अमर सिंह लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अमर सिंह लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, फ़रवरी 14, 2019

मुलायम सिंह को अब आराम की जरूरत है?


 मुलायम सिंह को अब आराम की जरूरत है?

वीरेन्द्र जैन
सोलहवीं लोकसभा के अंतिम दिन समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव का यह कहना कि इस सदन के सभी लोग फिर से जीत कर आयें और हमारी पार्टी तो सरकार नहीं बना सकती इसलिए मोदी जी आप फिर से प्रधानमंत्री बनें, ने देश के राजनीतिक माहौल में हलचल मचा दी है। यह कथन इसलिए भी असंगत लगा क्योंकि इस समय पूरे देश के प्रमुख राजनीतिक दल मोदी को हटाने के लिए महागठबन्धन बनाने की ओर अग्रसर हैं और अनेक धुर विरोधी दल भी अपने मतभेद भुला कर एकजुट हो रहे हैं, तब मोदी को फिर से प्रधानमंत्री की औपचारिक कामना करने को भी गलत माना जाना स्वाभाविक है। इसका एक अर्थ यह भी निकलता है कि उनकी पार्टी की जीत न होने पर वे गैर भाजपा के किसी अन्य व्यक्ति के प्रधानमंत्री बनने की जगह मोदी को बेहतर मानते हैं। उनकी पार्टी में जो भी हैसियत शेष हो किंतु उपकृत जाति भाइयों में कुछ तो अपील बाकी है।
सोशल मीडिया पर अनेक लोगों के गुस्से के जबाब में मुलायम समर्थकों ने कहा है कि वे डिमेंशिया से पीड़ित हैं और भूल जाते हैं। उदाहरण के रूप में पिछले दिनों शिवपाल यादव के कार्यक्रम में अखिलेश की तारीफ, या शिवपाल यादव के उस बयान को सामने लाया जा रहा है जिसमें उन्होंने मुलायम सिंह को कैद में बताया था। उनके कुछ पक्षधर इसे उनकी राजनीतिक पहलवानी का चरखा दांव बता रहे हैं। दूसरी ओर उनके आलोचक इसे सीबीआई के दबाव का परिणाम बताते हुए उनके उस बयान की याद दिला रहे हैं जिसमें उन्होंने अपनी पार्टी वालों को अमर सिंह के सहयोग के महत्व को बतलाते हुए कहा था कि जिसके बिना सात साल की कैद हो सकती थी। प्रकरण अभी भी सीबीआई के झरोखे से अवसर की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
मुलायम सिंह को लोहियावादी कहा जाता रहा है किंतु सत्ता के लिए चुनावी राजनीति में जोड़ तोड़ करते हुए ना तो उन्हें लोहियावाद की दार्शनिक व्याख्या करते हुए सुना गया ना ही उनके राजनीतिक व प्रशासनिक फैसलों में लोहियावाद को अलग से रेखांकित किया जा सकता है। उनका लोहियावाद केवल लाल टोपी तक दिखता है। वे युवा काल में जुझारू और निर्भीक रहे हैं और इसी कारण से उनके आसपास के युवा उन्हें नेता मानने लगे थे। उन्होंने कुश्ती में जसवंतनगर के नत्थूसिंह का दिल जीत लिया था और पुरस्कार में उनकी विधानसभा सीट पायी थी। तब से उन्होंने पीछे मुड़ कर नहीं देखा। उत्तर प्रदेश में कभी समाजवादी आन्दोलन ही मुख्य विपक्ष की तरह उभरा था व सत्ता विरोधी अनेक युवा उसके साथ चलने लगे थे। वे भी विचार के साथ नहीं अपितु संगठन के साथ थे और अपने देशज व्यवहार से वे सदैव निजी नेतृत्व वाला संगठन बनाने में सफल रहे। चौधरी चरण सिंह के साथ से पिछड़े वर्ग को राजनीति की मुख्यधारा में लाने और हिन्दू साम्प्रदायिकता से सतर्क मुस्लिम समाज को मिला कर चुनाव में उनकी जीत का आधार तैयार होता रहा है। मण्डल कमीशन से जागृत व संगठित पिछड़ा वर्ग तथा अयोध्या में रामजन्मभूमि विवाद के सहारे ध्रुवीकरण की कोशिश करने वालों के सामने कोई कमजोरी न दिखा कर उन्होंने मुस्लिम समाज को अपनी ओर आकर्षित कर लिया था। अपने मुख्यमंत्री काल में उन्होंने अपनी जाति के लोगों को किसान मजदूर से ठेकेदार और खानमालिक बना दिया था व सवर्ण समाज की ओर होने वाले धन व शक्ति के प्रवाह को मोड़ दिया था। पंचायत के पदों से लेकर नगरपालिका, जनपद पंचायत, एमएलसी, या पुलिस, होमगार्ड, सशस्त्र बलों में अपनी जाति या पिछड़ा वर्ग के लोगों की भर्ती कर के उन्होंने स्थायी समर्थक बना लिये थे। प्रशासन में प्रमुख पदों पर निजी पसन्द के अधिकारियों की नियुक्ति कर उन्होंने मनमानी का माहौल बना लिया था व लोकतांत्रिक व्यवस्था में जन समर्थन के सहारे केन्द्र में भी अपना स्थान बना लिया था। अमर सिंह के साथ ने उनके राजनीतिक कौशल की कमी की पूर्ति कर दी थी और उनको प्राप्त समर्थन की ताकत को राजनीति के बाज़ार में अच्छे सौदे के साथ ले जाने लगे थे।
अमर सिंह के निर्देशन में वे राजनीति में विचार, मानवीयता, बफादारी से दूर होते गये और निरंतर अवसरवादी फैसले लेते गये। वीपी सिंह का साथ नहीं देना, सोनिया गाँधी को विदेशी मूल के नाम पर अचानक समर्थन देने से पलट जाना और अटल बिहारी का मार्ग प्रसस्त कर देना। राष्ट्रपति के चुनाव में भाजपा काँग्रेस के उम्मीदवार को समर्थन देना व वामपंथियों के उम्मीदवार का प्रतीकात्मक समर्थन भी न देना, 2003 में अटल बिहारी वाजपेयी की परोक्ष मदद से सरकार बना लेना, लखनऊ में अटल बिहारी वाजपेयी के चुनाव में उनके प्रतिनिधि द्वारा साड़ी वितरण के समय मची भगदड़ में कई औरतों के मारे जाने पर पीड़ितों की जगह अटल जी के यहाँ पहुँचना, यूपीए सरकार से वामपंथियों द्वारा न्यूक्लियर डील पर समर्थन वापिस लेने पर पहले उनके साथ आम सभाएं करना और अचानक मतदान के समय पक्ष परिवर्तन कर लेना, उत्तराखण्ड आन्दोलनकारियों पर रात्रि में सोते समय गोलियां चलना व महिलाओं के साथ बलात्कार होना, आदि ऐसी सैकड़ों घटनाएं हैं जो कोई समाजवादी नेता नहीं कर सकता। 2012 के चुनावों में बिना मुख्यमंत्री घोषित किये हुए चुनाव लड़ना और अचानक अखिलेश को मुख्यमंत्री घोषित कर देना। अमर सिंह को वापिस पार्टी में लेकर राज्यसभा में भेज देना। सत्ता को अपने परिवार तक के घेरे में बनाये रखना आदि ऐसे अनेक काम हैं जो उनकी टोपी के रंग से मेल नहीं खाते। वे केन्द्र में सत्तारूढ दल के आगे झुकने को विवश हैं, इसलिए पता नहीं मौका देख कर अपने जाति समर्थन को किस जनविरोधी के चरणों में डाल दें।
अगर मुलायम सिंह अस्वस्थ हैं तो उन्हें स्वास्थलाभ हेतु आराम और अमर सिंह शिवपाल आदि से दूर रहने की जरूरत है। यही देश के हित में भी है। यह समाजवादी पार्टी के लोगों को भी चेतने का समय है।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग, रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 09425674629

        

