पहचानता हूं और फिर गत महीने हंस में किसी कहानी पर छपी मेरी पत्र प्रतिक्रिया की चर्चा की व प्रशंसा करते हुए कहा कि वह संतुलित टिप्पणी थी। मैं धन्य हो गया था और लगा था कि छोटे छोटे प्रयास भी बेकार नहीं जाते। बाद में राजेन्द्र यादव जी से भी मेरी इस बात पर सहमति बनी थी कि मैं कहानियों पर टिप्पणियां ही लिखा करूंगा और मैंने अनेक वर्षों तक हंस में कहानियों पर पत्र टिप्पणियां लिखीं, जिसे मैं पाठकीय समीक्षा मानता रहा।
दूसरी मुलाकात इस मुलाकात के एकाध वर्ष के अंतराल में ही हुयी थी जब वे बनमाली पुरस्कार ग्रहण करने आये थे। इस अवसर पर उनके द्वारा कही गयी बातों का मुझ पर बहुत गहरा असर हुआ था। इसमें उन्होंने कहा था कि “जूलियस फ्यूचक के अनुसार लेखक तो जनता का जासूस होता है जिसे हर अच्छी- बुरी जगह जाकर जानकारी एकत्रित करना होती है, इसलिए वह कथित सामाजिक नैतिकिता की परवाह में किसी जगह प्रवेश से खुद को रोक नहीं सकता। उसे चोर, उचक्कों. सेठों और शराबियों, सबके बीच जाना पड़ेगा। मैंने अच्छा कामरेड दिखने की कोशिश में अपनी अज्ञानता में भूल कर दी कि बहुत लम्बे समय तक किसी धर्मस्थल में नहीं गया। अब मुझे पता ही नहीं कि मन्दिर में क्या क्या बदमाशियां चल रही हैं या वहां का कार्य व्यवहार कैसे चलता है”।
2001 में मैं पुनः भोपाल आकर रहने लगा व उसके कुछ ही वर्ष बाद स्वय़ं प्रकाश जी भी सेवा निवृत्त होकर भोपाल रहने लगे। मेरे एक साहित्यकार मित्र जब्बार ढाकवाला आई ए एस थे और वे भी स्वयं प्रकाश जी के लेखन को बहुत पसन्द करते थे। उनके पास समुचित संसाधन थे किंतु वे बड़े पद के कारण घिर आने वाले अयोग्य व चापलूस साहित्यकारों से दूर भी रहना चाहते थे इसलिए उन्होंने एक छोटा सा ग्रुप बना लिया था जो किसी न किसी बहाने लगभग साप्ताहिक रूप से मिल बैठ लेता था। इसमें ढाकवाला दम्पत्ति के अलावा डा. शिरीष शर्मा, उर्मिला शिरीष, डा, विजय अग्रवाल प्रीतबाला अग्रवाल, आदि तो थे व अवसर अनुकूल आमंत्रितों में स्वयं प्रकाशजी, गोबिन्द मिश्र, डा. बशीर बद्र, डा. ज्ञान चतुर्वेदी, अंजनी चौहान, श्रीकांत आप्टे, मुकेश वर्मा,बनाफर चन्द्र आदि आदि भी होते थे। बाद में व्यापक स्तर तक चलने वाले स्पन्दन पुरस्कारों की श्रंखला का विचार भी इसी ग्रुप के विचार-मंथन से निकला था। ढाकवाला दम्पत्ति बाहर से आने वाले प्रमुख व चर्चित साहित्यकारों की मेजबानी करने में प्रसन्नता महसूस करते थे। मैं स्थायी  आमंत्रित था इसलिए मुझे अनेक ऐसे लोगों से निजी तौर पर मिलने का मौका मिला जिनसे मैं इतनी निकटता से अन्यथा नहीं मिल पाता। इसी मिलन में हम लोग जन्मदिन मनाने की कोशिश भी करते थे और स्वयं प्रकाश जी का साठवां जन्मदिन भी मनाया था जिसमें उनसे कुछ बेहतरीन कहानियां सुनी थीं। इस अवसर पर एक रोचक प्रसंग यह हुआ कि जब वे बाहर जूते उतारने लगे तो मौसम को देखते हुए मैंने कहा कि पहिने आइए, आजकल तो सभी घरों में चलते हैं। स्वयं प्रकाशजी ने कहा कि तुम व्यंग्यकार लोग किसी को नहीं छोड़ते, कि तभी जब्बार ने कहा कि तुम्हें कैसे पता कि आज मेरा और तन्नू जी [उनकी पत्नी] का झगड़ा हुआ है। उनका जन्मदिन ठहाकों से ही शुरू हुआ था। उनकी बेटी की शादी में लड़के वालों ने मैरिज गार्डन के बाहर बैनर लगवा दिया था ‘ भटनागर परिवार आपका स्वागत करता है ‘। मैंने मजाक में उनसे कहा कि मुझे पता नहीं था कि आप भटनागर हैं, तो वे धीरे से बोले कि मुझे भी खुद पता नहीं था। फिर इतने जोर से ठहाका लगा कि आसपास लोग देखने लगे।
वे जितने बड़े लेखक थे उतने ही सादगीपसन्द और विनम्र थे। मुझे दूर दूर तक हुये अपने बार बार ट्रांसफरों के कारण अनेक लेखकों से मिलने का मौका मिला है जो अधिक से अधिक समय अपने बारे में ही बात करना पसन्द करते हैं या अपनी बातचीत में वे बार बार ‘सुन्दर वेषभूषा’ में उपस्थित हो जाते हैं। स्वयंप्रकाश जी को मैंने कभी अपने बारे में बात करते हुए या अनावश्यक रूप से खुद को केन्द्र में लाते नहीं देखा। एक बार एक स्थानीय पत्रिका के नामी सम्पादक ने जनसत्ता में प्रकाशित उनके एक लेख को बिना पूछे अपनी पत्रिका में छाप लिया। मैंने फोन करके उनसे जानकारी होने के बारे में पूछा तो उन्होंने इंकार कर दिया, बोले जनसता अकेला अखबार है जो अपनी प्रकाशित सामग्री पर कापीराइट रखता है और इस आशय का नोट अपनी प्रिंट लाइन में लिखता है। मैंने उन्हें पत्रिका का अंक उपलब्ध करवा दिया किंतु उन्होंने उन्हें फोन तक नहीं किया। दिल्ली के एक प्रकाशक मेरे घर आकर रुकते थे और चाहते थे कि मैं उन्हें भोपाल के लेखकों से मिलवाऊं। मैंने यह काम किया भी और अन्य लोगों के अलावा उन्हें स्वयंप्रकाश जी से भी मिलवाया था। मेरे अनुरोध पर उनको एक किताब भी देने का वादा किया था, बाद में उनके अनुभव उस प्रकाशक के बारे में अच्छे नहीं रहे। पर उस प्रकाशक से मेरे अनुभव भी कहाँ अच्छे रहे थे!
उनके उपन्यास ‘ईंधन’ पर मैंने पाठक मंच के लिए समीक्षा लिखी तो उसे लगे हाथ छपने के लिए भी भेज दी. जिसे लोकमत समाचार नागपुर ने तुरंत छाप दी, जो शायद पहली समीक्षा थी। कुछ दिनों बाद मिलने पर मैंने उनकी प्रतिक्रिया जानना चाही तो बोले अरे तुम्हारी समीक्षा थी, मैं तो दिल्ली वाले वीरेन्द्र जैन को पत्र लिखने वाला था। उनकी बीमारी की खबर जब कुछ देर से मुझे मिली तो मैंने  फोन कर पूछा, किंतु उन्होंने कहा कि मैं बिल्कुल ठीक हूं, कोई बात नहीं। बात बदल कर वे दूसरी बातें करते रहे। जबकि सच यह था कि उन्हें ऐसी बीमारी थी जो आम लोगों को होने वाली सामान्य बीमारी से बिल्कुल अलग थी। उनका हीमोग्लोबिन खतरनाक रूप से बढ जाता था। डायलिसिस के अलावा डाक्टरों के पास कोई इलाज नहीं था।
 पिछले दिनों जब उन्हें म.प्र. सरकार का शिखर सम्मान घोषित हुआ था तब मुँह से बेशाख्ता निकला था- बहुत सही फैसला। वैसे पुरस्कार/ सम्मान  उन्हें पहले भी बहुत मिल चुके थे जिनमें से कोई भी उनके पाठकों द्वारा उनकी कहानियों, उपन्यासों की बेपनाह पसन्दगी से बड़ा नहीं था। आमजन की कहानियों को उन्हीं की भाषा में कहते हुए भी वे जिस विषय को उठाते थे उसमें ताजगी होती थी, वह अभूतपूर्व होता था। कथा इस तरह से आगे बढती थी जैसे वीडियोग्राफी की जा रही हो, बनावट बुनाहट बिल्कुल भी न हो। उनके कथानकों में झंडे बैनर नारे कहीं नहीं दिखते थे पर फिर भी वे वह बात कह जाते थे जिसे दूसरे अनेक लेखक उक्त प्रतीकों के बिना नहीं कह पाते।