शुक्रवार, जनवरी 06, 2017

तिकड़मी राजनीति के शिखर पुरुष अमर सिंह का पराभव

तिकड़मी राजनीति के शिखर पुरुष अमर सिंह का पराभव
वीरेन्द्र जैन

उत्तर प्रदेश के यादव कुनबे में दिन प्रतिदिन की कलह और भरत मिलाप के बीच किसी गुप्त या प्रकट समझौते के आसार तय माने जाते रहे हैं, किंतु इस पूरे ड्रामे के परिणाम स्वरूप सबसे अधिक नुकसान राजनीतिक व्यापारी अमर सिंह का हुआ है। जब विवादों के एपीसोड में मुलायम सिंह ने भावुक होकर अपने परिवारियों से कहा था कि अमर सिंह ने मुझे जेल जाने से बचाया था जिसमें सात साल की जेल हो सकती थी तो उसी समय स्पष्ट हो गया था कि इस अमर प्रेम के पीछे कौनसी ब्लैकमेलिंग काम कर रही थी। अमर सिंह के काम करने का तरीका तो उसी समय साफ हो गया था जब अन्ना आन्दोलन के दौरान उन्होंने प्रशांत भूषण की बातचीत का टेप होने का दावा किया था जो उनके पक्ष के ही वकील थे। इस बारे में उन्होंने खुद ही बताया था कि एक प्रकरण में विरोधी पक्ष को कोई बड़ा वकील न मिले इसलिए उन्होंने प्रदेश के सारे बड़े वकीलों को अपने पक्ष के वकील के रूप में नियुक्त कर लिया था व अपने ही वकील की बातचीत भी रिकार्ड करके सुरक्षित कर ली थी। जो व्यक्ति अपने ही पक्ष के लोगों की बात को रिकार्ड कर के रखता हो वह किसी का भी मित्र कैसे हो सकता है? इस घटना समेत दूसरी अनेक घटनाओं से यह स्पष्ट हो जाता है कि वे किसी के भी बफादार नहीं हो सकते। उनकी तुलना उस मोनिका लेवेंस्की से की जा सकती है जिसने क्लिंटन से प्रेमालाप के दौरान बिना भावुक हुये सारे प्रमाण वक्त जरूरत के लिए सम्हाल कर रख छोड़े थे।
मुस्लिम वोटों के लिए रणनीतिक रूप से मुलायम सिंह ने जब आज़म खान को गले लगाया था और अमर सिंह को पार्टी से बाहर बैठा दिया था, पर तब भी वे उन्हें दिल में बैठाये रहे थे जैसा कि उन्होंने बाद में प्रकट भी किया था। सच तो यह है कि राजनीति के नाम पर मुलायम सिंह ने अनेक लोगों के साथ धोखा किया है किंतु इनमें से अधिकांश बड़े धोखे उन्होंने अमर सिंह का साथ मिलने के बाद ही किये हैं। यह भी तय है कि ज़मीनी नेता मुलायम सिंह की वाक्पटु अमर सिंह के साथ सफल जोड़ी थी। जिस कूटनीति के ज्ञान और व्यवहार की मुलायम सिंह के पास कमी थी वही अमर सिंह में कूट कूट कर भरा हुआ था किंतु वे ठाकुरवाद, पूर्वांचलवाद, उभारने के बाद भी कहीं से विधायक का चुनाव तक जीत सकने में भी सक्षम नहीं हैं। अन्धे और लंगड़े के साथ की बोधकथा के सटीक उदाहरण हैं। मैंने कभी सहज हास्य में दो पंक्तियां कही थीं –
राजनीति ने आज व्यवस्था ऐसी कायम की
अमर सिंह जी दूध बेचते, भैंस मुलायम की
अमर सिंह हमेशा उस व्यक्ति को ही प्रभाव में लेने की कोशिश करते हैं जो कम स्मार्ट या बौद्धिक रूप से थोड़े कमजोर होते हैं। मुलायम सिंह के बाद शिवपाल यादव उनके नये चेले बने थे जिन्हें मुख्यमंत्री बनवाने के लिए उन्होंने पार्टी में दुबारा आने के बाद चालें चलना शुरू कर दी थीं। कभी अखिलेश को पढने के लिए विदेश भेजने से लेकर उनकी मनपसन्द शादी करवाने तक उन्होंने अपनी सेवाएं दी थीं पर अखिलेश के सामने यह बहुत जल्दी स्पष्ट हो गया कि यह सब उनकी कूटनीति का हिस्सा था। अखिलेश को पता लग गया था कि शिवपाल को मुख्यमंत्री बनवाने के लिए अमर सिंह तिकड़म भिड़ा रहे हैं, प्रदेश में महत्वपूर्ण पदों पर अपने अधिकारी पदस्थ करा रहे हैं और सारे सूत्र अपने हाथ में ले रहे हैं। यही कारण रहा कि उनके मन में अमर सिंह के लिए तीव्र प्रतिरोध की भावना पैदा हुई, जबकि अमर सिंह को पता लग गया था कि अखिलेश उन्हें दलाल कहते और मानते हैं। बार बार दल की समस्याओं के लिए जिस बाहरी व्यक्ति का नाम आया वे अमर सिंह ही थे।  
अमर सिंह ने मुलायम सिंह की पावर आफ अटार्नी लेकर राजनीति में सबके साथ सौदा किया जिसमें दोनों पक्षों को ही फायदा हुआ, पर सब कुछ इतना व्यापारिक रहा कि कोई भी उनका अहसानमन्द नहीं हुआ। परमाणु समझौते के सवाल पर उन्होंने बामपंथियों के साथ धोखा करवाया और मनमोहन सिंह के खिलाफ आया अविश्वास प्रस्ताव गिर गया किंतु उसके बाद काँग्रेस ने उन पर कभी भरोसा नहीं किया। इससे पूर्व भी जब उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह को समर्थन की जरूरत पड़ी थी तो भाजपा के साथ गुप्त सौदा अमर सिंह के माध्यम से ही सम्भव हुआ था। रात्रि में बारह बजे के बाद अरुण जैटली से मिलने जाने वाले व इसे एक वकील और क्लाइंट की मुलाकात बताने वाले अमर सिंह ही थे। लोकप्रिय अभिनेता अमिताभ बच्चन को कर्जों से उभारने के लिए विज्ञापन का माडल बनने के लिए अमर सिंह ने ही प्रेरित किया था व जया बच्चन को राज्यसभा में भेजने व अमिताभ को उत्तर प्रदेश का ब्रांड एम्बेसडर बनवाने का काम अमर सिंह का ही था जिनकी लोकप्रियता के सहारे उन्होंने अपनी लोकप्रियता भी उभारी थी। बाद में अमिताभ भी उनसे उकता गये थे, और किसान बनने से तौबा कर ली थी। इन्हीं अमिताभ के लिए उन्होंने इलाहाबाद के आयकर कार्यालय में तोड़फोड़ करा दी थी।
अब यह लगभग तय हो चुका है कि समाजवादी पार्टी जो और जितनी भी शेष रहेगी उसमें मुलायम की भूमिका अडवाणी से अधिक नहीं रहने वाली है। अखिलेश युवा है, संसदीय दल का बहुमत उनके साथ है, उनका रिकार्ड साफ सुथरा है, उन्होंने एक बार डीपी यादव और दूसरी बार मुख्तार अंसारी के दल में प्रवेश का विरोध करके अपने नेतृत्व की समाजवादी पार्टी को अपराधियों की पार्टी होने की छवि से मुक्त कराया है। शासन में विकासोन्मुख राजनीति के नेता की तरह पहचान बनाने की कोशिश की है। प्रदेश में मुस्लिम नेतृत्व का प्रमुख चेहरा आज़म खान उनके साथ हैं व काँग्रेस समेत वामपंथी पार्टियों ने उन्हें समाजवादी पार्टी के नेता के रूप में मान्यता देकर उनकी धर्मनिरपेक्ष छवि को समर्थन दिया है। दूसरी ओर शिवपाल और मुलायम की छवि आधुनिक राजनीति के साथ मेल नहीं खाती। अमर सिंह, डीपी यादव, फूलन देवी, मुख्तार अंसारी, बाबू लाल कुश्वाहा, आदि अनेकों बाहुबलियों व आदर्शच्युत लोगों को पार्टी के साथ जोड़ने का कलंक शिवपाल मुलायम के साथ है।
अखिलेश को मुख्यमंत्री मुलायम ने ही कुछ दूरगामी सोच के आधार पर बनाया था जिसको अमर सिंह षड़यंत्र रच के बदलना चाहते थे अर्थात वे उनके फैसले के खिलाफ ही काम कर रहे थे। इसलिए अब अगर किसी को बाहर होना है तो अमर सिंह को ही होना है। मुलायम के खिलाफ सीबीआई की भी कोई कार्यवाही होती है तो उसका नुकसान भी समाजवादी पार्टी के खाते में नहीं जाने वाला। दूसरी ओर अमर सिंह का मूल चरित्र इतना प्रकट हो चुका है कि कोई भी दूसरी पार्टी उनका उपयोग भले ही कर ले पर उनकी हैसियत के अनुसार पद देकर पार्टी में भर्ती नहीं करेगी। अपनी पार्टी बना कर वे देख ही चुके हैं। वे ज्ञानी हैं, वाक्पटु हैं, हाज़िर जबाब हैं, रणनीति कुशल हैं पर अब मैदान से बाहर हो चुके हैं। अब अगर वे सर्वश्रेष्ठ कर सकते हैं तो यह कि वे सच्चे संस्मरणों की कोई किताब लिखें। यह किताब भारतीय राजनीति को दिशा देगी व जनता को चेतना देगी।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग, रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 09425674629

       