विभिन्न सामाजिक विषयों पर लिखे गये उनके लेखों का संग्रह ‘रंगशाला में दोपहर’ को पढने के बाद मैंने भी अपने बिखरे बिखरे विचारों को लेखबद्ध किया जो विभिन्न समय पर विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित भी हुये, अन्यथा वे केवल निजी बातचीत का विषय होकर रह जाते। उनकी अलग अलग कहानियों के गुणों पर बहुत सारी बातें की जा सकती हैं, पर अभी नहीं।
उन्हें पूरे दिल से श्रद्धांजलि। उनका साथ, उनकी कहानियां व उनके पात्र जीवन भर साथ रहेंगे।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629
           

शनिवार, नवंबर 30, 2019

चकरघिन्नी अन्धभक्तों के बीच मोदीशाह का रथ


चकरघिन्नी अन्धभक्तों के बीच मोदीशाह का रथ
वीरेन्द्र जैन
मोदी के केन्द्रीय राजनीति में आने के बाद भाजपा में दो काम हुये। पहला काम तो यह हुआ कि भाजपा का केवल नाम रह गया और सारी पार्टी नरेन्द्र मोदी व अमित शाह जैसे दो जिस्म एक आत्मा में सिमिट कर रह गयी। पुरानी पार्टी में अडवानी, मुरली मनोहर जोशी, शांता कुमार, यशवंत सिन्हा जैसे एक दो दर्जन जो बड़े नाम थे उन्हें उम्र के आधार पर मार्गदर्शक मंडल के नाम किनारे कर दिया गया या राज्यपाल आदि बना कर मुख्य धारा से दूर कर दिया गया। इसके बाद जो पुराने सक्रिय लोग रह गये थे उन्हें असमय ही मृत्यु ने निगल लिया। गोपीनाथ मुंडे, सुषमा स्वराज, अरुण जैटली, अनंत कुमार, अरुण माधव दवे, मनोहर पार्रीकर,कैलाश जोशी, बाबूलाल गौर आदि इस बीच नहीं रहे। जसवंत सिंह, अस्वस्थ हो गये तो अरुण शौरी, यशवंत सिन्हा, व उमाभारती आदि के विरोध को बेमानी कर दिया गया। राजनाथ सिंह तो पहले ही ‘एलिस इन वन्डरलैंड’ थे, धीरे धीरे उनका अकेलापन बढता ही गया। चुनावी सफलता के बाद तो लम्बे समय तक सत्ता से दूर रहे भाजपा नेता भी मानने लगे कि सत्ता मोदी के नाम पर ही मिल सकती है, सो उन्होंने उन्हें ही ‘त्वमेव माता, च पिता त्वमेवं’ की तर्ज पर नरेन्द्र मोदी को और उनके सबसे विश्वासपात्र अमित शाह को सर्वेसर्वा के रूप में स्वीकार कर लिया। ‘ फिर उसके बाद चरागों में रौशनी न रही’। दूसरी ओर मोदी ने अपनी भाषण कला और गुजरात के आंकड़ों से ऐसे अन्धभक्तों की बड़ी भीड़ जुटा ली जो अपने देवता के बारे में केवल अच्छा बोलना, सुनना व देखना ही पसन्द करते थे। कार्यवाही की धमकियों और सफलता के सपनों से उन्होंने विभिन्न दलों के दागी लोगों को सम्मलित कर लिया जो सीधे उन्हीं के शरणागत थे। इसके साथ ही 44 दूसरे दलों को चुनावी गठबन्धन में शामिल कर लिया। दूसरा सत्ता केन्द्र उदित होने से संघ के लोग सशंकित तो थे किंतु उन्हें भी उनके ही एजेंडे को लागू करने के संकेत देकर मना लिया गया।   
2019 के आमचुनाव में मीडिया के अधिकांश चुनावी विश्लेषकों को मोदी की सफलता कम नजर आ रही थी, किंतु वे न केवल जीत गये अपितु पहले से अधिक सीटें प्राप्त कर जीते। विधानसभाओं में दलबदल व खरीद फरोख्त से सराकारें बना लीं। अब केवल मोदी ही मोदी थे। राज्यसभा के कुछ लोगों से सौदा समझौता कर अल्पमत को बहुमत में बदल लिया। विरोधियों को ईवीएम में गड़बड़ नजर आयी, देश हतप्रभ होकर रह गया। किंतु अन्धभक्तों को मोदी की विजय पताका से जयजयकार का मौका मिला। देश भर में ऐसे मोदी अन्धभक्तों के समूह दिखने लगे जो किसी विचारधारा की जगह मोदी को उद्धारक के रूप में देखने लगे। सीमा और आतंक प्रभावित क्षेत्रों में भी सुरक्षा की कमजोरियों को भी गलत प्रचार के द्वारा अन्धभक्त विजय मानने लगे व असहमत लोगों को देशद्रोही समझने लगे।
ऐसे माहौल में कुछ महीनों बाद ही मोदीशाह पार्टी की लगातार चुनावी हारों ने उस बाल्टी की असलियत को उजागर कर दिया है जिसे साबुन का झाग उठाकर भरी दिखाया जा रहा था। चुनावों से पहले कश्मीर में धारा 370 समाप्त करने, कश्मीर राज्य को दो केन्द्र शासित क्षेत्र में बांटने के बाद भी हरियाणा में अल्पसंख्यक सरकार बनानी पड़ी व धुर विरोधियों से उनकी शर्तों पर समझौता करना पड़ा। देश की आर्थिक राजधानी वाले राज्य महाराष्ट्र में जिस तरह से राज्यपाल और राष्ट्रपति के पदों का दुरुपयोग करने के बाद भी मुँह की खानी पड़ी और अपने पुराने सहयोगी को विरोधी बनाना पड़ा, उससे बड़ी किरकिरी हुयी है। पश्चिम बंगाल के तीन विधानसभाओं में हुये उपचुनावों में उनके प्रदेश अध्यक्ष समेत तीनों में मिली हार ने उनके गुब्बारे की हवा निकाल कर रख दी है। झारखण्ड विधान सभा चुनावों में उनके गठबन्धन सहयोगी जेडीयू और लोक जनशक्ति पार्टी का समांतर रूप से लड़ना व भूमिहारों के प्रमुख नेता सरयू राय का छिटक कर मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव में उतरने से जो छवि धूमिल हो रही है उसके परिणाम दूरगामी होंगे। मीडिया के अनुमानों के अनुसार झारखण्ड में दोबारा से भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार बनने नहीं जा रही है। कमोवेश दिल्ली विधानसभा के चुनावों में भी इसी तरह के संकेत हैं।
लगातार बढती बेरोजगारी, मन्दी और गिरती अर्थव्यवस्था के ठोस संकेतों के बीच प्रज्ञा ठाकुर जैसे बयानों के सहारे जनता को कितने दिन तक भटका सकेंगे। मोदीशाह यह समझाने में नाकाम रहे हैं कि उन्होंने इतने गम्भीर आरोपों में कैद रही महिला को टिकिट देकर लोकसभा में क्यों भिजवाया। जिन दिग्विजय सिंह से वे भयभीत थे वे तो पहले से ही संसद में हैं। मीडिया बार बार संकेत दे रहा है कि प्रज्ञा ठाकुर का बयान उनका निजी बयान नहीं है और एक सोची समझी कूटनीति के अंतर्गत दिलवाया गया है।
इसमें कोई सन्देह नहीं कि मोदीशाह की मुख्य ताकत क्रीतदास मीडिया के दुष्प्रचार के सहारे अन्धभक्तों का अन्धसमर्थन है, किंतु वे ही भक्त अब विभूचन की स्थिति में हैं। मोदी को खुद भी प्रज्ञा के बयान का विरोध करना पड़ा है और राजनाथ सिंह को संसद में बयान देना पड़ा है। म.प्र. में जब विपक्षी प्रज्ञा का पुतला जला कर विरोध कर रहे थे तब भाजपा समर्थक यह तय नहीं कर पा रहे थे कि वे मोदी के बयान का साथ दें, या प्रज्ञा ठाकुर का साथ दें। बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय में एक मुस्लिम प्राध्यापक की नियुक्ति पर सात दिनों तक मौन धारण करने के बाद नियुक्ति के पक्ष में बयान देने से स्वाभाविक रूप से पक्ष तय करने वाले भक्त शर्मिन्दा हो रहे हैं।