शुक्रवार, सितंबर 23, 2016

उत्तर प्रदेश का घटनाक्रम और कुछ बुनियादी सवाल

उत्तर प्रदेश का घटनाक्रम और कुछ बुनियादी सवाल
वीरेन्द्र जैन

उत्तर प्रदेश सरकार में गत दिनों जो कुछ चला, वह एक पार्टी या एक प्रदेश सरकार के संकट से अधिक, ऐसे संकटों की जड़ों को समझने की जरूरत बताता है। देश की विभिन्न सरकारों, विभिन्न दलों, और लोकतंत्र के विभिन्न स्तम्भों के बीच लगातार ऐसे ही टकराव चल रहे हैं जो कभी सतह पर आ जाते हैं और कभी अन्दर ही अन्दर व्यवस्था को खोखला करते रहते हैं। हमारा संविधान एक अच्छा संविधान है किंतु हमारे समाज से उसके अनुरूप ढलने की जो अपेक्षा की गयी थी, उसकी गति बहुत धीमी रही। परिणाम यह हुआ है कि बिना बड़े सामाजिक परिवर्तन के यह संविधान समाज के साथ साम्य नहीं बैठा पा रहा है।  
उत्तर प्रदेश की वर्तमान सरकार की वास्तविक स्थिति यह है कि वहाँ कहने को तो समाजवादी नाम की पार्टी की सरकार है किंतु वह उतनी ही समाजवादी है जितने कि पूर्व राजपरिवार के सदस्य अपने आप को महाराजा, कुँवरसाहब, राजमाता, नबाब आदि कहते, कहलवाते हैं। पहलवान मुलायम सिंह ने कभी लोहिया जी से गंडा बँधवा लिया था और खुद को समाजवादी कहने लगे थे किंतु अमर प्रेम में पड़ने के बाद उन्होंने लोहियाबाद से ऐसा पीछा छुड़ाया कि केवल समाजवादी शब्द ही इस तरह शेष रह गया जिस तरह कि बन्दर से आदमी बनने के बाद भी पूंछ का अंतिम वेर्टेब्रा बाकी बचा हुआ है। वे कभी समाजवादी मूल्यों के पक्षधर की तरह प्रविष्ट हुये थे और उनका राजनीतिक कद भी वैसा ही था जैसा कि शेष समाजवादियों का रहा, पर मंडल कमीशन आने के बाद वे अपने पहलवान पट्ठों के उस्ताद से यादवों के नेता के रूप में बदल गये जिन्होंने पहले बहुजन समाजवादी पार्टी के सहयोग से और बाद में संघ की हिंसा से आतंकित मुसलमानों के सहयोग से समाजवादी [यादववादी] सरकार बनायी। राममन्दिर का सूत्र हाथ आने के बाद संघ परिवार ने जिस तरह से देश में साम्प्रदयिक विभाजन का सपना देखा था उसमें बहुसंख्यकों का सम्भावित वर्चस्व तोड़ने के लिए सवर्ण सशक्त चतुर हिन्दुओं को मेहनतकश जातियों से दूर करने की आवश्यकता थी और इसी आवश्यकता ने मंडल आन्दोलन को जन्म दिया था। इस आन्दोलन का पिछड़ी जातियों के उत्थान से न कोई वास्ता था और न ही इसका कोई सामाजिक असर हुआ। इसी मंडल आन्दोलन ने श्रीमती इन्दिरा गाँधी के बाद उपजे शून्य को भरने के लिए कूद पड़े संघ परिवार को देश पर झपट्टा नहीं मारने दिया। इस बीच पहलवान मुलायम सिंह को अमर सिंह जैसा व्यक्ति मिल गया जिसके पास वह सब कुछ था जो मुलायम सिंह के पास नहीं था, और जिसे वह सब कुछ चाहिए था जो मुलायम के पास था। वाक्पटुता, प्रत्युन्न्मति, बयानबाजी, सौदेबाजी तथा पार्टी चलाने और धन की ताकत वाले विरोधियों से मुकबला करने के लिए कोष की व्यवस्था करने वाला भी चाहिए था। अमरसिंह ने मुलायम सिंह की समस्त कमियों की पूर्ति की जिसके बदले में जनसमर्थन विहीन अमरसिंह ने पद प्रतिष्ठा का उपहार पाया। सफल राजनीति के लिए दोनों ही कोणों को साधने की जरूरत होती है। मुलायम सिंह ने सोचे समझे ढंग से सरकार से मिलने वाले सारे लाभ अपनी जाति के लिए लुटा दिये जिससे पहली बार उनके जाति समाज को सत्ता की मिठाई का स्वाद चखने को मिला और ये समझ में आया कि हम जिन सवर्णों के लिए लठैती करते रहे वह लाभ तो खुद भी उठा सकते हैं बशर्ते कि सरकार हमारी ही बनी रहे। अब पूरे उत्तर प्रदेश में उनकी जाति के सूबेदार अपने हित में यादववादी सरकार बनाने के लिए कृतसंकल्प रहते हैं बशर्ते जीत के लिए किसी अन्य समुदाय का साथ मिल जाये। विचार से जुड़ी नहीं होने के कारण उनकी कथित पार्टी का विस्तार इलाके से बाहर नहीं हुआ। सीधे चुनाव में उन्हें अपनी जाति और परिवार के बाहर सफलता नहीं मिली।  
सत्ता पाने और बनाये रखने के लिए जो अनियमितताएं करनी होती हैं उसके अपने वैधानिक खतरे होते हैं, जिनसे बचने के लिए सत्ता सुख में डूबे दल निरंतर असुरक्षा की भावना में जीते हैं। यह भावना उन्हें किसी भी तरह से सुरक्षातंत्र को लगातार मजबूत करने के लिए प्रेरित करती है। धन का संचय भी ऐसा ही एक उपाय है। अनियमितताओं के समानांतर कानून भी अपना काम करता रहता है। लोकतंत्र में सत्ता भी दीर्घकालीन नहीं होती इसलिए तंत्र से बचाव भी करते रहना पड़ता है। 2012 के विधानसभा चुनाव के बाद अचानक अखिलेश को मुख्य मंत्री बनाना इसी सावधानी का हिस्सा था।
अमर सिंह की सलाह की सीमा में बंध जाने के बाद मुलायम सिंह ने सिर्फ और सिर्फ सत्ता की राजनीति की। अपनी सत्ता और उसके तंत्र को बचाये रखने व बढाने के लिए उन्होंने अपने प्रत्येक सहयोगी को धोखा देकर राजनीतिक लाभ उठाया। वीपी सिंह की सरकार उन्हीं के कारण गिरी थी, राष्ट्रपति के चुनाव व परमाणु समझौते के सवाल पर उन्होंने सीपीएम को धोखा दिया, प्रधानमंत्री पद के लिए सोनिया गाँधी को धोखा दिया, गठबन्धन के सवाल पर ममता बनर्जी को धोखा दिया बिहार चुनाव में लालू प्रसाद को धोखा दिया बगैरह। अमर सिंह को झूठमूठ का निकालने और वापिस ले लेने के मामले में अपने ही आज़म खान व रामगोपाल यादव को धोखा दिया तथा 2012 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री प्रत्याशी का नाम छुपा कर अपने मतदाताओं को धोखा दिया। सच तो यह है कि समाजवादी पार्टी में न कोई समाजवादी है और न ही कोई किसी सिद्धांत के साथ है न पार्टी जनता के साथ है। यह सत्ता पाने वाला एक गिरोह है जिसमें यादव सिंह जैसे हजारों करोड़ के इंजीनियर और मथुरा कांड जैसे भूमि अतिक्रमण वाले माफिया सुरक्षा पाते रहते हैं। वोटों के लिए बनावटी धर्म निरपेक्षता और भीतरी जोड़ तोड़ चलती रहती है। जब हित टकराने लगते हैं तो हलचल सामने आ जाती है।
मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, समेत समस्त छोटे राज्यों में इसी तरह की उठापटक चलती रहती है जिनके स्वरूप भिन्न हो सकते हैं किंतु बुनियाद एक जैसी है। इन्हें देख कर लगता है कि हम ऐसे सामंती युग में जी रहे हैं जिसका पूंजीवाद के साथ कोई टकराव नहीं है। इसे बदलने के लिए एक नये तरह के बड़े सामाजिक आन्दोलन की जरूरत है। ऐसे परिवर्तन की प्रतीक्षा में हम कभी जेपी के आन्दोलन, कभी वीपी सिंह, अन्ना, आम आदमी पार्टी, के पास भटकते हैं, पर अंततः निराश होते रहे हैं। नोटा के वोटों की वृद्धि कुछ संकेत दे रही है जिसे समझने की जरूरत है।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग, रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 09425674629

   

शुक्रवार, नवंबर 27, 2015

अमर मुलायम फिर से गलबहियां करते हुये

अमर मुलायम फिर से गलबहियां करते हुये
                                                                            वीरेन्द्र जैन

      कभी अपने आप को मुलायम सिंह का हनुमान और कभी टेलर बताने वाले अमर सिंह ने समाजवादी पार्टी से निकाले जाने के बाद धमकी दी थी कि अगर उन्होंने मुँह खोल दिया तो सपा नेता जेल में होंगे। बहरहाल उनका मुँह नहीं खुल सका था व राजनीति में उन्होंने काँग्रेस अध्यक्ष के दरवाजे पर ढोक देने और जयप्रदा से दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा का प्रचार करके देख लिया था पर अंत में मुलायम सिंह की शरण में आना पड़ा।
      जहाँ तक मुलायम सिंह से उनकी पुरानी मित्रता का सवाल है तो उसे वे तिलांजलि दे चुके थे। वे एक दूसरे के पूरक रहे हैं। ठाकुर अमर सिंह के राजनीतिक उत्थान और उसके सहारे हुये उनके आर्थिक उत्थान में यादव जाति के समर्थन से नेता बने मुलायम सिंह यादव का समुचित योग दान रहा था। दूसरी ओर राजनीति में अर्थजगत के महत्व को उन्होंने ही पहलवान मुलायम सिंह को समझाया था। इस दौरान वे दो जिस्म एक जान थे। उनके ब्रेकअप प्रमाण तो उनके निम्नांकित बयानों से ही मिलता रहा था जिनका ना तो उन्होंने कभी खण्डन किया और ना ही ये कहा था कि ये प्रैस ने तोड़ मरोड़ कर छाप दिये हैं-  
 -मुम्बई। अमर सिंह ने कहा कि सपा का अर्थ मुलायम सिंह और उनका परिवार है और कुछ नहीं।[अगस्त 2010]
      -इलाहाबाद। समाजवादी पार्टी के पूर्व महा सचिव अमर सिंह ने रविवार को सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव पर अब तक का सबसे करारा हमला बोला है। अमर ने कहा है कि उनके जीने से ज्यादा जरूरी है मुलायम सिंह यादव का मरना। मुलायम सिंह ने मुसलमानों को हमेशा धोखा दिया है। [10 अगस्त 2010]
      -रायबरेली। सोनिया के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में दंगल प्रतियोगिता के उद्घाटन में शामिल होने आये समाजवादी पार्टी के निष्कासित नेता अमर सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गान्धी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की जम कर तारीफ की साथ ही सोनिया गान्धी को अच्छे व्यक्तित्व वाली दुनिया की सबसे बेहतर नेता भी बताया। [1 सितम्बर 2010]
लखनउ। अमर सिंह ने यहाँ आयोजित “ देश के मौजूदा हालात और मुसलमान” विषय पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि चौदह साल तक जिनकी जबान को कुरान की आयत और गीता का श्लोक समझा उन्हीं ने हमें रुसवा किया। मुलायम सिंह ने ही कल्याण सिंह को सपा में शामिल किया। व्यक्तिगत रूप से में कल्याण सिंह को मुलायम सिंह से बेहतर व्यक्ति मानता हूं क्योंकि वे साफ बात करते हैं और अपने कार्यों को स्वीकार करते हैं। कभी हमारे बगलगीर रहे मुलायम वर्ष 2003 में जनादेश की वजह से नहीं बल्कि मेरी कलाकारी से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने रह सके थे। राज बब्बर को समाजवादी पार्टी में लाने और विश्व हिन्दू परिषद के वरिष्ठ विष्णु हरि डाल्मियाँ के बेटे संजय डाल्मियाँ को पार्टी का कोषाध्यक्ष और सांसद बनाने वाले मुलायम सिंह ही हैं। [19 अक्टूबर 2010]
      नई दिल्ली। मुलायम सिंह मेरे घर पर कब्जा किये हुये हैं और खाली नहीं कर रहे हैं। महारानी बाग का यह घर मैंने ही मुलायम सिंह को दिया था जिसका किरायानामा राम गोपाल के नाम से बना हुआ है जो मुलायम सिंह के निकट के रिश्तेदार हैं [नवम्बर 2010]
      कभी सोनिया गान्धी को प्रधानमंत्री न बनने देने के लिए विदेशी मूल का मुद्दा उछालने वाले अमर सिंह उस समय प्रति दिन मुलायम सिंह को कोसते रहते हैं। ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब वे मुलायम सिंह और उनके रिश्तेदारों, भाई भतीजों के खिलाफ असंसदीय भाषा में कुछ न कुछ नहीं कहते रहे हों। अपने एक बयान में उन्होंने कहा था “आजम खान यह समझ लें कि अगर मैंने मुँह खोल दिया तो मुलायम सिंह यादव मुश्किल में पड़ जायेंगे, उनको जेल जाना पड़ सकता है, जो आजम खान मुझे दलाल कह रहे हैं, पहले वे जरा यह बताएं कि मैंने उन्हें क्या क्या दिया है। मुझे सप्लायर कहने वाले समाजवादी पार्टी के अन्य नेता भी आगे आकर बताएं कि मैंने उन्हें या मुलायम सिंह को क्या सप्लाई किया है,”।
इतना सब कुछ कह लेने के बाद उन्होंने और क्या छुपा लिया, और क्या छुपाना चाहते थे? यह राजनीतिज्ञों की भाषा नहीं अपितु ब्लेकमेलरों की भाषा थी। पता नहीं कि वे सार्वजनिक रूप से अपने पूर्व मित्र जिन मुलायम सिंह यादव के मरने तक की कामना करते थे उन्हें जेल जाने से वे क्यों बचाना चाहते रहे? कहीं ऐसा तो नहीं कि ऐसी कोई बात कहने पर वे खुद किसी अधिक बड़े मामले में सम्मलित हों और उसी से बचने के लिए वे गोलमाल भाषा में धमकी देते रहे हों।
       जनाधार विहीन नेता हमारे लोकतंत्र के लिए एक बड़े तमाशे की तरह हैं जो जनता को निरी मूर्ख और स्मृतिहीन मानते हैं। ऐसे लोग ही लोकतंत्र को जोड़तोड़ और जनसमर्थन को कारपोरेट घरानों के यहाँ गिरवी रखवाने का काम करते रहते हैं। लायजिनिंग का जो काम नीरा राडिया राजनीति में आये बिना करती रहीं वही काम कुछ लोग राज्यसभा की सदस्यता हथिया कर उससे मिली विशिष्ट स्तिथि का दुरुपयोग करते हुये करते रहे हैं।
            अमर और आज़म दोनों एक साथ नहीं रह सकते। आज़म जनाधार वाले नेता हैं और अमर जोड़तोड़ वाले नेता है। दोनों में से किसी का भी विरोध मुलायम को मँहगा पड़ने वाला है।
वीरेन्द्र जैन      
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो.  9425674629  