दल खत्म कर दिया, संगठन खत्म कर दिया, अर्थव्यवस्था समेत शासन सम्हल नहीं पा रहा, न्यायपालिका आये दिन धिक्कार रही है, सेना का गलत जगह प्रयोग बढ रहा है, मीडिया कब तक अपनी निन्दा सहता रहेगा! जो मोदी के नाम पर लड़ जाते थे, वे अब ध्यान से सुन कर सोचने लगे हैं। दम केवल इस बात की है कि विकल्प का कोई स्पष्ट रूप सामने नहीं उभर रहा।
मुकुट बिहारी सरोज कह गये हैं-
जिनके पांव पराये हैं, जो मन से पास नहीं
घटना बन सकते हैं वे लेकिन इतिहास नहीं
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629             

गुरुवार, नवंबर 14, 2019

अयोध्या का फैसला और भाजपा


अयोध्या का फैसला और भाजपा 
वीरेन्द्र जैन
अयोध्या के रामजन्मभूमि मन्दिर के सम्बन्ध में बहुप्रतीक्षित फैसला आ चुका है।
राजनीतिक चतुरों ने इस विवाद को ‘रामजन्म भूमि मन्दिर’ विवाद से ‘राम मन्दिर विवाद’ में प्रचारित कर दिया था, और सवाल करते थे कि बताओ अयोध्या में राम मन्दिर नहीं बनेगा तो क्या कराची में बनेगा! स्वाभाविक रूप से जो उत्तर उभरता था कि अयोध्या में ही राम मन्दिर बनेगा। यह मुद्दे की दिशा को विचलित कर देने की विधि थी। अयोध्या में एक नहीं हजारों राम मन्दिर हैं जो पुराने हैं व नये मन्दिरों के निर्माण पर कोई रोक नहीं है। वहाँ एक नहीं हजार मन्दिर और बन सकते हैं। मन्दिर का निर्माण कोई समस्या नहीं था। मुद्दा यह था कि जिस जगह पर 1528 में एक मस्ज़िद बनी थी जिसे बाबर के आदेश पर मीरबाकी ने बनवाया था। दावा था कि उस स्थान पर जिसे राम की जन्मभूमि माना जाता है, कभी रामजन्मभूमि मन्दिर था। आरोप यह था कि उक्त मन्दिर को तोड़ कर बाबरी मस्ज़िद बनायी गयी थी और पिछले लगभग सौ से अधिक वर्षों से हिन्दू उसी स्थान पर मस्जिद की जगह रामजन्म भूमि मन्दिर की पुनर्स्थापना की मांग कर रहे थे। मुगल काल से ब्रिटिश शासन काल तक इस मांग से 562 रियासतों का कोई राजा नबाब नहीं जुड़ा था इसलिए हिन्दुओं के आराध्य राम की जन्मभूमि मन्दिर की लड़ाई को बल नहीं मिल सका था। इतिहास बताता है कि धार्मिक ‘हिन्दू संगठनों’ ने 1813 में इस आधार पर पहला दावा किया था। 1859 में इस स्थान पर कब्जे के लिए हिंसा की घटना हुयी तो ब्रिटिश सरकार ने इसके चारों और कटीले तारों की बाड़ बनवायी थी। 1885 में पहली बार महंत रघुवर दास ने अदालत से मन्दिर बनाने की मांग की। 1934 में विवादित हिस्सों को तोड़ा गया था जिसकी मरम्मत ब्रिटिश सरकार ने करायी थी। कहा जाता है कि 1949 में तत्कालीन हिन्दूवादी कलैक्टर के.के. नायर के इशारे पर, रात्रि में रामलला की मूर्ति को रखवा दिया गया था। उल्लेखनीय है कि सेवानिवृत्ति के बाद यही कलैक्टर बलरामपुर से जनसंघ के टिकिट पर चुनाव लड़ कर संसद में पहुंचे थे व उसके बाद उनकी पत्नी भी सांसद बनी थीं। उन्होंने हिंसा का डर दिखा कर उस स्थान से मूर्तियों को हटाने की सलाह मानने से इंकार कर दिया था और सलाह दी थी कि केवल एक पुजारी अन्दर जाकर पूजा करेगा व जाली के बाहर से हिन्दू दर्शन कर सकेंगे। तब से मुसलमानों का प्रवेश और नमाज वहाँ बन्द हो गयी थी, और अपने अधिकार के लिए वे कोर्ट चले गये थे।