मंगलवार, मार्च 13, 2012

उत्तर प्रदेश- मुख्यमंत्री चयन में अमर सिंह की भूमिका


उत्तर प्रदेश – मुख्यमंत्री चयन में अमर सिंह की भूमिका  
वीरेन्द्र जैन    
      उत्तर प्रदेश के चुनाव परिणाम आ चुके हैं तथा सपा बसपा, भाजपा, कांग्रेस को प्राप्त सीटें, मत, आदि के बारे में विस्तार से चर्चाएं हो चुकी हैं व हो रही हैं। प्रदेश में अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाये जाने के नेपथ्य में किसी समय के सब से महत्वपूर्ण व्यक्ति और उसकी नई पार्टी के बारे में चर्चा जरूरी है। मेरा आशय, श्री अमर सिंह और उनकी पार्टी लोकमंच से है जिसे लोकसभा और राज्य सभा में प्रतिनिधित्व करने वाले दो सांसदों के भरपूर प्रचार के बाद भी कहीं कोई सफलता नहीं मिली। कहने की जरूरत नहीं कि कभी समाजवादी पार्टी के सहारे देश की राजनीति में सक्रिय दखल रखने वाले अमर सिंह को लोकतंत्र में अपनी हैसियत का अहसास हो गया होगा। पूर्वांचल का नारा उछालने और समुचित मात्रा में धन व्यय करने के बाद भी फिलहाल उनका कोई राजनीतिक भविष्य नहीं दिखता। अपने धन के बल पर वे किसी पिछड़े राज्य से एक राज्यसभा की सीट खरीद सकते थे या अपने पुराने मित्र अरुण जैटली के सहारे भाजपा में सम्मलित होकर राज्य सभा में पहुँचने का प्रयास कर सकते थे, किंतु उत्तर प्रदेश में बाबूलाल कुशवाहा को सम्मलित करने के बाद भाजपा  के अन्दर जितना तीव्र विरोध उभरा था उसे देखते हुए अब अरुण जैटली भी यह साहस नहीं जुटा पायेंगे। स्मरणीय है कि समाजवादी पार्टी को छोड़ने के बाद जब वे इंगलेंड गये थे तब वहाँ पर उनके कभी के ‘बड़े भाई’ अमिताभ बच्चन भी प्रवास पर थे किंतु उन्होंने बहाँ प्रवास पर गये हुए अरुण जैटली से लम्बी बात करना ज्यादा जरूरी समझा था। उन्होंने ही कभी जैटली के सहारे भाजपा से परोक्ष मदद लेकर मुलायम की सरकार बनवायी थी और तभी से मुलायम सिंह भाजपा के प्रति मुलायम हो गये थे। भाजपा के अन्य लोग उन्हें इसलिए भी पसन्द नहीं करेंगे क्योंकि न्यूक्लियर डील के मसले पर आये अविश्वास प्रस्ताव पर भाजपा के सांसदों को खरीदने का काम करने का आरोप अमर सिंह पर ही लगा था जिसके लिए उन्हें जेल तक की हवा खानी पड़ी। यह मामला अभी तक लम्बित है और सुप्रीम कोर्ट के रुख को देखते हुए इसमें दोषी पाये गये लोगों को दण्ड मिलना तय है। स्मरणीय है कि संसद में नोटों की गिड्डियां उछाले जाने के दृष्य को देश के चालीस लाख लोग देख रहे थे, यदि फिर भी किसी को सजा नहीं मिली तो देश की जनता का न्याय पर से रहा सहा विश्वास भी उठ जायेगा और सदन एक तमाशा बन कर रह जायेगा। इसलिए दोनों पक्षों में से किसी एक पक्ष को सजा मिलना तय होने के कारण यह गठजोड़ सम्भव नहीं हो सकता।
      सम्भावना यह भी हो सकती है कि वे सारे गिले शिकवे भुला कर मुलायम सिंह से आजम खान की तरह गले मिल जायें क्योंकि मुलायम सिंह अंतिम समय तक उन्हें पार्टी से निकालने से डरते रहे थे, पर मुलायम सिंह का परिवार उन्हें फूटी आँख भी नहीं देखना चाहता जिनमें अखिलेश भी शामिल हैं। पार्टी से अलग होने के बाद वे कहते भी रहे हैं कि समाजवादी पार्टी एक परिवार की पार्टी होकर रह गयी है। पिछले दिनों वे मुलायम सिंह के खिलाफ इतना विषवमन कर चुके हैं कि उन्हें वापिस लेने से समाजवादी पार्टी की लोकप्रियता का ग्राफ भाजपा की तरह एकदम नीचे चला जायेगा। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर कहा है-
“ उनके जीने से ज्यादा जरूरी है मुलायम सिंह यादव का मरना। मुलायम सिंह ने मुसलमानों को हमेशा धोखा दिया है।“  [दैनिक भास्कर 10 अगस्त 2010]
            “चौदह साल तक जिनकी जबान को कुरान की आयत और गीता का श्लोक समझा उन्हीं ने हमें रुसवा किया। मुलायम सिंह ने ही कल्याण सिंह को सपा में शामिल किया। व्यक्तिगत रूप से में कल्याण सिंह को मुलायम सिंह से बेहतर व्यक्ति मानता हूं क्योंकि वे साफ बात करते हैं और अपने कार्यों को स्वीकार करते हैं। कभी हमारे बगलगीर रहे मुलायम वर्ष 2003 में जनादेश की वजह से नहीं बल्कि मेरी कलाकारी से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने रह सके थे। राज बब्बर को समाजवादी पार्टी में लाने और विश्व हिन्दू परिषद के वरिष्ठ विष्णु हरि डाल्मियाँ के बेटे संजय डाल्मियाँ को पार्टी का कोषाध्यक्ष और सांसद बनाने वाले मुलायम सिंह ही हैं।“ जनसत्ता 19 अक्टूबर 2010]
      “मुलायम सिंह मेरे घर पर कब्जा किये हुये हैं और खाली नहीं कर रहे हैं। महारानी बाग का यह घर मैंने ही मुलायम सिंह को दिया था जिसका किरायानामा राम गोपाल के नाम से बना हुआ है जो मुलायम सिंह के निकट के रिश्तेदार हैं” [डीबी स्टार नवम्बर 2010]
      “आजम खान यह समझ लें कि अगर मैंने मुँह खोल दिया तो मुलायम सिंह यादव मुश्किल में पड़ जायेंगे, उनको जेल जाना पड़ सकता है, जो आजम खान मुझे दलाल कह रहे हैं, पहले वे जरा यह बताएं कि मैंने उन्हें क्या क्या दिया है। मुझे सप्लायर कहने वाले समाजवादी पार्टी के अन्य नेता भी आगे आकर बताएं कि मैंने उन्हें या मुलायम सिंह को क्या सप्लाई किया है,”।
“अखिलेश को मैंने ही आस्ट्रेलिया भिजवाया था तथा मेरी ही राजनीति के सहारे यह चुनाव जीत सके हैं”
अमर सिंह दाँवपेंच की जिस राजनीति के सहारे मुलायम के जनसमर्थन का सौदा उद्योगपतियों और व्यापार की राजनीति करने वालों से करते रहे हैं उसमें बहुत कुछ काला सफेद करना पड़ता है जिसे उन्होंने मुलायम सिंह की ओट में किया होगा। यही कारण है कि वे बार बार यह कहते रहते हैं कि अगर मैंने मुँह खोल दिया तो वे मुश्किल में पड़ जायेंगे। बहुत सम्भव है कि मुलायम सिंह द्वारा मुख्यमंत्री का पद ग्रहण न करने और सत्त्ता से दूर रहने के साथ साफ सुथरे जीवन वाले युवा अखिलेश को मुख्य मंत्री बना कर दूरदर्शिता से काम लिया हो। देखना होगा कि उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण प्रदेश में अनुभव हीन युवा मुख्यमंत्री कैसी कैसी चुनौतियों का सामना करता है!
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629


  

गुरुवार, सितंबर 22, 2011

खण्डित विश्वास को सम्हालने की चुनौती

                 खण्डित विश्वास को सम्हालने की चुनौती
                                                            वीरेन्द्र जैन 