1961 में सुन्नी वक्फ बोर्ड द्वारा मस्ज़िद के लिए केस दर्ज करने से पहले 1950 में हिन्दू पक्ष और 1959 में निर्मोही अखाड़ा भी कोर्ट से पूजा की अनुमति मांग चुका था। 1967 के बाद उत्तर प्रदेश में अनेक गठबन्धन सरकारें बनीं जिनमें जनसंघ भागीदार रही व 1977 में केन्द्र में बनी जनता पार्टी में वे घटक की तरह सम्मलित हो गये थे किंतु उन्होंने कभी राम जन्मभूमि मन्दिर का मुद्दा नहीं उठाया। 1980 में उन्हें दोहरी सदस्यता के मुद्दे पर जनता पार्टी से बाहर होना पड़ा और 1984 में श्रीमती गाँधी की हत्या के बाद हुये चुनाव में वे दो सीटों तक सिमट गये थे। अपने राजनीतिक पुनरोत्थान के लिए उन्होंने इस सुसुप्त मुद्दे को हाथ में लिया और गोबिन्दाचार्य द्वारा बनायी गयी योजना के अनुसार रथ यात्रा निकाली जिसकी सवारी श्री लालकृष्ण अडवाणी ने की।
यह टर्निंग बिन्दु था इस के साथ ही इस अभियान का दूसरा पक्ष प्रारम्भ हुआ। पहले पक्ष में केवल भावुक धार्मिक पक्षधरता थी| इसमें लड़ने के लिए न संगठन था न धन। दूसरे पक्ष में राजनीतिक पक्ष था, संगठन था और धन था।, इसमें धर्म का नाम तो था पर धर्म नहीं था। तब से राम जन्मभूमि मुद्दा गरमा गया था। तब के कमजोर प्रधानमंत्री राजीव गाँधी ने एक ओर शाहबानो केस में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर कानून बदलवा कर जो भूल की थी उसकी बराबरी करने में अयोध्या में मन्दिर का ताला खुलवा कर दूसरी भूल कर डाली। विश्वनाथ प्रताप सिंह ने उन पर बोफोर्स कांड के आरोप लगाये जिसे भाजपा ने बल दिया। इससे काँग्रेस अल्पमत में आ गयी और वीपी सिंह के नेतृत्व में जनता दल की अल्पमत सरकार बनी। सीपीएम के दबाव में वी पी सिंह ने भाजपा को सरकार में शामिल नहीं किया। ग्यारह महीने में ही जनता दल बिखर गया था इसलिए काँग्रेस का मुख्य प्रतिपक्ष बनने के लिए अपेक्षाकृत संगठित भाजपा के पास उपयुक्त अवसर और हाथ में राममन्दिर अभियान था।
इस अभियान के बल पर भाजपा दो से अस्सी और फिर दो सौ तक पहुंची व इसी संख्याबल के आधार पर बाद में अटल बिहारी सरकार तक बनाने में सफल रहे। उनकी विजय का दूसरा कोई मुख्य आधार नहीं था। इसी अभियान की निरंतरता के अंतर्गत कार सेवकों के नाम से गये लोगों के कारण ही गोधरा कांड और गुजरात का नरसंहार हुआ। इसी के प्रभाव में मोदी ने गुजरात में ध्रुवीकरण के सहारे अपनी एकछत्र सत्ता हासिल की और इसी के प्रभाव में उन्होंने प्रधानमंत्री पद तक पहुंचने की रेस जीती। कुल मिला कर कहा जा सकता है कि भाजपा का देश की सत्ता तक पहुंचने का अभियान और राम जन्मभूमि मन्दिर एक ही आन्दोलन के हिस्से रहे हैं। इस का बने रहना भाजपा के चुनाव अभियान के लिए लाभदायक रहा है, इसलिए उसे मन्दिर बनाने की कोई जल्दी नहीं थी अपितु वे मुद्दे को गरमाये रखने में रुचि रखते थे।
सुप्रीम कोर्ट का ताजा फैसला व्यापक जनहित में न्यायिक से ज्यादा एक प्रशासनिक फैसला है। मुख्य न्यायाधीश ने इसकी सुनवाई करते समय अपने पहले बयान में कहा था कि हमारे लिए यह आस्था का मामला नहीं अपितु भूमि के स्वामित्व का विवाद है जिसे रामलला विराजमान को लीगल एंटिटी मान कर दिया गया है।