      राज्य सभा सदस्य अमर सिंह जी जेल में हैं। भाजपा के लोकसभा सदस्यों ने परमाणु विधेयक पर हुए मतदान के दौरान उनको खरीदे जाने के लिए दिये गये नोटों के बंडलों को सदन में लहराते हुए उन्हें अमर सिंह द्वारा दिया गया बताया था। भाजपा द्वारा एक टीवी चैनल से इसका स्टिंग आपरेशन भी करवाया गया था, पर उस चैनल ने कतिपय कारणों से उसे दिखाना स्थगित कर दिया था। जिस समय इस दृष्य का टीवी पर सीधा प्रसारण चल रहा था उस समय देश के चालीस लाख शिक्षित और राजनीति में रुचि रखने वाले लोग इसे देख रहे थे। अमर सिंह जी इस लेनदेन में अपनी भूमिका से इंकार कर रहे हैं पर परिस्तिथिजन्य साक्ष्य उनकी ओर इशारा करते हैं। देश के लब्ध प्रतिष्ठित वकील श्री राम जेठमलानी, जिन्होंने भाजपा के शिखर पुरुष श्री अटल बिहारी वाजपेयी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, पर गुजरात के चर्चित मुख्यमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की वकालत करने की शर्त पर भाजपा ने उन्हें राज्य सभा के लिए चुनवाया था, अब अमर सिंह के वकील हैं, और उन्होंने कोर्ट में अमर सिंह की ओर से कहा कि यह पैसा भाजपा का हो सकता है क्योंकि श्री लाल कृष्ण अडवाणी ने कहा है कि स्टिंग आपरेशन और सदन में धन का यह प्रदर्शन उनकी सलाह से किया गया था इसलिए मुझे भी गिरफ्तार करो। वैसे पूर्व उपप्रधानमंत्री श्री अडवाणीजी के निजी सचिव रहे सुधीर्ण कुलकर्णी से भी पुलिस ने पूछताछ की थी और वे जेल में हैं। उन्होंने पुलिस को क्या बयान दिया है यह अभी रहस्य बना हुआ है, पर इस बीच अचानक ही अडवाणीजी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ देशव्यापी रथयात्रा निकालने की घोषणा कर दी है और यह भी बताया कि इस यात्रा के लिए उन्होंने अपने पार्टी अध्यक्ष से अनुमति ली है, पर पार्टी अध्यक्ष इस विषय पर मौन हैं। दूसरी बार श्री जेठमलानी ने धन के लेन देन का आरोप कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य श्री अहमद पटेल पर लगा दिया।
      अमर सिंह की घनिष्ठ मित्र और लोक सभा सदस्य जया प्रदा ने अमर सिंह के स्वास्थ की दुहाई देते हुए बयान दिया कि अगर उन्होंने मुँह खोल दिया तो बहुत सारे लोग मुश्किल में पड़ जायेंगे, जिसका मतलब है कि या तो श्री अमर सिंह पर लगे आरोप सही हैं या वे सच्चाई छुपाने के लिए मुँह बन्द किये हुए हैं, और उन लोगों से मुँह बन्द रखने का सौदा करना चाहते हैं जो उनके मुँह खोल देने से मुश्किल में पड़ सकते हैं। जिन मुलायम सिंह ने अमर सिंह को अपनी पार्टी से निकाल दिया था और उसके बाद से निरंतर उनकी अशालीन आलोचना झेल रहे थे, उनके पक्ष में बयान देकर कहा है कि वे निर्दोष हैं। नरेन्द्र मोदी के राज्य गुजरात के ब्रांड एम्बेसडर अमिताभ बच्चन जो कभी कांग्रेस के सांसद रहे थे और जिनकी पत्नी पिछले दिनों तक समाजवादी पार्टी की सांसद थीं, अमर सिंह से मिलने एम्स पहुँचे और अपने कीमती वक्त में से दो घण्टे साथ बिताये। अमर सिंह जी की भाजपा नेता अरुण जैटलीजी से गोपनीय मुलाकातें अखबारों की सुर्खियां बनती रही हैं।
      इस घटनाक्रम में सभी प्रमुख दल कहीं न कहीं जुड़े हुए हैं और अनेक दलों के सदस्यों ने अपनी पार्टी के निर्देश के खिलाफ मतदान किया था। सीपीएम जैसी अनुशासित पार्टी के सदस्य सोमनाथ चटर्जी ने, जो लोकसभा के अध्यक्ष पद को सुशोभित कर रहे थे अपनी पार्टी के निर्देश को न मानते हुए अध्यक्ष पद से त्यागपत्र देने से इंकार कर दिया था जिस की वजह से पहले मतदान होने और सदस्यों की पक्षधरता का राज उजागर होने से रह गया था।
      उपरोक्त घटना के लिए गठित की गयी जेपीसी [संयुक्त संसदीय समिति] भी किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुँच पायी थी तब इस प्रकरण की जाँच को पुलिस को देने का फैसला हुआ था। हाई प्रोफाइल लोगों से जुड़ा होने के कारण दिल्ली पुलिस ने इसे ठंडे बस्ते में डालकर रख दिया था, पर एक जनहित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस को लताड़ पिलायी और समय बद्ध ढंग से जाँच करके दोषियों पर प्रकरण दर्ज करने के कठोर आदेश दिये तब ही वे आगे बड़े और सम्बन्धितों से पूछताछ की।
      जब सदन में नोट लहराये जा रहे थे उस दौरान ही राजद के श्री लालू प्रसाद ने जो उस समय देश के रेल मंत्री थे, सम्बन्धितों का नार्को टेस्ट कराने का सुझाव दिया था जिसे उनकी छवि के कारण एक मजाकिया सुझाव समझा गया था जबकि वे यह बात गम्भीरता से कह रहे थे। पूरा सदन, मीडिया ही नहीं अपितु देश के चालीस लाख लोगों ने जिस दृश्य को देखा उसके बारे में हमारी जाँच एजेंसियां अब तक यह पता नहीं लगा पायी हैं कि ये पैसा कहाँ से आया था और किस कारण से इस इतनी बड़ी रकम को इतनी उदारता से दिया गया था। अगर यह देश का ही था और लेनदेन में लग रहा था तो यह काला धन ही रहा होगा, अतः देशहित में इसका पता लगना चाहिए कि इस  काली राशि को किस काले तरीके से अर्जित किया गया था। पर यदि विदेशी पैसे से सांसदों के ईमान को खरीदा जा रहा था तो देश के लोकतंत्र और सुरक्षा को कितना बड़ा खतरा है, यह विचारणीय है।
      एक प्रदेश की मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के साथ विदेश यात्रा पर जाने से मना कर देती हैं क्योंकि उनके अनुसार एक नदी के पानी के बँटवारे पर वे सहमत नहीं हैं जिससे देश के प्रधानमंत्री की किरकरी होती है और उस देश से कुछ बहुत जरूरी समझौते नहीं हो पाते। जनसंहार के आरोपों से घिरे एक प्रदेश के मुख्य मंत्री उस समय सद्भावना के लिए उपवास करते हैं जब उनका मामला सुप्रीम कोर्ट लोअर कोर्ट को यह कह कर भेज देता है कि उसकी निगरानी की जरूरत नहीं है, इन्हीं मुख्यमंत्री को अदालत ने तड़ीपार करने के आदेश दिये हुए हैं और एक महिला मंत्री सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जेल की हवा खा रहे हैं। एक प्रदेश के मंत्री एक नर्स के गायब होने के आरोपों से घिरे हैं।
      देश की सबसे आदरणीय संस्था के तीन सौ सदस्य करोड़पति हैं और 139 सदस्यों पर गम्भीर आरोपों के प्रकरण दर्ज हैं। सभी प्रमुख दलों के कतिपय सदस्य किन्हीं न किन्हीं कारणों से जेल की हवा खाने को मजबूर हो रहे हैं और यह तब हो सका है जब उनके जेल जाने से बचने के सारे हथकण्डे आजमाये जा चुके होते हैं। इनमें मंत्रिमण्डल के सदस्य भी हैं। कभी मंत्रिमण्डल में रहे एक सदस्य को आजीवन कारावास की सजा भी हो चुकी है और ये सजाएं किसी राजनीतिक आन्दोलन के लिए नहीं दी गयी हैं। देश के जनप्रतिनिधियों और उनके निकट के रिश्तेदारों की सम्पत्ति में तेजी से वृद्धि देखी जा रही है। जब आयकर विभाग के छापे पड़ते हैं तो इन रिश्तेदारों, उनके विभाग से जुड़े अधिकारियों के घरों से बरामद नोटों को गिनने के लिए नोट गिनने की मशीनें लगानी पड़ती हैं।
      जो भी कोई भ्रष्टाचार का विरोध करता नजर आता है उसकी जय जय कार होने लगती है चाहे वह बाबा भेषधारी उद्योगपति ही क्यों न हो। पर जब इन भ्रष्टाचार का विरोध करने वालों की पोल खुलती है तो जनता की आँखें फटी की फटी रह जाती हैं। ऐसे में जब सरकारी रिपोर्ट में पता चलता है कि देश की 74% आबादी बीस रुपये रोज पर गुजर करने को मजबूर है और उसमे से भी 39% की आमदनी तो कुल नौ रुपये रोज है, देश में दो लाख किसान प्रतिवर्ष आत्महत्या कर लेने को मजबूर हैं तब सहज सम्भव है कि आदमी सौ दो सौ रुपयों में अपना वोट बेच दे ताकि उसे इसके बदले में उधार के आश्वासनों की जगह कुछ तो नगद मिले। जब लोकतंत्र बिके हुए वोटों के बहुमत और गठबन्धन की मजबूरियों से चलता है तो ऐसे में अगर जनता का भरोसा टूट रहा है तो यह सहज सम्भव है। इस खण्डित विश्वास को सम्हालना ही आज सबसे बड़ी चुनौती है।
वीरेन्द्र जैन
2/1   शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा सिनेमा के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मोबाइल 9425674629
      

मंगलवार, अप्रैल 26, 2011

क्या देश के 'अमर सिंह' भारतीय विक्कीलीक्स' बनना पसन्द करेंगे?