इस अभियान के दूसरे पक्ष में अडवाणीजी की रथयात्रा से लेकर मस्जिद गिराये जाने के बाद मुम्बई, गुजरात और दूसरी जगहों में हुये दंगों में हजारों लोग मारे गये हैं, व हजारों करोड़ की सम्पत्ति बर्बाद हुयी है। जो फैसला हुआ है वह समझौते के माध्यम से पहले भी सम्भव था किंतु वे तो ध्रुवीकरण चाहते थे क्योंकि इसमें बहुसंख्यकों का दल लाभ में रहता है।
भले ही प्रकट रूप में भाजपा खुशी व्यक्त कर रही है पर क्या इस फैसले से भाजपा खुश होगी? उल्लेखनीय है कि भाजपा के नियंत्रक, संघ प्रमुख मोहन भागवत से जब पूछा गया कि राम मन्दिर के बाद काशी मथुरा के बारे में क्या योजना है, तो वे इस सवाल को टाल गये। शायद हाथ लगे फार्मूले को छोड़ना उन्हें मंजूर नहीं होगा। उनके ही आनुषांगिक संगठन विश्व हिन्दू परिषद, जिसके नाम से यह अभियान चलाया गया था, ने तो काशी मथुरा के अलावा अन्य साढे तीन सौ विवादित धर्म स्थलों की सूची जारी की हुयी है। आलोचना होने पर भाजपा कह देती थी कि यह हमारा कार्यक्रम नहीं विहिप का कार्यक्रम है, किंतु समर्थन मिलने पर सबसे पहले अपनी गरदन माला पहनने के लिए आगे कर देती रही है।
वे यह प्रकट कर रहे हैं कि फैसले में सब कुछ उनके पक्ष में अच्छा हुआ है किंतु ऐसा नहीं है। कोर्ट ने गुम्बद में मूर्तियां रखने और मस्जिद तोड़ने को आपराधिक कृत्य माना है और आरोपियों को जल्दी सजा देने की सलाह दी है। इस अवसर पर यह बात चर्चा के केन्द्र में नहीं आयी है कि आरोपियों में भाजपा के सबसे बड़े नेताओं में से सर्वश्री अडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती, विनय कटियार आदि के नाम हैं, और अगर सरकार सुप्रीम कोर्ट का आदेश मानती है तो इन्हें सजा हो सकती है। क्या इसके छींटे पूरी भाजपा पर नहीं आयेंगे?
इस अभियान में प्रचार का केन्द्रीय बिन्दु यह था कि जिस जगह पर बाबरी मस्जिद बनायी गयी है, ठीक उसी स्थान पर राम का जन्म हुआ था और ठीक वहीं जन्मभूमि मन्दिर था जिसे तोड़ कर मस्जिद बनायी गयी थी।  इसी तर्क के आधार पर वे बाबरी मस्जिद को तोड़े जाने और वहीं मन्दिर निर्माण की बात करते थे। कोर्ट ने यह कह दिया है कि पुरातत्वविदों द्वारा उस स्थान पर किसी इमारत होने के प्रमाण तो पाये हैं किंतु ना तो उसका मन्दिर होना प्रमाणित है और ना ही तोड़ा जाना। उल्लेखनीय है कि विवाद के चरम पर जब मुम्बई के एक इंजीनियर ने प्रस्ताव किया था कि विवाद टालने के लिए वह ऐसा नक्शा बना सकता है जिसमें बाबरी मस्जिद के बने रहते उसके ऊपर मन्दिर का निर्माण हो सकता है, या उसके नीचे अंडरग्राउंड में मन्दिर बनाया जा सकता है जो प्राप्त अवशेषों के अनुसार सही तल पर होगा। किंतु कहा गया था कि उन्हें मन्दिर उसी तल पर चाहिए जिस तल पर मस्जिद बनी है। सच तो यह है कि उन्हें राजनीतिक लाभ के लिए मन्दिर नहीं विवाद चाहिए था।
हमें उम्मीद रखना चाहिए कि समझदारी के विकास के साथ राममन्दिर प्रेमी और उसका राजनीतिक स्तेमाल करने वाले अलग हो सकें।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629