क्या देश के ‘अमर सिंह’ ‘भारतीय विकीलीक्स’ बनना पसन्द करेंगे
वीरेन्द्र जैन
जब भ्रष्टाचार से त्रस्त देश अन्ना हजारे के नेतृत्व में प्रकाश की एक क्षीण सी किरण देख रहा था और अपने गिने चुने सहयोगियों के सहारे सत्तारूढों को नये लोकपाल विधेयक पर सरकार को झुकी हुयी दिखने में कामयाब हो चुके थे उसी समय यथास्तिथि से लाभांवित लोगों द्वारा उनके सहयोगियों पर तरह तरह के मामलों पर हमले शुरू कर दिये गये। इन हमलों में सबसे प्रभावी हमला अमर सिंह की ओर से किया गया जिन्होंने न केवल शांतिभूषण की बातचीत की एक सीडी ही पेश की अपितु नोइडा में बेहद कीमती प्लाट्स के एलाटमेंट में उनके प्रति किये गये पक्षपात का आरोप लगाते हुए उसे अवैध सौदा बतलाया।
अमर सिंह की छवि एक कूटनीतिज्ञ की छवि है जो किसी को सत्ता दिलाने या सत्ता से हटाने, सत्तारूढों को कारपोरेट जगत से जोड़ने और इस जोड़ से दोनों ही पक्षों को लाभान्वित होने का अवसर दिलाने, दलबदल कराने या रोकने, किसी के पक्ष में न्याय कराने के लिए यथासम्भव व्यवस्थाएं कराने आदि के रूप में पहचानी जाती है। वे वाक्पटु हैं और तीखा कटाक्ष करते हैं। उनकी प्रत्युन्मति विलक्षण है। उन्होंने अपनी इन्हीं क्षमताओं से न केवल मुलायम सिंह को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री ही बनवाया अपितु अल्पमत में आने के बाद भी बनाये भी रखा था। उन्होंने ही एक समय विदेशीमहिला का नारा गढ कर श्रीमती सोनिया गान्धी को प्रधानमंत्री के रूप में चुने जाने के लिए बहुमत नहीं बनने दिया था और उनकी पार्टी से बिना पूछे हुये ज्योति बसु का नाम उछाल दिया था। बाद में उन्होंने ही मुलायम सिंह से मनमोहन सिंह सरकार को समर्थन दिलवाया और परमाणु विधेयक पर बामपंथियों द्वारा यूपीए की गठबन्धन सरकार से समर्थन वापिसी की घोषणा से उत्पन्न संकट के समय समाजवादी पार्टी को यू टर्न दिलाकर सरकार बचा दी थी जिसके बदले में वे मुलायम सिंह को गृह मंत्री बनवाना चाहते थे, पर काम निकलने के बाद उनके प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया गया। इसी दौरान भाजपा के कुछ संसद सदस्यों ने सदन के पटल पर एक करोड़ रुपये पटक कर उन्हें दलबदल के लिए अमर सिंह द्वारा दी गयी राशि बतलाया था।
पहले कांग्रेस और बाद में समाजवादी पार्टी से होते हुए अब अपनी अलग पार्टी बनाने वाले जनाधारहीन अमर सिंह ने राजनीति में कभी भी विचार सिद्धांत या शुचिता को महत्व नहीं दिया। वे सब कुछ किसी व्यापारिक सौदों की तरह निबटाते रहे। समाजवादी पार्टी से निकाले जाने के बाद सोनिया गान्धी और राहुल की प्रशस्ति गाकर कांग्रेस का दरवाजा खटखटाने वाले, अचानक ठाकुर होकर पूर्वांचल राग छेड़ देने वाले, व कभी भाजपा को पानी पी पी के कोसने वाले अमर सिंह अब कहने लगे हैं कि उन्हें भाजपा से भी गुरेज नहीं है। कभी कोई आम चुनाव नहीं जीत पाने वाले अमर सिंह शिखर की राजनीति पर बड़े बड़े चुने हुओं को नचाने की क्षमता रखते हैं, और बहुत सारे तो उन्हीं के दिये पैसे से चुनाव जीतते रहे हैं। पिछले कई महीनों से वे मुलायम सिंह के राज खोल देने की धमकियां दे कर उन्हें समझौते की मेज पर बुलावा भेजते रहे हैं। इस समय उन्हें राज्यसभा में पुनर्निर्वाचन की व्यवस्था जमानी है जिसके लिए वे भाजपा समेत किसी भी सक्षम दल को मदद करने के लिए उतावले बैठे हैं।
भारत की समकालीन राजनीति में ऐसे वे अकेले नहीं हैं अपितु कई छोटे मोटे अन्य अमर सिंह भी पड़े हैं, जो राज नेताओं के बीच फैले भयानक भ्रष्टाचार से परिचित हैं और अपने स्वार्थ में उक्त भ्रष्टाचार की जानकारी को छुपाये रख कर अपने हित साधते रहते हैं या कोई और लक्ष्य पाना चाहते हैं। विचारों और सिद्धांतों से विहीन राजनीति में सांसद और विधायक बनने के लिए करोड़पतियों में जो अन्धी लालसा देखी जा रही है उसके पीछे अपनी कमाई हुयी अवैध दौलत की सुरक्षा और सत्ता के सहारे सरकारी सुरक्षा में लूट के अवसर तलाशने के लक्ष्य रहते हैं। बहुत सारे ऐसे लोग इसमें सफल भी हो चुके हैं। सरकारी जमीनों, बंगलों, औद्योगिक क्षेत्रों करोड़ों की वस्तु कोड़ियों में हथियाने अपनी संतति और रिश्तेदारों को प्रशासनिक मशीनरी में फिट कराने, लाइसेंस कोटा आदि को नियम विरुद्ध हस्तगत करने तथा स्थापित धन्धों में श्रम, राजस्व आदि कानूनों की अवहेलना करने के लिए ही ऐसे लोग राजनीति में आते हैं, सत्तामुखी दलों की सदस्यता लेते हैं और मंत्री सांसद विधायक अदि बनना चाहते हैं। इन सारे कामों के लिए जो विचलन करने होते हैं वे अकेले नहीं किये जा सकते इसलिए उनके निकट के लोग राजदार हो जाते हैं। ‘अमर सिंह’ ऐसे अवसरों को भुनाने वाले कुशल कारीगर होते हैं जो इस बात से भी प्रकट है कि उक्त ठाकुर अमर सिंह ने शांतिभूषण-प्रशांतभूषण वाले कथित सौदे की सीडी बना कर रखी हुयी थी। सीडी के असली नकली होने का फैसला तो होता रहेगा किंतु यह बात तो तय हो चुकी है कि अमर सिंह जैसे लोग इस तरह के कामों के रिकार्ड भी रखते हैं ताकि वक्त जरूरत काम आये। यह बिल्कुल ऐसा ही है जैसे अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के कार्यालय में काम करने वाली लड़की मोनिका ने उनके साथ अपने अंतरंग सम्बन्धों में गन्दी हुयी चड्ढी भी प्रमाण के लिए सम्हाल कर रखी हुयी थी।
आज सारी दुनिया विक्कीलीक्स के खुलासों के द्वारा अज्ञात सूचनाओं, आशंकाओं, अफवाहों आदि के पुख्ता प्रमाण प्राप्त कर रही है तब इस बात की उम्मीद करने में क्या बुराई है कि हमारे देश के राजनीति में चुक चुके ‘अमर सिंह’ जो प्रत्येक बड़ी पार्टी और बड़े नेता के आसपास रह रहे होंगे वे भारतीय राजनीति की विक्कीलीक्स प्रारम्भ कर दें। हमारे देश में भी 1957 में केरल की पहली गैरकांग्रेसी सरकार गिराने से लेकर दलबदल कराने, राजनीतिक हितों के लिए साम्प्रदायिक दंगे कराने, विधायकों को कैद करके उन्हें पर्यटन कराने, अविश्वास प्रस्ताव पर विश्वास प्राप्त करने आदि की हजारों शर्मनाक और आँखें खोल देने वाली गाथाएं दबी पड़ी हैं। इलेक्ट्रोनिक संसाधनों के विकास के बाद न जाने ऐसे कितने प्रमाण कितने अमर सिंहों के पास दबे पड़े होंगे या स्मृतियों में होंगे। जब भ्रष्टाचार के खिलाफ एक आवाहन पर जनता ने अपना समर्थन दे अपनी पसन्दगी जाहिर कर दी है तब अपनी अपनी किडनियां खो चुके इन सारे अमर सिंहों को अपनी अपनी विक्कीलीक्स एक साथ खोल देना चाहिए ताकि यह देश देख सके कि हमारे कर्णधारों में कौन कौन किस किस गड्ढे में पड़ा हुआ है। अगर वे इस उचित समय पर ऐसा नहीं करेंगे तो बहुत सम्भव है कि कल के दिन कोई जाँच एजेंसी नार्को टेस्ट के द्वारा इनका खुलासा करवाये। यह नहीं भूलना चाहिए कि परमाणु विधेयक पर आये विश्वास के संकट के समय जब भाजपा सांसदों ने एक करोड़ रुपये संसद के पटल पर रखे थे तब तत्कालीन केन्द्रीय मंत्री श्री लालू प्रसाद यादव ने सच्चाई जानने के लिए उनके नार्को टेस्ट का सुझाव दिया था।
जनता की बेहद माँग पर केन्द्र के उन केबिनेट मंत्री के सुझाव को मानने का अवसर भी आ सकता है।



वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629

बुधवार, दिसंबर 08, 2010

यह ब्लेकमेलरों की भाषा है language of blackmailers


यह ब्लैकमेलरों की भाषा है

वीरेन्द्र जैन
कभी अपने आप को मुलायम सिंह का हनुमान और कभी टेलर बताने वाले अमर सिंह ने अब कहना शुरू कर दिया है कि अगर उन्होंने मुँह खोल दिया तो सपा नेता जेल में होंगे।
इन दिनों कोई एमरजैंसी नहीं लगी हुयी है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर कोई प्रतिबन्ध नहीं है और संघ के पूर्व सर संघ चालक समेत कोई भी कुछ भी बोल रहा है, तब फिर समाजवादी पर्टी के पूर्व महासचिव अमर सिंह को मुँह खोलने से कौन रोक रहा है? जहाँ तक मुलायम सिंह से उनकी पुरानी मित्रता का सवाल है तो उसे तो वे वैसे भी कब की तिलांजलि दे चुके हैं। वे भूल चुके हैं कि ठाकुर अमर सिंह के राजनीतिक उत्थान और उसके सहारे हुये उनके आर्थिक उत्थान में यादव जाति के समर्थन से नेता बने मुलायम सिंह यादव का समुचित योग दान रहा था, और मुलायम सिंह को राजनीति में अर्थजगत के महत्व को उन्होंने ही पहलवान मुलायम सिंह को समझाया था। इस दौरान वे मुलायम सिंह यादव को दो जिस्म एक जान कहते थे। इस अहसान फरामोशी का प्रमाण तो उनके निम्नांकित बयानों से ही मिल जाता है जिनका ना तो उन्होंने कभी खण्डन किया और ना ही ये कहा कि ये प्रैस ने तोड़ मरोड़ कर छाप दिये हैं-
-मुम्बई। अमर सिंह ने कहा कि सपा का अर्थ मुलायम सिंह और उनका परिवार है और कुछ नहीं।[पीपुल्स समाचार] -इलाहाबाद। समाजवादी पार्टी के पूर्व महा सचिव अमर सिंह ने रविवार को सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव पर अब तक का सबसे करारा हमला बोला है। अमर ने कहा है कि उनके जीने से ज्यादा जरूरी है मुलायम सिंह यादव का मरना। मुलायम सिंह ने मुसलमानों को हमेशा धोखा दिया है। [दैनिक भास्कर 10 अगस्त 2010]
-रायबरेली। सोनिया के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में दंगल प्रतियोगिता के उद्घाटन में शामिल होने आये समाजवादी पार्टी के निष्कासित नेता अमर सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गान्धी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की जम कर तारीफ की साथ ही सोनिया गान्धी को अच्छे व्यक्तित्व वाली दुनिया की सबसे बेहतर नेता भी बताया। [पीपुल्स समाचार 1 सितम्बर 2010]
लखनउ। अमर सिंह ने यहाँ आयोजित “ देश के मौजूदा हालात और मुसलमान” विषय पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि चौदह साल तक जिनकी जबान को कुरान की आयत और गीता का श्लोक समझा उन्हीं ने हमें रुसवा किया। मुलायम सिंह ने ही कल्याण सिंह को सपा में शामिल किया। व्यक्तिगत रूप से में कल्याण सिंह को मुलायम सिंह से बेहतर व्यक्ति मानता हूं क्योंकि वे साफ बात करते हैं और अपने कार्यों को स्वीकार करते हैं। कभी हमारे बगलगीर रहे मुलायम वर्ष 2003 में जनादेश की वजह से नहीं बल्कि मेरी कलाकारी से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने रह सके थे। राज बब्बर को समाजवादी पार्टी में लाने और विश्व हिन्दू परिषद के वरिष्ठ विष्णु हरि डाल्मियाँ के बेटे संजय डाल्मियाँ को पार्टी का कोषाध्यक्ष और सांसद बनाने वाले मुलायम सिंह ही हैं। [जनसत्ता 19 अक्टूबर 2010] नई दिल्ली। मुलायम सिंह मेरे घर पर कब्जा किये हुये हैं और खाली नहीं कर रहे हैं। महारानी बाग का यह घर मैंने ही मुलायम सिंह को दिया था जिसका किरायानामा राम गोपाल के नाम से बना हुआ है जो मुलायम सिंह के निकट के रिश्तेदार हैं [डीबी स्टार नवम्बर 2010] कभी सोनिया गान्धी को प्रधानमंत्री न बनने देने के लिए विदेशी मूल का मुद्दा उछालने वाले अमर सिंह आज कल प्रति दिन मुलायम सिंह को कोसते रहते हैं। ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब वे मुलायम सिंह और उनके रिश्तेदारों, भाई भतीजों के खिलाफ असंसदीय भाषा में कुछ न कुछ नहीं कहते हों। अपने ताज बयान में वे कहते हैं “आजम खान यह समझ लें कि अगर मैंने मुँह खोल दिया तो मुलायम सिंह यादव मुश्किल में पड़ जायेंगे, उनको जेल जाना पड़ सकता है, जो आजम खान मुझे दलाल कह रहे हैं, पहले वे जरा यह बताएं कि मैंने उन्हें क्या क्या दिया है। मुझे सप्लायर कहने वाले समाजवादी पार्टी के अन्य नेता भी आगे आकर बताएं कि मैंने उन्हें या मुलायम सिंह को क्या सप्लाई किया है,”।
इतना सब कुछ कह लेने के बाद वे अब और क्या छुपाना चाहते हैं। यह राजनीतिज्ञों की भाषा नहीं अपितु ब्लेकमेलरों की भाषा है। वे सार्वजनिक रूप से पूर्व मित्र हो चुके जिन मुलायम सिंह यादव के मरने तक की कामना करते हैं उन्हें जेल जाने से वे क्यों बचाना चाहते हैं? कहीं ऐसा तो नहीं कि ऐसी कोई बात कहने पर वे खुद किसी अधिक बड़े अपराध में सम्मलित पाये जायें और उसी से बचने के लिए वे गोलमाल भाषा में धमकी दे रहे हैं। अमर सिंह जैसे जनाधार विहीन नेता हमारे लोकतंत्र के लिए एक बड़े अभिशाप की तरह हैं जो जनता को निरी मूर्ख और स्मृतिहीन मानते हैं। ऐसे लोग ही लोकतंत्र को जोड़तोड़ और जनसमर्थन को कारपोरेट घरानों के यहाँ गिरवी रखवाने का काम करते हैं। लायजिनिंग का जो काम नीरा राडिया राजनीति में आये बिना करती रहीं वही काम अमर सिंह जैसे लोग राज्यसभा की सदस्यता से मिल चुकी विशिष्ट स्तिथि का दुरुपयोग करते हुये करते रहे हैं। देश के रक्षामंत्री पद पर रह चुके किसी नेता ने यदि जेल जाने लायक अपराध किया है तो उसे छुपाना और उसकी ओट में अपने राजनीतिक हित साधना भी अपराध है, जो अमर सिंह जैसे लोग डंके की चोट पर करते रहते हैं।
अपनी सामाजिक जिम्मेवारी समझते हुए सुप्रीम कोर्ट जिस तरह से राजनीतिज्ञों और नौकरशाहों को कटघरे में खड़ा कर रहा है, तब देश की सुरक्षा से जुड़े रहे किसी व्यक्ति कथित अपराध को छुपाने का अपराध करने वाले उसकी दृष्टि से अलक्षित क्यों हैं? जरूरत तो इस बात की है कि देश के सारे जनप्रतिनिधियों और उसकी पेंशन लेने वाले भूतपूर्व जनप्रतिनिधियों से यह शपथ पत्र लिया जाये कि कानून विरोधी किसी भी गतिविधि का पता चलते ही वे शीघ्रातिशीघ्र कानून की निगाह में लायेंगे और दोषी को सजा दिलाये जाने में कानून की भरपूर मदद करेंगे। ऐसा न करने पर वे स्वयं भी अपराध छुपाने के अपराधी माने जायेंगे।

वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629

गुरुवार, फ़रवरी 18, 2010

अमर-मुलायम वाक्युद्ध शिखर पर बेपेन्दी के लोटे

अमर मुलायम वाक्युद्ध
राजनीति के शिखर पर बेपेंदी के लोटे
वीरेन्द्र जैन
अपने फिल्मी स्तम्भ में अमर सिंह के बारे में चर्चा करते हुये प्रसिद्ध फिल्म समीक्षक जय प्रकाश चौकसे ने तर्क दिया था कि -- -इस फिल्मी स्तम्भ में अमर सिंह के बारे में लिखना इसलिये उचित है क्योंकि अमर सिंह राजनीति में फिल्मी आदमी माने जाते हैं और फिल्मों में राजनीति के नुमाइन्दे माने जाते हैं- हम कह सकते हैं कि वे मुलायम के डायलाग राइटर रहे हैं
यह सच है कि अमर सिंह राजनीति में जो भूमिकाएं करते रहे हैं वे उस परिकल्पना से कोसों दूर हैं जो हमारे देश के संविधान निर्माताओं ने देश में एक लोकतांत्रिक शासन प्रणाली की स्थापना करते समय राजनेताओं के बारे में की थीं। वे जनता के नेता नहीं हैं अपितु जनता के नेताओं से कुछ खास लोगों के हित में काम कराने वाले और जनहित के लिये सुरक्षित धन से इन दोनों को ही लाभांवित कराने वाले मध्यस्थ रहे हैं। समाजवादी पार्टी से निकाले जाने के बाद उनकी वाकपटुता एक बौखलाहट में बदलती जा रही है और वे दिन प्रति दिन उन मुलायम सिंह के प्रति कटु से कटुतर होते जा रहे हैं जिनके वे हनुमान होने का दावा किया करते थे, और उनके खिलाफ कभी कुछ भी न बोलने की कसम खाते थे। वे समझते थे कि राजनीतिक रणनीतियाँ बनाते समय उनके साथ मिलकर मुलायम सिंह ने जो समझौते किये थे उनके राज खुल जाने के डर से वे उनकी हर मांग के आगे सरेण्डर हो जायेंगे और परिवारियों को अपने प्रभाव से दबा कर चुप करा देंगे। प्रारम्भ में ऐसा हुआ भी जब मुलायम सिंह ने बात खत्म करने के लिये अपने भाई राम गोपाल यादव से फोन पर क्षमा मांगने के लिये कहा और उन्होंने वैसा किया भी। किंतु जब उस पारिवारिक बात को भी अमर सिंह ने प्रचारित करके उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश की तो पूरा कुनबा बिफर गया। गुस्से के साथ राम गोपाल यादव ने कहा कि वे कोई खुदा नहीं हैं जो मैं उनसे माफी माँगूंगा, वे पागल हो गये हैं और उनका दिमाग खराब हो गया है। बीच में अमर सिंह ने यह बयान देकर कि उनके अनेक राज मेरे सीने में दफन हैं और वे दफन ही रहेंगे, एक ब्लेकमेलिंगनुमा बयान द्वारा उन्हें याद दिलाया था कि अगर अपने राज को राज ही रखना चाहते हो तो उनसे समझौता कर लो, किंतु तब तक बात मुलायम सिंह के हाथों से निकल गयी थी और एक व्यक्ति केन्द्रित पार्टी का विकेन्द्रीकरण हो चुका था।
अब जब मुलायम सिंह के कुनबे की पार्टी के दरवाजे अमर सिंह के लिये हमेशा के लिये बन्द हो चुके हैं तब अमर सिंह अपने इकलौते ट्रम्प कार्ड को चुटकी में रगड़ते घूम रहे हैं। यह उनका अंतिम अस्त्र है, जिससे मुलायम् सिंह का कितना नुकसान होगा यह तो कहा नहीं जा सकता किंतु अमर सिंह ज़रूर निःशस्त्र हो जायेंगे। इस द्वन्द को झेलते झेलते हुये वे बौरा गये हैं तथा स्वयं को अपने मालिक मुलायम सिंह का दर्जी बताने वाले अब उनके कपड़े फाड़ने पर उतारू नज़र आते हैं। वे फिर फिर कर कभी अपनी पार्टी की कट्टर दुश्मन रही मायावती के साथ सहानिभूति व्यक्त करते हैं तो कभी बाल ठाकरे को परोक्षरूप से बेहतर बताते हैं। उन्होंने ही कभी विदेशी के बहाने सोनिया गान्धी को प्रधानमंत्री न बनने देने के सौदे किये थे, वे ही सोनिया गान्धी की प्रशंसा करते फिर रहे हैं।
अब वे बुन्देलखण्ड , हरित प्रदेश के पक्षधर होने के साथ कभी पूर्वांचल के लिये जनचेतना रैली की शुरूआत करते हैं, तो कभी अनशन करने की धमकी देते हैं। पूरे देश में घूम घूम कर प्रैस के आगे तरह तरह की बाते करते हुये वे यह भूल जाते हैं कि पिछले महीने अपना स्तीफा भेजते हुये उन्होंने अपने खराब स्वास्थ को कारण बताया था और अपना शेष समय अपने परिवार को देने की इच्छा व्यक्त की थी, किंतु अब वे एक नई पार्टी बनाने की बात कर रहे हैं तथा क्षत्रीय सम्मेलन की बातें कर उस जाति का नेतृत्व हथियाने की असम्भव कोशिश कर रहे हैं जिसमें पहले से ही अनेक नेता भरे हुये हैं। क्या राष्ट्रीय राजनीति इतनी गिर चुकी है कि कोई आदमी सरे आम सुबह् कुछ और शाम कुछ कहने लगे और लोग फिर भी उस पर भरोसा कर लें। ऐसा करके वे अपनी विश्वसनीयता और बीमारी के नाम पर पैदा हो सकने वाली सहानिभूति खुद ही खो रहे हैं। जया प्रदा, जया बच्चन अनिल अम्बानी, अमिताभ बच्चन के सहारे वे वोटरों का विश्वास जीत लेने का भ्रम पाले हुये हैं। कभी राजीव गांधी परिवार के सबसे निकट के मित्र रहे, और कभी यूपी की मुलायम सरकार के ब्रांड एम्बेसडर रहे अमिताभ बच्चन, जो बाल ठाकरे के चरणों में झुकते रहते हैं, न जाने किस भय में मोदी से गले लग रहे हैं। अमर सिंह द्वारा दुबई से स्तीफा भेजने के बाद हवाई अड्डे पर अमर सिंह से मिलने जाने वालों में अमिताभ इकलौते प्रमुख लोगों में से थे, जो अमर सिंह के कम्प्यूटर अभियान के ब्रांड एम्बेसेडर बन गये हैं। क्या उनके भी कुछ राज अमर सिंह के सीने में दफन हैं!
वे अपने किडनी के आपरेशन को मुलायम सिंह के ऊपर अहसान की तरह बता रहे हैं गोया उन्होंने अपनी किडनियाँ समाजवादी पार्टी को दान में दे दी हों। कभी उन्होंने स्वयं को दधीचि बताया जिन्होंने राक्षसों को मारने हेतु बज्र बनाने के लिये अपनी हड्डियाँ दान कर दी थीं। पर उनके इस प्रतीक पर किस को हँसी नहीं आयेगी कि उसी तरह उनका किडनी का आपरेशन है जो खराब होने के कारण विदेशी डाक्टरों ने निकाल दी हैं। जब उनसे राज्यसभा की सीट से भी स्तीफा माँगा गया तो उन्होंने उसके एवज़ में अपनी किडनियाँ लौटाने की शर्त रख दी गोया उन्हें मुलायम सिंह ने किसी तिज़ोरी में गिरवीं रखीं हों। उनके द्वारा पंचायत चुनाव तक नहीं जीत पाने की क्षमता के आरोप में वे कहते हैं कि मुलायम अपने बेटे अखिलेश, और भतीजे धर्मेन्द्र से कन्नौज और बुदायुँ सीट से स्तीफा दिलायें तो वे दो दो हाथ करने को तैयार हैं।
अमर सिंह अब मुलायम सिंह के लिये प्रतिदिन एक नई गाली तलाशते हैं।
· पिछले दिनों उन्होंने मुलायम को हरा साँप बतलाया था जो हरी घास में छुपा रहता है और बिना नज़र आये डस लेता है।
· एक दूसरी सभा में उन्होंने मुलायम को धृतराष्ट्र बताते हुये स्वयं को द्रौपदी बताया जिनकी लाज उनके सामने लुटती रही और वे चुप रहे।
· उन्होंने आजम खान के पुराने बयान के बहाने कहा कि भले ही उन्होंने मुलायम सिंह और कल्याण सिंह में पुरानी दोस्ती होने, और इसी कारण कल्याण के मित्र साक्षी महाराज को राज्यसभा में भेजने की बात ज़ाहिर कर दी हो. किंतु वे कोई राज नहीं बतायेंगे, पर इसलिये मेरी अंतरात्मा मुझे कचोट रही है, में खुद को अपराधी महसूस कर रहा हूं।
· शाहजहाँपुर में उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह के कुकर्मों का ज़बाब पार्टी से बाहर आकर ही दिया जा सकता है।
· मुलायम सिंह एक ओर तो अंग्रेज़ी का विरोध करते हैं दूसरी ओर उनका बेटा विदेश में रह कर पढा है।
· उन्होंने समाजवादी पार्टी को यादव पार्टी में बदल दिया है।
· सपा ने मुझे कूड़ेदान की तरह स्तेमाल किया, और मुझे कूड़ा कहा गया।
किसी ने सही कहा है कि यह बेपेंदी के लुड़कते लोटे की गड़्गड़ाहट है जो उसके ज़मीन पर आने पर ही रुकेगी।



वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल मप्र
फोन 9425674629

शुक्रवार, जनवरी 15, 2010

अमर मुलायम प्रसंग.........और ब्लेकमेलिंग किसे कहते हैं?

अमर-मुलायम प्रसंग्
.........और ब्लेकमेलिंग किसे कहते हैं?
[बात निकलेगी तो फिर दूर तलक जायेगी]
वीरेन्द्र जैन
एक बोध कथा याद आ रही है।
जिस गाँव में नसरुद्दीन रहता था उस गाँव में एक गरीब आदमी की शादी तय हुयी। जिस दर्ज़ी को उसने पाज़ामा सिलने को दिया था वह बीमार पड़ गया तो उसे ठीक वक़्त पर पाज़ामा तैयार नहीं मिल सका। उसे मालूम चला कि अभी हाल ही में नसरुद्दीन ने पाज़ामा सिलवाया है तो उसने शादी के लिये उसका पाज़ामा माँग लिया और उसे बारात में चलने के लिये भी कहा। जब बारात उस गाँव में पहुँची तो दुल्हिन की दादी दूल्हे को देखने आयी। देख कर उसने कहा दूल्हा तो अच्छा है जवान है और सुन्दर है। साथ बैठे नसरुद्दीन से नहीं रहा गया तो उसने कहा कि हाँ और पाज़ामा मेरा पहिने हुये है। दादी के जाने बाद दूल्हे के रिश्तेदारों ने कहा कि भइ इस बात को कहने की क्या ज़रूरत थी। नसरुद्दीन ने अपनी गलती मान ली।
थोड़ी देर बाद दुल्हिन की मामी दूल्हे को देखने आयी तो उसने भी वही बात कही कि दूल्हा तो अच्छा है जवान है और सुन्दर है तो नसीरुद्दीन बोले और पाज़ामा भी अपना पहिने हुये है।
मामी के जाने के बाद रिश्तेदारों ने कहा कि आप पाज़ामे का ज़िक्र क्यों करते हैं। नसुरुद्दीन ने फिर अपनी गलती मानी और आगे सावधान रहने का बादा किया। थोड़ी देर बाद दुल्हिन की बुआ दूल्हे को देखने आयी तो वह भी बोली कि दूल्हा तो अच्छा है, जवान भी है और सुन्दर भी है तो नसीरुद्दीन बोल पड़े कि और पाज़ामा किसका पहिने हुये है इस बारे में मैं कुछ नहीं कह रहा हूं।
असल में अपने आप को मुलायम सिंह का दर्ज़ी बताने वाले अमर सिंह के साथ भी यही दिक्कत है कि वे यह बताने से नहीं चूक पाते कि मुलायम सिंह उन्हीं का पज़ामा पहिन कर दूल्हे बने हुये हैं। उधार का पज़ामा पहिन कर दूल्हा बने मुलायम जब तक पज़ामा उतार कर अपने पहलवान स्वरूप में नहीं उतर आते तब तक अमर सिंह जैसे लोग उन्हें अपने पाज़ामे की याद दिलाते ही रहेंगे क्योंकि वे ये भूल जाते हैं कि पाज़ामा भले ही किसी का हो पर सुन्दर और स्वस्थ दूल्हे तो मुलायम सिंह ही हैं और वे उन्हीं की शादी के बराती हैं। यदि दूल्हा ही नहीं होगा तो पाज़ामे तो नाड़े डले पड़े रहेंगे उन्हें कोई पूछने वाला भी नहीं मिलेगा।
किसी सभ्य व्यक्ति के मुँह से कोई शब्द यूं ही नहीं निकलता। कांग्रेस के सत्यव्रत चतुर्वेदी के मुँह से भी चिरकुट शब्द यूं ही नहीं निकल गया होगा।
ब्लेकमेलिंग किसी हमले या रहस्योदघाटन को नहीं कहते हैं अपितु वह इस बात को स्मरण कराते रहने का नाम ही है कि हमें तुम्हारी फलाँ फलाँ बातें पता हैं और यदि तुमने हमारी शर्तें नहीं मानीं तो वे रहस्य सार्वजनिक हो सकते हैं। उन गोपनीय बातों के सार्वजनिक हो जाने का कुछ भी परिणाम निकले किंतु उनके सार्वजनिक हो जाने के बाद ब्लेकमेलिंग का अंत हो जाता है। जो व्यक्ति सार्वजनिक रूप से गोपनीय बातों की बार बार याद दिलाता रहता है वह लाख इंकार के बाद भी ब्लेकमेलिंग ही कर रहा होता है।
भारतीय राजनीति में जब से संविद सरकारें बनना प्रारम्भ हुयी हैं तब से राजनीतिक भ्रष्टाचार तेज़ी से बड़ा है तथा दलबदल और चुनावी प्रबन्धन में व्यापक स्तर पर अवैध धन का स्तेमाल होने लगा है। इस खेल में बामपंथी दलों को छोड़ कर लगभग सभी प्रमुख दल शामिल हैं किंतु इतने व्यापक पैमाने पर दलबदल और लेन देन होते रहने के बाबज़ूद कभी किसी राजनीतिज्ञ ने किसी को इस आधार पर अपने पक्ष में फैसला करने के लिये विवश करने का प्रयत्न नहीं किया कि मुझे उसके फलाँ राज पता हैं।
रक्षा मंत्री जैसे ज़िम्मेवार पदों पर रहे किसी नेता के बारे में दिये गये ऐसे अन्धे बयानों से राष्ट्र के प्रति चिंतित लोगों के मन में उसके प्रति तरह तरह के सन्देह पैदा होते हैं और कोई भी अपनी सुविधानुसार कुछ भी कल्पना करने लगता है। अभी हाल ही में अमेरिका के साथ परमाणु बिजली घरों के बारे में किये गये समझौते पर अचानक पाला बदलने के बाद समाजवादी पार्टी सन्देह के घेरे में आयी थी तथा भाजपा ने सदन में नोटो के बंडल उछालते हुये उनके सदस्यों की खरीद फरोख्त् का आरोप लगाया था जो समाजवादी पार्टी के अमर सिंह पर ही था न कि कांग्रेस पर। इस प्रकरण की जाँच अभी ज़ारी है तथा अमर सिंह के बयान सन्देहों को पैदा कर रहे हैं। पिछले दिनों जब अमर सिंह की टेलीफोन वार्तायें अवैध रूप से रिकार्ड होने का मामला सामने आया था तो अदालत से उन वार्ताओं के सार्वजनिक होने से रोकने के लिये कोर्ट से आदेश लिया गया था जिसके कयासों की कहानियाँ मौखिक रूप से सुनी सुनायी गयी थीं।
अपने को अस्वस्थ घोषित करते हुये उस आधार पर पार्टी की सक्रियता से त्यागपत्र देने के लिये इंगलेंड को चुनना कहाँ तक उचित माना जा सकता है और ये कैसी अस्वस्थता है कि जो राज्यसभा की सदस्यता से त्यागपत्र देने को प्रेरित नहीं करती पर पार्टी की ज़िम्मेवारी के पदों से त्यागपत्र की मिसाइल को दूर से दाग देने और उस पर बहस को लगातार बनाये रखने को प्रेरित करती है। आखिर पार्टी के उन पदों पर रह कर भी ऐसी बहसों के अलावा सार्वजनिक रूप से वे और क्या करते रहे हैं!
यदि श्री अमर सिंह जी का अस्वस्थता के कारण त्यागपत्र देने का आधार सच्चा है तो उनके सबसे निकट रहे मुलायम सिंह और राम गोपाल यादव कितने निर्मम लोग माने जायेंगे जो उनकी अस्वस्थता के बाबजूद उनका त्याग पत्र स्वीकृत नहीं कर रहे हैं और उन्हें शारीरिक नहीं मानसिक रूप से अस्वस्थ बतला रहे हैं। क्या ये विचारणीय नहीं है कि इन दो में से किसी एक का असत्य होना तय है और सब जानते हैं कि लोग किनकी बातों को सच्चा और किनकी बातों को झूठा मान रहे हैं। श्री अमर सिंहजी ने मोहन सिंह को इलाज़ कराने और चुनाव खर्च के लिये गिड़गिड़ाते हुये माँगने पर जो धन देने का रहस्योदघाटन किया है वह भी अपने व्यक्तिगत खाते से उस समय शायद सशर्त ही दिया होगा और शर्त के उल्लंघन पर उसे वापिसी की शर्त रखी होगी। क्या अभी एक दो लोग जो उनके समर्थन में आये हैं क्या वे भी शर्तों के परिपालन में ही आगे आये हैं!
राजनीति में धन के हस्तक्षेप का दुष्परिणाम कुछ ही दिन पहले प्रमोद महाजन के दुखद निधन में देखा जा चुका है जिसमें एक भाई दूसरे की जान का दुश्मन बन चुका है। यह एक दूसरा उदाहरण सामने आ रहा है जब एक भाई एक ओर जा रहा है और दूसरा दूसरी ओर जा रहा है तथा इसके मूल में भी राजनीति में विचार को पीछे रख कर पैसे की राजनीति ही ज़िम्मेवार है। हिन्दी के टीवी सीरियलों की तरह ये मामला लम्बा खिंचने से तो अच्छा है कि सब कुछ सामने आ ही जाये- फोड़ा फूटा पीर हिरानी।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल मप्र
फोन 9425674629